टैग पुरालेख: RJD

बिहार चुनाव: RJD का घोषणा पत्र जारी, 10 लाख नैकरी, 1500 बेरोजगारी भत्ता संग कई और बड़े वादे

पटना: बिहार चुनाव को लेकर इस वक्त राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है, इस बीच राष्ट्रीय जनता दल RJD ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। तेजस्वी यादव ने 16 पेजे के इस घोषणा पत्र को ‘हमारा प्रण’ नाम से जारी किया है। घोषणा पत्र में राजद ने बिहार के बेरोजगार युवाओं को 10 लाख नौकरी देने का वादा दोहराया है। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया है। सरकारी नौकरियों का फॉर्म भरने के लिए बिहार के युवाओं को आवेदन शुल्क नहीं देना होगा।
इसके साथ ही सरकरी नौकरी में बिहार के युवाओं को तरजीह देने के लिए राज्य सरकार डोमिसाइल पॉलिसी लाएगी। सरकारी नौकरियों के 85 प्रतिशत पद बिहार के युवाओं के लिए आरक्षित होंगे। इसके अलावा किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की गई है।
घोषणा पत्र के मुख्‍य वादे-
नए स्थाई पदों का सृजन कर के कुल 10 लाख नौकरियों की समय बाद बहाली की प्रक्रिया पहले ही कैबिनेट बैठक में पहली दस्तखत के साथ शुरू होगी।
संविदा प्रथा को खत्‍म कर सभी कर्मचारियों को स्थाई कर समान काम समान वेतन दिया जाएगा और सभी विभागों में निजीकरण को समाप्त किया जाएगा। 
रोजगार सृजन के उद्योगों को प्रोत्साहन के लिए नई औद्योगिक पॉलिसी के तहत प्रभावी टैक्स डिफरेंट एवं टैक्स वेइवर स्कीम लाई जाएगी, जिसमें नए उद्योगों की स्थापना के अंतर्गत किए गए निवेश निवेशकों में सब्सिडी एवं अधिक रोपित करों में एक निश्चित अवधि तक छूट दी जाएगी।
नियोजित शिक्षकों को वेतनमान कार्यपालक सहायकों लाइब्रेरियन उर्दू शिक्षकों की बहाली की जाएगी राज्य के मूलनिवासी युवाओं के भी सरकारी बहाली परीक्षाओं में फॉर्म निशुल्क होंगे तथा राज्य में के अंतर्गत गृह जिला से परीक्षा केंद्र तक की यात्रा मुक्त होगी। 
कार्यालय सहायक, सांख्यिकी स्वयं सेवक, लाइब्रेरियन ,उर्दू शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, आशा कर्मी,  ग्रामीण चिकित्सकों, जीविका दीदियों की मांगों को पूरा किया जाएगा। 
हेल्थ केयर सेक्टर में निजी एवं असंगठित क्षेत्रों के माध्यम से प्रत्यक्ष नौकरियों व परोक्ष रोजगार के लाखों अवसर सृजित किए जाएंगे।
जीविका कैडरों को नियमित वेतनमान पर स्थाई नौकरी के साथ समूहों के सदस्यों को ब्याज मुक्त ऋण देंगे।
कॉरपोरेट जगत के तकनीकी प्रशिक्षकों की देखरेख में सरकारी निर्देशानुसार कौशल विकास केंद्रों की स्थापना होगी जहां परंपरागत कौशल के साथ-साथ उद्योग जगत के प्रश्न कौशल सॉफ्ट स्किल्स का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हर जिले में रोजगार केंद्रों की स्थापना होगी अधिकतम 200 दिनों में कौशल योग्यता अनुरूप निजी व सरकारी उपक्रम में रोजगार देने अथवा रोजगार के विकल्प उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी होगी।
रोजगार प्रक्रिया में गैर-सरकारी बिचौलियों एजेंसियों को हटाकर सीधा युवाओं को लाभ दिया जाएगा।
श्रमिकों के हित में सरकारी विभागों उपक्रमों को निजी हाथों में जाने से रोकने का प्रावधान किया जाएगा।
बिहार में किसान आयोग, व्यवसायी आयोग, युवा आयोग और खेल आयोग का गठन किया जाएगा।
बताते चलें कि, इससे पहले महागठबंधन की ओर से भी संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया गया था। अब राजद ने अलग से अपना घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें नए स्थाई पदों का सृजन कर कुल 10 लाख नौकरियों का पहली कैबिनेट बैठक में करने का वादा किया गया है। तेजस्वी यादव ने राजद नेताओं की उपस्थिति में इसे जारी करते हुए कहा कि यह कोई घोषणा पत्र नहीं बल्कि हमारा प्रण है।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



चारा घोटाला: लालू प्रसाद यादव को एक और मामले में मिली जमानत, फिर भी रहेंगे जेल में

झारखंड: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prashad Yadav) को चारा घोटाला से जुड़े चाईबासा केस में शुक्रवार को झारखंड उच्च न्यायावय से जमानत मिल गई है। हालांकि अभी उनकी रिहाई नहीं हो पाएगी। जब तक चारा घोटाला से जुड़े दुमका कोषागार मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक लालू प्रसाद यादव जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे।
खबरों की माने में अंतिम मामले में जमानत एक महीने बाद मिलेगी। सभी मामलों में उन्हें जमानत आधी सजा जेल में काटने की वजह से मिल रही है। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2020) को मद्देनजर उनके द्वारा चुनाव प्रचार किए जाने की अटकलें लगाई जा रही थी जिसपर अब विराम लग गया है।
बताते चले कि, रांची की सीबीआई अदालत ने चारा घोटाले से संबंधित चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में उन्हें पांच साल की सजा सुनाई है। अपनी जमानत याचिका में लालू यादव ने कहा था कि उन्होंने इस मामले में अपनी आधी सजा काट ली है। इस आधार पर उन्हें जमानत दी जानी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने अपनी बीमारी का भी हलावा दिया था।
इससे पहले 11 सितंबर को सुनवाई के दौरान सीबीआई ने जमानत का विरोध किया था। CBI ने जवाब दाखिल करते हुए कहा था कि लालू को चार ममले में सजा सुनाई गई है। सभी मामलों की सजा अलग-अलग चल रही है। जब तक संबंधित अदालत अभी सजा एक साथ चलने का आदेश नहीं दे देती, तब तक सजा अलग-अलग ही चलेंगी। सभी मामलों में आधी सजा काटने के बाद उन्हें जमानत मिल सकती है।


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

जद यू में संकट गहराया, मोनाजिर जाएंगे भाजपा में और रमई राम ने दी नीतीश को चेतावनी

पटना। बिहार में सत्‍ताधारी जदयू जितना संभलने की कोशिश करती जा रही है संकट उतना ही ज्यादा बढ़ता जा रहा है। पूर्व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से नाराज एक मंत्री ने जहां मोर्चा खोल दिया है, वहीं राजद से समझौते का विरोध करते हुए पूर्व सांसद और चार बार मुंगेर से विधायक रहे डाॅ. मोनाजिर हसन ने जदयू छोड़ कर भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। मोनाजिर ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष शरद यादव को इस्तीफा भेज दिया। वह राबड़ी देवी और नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में मंत्री भी थे।मोनाजिर को बिहार के दिग्गज मुस्लिम नेता के रूप में जाना जाता है। हसन की बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर में जनता के बीच अच्छी पकड़ है। ऐसे में इनका जदयू से जाना पार्टी को बड़े नुकसान की ओर संकेत कर रहा है। माना जा रहा है कि एक मजबूत मुस्लिम नेता भाजपा के साथ हो जाएगा। वे बुधवार को भाजपा में शामिल होंगे। हसन से पहले साबिर अली, अख्तरूल इमान परवीन अमानुल्‍लाह जैसे मुस्लिम नेता भी जदयू का साथ छोड़ चुके हैं।

मोनाजिर का कहना है कि जदयू ने राजद से हाथ मिला लिया, उसके बाद वहां मेरे लिए कुछ नहीं बचा था।
जबकि, सच यह है कि पहले वह खुद राजद में थे। हसन को इस बार लोकसभा चुनाव में जदयू ने टिकट नहीं दिया था। जदयू ने तालमेल के तहत बेगूसराय सीट भाकपा के लिए छोड़ दी थी। ऐसे में हसन को राज्यसभा भेजे जाने की उम्मीद थी। लेकिन, वहां भी उनके बदले गुलाम रसूल बलियावी को भेज दिया गया। बताया जाता है कि उनके जदयू छोड़ने की असल वजह यही है। वही दूसरी ओर राज्‍य सरकार में परिवहन मंत्री रमई राम भी नीतीश कुमार से नाराज नजर आ रहे हैं। रमई राम ने मंगलवार को नीतीश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “हम मंत्री हैं तो चुनाव जीतकर। आठ साल के जदयू शासन में कुछ लोग तो बिना चुनाव लड़े ही मंत्री और मुख्यमंत्री तक बन गए।” दरअसल, सोमवार को नीतीश ने रमई को चेताया था कि आप पहले विधायक हैं, मंत्री बाद में। विधायकों की तो सुननी ही पड़ेगी। माना जा रहा है कि पटना के डीटीओ पद पर रमई राम ने अपने किसी पसंदीदा व्यक्ति को पदासीन कर दिया है जो जद के दो विधायकों को रास नहीं आ रहा है। बस यहीं से विवाद आगे बढ़ गया।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

पूर्व केन्द्रीय मंत्री फ़ातमी ने राजद से नाता तोड़ा, लालू के करीबी सिपहसलार थे फ़ातमी

दरभंगा/पटना। ऐसा लग रहा है जैसे राजद में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। लोकसभा चुनाव ठीक पहले कुछ विधायक पाला बदल कर जद यू के खेमे में चले गए और अब राजद के संस्थापक सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री मुहम्मद अली अशरफ फातमी ने पार्टी से अपना 26 साल पुराना नाता तोड़ लिया। फातमी राजद के संस्थापक सदस्यों में एक थे. लोकसभा चुनाव में हार के लिए पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो सांसद प्रेमचंद गुप्ता के जेब में हैं। वह गुप्ता की सलाह पर आंख मूंदकर विश्वास करते हैं।
जिला राजद कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फातमी ने पार्टी के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के अच्छे और बुरे दिनों में पूरी मजबूती के साथ रहा। तब लालू लोगों की भी सुनते थे। लेकिन, 2004 से उनका रवैया बदलने लगा। कांग्रेस और लोजपा के साथ उस लोकसभा चुनाव में गठबंधन का फायदा तो राजद को मिला, लेकिन गुप्ता की सलाह से विधानसभा चुनाव में गठबंधन तोड़कर घाटा उठाया।
हालिया संपन्न लोकसभा चुनाव से पूर्व भी उन्होंने लोजपा और कांग्रेस से गठबंधन करने का आग्रह किया था। मगर राजद सुप्रीमो ने उनकी सलाह ठुकरा कर गुप्ता की मानी। इसका नतीजा सबके सामने है। फातमी ने कहा कि जिस तरह अमर सिंह की सलाह पर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश में गुमराह हुए थे, वही हाल लालू प्रसाद का है। 
लालू की पकड़ विधायकों और पूर्व विधायकों पर भी नहीं रही। सबने चुनाव में भितरघात किया। इसके बाद भी लालू प्रसाद कार्रवाई की हिम्मत नहीं जुटा रहे हैं। लिहाजा पार्टी में अब बने रहने का औचित्य नहीं है। उन्होंने किसी दूसरे दल में जाने से इन्कार करते हुए कहा कि वह चुप नहीं बैठेंगे। समर्थकों से मिलने के बाद कोई फैसला करेंगे। वैसे आशंका ये जताई जा रही है कि फातमी जद यू में शामिल हो सकते हैं। लेकिन अब फैसला लालू प्रसाद हाथ में है कि कैसे पार्टी की टूट को रोका जाए और तरज़ीह किसे दी जाए।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

रामकृपाल ने पार्टी पदों से दिया इस्तीफा, मीसा उन्हें मनाने दिल्ली पहुंची

नई दिल्ली। राजद के नाराज सांसद रामकृपाल यादव के मान-मनौव्वल कार्यक्रम का पटाक्षेप आज खुद रामकृपाल ने प्रेस कांफ्रेस करते हुए कर दिया। रामकृपाल यादव ने प्रेस के सामने कहा कि “मीसा मेरी बेटी के जैसी है और उसके द्वारा दिए गए पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव को मैंने स्वीकार किया था लेकिन मेरी इच्छा थी कि इसका ऐलान राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू जी करें।” नाराज सांसद ने आगे कहा कि ” लेकिन लालू जी ने अभी तक कोई ऐलान नहीं किया बल्कि उन्होंने ये कह दिया कि रेस में जब घोड़ा छोड़ दिया जाता है तो उस वक़्त उसे बदला नहीं जाता और मैंने अब घोड़ा छोड़ दिया है.” 
रामकृपाल के चेहरे और सम्बोधन में साफ़ झलक रहा था कि भाव-विह्वल हो चुके हैं. देख कर ऐसा लग रहा था कि अब रो पड़ेंगे और पार्टी और लालू के खिलाफ जाने का गम उनके चेहरे पर साफ़ दिख रहा था. सांसद ने आगे कहा कि “मुझे ऐसा लगता है कल मीसा का मेरे घर पर आना बस एक राजनीतिक स्टंट और एक तरह का मेरे उप्र इमोशनल अत्याचार था. मैं बहुत भारी मन से पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देता हूँ लेकिन पार्टी का सदस्य अभी बना रहूँगा। पार्टी के साथ मेरा बहुत लगाव रहा। सालों साल मैंने पार्टी की सेवा की पर हमारी पार्टी कहीं ना कहीं भटक गई है। आज मैं दुखी हूं।”
रामकृपाल की आवाज भी भर्राई हुई थी। एक मजबूत चेहरा आज ऐसा लग रहा था मानों अब रो देगा। पूछे जाने पर यही बात दोहराते रहे “मैं नाराज नहीं हूं। बहुत दुखी हूं। आहत हूं। अभी तक तो राजद में ही हूं। बड़ी तकलीफ हुई है। प्रदेश भर के हमारे कार्यकर्ता दुखी हैं। मुझे इसकी चिंता है। मेरे लिए चुनाव लडऩा बहुत मतलब नहीं रखता है। पार्टी ने मुझसे पांच-पांच चुनाव लड़वाए हैं। बहुत सम्मान व प्यार दिया है। मैं लालू जी के बारे में कुछ नहीं बोलूंगा। गलत बात है कि मेरी भाजपा व जदयू नेताओं से बात हुई है।”
सांसद ने नाराज होते हुए कहा कि “मेरी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। 4-5 दिन से बहुत परेशान हूं। मैंने कभी दूसरी पार्टी की तरफ नहीं देखा। पार्टी ने मुझे राज्यसभा में भेजा उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। लेकिन मेरी लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा थी। पार्टी की मजबूती के लिए मैंने बहुत काम किया। हर मौके पर पार्टी के साथ खड़ा रहा। उन्‍होंने कहा- 2009 में जब चुनाव हुआ था, तो मैं तीन बार पाटलिपुत्र से सांसद रह चुका था। मेरा उसी क्षेत्र से लगाव रहा। मुझे बिना बताये लालू यादव उसी सीट से चुनाव लड़े। वे हार गए। मैं पार्टी के हर संकट में साथ रहा। मेरी इच्छा जरूर थी कि मैं लोकसभा चुनाव लड़ूं। ठीक एक साल पहले मैंने लालू यादव प्रसाद को ये बात बताई थी। मगर निर्णय लालू प्रसाद यादव ने लिया, किसी ने विरोध नहीं किया। मैंने कभी नहीं कहा कि मैं रेस का घोड़ा बनूंगा।”
अब अगर खबरजोन की सूत्रों की मानें तो अपने नाराज़ सांसद को मनाने लालू प्रसाद की बेटी और पाटलिपुत्र से पार्टी उम्मीदवार मीसा भारती दिल्ली पहुँच गयी हैं. लेकिन उनके मिलने से पहले ही रामकृपाल ने प्रेस कांफ्रेस कर दिया और अपनी व्यथा सबों के सामने रख दिए. 
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

रामकृपाल पर जदयू-भाजपा डाल रही है डोरे, मनाने पहुंची मीसा

नई दिल्ली। रामकृपाल यादव की नाराजगी के बाद मीसा भारती ने पाटलिपुत्र सीट से अपनी दावेदारी वापस लेने की पेशकश की है। मीसा ने कहा है कि रामकृपाल के लिए वो पाटलिपुत्र सीट से अपनी दावेदारी वापस लेने को तैयार हैं। मीसा के मुताबिक रामकृपाल यादव ने ही उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रोत्साहित किया। रामकृपाल से मुलाकात के लिए उनके घर पहुंची मीसा ने कहा कि वो तब तक उनके घर से नहीं लौटेंगी जब तक वो उन्हें मना नहीं लेंगी। मीसा ने कहा कि  पहले भी वो पार्टी के लिए पर्दे के पीछे से काम करती रही हैं, लेकिन चूंकि उनके पिता पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ते रहे हैं इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग थी कि परिवार का ही कोई सदस्य पाटलिपुत्र से चुनाव लड़े।
हालांकि सूत्रों से जो खबरें आ रही हैं उनके मुताबिक राम कृपाल इस बात से बेहद आहत थे कि लालू ने सीट बेटी को दे दी। खबर के मुताबिक राबडी को सीट दिए जाने पर राम कृपाल को कोई एतराज नहीं था लेकिन बेटी को सीट देने की बात ने उनको चोट दे दी। इस मामले में राबड़ी देवी ने कहा कि परिवार में तो लड़ाई झगड़ा होता ही रहता है। इसको इतना तूल देने की जरूरत क्या है। वहीं लालू यादव मीडिया में इस पूरे प्रकरण के आने से खफा हैं और उन्होंने कहा है कि अगर कोई नाराज है तो रहे। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि वे मान जाएंगे और टिकट पर भी बात की जा सकती है। लालू ने कहा कि राम कृपाल का दो साल का कार्यकाल शेष है और मुझे नहीं लगता कि वे पार्टी छोड़ने की गलती करेंगे। उन्होंने कहा कि राम कृपाल को गुमराह किया जा रहा है।
खबर ये भी है कि जेडीयू भी रामकृपाल के संपर्क में है और टिकट का ऑफर दे रही है, वहीं बीजेपी की ओर से भी उनको टिकट का ऑफर है। देखना ये होगा कि राम कृपाल की नाराजगी बिहार की राजनीति में क्या गुल खिलाने वाली है। क्या राम कृपाल मान जाएंगे या फिर आरजेडी का  फिर टूटना तय है? 
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

लालू के करीबी रामकृपाल अलग हुए राजद से, जा सकते हैं भाजपा में

पटना। अभी लालू प्रसाद कुछ विधायकों के राजद छोड़ने का घाव भर भी नहीं पाए थे कि उनका सबसे पुराना और विश्वासी योद्धा के पार्टी छोड़ने की खबर आ गयी है। शुरुआत से लालू प्रसाद का साथ देने वाले रामकृपाल यादव ने लालू का साथ छोड़ दिया है। खबरजोन के सूत्रों की मानें तो ये पाटलिपुत्र लोकसभा से टिकट चाहते थे लेकिन लालू प्रसाद ने वहाँ से अपनी बेटी मीसा भारती को टिकट दे दिया। वैसे अब इनका भाजपा में शामिल होना लगभग तय है।

रामकृपाल यादव ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पटना के उपमेयर बन कर की थी। उसके बाद 1993 में ये बिहार विधानसभा में विधायक चुने गए और 1996 में ये पटना से सांसद चुन लिए गए। लालू प्रसाद के प्रति इनकी कर्तव्यनिष्ठा जग जाहिर है। पिछले लोकसभा चुनाव में इन्होने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के लिए अपनी लोकसभा सीट छोड़ दी, लेकिन लालू प्रसाद वहां से चुनाव हार गए थे।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

लालू ने जारी की राजद की लिस्ट, पत्नी और बेटी को दिया टिकट

पटना। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कांग्रेस के साथ गठबंधन होने के ठीक दूसरे दिन ही अपने 25 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. ऐसा लग  लिस्ट बिलकुल तैयार थी, बस कांग्रेस से गठबंधन की हरी झंडी का ही इंतज़ार था। लेकिन आज लालू के परिवारवाद और पुत्रीप्रेम के कारण उन्हें अपना एक पुराना साथी का साथ छोड़ना पड़ा।
दरअसल रामकृपाल यादव को दरकिनार करते हुए उन्‍होंने इस बार अपनी बेटी मीसा भारती को पाटलीपुत्र से चुनावी मैदान में उतार दिया। बस क्या था, रामकृपाल नाराज़ हो कर पार्टी से अलग हो गए. वही लालू प्रसाद ने पत्‍नी राबड़ी देवी को अपने पुराने संसदीय क्षेत्र सारण से चुनावी मैदान में उतार दिया। गौरतलब है कि बिहार में राजद और कांग्रेस का गठबंधन हो गया है। इस गठबंधन में राजद जहां 27 सीटों से वहीं कांग्रेस 12 सीटों से अपने उम्‍मीदवार उतारेगी. राकांपा बिहार से अपना एक कैंडिडेट उतारेगी।

ये हैं राजद के कैंडिडेट्स


– पाटलीपुत्रा से मीसा भारती (लालू प्रसाद की बेटी) 
– आरा से भगवान कुशवाहा 
– काराकट से कांति सिंह 
– गया से रामजी मांझी 
– बक्सर से जगदानंद सिंह 
– मुंगेर से प्रगति मेहता
– भागलपुर से बुलो मंडल 
– खगड़िया से कृष्णा यादव
– बांका से जय प्रकाश 
– जहानाबाद से सुरेंद्र यादव 
– सारण से राबड़ी देवी (लालू यादव की पत्‍नी) 
– वैशाली से रघुवंश प्रसाद सिंह 
– महाराजगंज से प्रभुनाथ सिंह 
– सीवान से हीना शाहाब 
– बेतिया से रघुनाथ झा 
– दरभंगा से एम.ए.ए. फातमी 
– मधुबनी से अब्दुल बारी सिद्दकी 
– झंझारपुर से मंगनी लाल मंडल 
– अररिया से तस्लीमुद्दीन 
– सीतामढ़ी से सीताराम यादव 
– शिवहर से अनवरूल हक 
– जमुई से सुधांशु शेखर भास्कर
– नवादा से राजबल्लभ यादव 
– उजियारपुर से आलोक मेहता
– बेगुसराय से रामजीवन सिंह
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

बिहार की कौन सी सीट पर कब होंगे चुनाव

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने इस बार बिहार में कुल 6 चरणों में चुनाव कराने का फैसला किया है। बिहार में सबसे पहले तीसरे चरण के दौरान 6 सीटों पर 10 मार्च को वोटिंग कराया जाएगा। बिहार में किस सीट पर कब होंगे चुनाव पढ़ें…

चुनाव की तारीखों का ऐलान, आज से अचार संहिता भी लागू

तीसरा चरण: 10 अप्रैल (6 सीट पर वोटिंग)
सासाराम (एससी)
काराकाट
औरंगाबाद
गया (एससी)
नवादा
जमुई (एससी)

यूपी में कब-कब कहाँ होंगे चुनाव

पांचवां चरण: 17 अप्रैल (7 सीट पर वोटिंग)
मुंगेर
नालंदा
पटना साहिब
पाटलिपुत्र
आरा
बक्सर
जहानाबाद

छठा चरण: 24 अप्रैल (7 सीट पर वोटिंग)
सुपौल
अररिया
किशनगंज
कटिहार
पूर्णिया
भागलपुर
बांका

सातवां चरण: 30 अप्रैल (7 सीट पर वोटिंग)
मधुबनी
झंझारपुर
मधेपुरा
दरभंगा
समस्तीपुर (एससी)
बेगूसराय
खगड़िया

आठवां चरण: 07 मई (7 सीट पर वोटिंग)
शिवहर
सीतामढ़ी
मुजफ्फरपुर
महाराजगंज
सारण
हाजीपुर (एससी)
उजियारपुर

नौवां चरण: 12 मई (6 सीट पर वोटिंग)
वाल्मिकी नगर
पश्चिम चंपारण
पूर्वी चंपारण
वैशाली
गोपालगंज (एससी)
सीवान

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

बिहार में राजद-कांग्रेस गठबंधन लगभग तय

नई दिल्ली। ऐसा लग रहा है जैसे लालू का आक्रामक रूख काम कर गया। लालू अभी पिछले सप्ताह ही दिल्ली से पटना यह कहते हुए कूच कर गए थे कि “गठबंधन का नहीं लठबंधन का समय है।” यहाँ लालू की तरफ कांग्रेस के लिए इशारा साफ़ था कि अगर आप गठबंधन के लिए तैयार हैं तो ज़ल्दी घोषणा कीजिये वरना चुनावी मैदान में भिड़ने के लिए तैयार हो जाईए। लगता है लालू कि इस घुड़की पर कांग्रेस गंभीर हो गयी और बिहार में राजद और कांग्रेस के चुनावी गठबंधन की संभावना बढ़ गई। 
हालांकि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है लेकिन आरजेडी अब कांग्रेस को 11 की जगह 12 सीट देने पर राजी हो गई है। लालू एक सीट एनसीपी यानि तारिक अनवर के लिए भी छोड़ने को तैयार हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बिहार में राजद से गठबंधन के खिलाफ थे, लेकिन पार्टी के सामने राजद के साथ जाने के अलावा कोई और चारा बचा नहीं है। सियासी गलियारों में तो चर्चा है कि बिहार में कांग्रेस-राजद के बीच गठबंधन अब महज औपचारिकता है। 
वैसे सस्पेंस पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मंगलवार को चुनावी रणनीति पर दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने बैठक थी और खबरजोन के सूत्रों के मुताबिक कुछ सीटों पर पेंच फंसा है। दोपहर को लालू यादव ने भी साफ कर दिया कि बातचीत जारी है, लेकिन फैसला नहीं हुआ है। कांग्रेस मधुबनी और मोतिहारी की सीटें भी चाहती है, जिस पर लालू तैयार नहीं हैं। दरअसल, शुरुआत में ही समझौते में अड़चन देखकर लालू ने कांग्रेस के लिए 11 सीटें छोड़ने का ऐलान कर बाकी पर प्रचार शुरू कर दिया था हालांकि अब ये भी खबर है कि वो कांग्रेस के लिए 12 सीटें छोड़ने के लिए राजी हो सकते हैं इस आंकड़े में NCP के लिए छोड़ी गई एक सीट शामिल नहीं है, यहाँ मतलब साफ़ है कि लालू गठबंधन में कांग्रेस और NCP के लिए कुल 13 सीट छोड़ेंगे और राजद 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

कांग्रेस के साथ अब ‘गठबंधन’ नहीं ‘लठबंधन’ होगा

पटना। बिहार की राजनीति में कुछ दिनों से खलबली मची हुई है। कांग्रेस के साथ आरजेडी के गठबंधन को लेकर राजद अध्यक्ष ने कड़े स्वर में कहा है कि अब ‘गठबंधन’ का नहीं, ‘लठबंधन’ का वक्त आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि गठबंधन का समय समाप्त हो चुका है और अब वह चुनाव प्रचार अभियान पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे। लालू शुक्रवार रात पटना पहुंचे। वह कांग्रेस के साथ राजद के गठबंधन की बात तय करने के लिए दिल्ली गए थे, लेकिन इस मुद्दे पर अभी कोई निणर्य नहीं लिया गया है। लालू ने पटना पहुंचने के बाद कहा, ”गठबंधन का समय समाप्त हो चुका है, अब राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए मैदान में उतरने का समय है।”

लालू को तब बड़ा झटका लगा था, जब राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) राजद का साथ छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) में शामिल हुई। लालू ने स्पष्ट रूप से घोषणा की राजद अपने दम पर आम चुनाव की तैयारी शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए बार बार दिल्ली का चक्कर लगाने का समय नहीं है। मैं अब चुनाव प्रचार अभियान पर ध्यान दूंगा।

लालू ने यह भी कहा कि दिल्ली जाकर गठबंधन के मुद्दे पर बैठक करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी फोन पर बातचीत होती रहेगी। लालू ने कहा कि उन्हें अब भी कांग्रेस के साथ गठबंधन की उम्मीद है, लेकिन यह भी कहा कि सांप्रदायिक बलों को हराने के लिए गठबंधन निर्माण की जिम्मेदारी अकेले उनकी पार्टी की नहीं है।

लालू के एक करीबी राजद नेता ने बताया कि मधुबनी और पूर्वी चंपारण सीटों को लेकर कांग्रेस और राजद में समझौता नहीं हो पाया है, हालांकि कांग्रेस बिहार में 40 लोकसभा सीटों में से 25 सीटों पर राजद के चुनाव लड़ने और 15 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़ा करने की बात पर सहमत है, लेकिन मधुबनी और पूर्वी चंपारण की सीट पर कांग्रेस की नजर है और राजद अध्यक्ष इसी बात से सदमे में हैं।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

कांग्रेस राजद गठबंधन संकट में, जदयू पर भी डोरे डाल रही है कांग्रेस

पटना। जैसे जैसे लोकसभा चुनाव करीब आता जा र्रहा है, बिहार का चुनावी समीकरण और ज्यादा उलझता जा रहा है. एकतरफ लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान भाजपा से जा मिले हैं वही दूसरी ओर लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी के साथ कांग्रेस के गठबंधन का मसला फंसता नजर आ रहा है. कांग्रेस ने आरजेडी के सामने 15 सीटों की मांग रखकर उसे फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया है.
नए हालात में कांग्रेस ने कहा है कि उसने अपने सभी विकल्प खुले रखे हैं. कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि वह बिहार में सत्ताधारी जेडीयू के साथ भी गठबंधन पर विचार कर सकती है. हालांकि कुछ दिनों पहले तक कांग्रेस और जेडीयू के बीच गठजोड़ की चर्चा भी गर्म थी, लेकिन बदले समीकरणों के मद्देनजर सभी पार्टियां फूंक-फूंककर कदम बढ़ा रही हैं. 
खबरजोन की सूत्रों की मानें तो कांग्रेस और राजद के बीच सीट की संख्या पर मामला अटका हुआ नहीं है. कांग्रेस राजद से 40 में 15 सीट मांग रही है, जो थोडा आगे-पीछे करके तय हो जाता। लेकिन यहाँ मामला तीन सीटों पर आ कर अटक गया है और वो तीनों सीटें हैं किशनगंज, मधुबनी और भागलपुर। 
* किशनगंज कांग्रेस की विजेता सीट है जहाँ से मो. असरारुल हक़ सांसद हैं, जबकि राजद वहाँ से तस्लीमुद्दीन      को उम्मीदवार बनाना चाहते हैं. 
* मधुबनी से कांग्रेस अपने चर्चित नेता शकील अहमद को लड़ाना चाहती है जबकि राजद वहाँ से अपने वरिष्ठ    नेता अब्दुल बारी सिद्दकी को चुनाव मैदान में उतारने वाले हैं. 
* भागलपुर से कांग्रेस पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानन्द सिंह को मैदान में लाना चाहती है तो राजद कुशवाहा    समुदाय में अपना ख़ासा वर्चस्व रखने वाले शकुनी चौधरी को लड़ाना छह रहे हैं. 
अब बस देखना ये है कि दोनों दलों में से कौन अपने कदम पीछे हटाता है. आने वाले लोकसभा चुनाव में वोट बटोरने के लिए सभी पार्टियां रणनीति बनाने और उसे अमलीजामा पहनाने की कवायद में और तेजी से जुट गई हैं.आने वाले दिनों में बिहार की सियासत क्या रंग लाती है, यह देखा जाना अभी बाकी है.
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें