टैग पुरालेख: Pranav Mukharjee

12 फरवरी को आम जनता के लिए खुलेगा मुगल गार्डन

विश्व प्रसिद्ध मुगल गार्डन आम जनता के लिए 12 फरवरी से 19 मार्च 2016 तक (सोमवार को छोड़ कर जो रखरखाव का दिन है) के लिए खुल जाएगा। सुबह 9:30 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक आम लोग यहां आध्यात्मिक गार्डन, हर्बल गार्डन, बोन्साई गार्डन और संगीत गार्डन को देख सकेंगे।
इस साल के उद्यानोत्सव के मुख्य आकर्षण ट्यूलिप और प्रिम्युला हैं जो बहुतायत में खिल रहे हैं। ये फूल बहुत दिनों तक टिके नहीं रह पाते हैं इसीलिए इन्हें कई चरणों में लगाया गया है और यह जनवरी 2016 के दूसरे सप्ताह से खिल रहे हैं। करीब 12000 विविध रंगों के ट्यूलिप जैसे कि लाल,नारंगी, लाल-पीले, गुलाबी, बैंगनी और सफेद 10 मार्च तक कई चरणों में खिलने की संभावना है। इस साल ट्यूलिप के पौधे मिट्टी के गमलों, आयताकार और गोल क्यारियों में भी लगाए गए हैं।
गुलाब की कई किस्मों को एक लंबे हिस्से में लगाया गया है इसमें आधुनिक और दुर्लभ सभी किस्में हैं। कटाई-छंटाई के जरिए इन पौधों को आकर्षक रूप दिया गया है।
केंद्रीय लॉन में फूलों का एक भव्य कार्पेट भी प्रदर्शित किया जाएगा जिसमें राष्ट्रपति भवन के माली अपना कौशल दिखाएंगे।इस साल सजावटी फूलों में मुख्य रंग पीला, लाल और नारंगी है। पिछले वर्षों में एक छोटा कैक्टस कोना भी मुगल गार्डेन में प्रदर्शन का हिस्सा बनाया गया है। दर्शक और पौधा प्रेमी यहां के आध्यात्मिक गार्डन में नए विकसित किए गए कमल तालाब को भी देख सकेंगे। इसके अलावा कम मिट्टी में ही उगने में सक्षम कुछ फूल और कुछ अन्य पौधे एक दीवार के साथ भी लगाए गए हैं।
आध्यात्मिक गार्डन के पास प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं जिनमें जैविक खेती के मॉडल और राष्ट्रपति भवन के जैविक फॉर्म में उपजाए गए ताजा जैविक सब्जियों और फलों को प्रदर्शित किया जाएगा। वहां एक वर्मी कम्पोस्ट और मसाला स्टाल भी होगा जो कि राष्ट्रपति भवन की महिलाओं के स्वयं सहायता समूह द्वारा की स्थापित किया जाएगा। एक स्टॉल पर राष्ट्रपति भवन से जुड़े स्मृति चिन्ह और किताबें भी बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
आम लोगों का प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन के मिल वाली जगह के पास गेट संख्या 35 से होगा। दर्शकों से निवेदन है कि वो अपने साथ पानी का बोतल, ब्रीफकेस, हैंड बैग या लेडिज पर्स, कैमरा, रेडियो, ट्रांजिस्टर, बॉक्स, छाता और किसी प्रकार का खाद्य पदार्थ साथ नहीं लाएं। ऐसा कुछ सामान होगा तो उसे उसे प्रवेश द्वार के पास जमा करना होगा।
मुगल गार्डन 20 मार्च को विशेष श्रेणी के लोगों जैसे किसानों, विशेष रूप से सक्षम लोगों, रक्षा,अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस के जवानों के लिए सुबह साढ़े नौ बजे से शाम चार बजे तक खुला रहेगा। इनके लिए भी प्रवेश और निकास गेट संख्या 35 से ही होगा।
20 मार्च को ही नेत्रहीन लोगों के लिए स्पर्श गार्डन खोला जाएगा जिसका वक्त सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके लिए प्रवेश और निकास चर्च रोड के पास (नॉर्थ एवेन्यू के बगल में) गेट नम्बर 12 से होगा।



लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

राष्ट्रपति करेंगे आतंकरोधी सम्मेलन का उद्घाटन

नई दिल्ली। भारत के राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी कल (02 फरवरी, 2016) जयपुर में आतंकरोधी सम्मेलन 2016 का उद्घाटन करने के लिए जयपुर का दौरा करेंगे। 
यह सम्मेलन इंडिया फाउंडेशन और जोधपुर के सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय और आपराधिक न्याय के संयुक्त सहयोग से हो रहा है। सम्मेलन में भारत और विदेशों से आतंकरोधी कार्रवाइयों के विशेषज्ञ, नीति निर्माता और आम बुद्धिजीवी हिस्सा ले रहे हैं। पहला सम्मेलन जयपुर में मार्च, 2015 में आयोजित हुआ था। 
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

राम मंदिर का ताला खुलवाना राजीव का ग़लत फैसला: राष्ट्रपति

नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज जारी अपने संस्मरण में कहा है कि राम जन्मभूमि मंदिर का ताला खुलवाना तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी का एक ग़लत फ़ैसला था। उन्होंने साथ में ये भी कहा कि बाबरी मस्जिद को गिराना पूरी तरह से विश्वासघात था जिसने भारत की छवि को धक्का पहुंचाया है। 
राष्ट्रपति ने पुस्तक ‘‘द टबरुलेंट ईयर्स:1980-1996’’ में लिखा है, “1 फरवरी 1986 को राम जन्मभूमि मंदिर स्थल को खोलना शायद एक ग़लत फैसला था। लोगों को लगता है कि ऐसी कार्रवाई से बचा जा सकता था।” उप राष्ट्रपति हामिर अंसारी ने प्रणब मुखर्जी की किताब का विमोचन किया। 
उन्होंने ये भी कहा, “बाबरी मस्जिद को गिराना पूर्णत: विश्वासघात था। एक धार्मिक ढांचे को गिराना मूर्खतापूर्ण और विनाशकारी था और यह शुद्ध रूप से राजनीतिक मंशा से किया गया। इसने भारत और विदेशों में रह रहे मुसलमानों की भावनाओं को आघात पहुंचाया। इसने भारत की सहिष्णु, बहुलवादी राष्ट्र की छवि को नष्ट कर दिया।” 
श्री मुखर्जी ने मंडल आयोग की संस्तुतियों को लागू करने को लेकर कहा कि, “इससे सामाजिक अन्याय को कम करने में मदद मिली हालांकि इसने समाज के अलग-अलग तबकों को बांटने और ध्रुवीकरण का भी काम किया।” 1989 से 1991 तक की अवधि के बारे में श्री मुखर्जी ने लिखा है कि ये दौर भारतीय समाज में हिंसा और फूट डालने वाला था। 
“जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद और सीमापार आतंकवाद की शुरुआत हुई, राम जन्मभूमि मंदिर-बाबरी मस्जिद प्रकरण ने पूरे राष्ट्र को हिला दिया। अंतत:, एक आत्मघाती ने 21 मई 1991 को राजीव गांधी के जीवन का दुखद अंत कर दिया।” 
देश भर से अपने कार्यकर्ताओं से ईंटें इकट्ठा करने और उन्हें अयोध्या ले जाने के विश्व हिंदू परिषद के अभियान ने सांप्रदायिक तनाव पैदा किया, उन्होंने कहा। शाह बानो मामले को याद करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि राजीव गांधी की आधुनिक व्यक्ति की छवि को धूमिल किया।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

फ्रांस से हमारी दोस्ती और मज़बूत होगी: प्रणब मुखर्जी

महामहिम राष्‍ट्रपति श्री फ्रांस्‍वा ओलांद, भारत और फ्रांस के शिष्‍टमंडलों के गणमान्‍य सदस्‍यों, 
विशिष्‍ट अतिथिगण, 
देवियों और सज्‍जनों, 
राष्‍ट्रपति श्री ओलांद, मैं इस विशेष अवसर पर जो कई मायनों में ऐतिहासिक है आपका और आपके शिष्‍टमंडल के गणमान्‍य सदस्‍यों का भारत में स्‍वागत करते हुए बहुत प्रसन्‍न हूं। कल जब आप भारत के 67वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्‍य अतिथि के रूप में अध्‍यक्षता करेंगे तो फ्रांस एक इतिहास का निर्माण करेगा, क्‍योंकि फ्रांस ऐसा एक मात्र देश है जिसे 5वीं वार यह सम्‍मान प्राप्‍त हुआ है। कल परेड में जब फ्रांस की प्रतिष्ठित इंफेंट्री टुकड़ी भारतीय सैनिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च फास्‍ट करेगी तो एक बार फिर नए इतिहास का निर्माण होगा, क्‍योंकि ऐसा करने वाला यह आज तक का पहला विदेशी दस्‍ता होगा। मैं तीन साल पहले आपके साथ यहां हुई अपनी बैठक का स्‍मरण करते हुए बहुत प्रसन्‍न हूं और इस बार हमारे गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्‍य अतिथि के रूप में फिर एक बार आपका स्‍वागत करते हुए गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूं।
यह केवल इतिहास नहीं, बल्कि यह हमारी दो सभ्‍यताओं और दोनों देशों की जनता के दरम्‍यान गहरे संबंधों का प्रमाण होने के साथ-साथ हमारी दीर्घकालिन भागीदारी के लिए भी एक सम्‍मान है। यह हमारे दो राष्‍ट्रों के उद्देश्‍य, समानता, स्‍वतंत्रता, भाईचारा और सत्‍यमेव जयते, शांति और न्‍याय के वैश्विक आदर्शों को प्राप्‍त करने के लिए विश्‍व को प्रोत्‍साहित करने हेतु मिलकर काम करने का भी प्रतीक है। 
महामहिम, देवियों और सज्‍जनों 
फ्रांस और भारत के बीच मित्रता आदर्शों और दोनों देशों की जनता की आकांक्षाओं में उल्‍लेखनीय समानता के द्वारा परिचालित है। सदियों से हमारी सभ्‍यताएं एक दूसरे के साथ वार्तालाप करती रही हैं और हम व्‍यक्तिगत स्‍वतंत्रता, आजादी और समानता का वायदा करने वाली जिस दुनिया में रहना चाहते हैं उसके साझा दृष्टिकोण से जुड़ी हैं, ऐसा विश्‍व जो बहुलवाद और लोकतंत्र का सम्‍मान करता है, ऐसा संसार जो सहिष्‍णुता और शांतिपूर्ण सह-अ‍स्तित्‍व का प्रयास करता है, ये उनसे भी जुड़ी हैं। समय की कसौटी पर खरी उतरने वाली हमारी दोस्‍ती आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी क्‍योंकि इसकी नींव बहुत मजबूत है। 
आज फ्रांस भारत का रक्षा, अंतरिक्ष, नागरिक-परमाणु सहयोग जैसे रणनीतिक क्षेत्र में अग्रणी भागीदार है। रक्षा में हमारी भागीदारी कई दशक पुरानी है, लेकिन मैं इस बात से प्रसन्‍न हूं कि फ्रांस के निजी उद्यम रक्षा उत्‍पादन और विनिर्माण में संयुक्‍त उपक्रमों के माध्‍यम से मेक इन इंडिया पहल में जोरदार भागीदारी से हमारे संबंधों को और मजबूत बना रहे हैं। अंतरिक्ष क्षेत्र में हमारा समृद्ध सहयोग अब 5 दशक पुराना हो चुका है और हमारे ग्रहों के संसाधनों के लिए विश्‍व की समझ,जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हमारी क्षमता और अंतरिक्ष के अन्‍वेषण न किए गए रहस्‍यों की थाह पाने में यह योगदान बढ़ रहा है।
विज्ञान और अनुसंधान, शिक्षा, संस्‍कृति और स्‍वास्‍थ्‍य में हमारा सहयोग बढ़ रहा है। मैं इस बात से बहुत खुश हूं कि फ्रांस की सरकार और फ्रांस के उद्योग जगत के दिग्‍गज हमारी महत्‍वाकांक्षी विकासात्‍मक पहल , बुनियादी सुविधाओं, स्‍मार्ट सिटी, स्‍वच्‍छ ऊर्जा, रेलवे और कौशल विकास में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। 
महामहिम, मैं इस बात से प्रसन्‍न हूं कि आपने भारत की अपनी यात्रा की शुरूआत चंडीगढ़ से शुरू की है जो ली कार्बुजिए की प्रतिभा का एक स्‍मारक है। भारत-फ्रांस पुरातात्‍विक दल द्वारा 26 लाख पुराने ऐतिहासिक निष्‍कर्षों का अनावरण किया गया है तथा मंगल ग्रह के अन्‍वेषण में भारत-फ्रांस भागीदारी का प्रस्‍ताव किया गया है जो इतिहास की गहराई का संयुक्‍त रूप से पता लगाने से लेकर सितारों और आकश का अन्‍वेषण करने के लिए हमारी भागीदारी की अतुल्‍य गहराई को दर्शाता है। 
राष्‍ट्रपति महोदय चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा की राजधानी भी है और एक ऐसा क्षेत्र है जहां एक सदी पहले हजारों भारतीय सैनिकों ने प्रथम विश्‍व युद्ध के दौरान फ्रांस की लड़ाई लड़ी थी और दस हजार के करीब सैनिक यहां-वहां बिखरे हुए कब्रिस्‍तानों में दफन हैं। इन सैनिकों ने फ्रांस के स्‍वतंत्रता के लिए सर्वोच्‍य बलिदान दिए हैं। हमने तब ऐसा किया था इसलिए हमारे दोनों देशों को अब असहिष्‍णुता, उग्रवाद और आतंकवाद जैसी ताकतों से मुक्ति पाने के लिए सख्‍ती से लड़ना चाहिए। पेरिस और पठानकोट में हुए भयानक आतंकवादी हमलों ने हमारे जैसे देशों के लिए मानवता और मानवीय सभ्‍यता के लिए इन खतरों से लड़ने की तत्‍काल जरूरत को रेखांकित किया है।
हमें जलवायु परिवर्तन की चुनौती से मिलकर लड़ने की भी जरूरत है। महामहिम जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते में आपके नेतृत्‍व और प्रति‍बद्धता की हम प्रशंसा करते हैं। इस समझौते ने हमारी भविष्‍य की पीढि़यों के लिए हमारे ग्रह की सुरक्षा के लिए हमारे सामूहिक प्रयासों का मार्ग प्रशस्‍त किया है। 
महामहिम हमने नए साल की शुरूआत नई उम्‍मीदों और सपनों के साथ की है और हमारे सामने जो चुनौतियां हैं उन पर काबू पाने के लिए संयुक्‍त रूप से संकल्‍प लिया है। हम हिंसा, कट्टरवाद और असमानता से ग्रस्‍त कठिन दौर में रह रहे हैं। मुझे विश्‍वास है कि आपकी यात्रा से भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर पहुंचने और सभी के लिए शांति, स्थिरता तथा समृद्धि की समान आकाक्षा में नए शुरुआत हो रही है। 
देवियों और सज्‍जनों, 
इन शब्‍दों के साथ भारत और फ्रांस के जनता के दरम्‍यान कायम मैत्री प्रशंसा करता हूं और दोनों देशों के मध्‍य घनिष्‍ठ सहयोग की कामना करता हूं। 
देवियों और सज्‍जनों, 
• आइए महामहिम राष्‍ट्रपति फ्रांस्‍वा ओलांद के अच्‍छे स्‍वाथ्‍य, फ्रांस की जनता की सतत प्रगति, समृद्धि और भलाई तथा दोनों देशों और दोनों देशों की जनता के मध्‍य स्‍थाई दोस्‍ती के लिए हम सब मिलकर कामना करें। 
जय हिन्‍द 



लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

11 दिनों तक लड़कर 10 आतंकियों को मारने वाले वीर को अशोक चक्र

गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत में सबसे पहले लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी की पत्नी भावना गोस्वामी को अशोक चक्र प्रदान किया गया।
02 और 03 सितम्बर 2015 की दरमियानी रात को लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हफरूदा जंगल में घात लगाने वाले दस्ते में शामिल थे। 2015 बजे चार आतंकवादियों के साथ उनकी भीषण मुठभेड़ हुई। जिसमें उनके 2 साथी घालय होकर गिर पड़े। लांस नायक मोहन अपने दोस्त के साथ अपने सहयोगियों को बचाने के लिए आगे बढ़े। जबकि उन्हें अच्छी तरह ज्ञात था कि आगे बढ़ने में उनके जीवन को जोखिम है। लांस नायक मोहन ने पहले एक आतंकवादी को मार गिराने में मदद की। उसके बाद अपने तीन घायल साथियों की जिंदगी पर आसन्न खतरे को भांपते हुए लांस नायक मोहन अपनी निजी सुरक्षा की परवाह न करते हुए बचे आतंकवादियों पर टूट पड़े, जो भयंकर फायरिंग कर रहे थे। आतंकवादियों की गोली उनकी जांघ में लगी लेकिन उसकी परवाह न करते हुए उन्होंने एक आतंकवादी को मार गिराया और दूसरे को घायल कर दिया। अचानक उनके पेट में एक गोली लगी। उसके बाद भी अपने घावों से बेपरवाह मोहन नाथ ने बचे अंतिम आतंकवादी को दबोच लिया और अपने गंभीर घावों के कारण मौत के आगोश में जाने से पूर्व उस आतंकवादी को भी मार गिराया। लांस नायक मोहन नाथ ने न केवल दो आतंकवादियों को मार गिराया, बल्कि अन्य दो को निष्क्रिय करने में भी सहायता प्रदान की और अपने तीन घायल साथियों की जान बचाई। 
इस प्रकार, लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी ने व्यक्तिगत रूप से दो आतंकवादियों को मार गिराने और अपने घायल साथियों का बचाव करने में सहायता प्रदान करने के लिए भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं के अनुरूप अपना सर्वोच्च बलिदान देने में सबसे विशिष्ट वीरता का प्रदर्शन किया। 
इससे पहले हंदवाड़ा को खुरमुर में 23 अगस्त 2015 को एक ऑपरेशन के दौरान लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी ने लश्कर-ए-तैय्यबा के तीन आतंकियों को ढेर किया था। इसके तुरंत बाद कश्मीर के रफियाबाद में 2 दिनों तक चले ऑपरेशन का हिस्सा रहे जिसमें 3 आतंकियों को मार गिराया और एक ज़िंदा आतंकी सज्जाद अहमद उर्फ अबु उबेद उल्लाह को धर दबोचा। उनका अंतिम ऑपरेश 3 सितंबर को रहा जिसमें उन्होंने दो आतंकियों को मारा और एक आतंकी को पकड़ा।
राष्ट्रपति ने 67 वें गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के कर्मियों और अन्य लोगों के लिए 365 वीरता और अन्य रक्षा अलंकरण देने की मंजूरी दी। इन पुरस्कारों में एक अशोक चक्र, चार कीर्ति चक्र, 11 शौर्य चक्र, सेना मेडल के लिए एक बार (वीरता), 48 सेना पदक (वीरता), 04 नव सेना पदक (वीरता), 02 वायु सेना पदक (वीरता), 29 परम विशिष्ट सेवा पदक, 05 उत्तम युद्ध सेवा पदक, 04 बार अतिविशिष्ट सेवा पदक, 49 अति विशिष्ट सेवा पदक, 20 युद्ध सेवा पदक, सेना पदक के तीन बार (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 37 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), आठ नव सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 16 वायु सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 05 बार विशिष्ट सेवा पदक और 118 विशिष्ट सेवा शामिल हैं। 

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

VIDEO: गणतंत्र दिवस परेड 2016, जब राजपथ पर पहली बार उतरी विदेशी सेना की टुकड़ी

देश ने 26 जनवरी 2016 को अपना 67वां गणतंत्र दिवस मनाया। राजपथ पर हुई परेड इस बार कई मायनों में अलग रही। पहली बार किसी दूसरे देश की सेना के जवान भारतीय जवानों के साथ कदम मिलाते दिखे। परेड का पूरा वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

फ्रांस के राष्ट्रपति थे मुख्य अतिथि

इस साल समारोह के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद थे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने परेड की सलामी ली। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।

परेड में क्या रहा खास

  • फ्रांसीसी सैनिकों का मार्च: फ्रांस की सेना की टुकड़ी ने राजपथ पर मार्च किया। गणतंत्र दिवस परेड में विदेशी सैनिकों के शामिल होने का यह पहला मौका था।
  • डॉग स्क्वॉड की वापसी: सेना के खोजी कुत्तों का दस्ता 26 साल बाद परेड का हिस्सा बना।
  • छोटी हुई परेड: परेड का समय घटाकर करीब 90 मिनट कर दिया गया, ताकि कार्यक्रम ज्यादा कसा हुआ रहे।

शहीद को मिला अशोक चक्र

परेड शुरू होने से पहले राष्ट्रपति ने लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया। यह शांतिकाल का सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है। सम्मान उनकी पत्नी ने ग्रहण किया।

झांकियों में दिखी देश की झलक

हर साल की तरह इस बार भी राज्यों और मंत्रालयों की झांकियों ने अलग-अलग संस्कृतियों और सरकारी योजनाओं को पेश किया। आखिर में वायुसेना के विमानों के फ्लाईपास्ट के साथ परेड का समापन हुआ।

हिंसा, असहिष्णुता, अविवेकपूर्ण ताकतों से खुद की रक्षा करनी होगी : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी

मेरे प्यारे देशवासियो,
हमारे राष्ट्र के सड़सठवें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर, मैं भारत और विदेशों में बसे आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। मैं, हमारी सशस्त्र सेनाओं, अर्ध-सैनिक बलों तथा आंतरिक सुरक्षा बल के सदस्यों को अपनी विशेष बधाई देता हूं। मैं उन वीर सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने भारत की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने और विधि शासन को कायम रखने के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।
प्यारे देशवासियो,
2. छब्बीस जनवरी 1950 को हमारे गणतंत्र का जन्म हुआ। इस दिन हमने स्वयं को भारत का संविधान दिया। इस दिन उन नेताओं की असाधारण पीढ़ी का वीरतापूर्ण संघर्ष पराकाष्ठा पर पहुंचा था जिन्होंने दुनिया के सबसे विशाल लोकतंत्र की स्थापना के लिए उपनिवेशवाद पर विजय प्राप्त की। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, जो हमें यहां तक लेकर आई है, के निर्माण के लिए भारत की विस्मयकारी अनेकता को सूत्रबद्ध कर दिया। उनके द्वारा स्थापित स्थायी लोकतांत्रिक संस्थाओं ने हमें प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने की सौगात दी है। आज भारत एक उदीयमान शक्ति है, एक ऐसा देश है जो विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवान्वेषण और स्टार्ट-अप में विश्व अग्रणी के रूप में तेजी से उभर रहा है और जिसकी आर्थिक सफलता विश्व के लिए एक कौतूहल है।
प्यारे देशवासियो,
3. वर्ष 2015 चुनौतियों का वर्ष रहा है। इस दौरान विश्व अर्थव्यवस्था में मंदी रही। वस्तु बाजारों पर असमंजस छाया रहा। संस्थागत कार्रवाई में अनिश्चितता आई। ऐसे कठिन माहौल में किसी भी राष्ट्र के लिए तरक्की करना आसान नहीं हो सकता। भारतीय अर्थव्यवस्था को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निवेशकों की आशंका के कारण भारत समेत अन्य उभरते बाजारों से धन वापस लिया जाने लगा जिससे भारतीय रुपए पर दबाव पड़ा। हमारा निर्यात प्रभावित हुआ। हमारे विनिर्माण क्षेत्र का अभी पूरी तरह उभरना बाकी है।
4. 2015 में हम प्रकृति की कृपा से भी वंचित रहे। भारत के अधिकतर हिस्सों पर भीषण सूखे का असर पड़ा जबकि अन्य हिस्से विनाशकारी बाढ़ की चपेट में आ गए। मौसम के असामान्य हालात ने हमारे कृषि उत्पादन को प्रभावित किया। ग्रामीण रोजगार और आमदनी के स्तर पर बुरा असर पड़ा।
प्यारे देशवासियो,
5. हम इन्हें चुनौतियां कह सकते हैं क्योंकि हम इनसे अवगत हैं। समस्या की पहचान करना और इसके समाधान पर ध्यान देना एक श्रेष्ठ गुण है। भारत इन समस्याओं को हल करने के लिए कार्यनीतियां बना रहा है और उनका कार्यान्वयन कर रहा है। इस वर्ष 7.3 प्रतिशत की अनुमानित विकास दर के साथ, भारत सबसे तेजी से बढ़ रही विशाल अर्थव्यवस्था बनने के मुकाम पर है। विश्व तेल कीमतों में गिरावट से बाह्य क्षेत्र को स्थिर बनाए रखने और घरेलू कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिली है। बीच-बीच में रुकावटों के बावजूद इस वर्ष उद्योगों का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
6. आधार 96 करोड़ लोगों तक मौजूदा पहुंच के साथ, आर्थिक रिसाव रोकते हुए और पारदर्शिता बढ़ाते हुए लाभ के सीधे अंतरण में मदद कर रहा है। प्रधान मंत्री जन धन योजना के तहत खोले गए19 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते वित्तीय समावेशन के मामले में विश्व की अकेली सबसे विशाल प्रक्रिया है। सांसद आदर्श ग्राम योजना का लक्ष्य आदर्श गांवों का निर्माण करना है। डिजीटल भारत कार्यक्रम डिजीटल विभाजन को समाप्त करने का एक प्रयास है। प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना का लक्ष्य किसानों की बेहतरी है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम जैसे कार्यक्रमों पर बढ़ाए गए खर्च का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दोबारा सशक्त बनाने के लिए रोजगार में वृद्धि करना है।
7. भारत में निर्माण अभियान से व्यवसाय में सुगमता प्रदान करके और घरेलू उद्योग की स्पर्द्धा क्षमता बढ़ाकर विनिर्माण तेज होगा। स्टार्ट-अप इंडिया कार्यक्रम नवान्वेषण को बढ़ावा देगा और नए युग की उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करेगा। राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन में 2022 तक 30 करोड़ युवाओं को कुशल बनाने का विचार किया गया है।
8. हमारे बीच अकसर संदेहवादी और आलोचक होंगे। हमें शिकायत, मांग, विरोध करते रहना चाहिए। यह भी लोकतंत्र की एक विशेषता है। परंतु हमारे लोकतंत्र ने जो हासिल किया है, हमें उसकी भी सराहना करनी चाहिए। बुनियादी ढांचे, विनिर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में निवेश से, हम और अधिक विकास दर प्राप्त करने की बेहतर स्थिति में हैं जिससे हमें अगले दस से पंद्रह वर्षों में गरीबी मिटाने में मदद मिलेगी।
प्यारे देशवासियो,
9. अतीत के प्रति सम्मान राष्ट्रीयता का एक आवश्यक पहलू है। हमारी उत्कृष्ट विरासत,लोकतंत्र की संस्थाएं सभी नागरिकों के लिए न्याय, समानता तथा लैंगिक और आर्थिक समता सुनिश्चित करती हैं। जब हिंसा की घृणित घटनाएं इन स्थापित आदर्शों, जो हमारी राष्ट्रीयता के मूल तत्त्व हैं, पर चोट करती हैं तो उन पर उसी समय ध्यान देना होगा। हमें हिंसा, असहिष्णुता और अविवेकपूर्ण ताकतों से स्वयं की रक्षा करनी होगी।
प्यारे देशवासियो :
10. विकास की शक्तियों को मजबूत बनाने के लिए, हमें सुधारों और प्रगतिशील विधान की आवश्यकता है। यह सुनिश्चित करना विधि निर्माताओं का परम कर्तव्य है कि पूरे विचार-विमर्श और परिचर्चा के बाद ऐसा विधान लागू किया जाए। सामंजस्य, सहयोग और सर्वसम्मति बनाने की भावना निर्णय लेने का प्रमुख तरीका होना चाहिए। निर्णय और कार्यान्वयन में विलम्ब से विकास प्रक्रिया का ही नुकसान होगा।
प्यारे देशवासियो,
11. विवेकपूर्ण चेतना और हमारे नैतिक जगत का प्रमुख उद्देश्य शांति है। यह सभ्यता की बुनियाद और आर्थिक प्रगति की जरूरत है। परंतु हम कभी भी यह छोटा सा सवाल नहीं पूछ पाए हैं : शांति प्राप्त करना इतना दूर क्यों है? टकराव को समाप्त करने से अधिक शांति स्थापित करना इतना कठिन क्यों रहा है?
12. विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उल्लेखनीय क्रांति के साथ 20वीं सदी की समाप्ति पर, हमारे पास उम्मीद के कुछ कारण मौजूद थे कि 21वीं सदी एक ऐसा युग होगा जिसमें लोगों और देश की सामूहिक ऊर्जा उस बढ़ती हुई समृद्धि के लिए समर्पित होगी जो पहली बार घोर गरीबी के अभिशाप को मिटा देगी। यह उम्मीद इस शताब्दी के पहले पंद्रह वर्षों में फीकी पड़ गई है। क्षेत्रीय अस्थिरता में चिंताजनक वृद्धि के कारण व्यापक हिस्सों में अभूतपूर्व अशांति है। आतंकवाद की बुराई ने युद्ध को इसके सबसे बर्बर रूप में बदल दिया है। इस भयानक दैत्य से अब कोई भी कोना अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर सकता है।
13. आतंकवाद उन्मादी उद्देश्यों से प्रेरित है, नफरत की अथाह गहराइयों से संचालित है, यह उन कठपुतलीबाजों द्वारा भड़काया जाता है जो निर्दोष लोगों के सामूहिक संहार के जरिए विध्वंस में लगे हुए हैं। यह बिना किसी सिद्धांत की लड़ाई है, यह एक कैंसर है जिसका इलाज तीखी छुरी से करना होगा। आतंकवाद अच्छा या बुरा नहीं होता; यह केवल बुराई है।
प्यारे देशवासियो,
14. देश हर बात से कभी सहमत नहीं होगा; परंतु वर्तमान चुनौती अस्तित्व से जुड़ी है। आतंकवादी महत्त्वपूर्ण स्थायित्व की बुनियाद, मान्यता प्राप्त सीमाओं को नकारते हुए व्यवस्था को कमज़ोर करना चाहते हैं। यदि अपराधी सीमाओं को तोड़ने में सफल हो जाते हैं तो हम अराजकता के युग की ओर बढ़ जाएंगे। देशों के बीच विवाद हो सकते हैं और जैसा कि सभी जानते हैं कि जितना हम पड़ोसी के निकट होंगे, विवाद की संभावना उतनी अधिक होगी। असहमति दूर करने का एक सभ्य तरीका, संवाद है, जो सही प्रकार से कायम रहना चाहिए। परंतु हम गोलियों की बौछार के बीच शांति पर चर्चा नहीं कर सकते।
15. भयानक खतरे के दौरान हमें अपने उपमहाद्वीप में विश्व के लिए एक पथप्रदर्शक बनने का ऐतिहासिक अवसर प्राप्त हुआ है। हमें अपने पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण वार्ता के द्वारा अपनी भावनात्मक और भू-राजनीतिक धरोहर के जटिल मुद्दों को सुलझाने का प्रयास करना चाहिए, और यह जानते हुए एक दूसरे की समृद्धि में विश्वास जताना चाहिए कि मानव की सर्वोत्तम परिभाषा दुर्भावनाओं से नहीं बल्कि सद्भावना से दी जाती है। मैत्री की बेहद जरूरत वाले विश्व के लिए हमारा उदाहरण अपने आप एक संदेश का कार्य कर सकता है।
प्यारे देशवासियो,
16. भारत में हर एक को एक स्वस्थ, खुशहाल और कामयाब जीवन जीने का अधिकार है। इस अधिकार का, विशेषकर हमारे शहरों में, उल्लंघन किया जा रहा है, जहां प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। जलवायु परिवर्तन अपने असली रूप में सामने आया जब 2015 सबसे गर्म वर्ष के रूप में दर्ज किया गया। विभिन्न स्तरों पर अनेक कार्यनीतियों और कार्रवाई की आवश्यकता है। शहरी योजना के नवान्वेषी समाधान, स्वच्छ ऊर्जा का प्रयोग और लोगों की मानसिकता में बदलाव के लिए सभी भागीदारों की सक्रिय हिस्सेदारी जरूरी है। लोगों द्वारा अपनाए जाने पर ही इन परिवर्तनों का स्थायित्व सुनिश्चित हो सकता है।
प्यारे देशवासियो,
17. अपनी मातृभूमि से प्रेम समग्र प्रगति का मूल है। शिक्षा, अपने ज्ञानवर्धक प्रभाव से, मानव प्रगति और समृद्धि पैदा करती है। यह भावनात्मक शक्तियां विकसित करने में सहायता करती है जिससे सोई उम्मीदें और भुला दिए गए मूल्य दोबारा जाग्रत हो जाते हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने कहा था, ‘‘शिक्षा का अंतिम परिणाम एक उन्मुक्त रचनाशील मनुष्य है जो ऐतिहासिक परिस्थितियों और प्राकृतिक विपदाओं के विरुद्ध लड़ सकता है।’’ ‘चौथी औद्योगिक क्रांति’ पैदा करने के लिए जरूरी है कि यह उन्मुक्त और रचनाशील मनुष्य उन बदलावों को आत्मसात करने के लिए परिवर्तन गति पर नियंत्रण रखे जो व्यवस्थाओं और समाजों के भीतर स्थापित होते जा रहे हैं। एक ऐसे माहौल की आवश्यकता है जो महत्त्वपूर्ण विचारशीलता को बढ़ावा दे और अध्यापन को बौद्धिक रूप से उत्साहवर्धक बनाए। इससे विद्वता प्रेरित होगी और ज्ञान एवं शिक्षकों के प्रति गहरा सम्मान बढ़ेगा। इससे महिलाओं के प्रति आदर की भावना पैदा होगी जिससे व्यक्ति जीवन पर्यन्त सामाजिक सदाचार के मार्ग पर चलेगा। इसके द्वारा गहन विचारशीलता की संस्कृति प्रोत्साहित होगी और चिंतन एवं आंतरिक शांति का वातावरण पैदा होगा। हमारी शैक्षिक संस्थाएं मन में जाग्रत विविध विचारों के प्रति उन्मुक्त दृष्टिकोण के जरिए, विश्व स्तरीय बननी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय वरीयताओं में प्रथम दो सौ में स्थान प्राप्त करने वाले दो भारतीय उच्च शिक्षा संस्थानों के द्वारा यह शुरुआत पहले ही हो गई है।
प्यारे देशवासियो,
18. पीढ़ी का परिवर्तन हो चुका है। युवा बागडोर संभालने के लिए आगे आ चुके हैं। ‘नूतन युगेर भोरे’ के टैगोर के इन शब्दों के साथ आगे कदम बढ़ाएं :
‘‘चोलाय चोलाय बाजबे जायेर भेरी-
पायेर बेगी पॉथ केटी जाय कोरिश ने आर
देरी।’’
आगे बढ़ो, नगाड़ों का स्वर तुम्हारे विजयी प्रयाण की घोषणा करता है
शान के साथ कदमों से अपना पथ बनाएं;
देर मत करो, देर मत करो, एक नया युग आरंभ हो रहा है।
धन्यवाद,
जय हिंद!

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

ऑस्‍ट्रेलिया के राष्‍ट्रीय दिवस की पूर्व संध्‍या पर राष्‍ट्रपति का बधाई संदेश

ऑस्‍ट्रेलिया के गवर्नर जनरल महामहिम सर पीटर कॉसग्रोव ए.के.-एमसी (सेवानिवृत्‍त) को भेजे अपने संदेश में राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार, यहां की जनता और अपनी ओर से मैं आपके राष्‍ट्रीय दिवस के अवसर पर आपको और ऑस्‍ट्रेलिया की जनता को शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। यह बड़े संतोष की बात है कि साझा हितों के व्‍यापक क्षेत्रों मे हाल के वर्षों में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के दरम्‍यान संबंध बहुत मजबूत हुए हैं। मैं अपने लोगों के आपसी लाभ के लिए इस गति को बनाये रखने के लिए उत्‍सुक हूं। 
महामहिम आप अपने अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य और सुख-समृद्धि के लिए मेरी शुभकामनाएं स्‍वीकार करें। मैं ऑस्‍ट्रेलिया की जनता की सतत प्रगति और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं देता हूं। 



लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

पढ़िये राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का पूरा अभिभाषण

माननीय सदस्यगण, 
1. मुझे 16वीं लोक सभा के चुनावों के बाद, संसद के दोनों सदनों के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए प्रसन्नता हो रही है। सबसे पहले, मैं अपने साथी नागरिकों का हार्दिक अभिनंदन करता हूं जिन्होंने हाल में हुए लोक सभा चुनावों में बड़ी संख्या में भाग लिया। हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि हम उन्हीं की वजह से यहां हैं। उनकी सेवा करना हमारी सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं इस नई लोक सभा के सदस्यों का भी अभिनंदन करता हूं। आप इन चुनावों में जनादेश प्राप्त करने में सफल हुए हैं और अब आप उनकी आशाओं, आकांक्षाओं और उनके सपनों का प्रतिनिधित्व करते हैं। मैं आप सबका हार्दिक स्वागत करता हूं और आशा करता हूं कि प्रचुर विधायी कार्य भरे आने वाले सत्र सार्थक और उपयोगी होंगे। 
2. यह बड़े संतोष का विषय है कि हाल के आम चुनाव सुचारु रूप से एवं काफी हद तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। मैं भारत के निर्वाचन आयोग और उससे जुड़े सरकारी तंत्र को सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए बधाई देता हूं। इन चुनावों में हमारे नागरिकों द्वारा दर्शाई गई अभूतपूर्व रुचि हमारे जीवंत लोकतंत्र की गहराती जड़ों का द्योतक है। दूसरी विषय-वस्तुओं पर चर्चा करने से पहले मैं सशस्त्र बलों के उन सदस्यों के परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करता हूं जिन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। 
3. मैं, लोक सभा के नए अध्यक्ष को इस गरिमापूर्ण पद पर सर्वसम्मति से चुने जाने के लिए बधाई देता हूं। लोक सभा ने अध्यक्ष पद के लिए लगातार दोबारा किसी महिला को चुनकर भारतीय समाज में महिलाओं के महत्त्व की सदियों पुरानी मान्यता को पुन: पुष्ट किया है। 
माननीय सदस्यगण, 
4. यह उम्मीदों का चुनाव रहा है। यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के विकास में महत्त्वपूर्ण पड़ाव है। चुनावों में 66.4 प्रतिशत मतदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी और लगभग 30 वर्षों पश्चात् किसी एक ही पार्टी को मिला स्पष्ट जनादेश लोगों की बढ़ी हुई आकांक्षाओं और उनके इस विश्वास को दर्शाता है कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ही पूरा किया जा सकता है। मतदाताओं ने जाति-पंथ, क्षेत्र और धर्म की सीमाओं को तोड़ा है और उन्होंने सुशासन द्वारा विकास के पक्ष में एकजुट होकर निर्णायक मत दिया है। 
5. देश को ऐसी मज़बूत और स्थिर सरकार की आवश्यकता है जो प्रभावी नेतृत्व प्रदान करे। इस वर्ष के प्रारंभ में गणतंत्र दिवस के अपने भाषण में मैंने आशा व्यक्त की थी कि वर्ष 2014, विगत वर्षों की विभंजनकारी और टकराव की राजनीति से राहत देने वाला वर्ष होगा। आज यहां मैं अपने साथी नागरिकों के विवेक की सराहना करता हूं जिन्होंने ऐसे उदीयमान भारत में स्थिरता, ईमानदारी और विकास के लिए मत दिया जिसमें भ्रष्टाचार का कोई स्थान न हो। उन्होंने संगठित, सुदृढ़ और आधुनिक भारत—‘‘एक भारत—श्रेष्ठ भारत’’ के लिए मत दिया है। मेरी सरकार इन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए इस महान देश की 125 करोड़ जनता के साथ मिलकर काम करेगी। 
6. मेरी सरकार इस जनादेश को पूरा करने के लिए सही वातावरण तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार ‘सब का साथ, सब का विकास’ सिद्धांत को अपनाएगी जो आपकी सक्रिय भागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है। हम लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को पुन: कायम करने के लिए साथ मिलकर कार्य करेंगे। मेरी सरकार ‘‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन’’ के मंत्र पर कार्य करेगी। अपने सभी कार्यों में हम अपनी महान सभ्यता के मूलभूत मूल्यों से मार्गदर्शन लेंगे। 
माननीय सदस्यगण, 
7. मेरी सरकार गरीबों के प्रति समर्पित है। गरीबी का कोई धर्म नहीं होता है, भूख का कोई पंथ नहीं होता है और निराशा का कोई भूगोल नहीं होता। हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती भारत में गरीबी के अभिशाप को समाप्त करना है। मेरी सरकार केवल ‘‘निर्धनता उपशमन’’ से संतुष्ट नहीं होगी बल्कि यह ‘‘गरीबी का पूर्ण निवारण’’ करने के लक्ष्य के प्रति वचनबद्ध है। सरकार इस दृढ़ मत के साथ कि विकास पर पहला हक गरीब का है, अपना ध्यान उन पर केन्द्रित करेगी जिन्हें जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं की तुरंत आवश्यकता है। सरकार सहानुभूति, सहायता और सशक्तीकरण द्वारा, सभी नागरिकों को हर तरह की सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक उपाय करेगी। 
8. खाद्य पदार्थों की कीमतों को बढ़ने से रोकना मेरी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। विभिन्न कृषि एवं कृषि आधारित उत्पादों के आपूर्ति पक्ष को सुधारने पर बल दिया जाएगा। मेरी सरकार जमाखोरी और काला-बाजारी को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएगी। सरकार राज्यों की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को अपनाते हुए, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार करेगी। मेरी सरकार इस वर्ष सामान्य से कम मानसून की संभावना के प्रति सतर्क है और इसके लिए उपयुक्त योजनाएं तैयार की जा रही हैं। 
9. हमारी दो तिहाई से अधिक जनता के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने के बावजूद भी हम इसे पर्याप्त सार्वजनिक सुविधाएं और जीविका के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाए हैं। मेरी सरकार सशक्त पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से गांवों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। निवेश के एक बड़े भाग का उपयोग सामुदायिक परिसंपत्तियों के सृजन और आधारभूत ढांचों जैसे सड़क, आश्रय, बिजली व पेय जल को सुधारने के लिए किया जाएगा। मेरी सरकार ग्राम-शहर की संकल्पना अपनाकर, गांव की मूल प्रकृति को बरकरार रखते हुए, ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीण-शहरी असमानता को दूर करने का प्रयास करेगी। 
10. कृषि हमारी अधिकांश जनता की आजीविका का स्रोत है। पिछले कुछ समय से हमारे किसान बहुत ही विषम परिस्थिति में हैं और हताशा के कारण कुछ तो आत्महत्या के लिए भी मज़बूर हो गए। मेरी सरकार इस दुर्भाग्यपूर्ण हालात को पूरी तरह बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। वह कृषि में, विशेषकर कृषि-बुनियादी ढांचे में सरकारी व निजी दोनों ही तरह के निवेश को बढ़ाएगी। वैज्ञानिक तरीके और कृषि प्रौद्योगिकी अपनाकर खेती को लाभकारी उद्यम में बदलने के लिए उपाय किए जाएंगे। मेरी सरकार कृषि उपज की कीमत निर्धारण व खरीद, कृषि बीमा तथा उपज पश्चात प्रबंधन से संबंधित मुद्दों का समाधान करेगी। पशु-पालन की उत्पादकता में वृद्धि की जाएगी। मेरी सरकार खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की स्थापना को प्रोत्साहन देगी। सहकारी क्षेत्र के मौज़ूदा कानूनों की समीक्षा की जाएगी ताकि विसंगतियां और कमियां दूर की जा सकें। मेरी सरकार ऐसी राष्ट्रीय भूमि उपयोग नीति अपनाएगी जो कृषि अनुपयुक्त भूमि की वैज्ञानिक तरीके से पहचान करने और उसका कारगर विकास करने में सहायता करेगी। 
11. पानी की बूंद-बूंद कीमती है। मेरी सरकार जल सुरक्षा को उच्च प्राथमिकता प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। सरकार काफी समय से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी और ‘‘प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना’’ लागू करेगी जिसका उद्देश्य होगा ‘‘हर खेत को पानी’’ हमारे जल संसाधनों के इष्टम् उपयोग द्वारा बाढ़ एवं सूखे की पुनरावृत्तियों को रोकने के लिए नदियों को जोड़ने समेत अन्य सभी विकल्पों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की आवश्यकता है। हम वर्षा जल का ‘जल संचय’ और ‘जल सिंचन’ द्वारा संचयन कर जल संरक्षण करेंगे और भूजल स्तर को बढ़ाएंगे। ‘प्रति बूंद—अधिक फसल’ सुनिश्चित करने के लिए, माइक्रो सिंचाई को लोकप्रिय बनाया जाएगा। 
माननीय सदस्यगण, 
12. भारत विश्व की प्राचीनतम सभ्यता है। आज यह विश्व का ऐसा देश भी है जिसमें युवाओं की जनसंख्या सर्वाधिक है। हमें ‘‘आबादी के लाभांश’’ का फायदा उठा सकने के लिए अपने युवाओं को सही शिक्षा, कौशल और अवसरों से सुसज्जित करना होगा। मेरी सरकार केवल ‘युवा विकास’ की संकल्पना की बजाए ‘युवा संचालित’ विकास व्यवस्था प्रदान करेगी। सरकार मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सिस और वर्च्युअल कक्षाएं तैयार करेगी। हमारी शिक्षण संस्थाओं में गुणवत्ता, अनुसंधान और नवीन-प्रक्रिया में कमियों से उत्पन्न कठिनाइयों को दूर करने के लिए सरकार, एक राष्ट्रीय शिक्षा नीति बनाएगी। हम प्रत्येक राज्य में आईआईटी और आईआईएम स्थापित करेंगे। स्कूली अध्यापकों और छात्रों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। मेरी सरकार ‘‘हर हाथ को हुनर’’ के उद्देश्य से औपचारिक शिक्षा और कौशल विकास के बीच की बाधाओं को दूर करने का प्रयास करेगी और ऐसी व्यवस्था बनाएगी जिसमें व्यावसायिक योग्यताओं को अकादमिक समानता दी जाएगी। मेरी सरकार ‘हुनरमंद भारत’ के लक्ष्य से ‘‘नेशनल मल्टी स्किल मिशन’’ भी शुरू करेगी। 
13. देश के बच्चों और युवाओं को मनोरंजन के लिए ऐसे अवसरों की आवश्यकता है जो उनका रचनात्मक विकास करे और उन्हें चुस्त रख सके। मेरी सरकार ‘राष्ट्रीय खेल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ की शुरुआत करेगी। सरकार भारतीय खेलों के विकास और संवर्धन को सुसाध्य बनाएगी जिसमें ग्रामीण खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खेलों की स्कूली-पाठ्यक्रम का अनिवार्य अंग बनाकर तथा शैक्षिक प्रोत्साहन प्रदान करके खेलों को लोकप्रिय बनाया जाएगा। 
14. देश को एक ऐसी संपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा प्रणाली की आवश्यकता है जो सर्वसुलभ, किफायती और प्रभावी हो। इस उद्देश्य के लिए, मेरी सरकार नई स्वास्थ्य नीति तैयार करेगी और ‘‘नेशनल हैल्थ एश्योरेंस मिशन’’ शुरू करेगी। योग (YOGA) और आयुष (AYUSH) को प्रोत्साहन देगी। हैल्थ केयर प्रोफेशनलों की कमी दूर करने के लिए, स्वास्थ्य शिक्षा और प्रशिक्षण में बदलाव किया जाएगा। प्रत्येक राज्य में क्रमबद्ध रीति से एम्स जैसे संस्थान स्थापित किए जाएंगे। 
15. हम ऐसी अपमानजनक स्थिति को सहन नहीं करेंगे जिसमें घरों में शौचालय न हों और सार्वजनिक स्थान गंदगी से भरे हों। देश भर में स्वास्थ्यकर परिस्थितियां (हाइजिन), कचरा प्रबंधन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए ‘‘स्वच्छ भारत मिशन’’ चलाया जाएगा। ऐसा करना महात्मा गांधी को उनकी 150वीं जयंती पर हमारी श्रद्धांजलि होगी जो वर्ष 2019 में मनाई जाएगी। 
16. अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य पिछड़े वर्गों एवं हमारे समाज के कमजोर वर्गों के लोगों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए, मेरी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका के समान अवसरों के लिए उपयुक्त इको-सिस्टम तैयार करने के लिए कदम उठाएगी। मेरी सरकार इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि अनुसूचित जातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लोग उभरते अवसरों का लाभ उठा सकें। मेरी सरकार अनुसूचित जातियों के लिए ‘वन बंधु कल्याण योजना’ शुरू करेगी। जनजातीय बस्तियों का विद्युतीकरण एवं उन्हें पक्की सड़कों से जोड़ने को प्राथमिकता दी जाएगी। 
17. यह दुर्भाग्यपूर्ण ही है कि स्वतंत्रता के इतने दशकों बाद भी अल्पसंख्यक समुदाय गरीबी से पीड़ित है और सरकारी स्कीमों के लाभ अल्पसंख्यकों तक नहीं पहुंचते हैं। मेरी सरकार, भारत की प्रगति में सभी अल्पसंख्यकों को बराबर का भागीदार बनाने के लिए कृतसंकल्प है। सरकार अल्पसंख्यक समुदायों में आधुनिक और तकनीकी शिक्षा का प्रसार करने के उपायों को विशेष तौर पर कारगर बनाएगी और राष्ट्रीय मदरसा आधुनिकीकरण कार्यक्रम शुरू करेगी। 
18. भिन्न रूप से सक्षम लोगों का कल्याण और पुनर्वास मेरी सरकार की संवेदनशील समाज की संकल्पना का अभिन्न भाग है। सरकार जीवन के सभी क्षेत्रों में भिन्न रूप से सक्षम लोगों की भागीदारी को सुकर बनाकर, उनके जीवन को गरिमा प्रदान करने के लिए कदम उठाएगी। उनकी विशेष आवश्यकताओं की पहचान करने और उनके लिए संस्थागत देखभाल उपलब्ध कराने के लिए उपाय किए जाएंगे। 
19. मेरी सरकार समाज के विकास और राष्ट्र की समृद्धि में, महिलाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करती है। वह संसद और राज्य विधान सभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध है। ‘‘बेटी बचाओ—बेटी पढ़ाओ’’ की प्रतिबद्धता के साथ, मेरी सरकार बालिका को बचाने और उसकी शिक्षा के लिए व्यापक जन-अभियान आरंभ करेगी। इसके लिए ऐसी व्यापक स्कीम तैयारी की जाएगी, जिसमें इस संबंध में राज्यों के सर्वोत्तम कार्यों को शामिल किया जाएगा। हाल ही में, देश में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की कुछ जघन्य घटनाएं हुई हैं। सरकार, महिलाओं के विरुद्ध, हिंसा को बिल्कुल सहन न करने (जीरो टॉलरैंस) की नीति अपनाएगी और उसके प्रभावी कार्यान्वयन के लिए दांडिक न्याय प्रणाली को समुचित रूप से मजबूत किया जाएगा। 
माननीय सदस्यगण, 
20. भारत संघीय व्यवस्था वाला देश है। परन्तु काफी वर्षों से, इसकी संघीय भावना को कमज़ोर किया गया है। राज्यों और केंद्र को सामंजस्यपूर्ण टीम इंडिया के रूप में काम करना चाहिए। राष्ट्रीय मुद्दों पर राज्यों के साथ सक्रियता से कार्य करने के लिए मेरी सरकार, राष्ट्रीय विकास परिषद, अंतर्राज्यीय परिषद् जैसे मंचों को पुन: सशक्त बनाएगी। केंद्र, सहकारी-संघवाद के ज़रिए राज्यों की त्वरित प्रगति में सहायक बनेगा। तटीय, पर्वतीय और रेगिस्तानी राज्यों की विशेष आवश्यकताओं और अलग तरह की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्दिष्ट विकास प्रारूप विकसित किए जाएंगे। देश के पूर्वी भागों को भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढाँचे के संदर्भ में पश्चिमी भागों के बराबर लाने को उच्चतम् प्राथमिकता दी जाएगी। मेरी सरकार, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के विकास संबंधी मुद्दों का समाधान करेगी। सरकार उत्तर पूर्व क्षेत्र और जम्मू एवं कश्मीर में इन्ट्रा-रीजन कनेक्टिविटी और सीमावर्ती बुनियादी ढाँचे को सुधारने पर विशेष जोर देगी। उत्तर-पूर्व क्षेत्र में घुसपैठ और गैर-कानूनी प्रवासियों के मुद्दे को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा तथा उत्तर-पूर्व सीमा पर बाड़ लगाने के रुके संपूर्ण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाएगा। यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे कि कश्मीरी पंडित अपने पूर्वजों की भूमि पर पूर्ण गरिमा, सुरक्षा और सुनिश्चित जीविका के साथ लौटें। 
21. मेरी सरकार वांछित परिणाम दे पाने पर केंद्रित एक साफ-सुथरा और कुशल प्रशासन प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। लोकपाल, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए महत्त्वपूर्ण संस्था है और मेरी सरकार अधिनियम के अनुरूप नियम बनाने का प्रयास करेगी। मेरी सरकार नौकरशाहों का विश्वास और मनोबल कायम करने के लिए कदम उठाएगी और साथ ही उन्हें कार्य करने की स्वतंत्रता देते हुए उनके नए विचारों का भी स्वागत करेगी। सरकार पारदर्शी प्रणाली कायम करने और सरकारी सेवाएं समय पर मुहैया कराने पर बल देगी। सरकारी तंत्र और प्रक्रियाओं की समीक्षा की जाएगी ताकि इन्हें नागरिक अनुकूल, भ्रष्टाचार मुक्त तथा जवाबदेह बनाया जा सके। अप्रचलित कानूनों, विनियमों, प्रशासनिक ढांचों तथा पद्धतियों को समाप्त करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। लक्षित कार्य-परिणाम प्राप्त करने के लिए मंत्रालयों, विभागों तथा सरकार के अन्य संगठनों को युक्तिसंगत बनाया जाएगा और उनमें तालमेल स्थापित किया जाएगा। सरकारी रिकार्ड का डिजीटलीकरण किया जाएगा ताकि वे सुलभता से उपलब्ध हो सकें। 
22. ई-शासन से समर्थता, साम्यता और दक्षता आती है। इसमें लोगों के जीवन में बदलाव लाने की क्षमता है। मेरी सरकार के काम करने के नए तरीकों का मूलाधार डिजीटल इंडिया होगा। सरकारी प्रक्रियाओं को कारगर बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का प्रयोग किया जाएगा ताकि सेवा प्रदान करने में तथा कार्यक्रम कार्यान्वयन में सुधार किया जा सके। अगले पाँच वर्षों में हम महत्त्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों में वाई-फाई क्षेत्र बनाने के लिए कार्य करेंगे। मेरी सरकार ब्रॉडबैंड-हाइवे कायम करेगी जिसे सभी गांवों तक पहुंचाया जाएगा और सभी स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से ई-सक्षम बनाया जाएगा। ज्ञानजीवी समाज के लिए अपने बच्चों को तैयार करने हेतु प्रौद्योगिकी का प्रयोग किया जाएगा। विभिन्न प्रकार की नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय ई-शासन योजना का विस्तार करके केन्द्र से लेकर पंचायतों तक सभी सरकारी कार्यालयों को इसके तहत लाया जाएगा। सहभागितापूर्ण शासन के साधन के तौर पर सोशल मीडिया जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रयोग किया जाएगा जिससे नीति निर्माण और प्रशासन में लोगों को सीधे ही जोड़ा जा सके। 
23. मेरी सरकार देश को भ्रष्टाचार और काले धन जैसी बुराई से छुटकारा दिलाने के लिए कृत-संकल्प है। इस दिशा में पहले कदम के रूप में विदेशों में जमा काले धन का पता लगाने के लिए सरकार ने विशेष जाँच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। विदेशी-सरकारों के साथ सक्रिय रूप से कार्य करते हुए इस पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। 
24. इस बात को ध्यान में रखते हुए कि न्याय में विलंब का अर्थ है न्याय न मिलना, मेरी सरकार न्यायिक प्रणाली में बड़ी संख्या में लंबित मामलों की समस्या को दूर करने के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाएगी। सरकार न्यायालयों की कार्यक्षमता सुधारने के लिए उनका क्रमिक रूप से आधुनिकीकरण करेगी और दांडिक न्याय प्रणाली में सुधार करना प्रारंभ करेगी ताकि न्याय प्रदान करने की प्रक्रिया को सरल, द्रुत व अधिक प्रभावी बनाया जा सके। यह न्यायपालिका में रिक्तियों को भरने के लिए और अधीनस्थ न्यायपालिका में कोर्ट एवं न्यायाधीशों की संख्या को चरणबद्ध तरीके से दोगुनी करने के लिए मिशन रूप में परियोजना की शुरुआत करेगी। सरकार वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्रों के विकास पर विशेष बल देगी। 
माननीय सदस्यगण, 
25. आर्थिक मोर्चे पर हम अत्यधिक कठिन दौर से गुजर रहे हैं। लगातार दो वर्षों से हमारा जीडीपी विकास 5 प्रतिशत से कम रहा है। कर उगाही कम हुई है। मुद्रास्फीति अवांछित स्तर पर बनी हुई है। अत: भारतीय अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाना मेरी सरकार के लिए बड़ा काम है। हम अपनी अर्थव्यवस्था को सतत् उच्च विकास पथ पर ले जाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करेंगे, महंगाई नियंत्रित करेंगे, निवेश चक्र में तेजी लाएंगे, रोज़गार सृजन को त्वरान्वित करेंगे और अपनी अर्थव्यवस्था के प्रति घरेलू व अंतरराष्ट्रीय समुदाय का विश्वास बहाल करेंगे। 
26. मेरी सरकार एक ऐसा नीतिगत वातावरण तैयार करेगी जिसमें स्थायित्व हो और जो पारदर्शी तथा निष्पक्ष हो। यह कर व्यवस्था को युक्तिसंगत तथा सरल बनाएगी जो निवेश, उद्यम और विकास के विरुद्ध नहीं होगी वरन् उसे बढ़ाने में सहायक होगी। सरकार राज्यों की चिंताओं का निराकरण करते हुए जीएसटी लागू करने का हर संभव प्रयास करेगी। व्यवसाय करने को आसान बनाने के लिए सुधार किए जाएंगे। मेरी सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने की नीति अपनाएगी जिसमें ऐसा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफ.डी.आई.) भी शामिल है जिसकी अनुमति उन क्षेत्रों में होगी जिनसे रोजगार तथा परिसंपत्ति सृजन में सहायता मिले। 
27. विनिर्माण क्षेत्र में रोज़गार के तेज सृजन के लिए सरकार श्रम-आधारित विनिर्माण को युक्तिसंगत तरीके से बढ़ावा देगी। पर्यटन और कृषि आधारित उद्योगों से भी रोज़गार के अवसरों का विस्तार किया जाएगा। मेरी सरकार रोज़गार केंद्रों को कैरिअर केंद्रों में रूपांतरित करेगी—जहां युवाओं को प्रौद्योगिकी के साथ परामर्श व प्रशिक्षण के द्वारा पारदर्शी और कारगर तरीके से रोज़गार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। सरकार सभी वर्ग के श्रमिकों के लिए पेंशन और स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करेगी और उन्हें आधुनिक वित्तीय सेवाएं सुलभ कराएगी। 
28. अपने देश को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण केंद्र के रूप में परिवर्तित करने की ज़रूरत है जिसकी मुख्य विशेषताएं दक्षता, मात्रा और गति होंगी। इस संबंध में, सरकार विशेष रूप से देश भर में, डेडिकेटेड फ्रेट गलियारों एवं औद्योगिक गलियारों के साथ विश्व स्तरीय निवेश एवं औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना करेगी। मेरी सरकार नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देगी। सरकार हब एवं स्पोक मॉडल के माध्यम से केंद्र एवं राज्य दोनों स्तरों पर मंजूरी के लिए सिंगल विंडो प्रणाली लागू करने का प्रयास करेगी। 
29. वैश्विक व्यापार में अपनी भागीदारी को बढ़ाने के लिए कार्य पद्धतियों को सरल बनाया जाएगा और व्यापार ढाँचा मज़बूत किया जाएगा ताकि कारोबार संचालन समय तथा लागत में कमी लाई जा सके। उन्नत प्रौद्योगिकी, विपणन व निवेश सहायता उपलब्ध करवाकर, छोटे उद्योग क्षेत्र और हस्तशिल्प क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस क्षेत्र की निर्यात संभावनाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। मेरी सरकार विशेष रूप से हमारे बुनकरों की कार्य दशाओं में सुधार के लिए हर संभव प्रयास करेगी। सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम सेक्टर की समीक्षा करने और उन्हें पुनर्जीवित करने के लिए भी सरकार एक कार्यबल का गठन करेगी। 
माननीय सदस्यगण, 
30. मजबूत बुनियादी ढांचे की कमी भारत की मुख्य बाधाओं में से एक है। सरकार एक महत्वाकांक्षी आधारभूत ढाँचा विकास कार्यक्रम तैयार करेगी जो अगले 10 वर्षों में लागू किया जाएगा। सरकारी तथा निजी भागीदारी से संचालित एक ऐसा तंत्र स्थापित किया जाएगा जो फास्ट-ट्रैक, निवेश-अनुकूल और स्थायित्व प्रदान करने वाला हो। आधारभूत ढांचा सुधार एजेंडे में रेलवे के आधुनिकीकरण और नवीकरण का कार्य सबसे ऊपर है। मेरी सरकार हाई स्पीड ट्रेनों की हीरक चतुर्भुज परियोजना शुरू करेगी। जल्दी ़खराब हो जाने वाले कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए देश में विशेष कृषि-रेल नैटवर्क वाले फ्रेट-गलियारे होंगे। नई वित्तीय पद्धतियों के प्रयोग द्वारा रेलों में निवेश में वृद्धि लाई जाएगी। पर्वतीय राज्यों तथा उत्तर-पूर्व क्षेत्र में रेल-मार्ग के विस्तार तथा रेल संरक्षा प्रणाली के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हम रेलवे-प्रणालियों के लिए अनुसंधान एवं विकास कार्य तथा उच्च स्तरीय स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देंगे। विगत कुछ वर्षों के गतिरोध को समाप्त करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए त्वरित, समयबद्ध और पूर्ण निगरानी रखते हुए कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। छोटे नगरों में हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए कम लागत वाले हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। सरकार, पत्तन-आधारित विकास का एक मॉडल विकसित करेगी। हमारी लंबी तटरेखा भारत की समृद्धि का प्रवेश द्वार होगी। मेरी सरकार एक ओर जहां मौज़ूदा पत्तनों का आधुनिकीकरण करेगी वहीं दूसरी ओर नए विश्वस्तरीय पत्तनों का विकास करेगी। इन पत्तनों की सागर माला को एक साथ पिरोते हुए हम इन्हें सड़क एवं रेल द्वारा भीतरी प्रदेशों से जोड़ेंगे। अंतर्देशीय और तटीय जलमार्गों का विकास परिवहन के मुख्य मार्गों के रूप में किया जाएगा। 
31. मेरी सरकार, एक वृहत् राष्ट्रीय ऊर्जा नीति तैयार करेगी और ऊर्जा संबंधी अवसंरचना, मानव संसाधन और प्रौद्योगिकी विकास पर ध्यान देगी। सरकार का लक्ष्य पारंपरिक और अपारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के उचित मिश्रण से विद्युत उत्पादन क्षमता को पर्याप्त मात्रा तक बढ़ाना है। यह राष्ट्रीय सौर मिशन का विस्तार करेगी तथा घरों और उद्योगों को गैस-ग्रिड से जोड़ेगी। पारदर्शी तरीके से निजी निवेश आकर्षित करने के लिए कोयला क्षेत्र में तत्काल सुधार किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय गैर-सामरिक न्यूक्लियर करार लागू किए जाएंगे और गैर-सामरिक प्रयोजनों के लिए न्यूक्लियर ऊर्जा परियोजनाएं तैयार की जाएंगी। 
32. मेरी सरकार इस तथ्य से अवगत है कि हमारी शहरी अवसंरचना अत्यधिक दबाव में है। जल्द ही, हमारी जनसंख्या का 50 प्रतिशत शहरी क्षेत्रों में रह रहा होगा। शहरीकरण को चुनौती मानने के बजाय अवसर के रूप में लेते हुए सरकार विशिष्ट विषयों पर केंद्रित और विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस 100 शहर बनाएगी। स्वच्छता और साफ-सफाई पर ध्यान देने के लिए आदर्श नगरों में, एकीकृत अवसंरचना तैयार की जाएगी। जब देश अपनी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे करेगा तब तक प्रत्येक परिवार का अपना पक्का घर होगा जिसमें पानी का कनेक्शन, शौचालय सुविधाएं और चौबीसों घंटे (24×7) विद्युत आपूर्ति और आवागमन की सुविधाएं होंगी। 
माननीय सदस्यगण, 
33. देश को उच्च विकास की ओर ले जाते हुए, मेरी सरकार, अक्षुण्णता को अपनी योजना प्रक्रिया के केंद्र में रखेगी। मेरी सरकार का दृढ़ विश्वास है कि पर्यावरण संरक्षण एवं विकास साथ-साथ हो सकते हैं। इसे प्राप्त करने के लिए, पर्यावरण एवं वन मंज़ूरी तंत्र को ज्यादा विश्वसनीय, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाएगा। इसके साथ-साथ, मूल्यांकन की ठोस प्रक्रिया और मंजूरी शर्तों का पूर्ण पालन कराने के लिए एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा जो खास तौर पर विस्थापित समुदायों के पुनर्वास तथा पुनर्वनीकरण से संबंधित मुद्दों को देखेगा। शहरों में प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न हुई चुनौतियों का सामना करने के लिए और इसे कम करने के लिए तत्परता से कार्य करेगी और इस संबंध में विश्व समुदाय के साथ मिलकर काम करेगी। हिमालय की पारिस्थितिकी का संरक्षण, मेरी सरकार की प्राथमिकता होगी। एक राष्ट्रीय हिमालय मिशन शुरू किया जाएगा। 
34. निकट अतीत में, हमारे बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों के आबंटन में विवेकाधिकार शक्तियों के प्रयोग के संबंध में गंभीर चिंताएं व्यक्त की गईं। सरकार महत्त्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों जैसे कोयला, खनिज व स्पेक्ट्रम के आबंटन के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नीतियां बनाएगी। 
35. गंगा नदी जो लाखों लोगों के लिए आस्था का प्रतीक और जीवन-रेखा है, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है; लेकिन गंगाजी प्रदूषित बनी हुई है और उसके कई भाग क्षीण मौसम (लीन सीज़न) में सूख जाते हैं। मेरी सरकार गंगा को उसके प्राचीन स्वरूप की तरह बारहमासी, स्वच्छ व पावन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करेगी। 
36. हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हमारे राष्ट्र की अनेकता में एकता की भावना का मूल आधार है। भारतीय भाषाएं हमारे समृद्ध साहित्य, इतिहास, संस्कृति, कला और अन्य उपलब्धियों का भंडार हैं। मेरी सरकार एक ‘‘ई-भाषा’’ नामक राष्ट्रीय मिशन चलाएगी जो विभिन्न भाषाओं में डिजीटल सामग्री तैयार करेगी तथा हमारे क्लासिक साहित्य का विभिन्न भाषाओं में प्रचार-प्रसार करेगी। मेरी सरकार राष्ट्रीय महत्त्व के स्थलों के रखरखाव और जीर्णोद्धार के लिए भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। 
37. भारत में पर्यटन की व्यापक एवं अपार संभावनाएं हैं जो हमारी सामाजिक-आर्थिक प्रगति में विशेष भूमिका अदा कर सकती हैं। सरकार ऐसे 50 टूरिस्ट सर्किट बनाने के लिए मिशन के रूप में परियोजना शुरू करेगी जो विशिष्ट विषयवस्तु पर आधारित होंगे। तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए सभी धर्मों के तीर्थ-स्थलों के सौंदर्यीकरण और वहां जनसुविधाओं एवं अवसंरचना के सुधार के लिए राष्ट्रीय मिशन शुरू किया जाएगा। 
38. मेरी सरकार जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की अहम भूमिका को स्वीकार करती है। सरकार विज्ञान और प्रौद्योगिकी में तथा नवाचार को बढ़ाने वाले उच्च अनुसंधानों में, घरेलू एवं विदेशी दोनों, निजी निवेश को बढ़ावा देगी एवं प्रोत्साहित करेगी। सरकार नेनो टेक्नोलोजी, मटीरियल-साइंस, थोरियम टेक्नोलॉजी, ब्रेन रिसर्च, स्टेम सेल्स आदि के क्षेत्र में विश्व स्तर के अनुसंधान केंद्र बनाएगी। सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रौद्योगिकी संस्थान और हिमालयी अध्ययन के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय भी स्थापित करेगी। 
माननीय सदस्यगण, 
39. सरकार आंतरिक सुरक्षा के मामले में, अत्यधिक सतर्कता बरतेगी। आतंकवाद, चरमपंथ, दंगा और अपराध को बिल्कुल भी न सहने की नीति अपनाई जाएगी। नार्को आतंकवाद एवं साइबर खतरों सहित आतंकवाद के नए तरीकों से निपटने के लिए राज्यों की पुलिस को, उनके ढाँचे और उपस्करों के आधुनिकीकरण के लिए सहायता दी जाएगी। राज्य सरकारों से परामर्श करके राष्ट्रीय योजना तैयार की जाएगी ताकि वामपंथी चरमपंथ से उत्पन्न चुनौतियों और सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके। मेरी सरकार, सुरक्षा बलों को आधुनिकतम तकनीक से सुसज्जित करने और इनकी कार्य दशा सुधारने के लिए कदम उठाएगी। 
40. मेरी सरकार रक्षा क्षेत्र में क्षमता व किफायत बढ़ाने के लिए रक्षा खरीददारी व्यवस्था में सुधार करेगी। यह रक्षा उपकरणों के डिज़ाइन तथा उत्पादन में अधिक हिस्सेदारी के लिए निजी क्षेत्र सहित घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहित करेगी। हम रक्षा उत्पादन क्षेत्र में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को सुदृढ़ बनाने के लिए, उदारीकृत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश सहित, नई नीतियां बनाएंगे। सुलभता से उपलब्ध कुशल मानव संसाधन के माध्यम से भारत सॉफ्टवेयर सहित रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में एक विश्वव्यापी प्लेटफॉर्म के रूप में उभर सकता है, जिससे हमारी रक्षा सुदृढ़ होगी और देश में औद्योगिक विकास और निर्यात में तेज़ी आएगी। 
41. देश को अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है, वे कौशल, समर्पण और पराक्रम से राष्ट्र की सेवा करते हैं, देश को सुरक्षित रखते हैं और आपदाओं एवं विपत्तियों के समय राहत व बचाव कार्यों में सहायता करते हैं। हम प्राथमिकता के आधार पर अपने सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण करके और मानव संसाधनों की कमी को दूर करके, सामरिक-दक्षता को सुदृढ़ बनाएंगे। तटीय सुरक्षा के महत्त्व को देखते हुए, मेरी सरकार राष्ट्रीय समुद्रतटीय प्राधिकरण स्थापित करेगी। 
42. मेरी सरकार अपने वीर एवं नि:स्वार्थ सैनिकों के ऋण को चुकाने के लिए सब कुछ करेगी। हम उनकी शिकायतों के निवारण के लिए भूतपूर्व सैनिक आयोग का गठन करेंगे, ताकि उन्हें यह ज्ञात हो कि सक्रिय सेवा से सेवानिवृत्त होने के उपरांत भी हम उनकी कद्र करते हैं। सरकार अपने सैनिकों के पराक्रम का सम्मान करने के लिए राष्ट्रीय युद्ध-स्मारक बनाएगी। एक रैंक, एक पेंशन योजना लागू की जाएगी। 
माननीय सदस्यगण, 
43. भारत की विदेश नीति, अपनी सभ्यता के मूल तत्त्वों और विरासत के अनुसार, सभी देशों के साथ शांति और मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित करने के सिद्धांतों पर आधारित है। हम अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों को सुविचारित राष्ट्रीय हित के आधार पर अग्रसर करेंगे जिसमें हम अपने मूल्यों की दृढ़ता को व्यवहारिकता तथा पारस्परिक हितकारी संबंध के सिद्धांत से जोड़ेंगे। मेरी सरकार एक सशक्त, आत्मनिर्भर तथा विश्वास से भरपूर भारत का निर्माण करने और देश को राष्ट्रों के समुदाय में उसका सही स्थान दिलाने के लिए वचनबद्ध है। 
44. मेरी सरकार ने, 26 मई को नए मंत्रिपरिषद् के शपथ ग्रहण समारोह में स्वतंत्र भारत में पहली बार, सभी पड़ोसी देशों के नेताओं को आमंत्रित कर दक्षिण एशियाई क्षेत्र और विश्व को एक विशिष्ट और साहसी संकेत दिया है। इतने कम समय में इस निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए हम उनके आभारी हैं। उन सभी की तथा मॉरिशस के प्रधानमंत्री की उपस्थिति से न सिर्फ इस समारोह की रौनक में वृद्धि हुई बल्कि यह इस क्षेत्र में लोकतंत्र के उत्सव का और हमारी साझी उम्मीदों और आकांक्षाओं के मेल का भी प्रतीक बना। यह सरकार की अपने अड़ोस-पड़ोस के माहौल को शांतिपूर्ण व स्थिर रखने और आर्थिक रूप से जोड़ने की दिशा में प्रतिबद्धता और संकल्प को दर्शाती है, जो दक्षिण एशियाई क्षेत्र के सामूहिक विकास और समृद्धि के लिए अनिवार्य है। हम दक्षिण एशियाई नेताओं के साथ मिलकर सार्क को क्षेत्रीय सहयोग के प्रभावी साधन बनाने और वैश्विक मुद्दों पर सामूहिक आवाज बनने के लिए कार्य करेंगे। 
45. साथ ही, हम द्विपक्षीय स्तर पर मुद्दों को उठाने में कभी भी संकोच नहीं करेंगे। हमारा यह मानना है कि इस क्षेत्र में साझी ह्यसमृद्धि का भविष्य, स्थिरता की नींव पर ही बनाया जा सकता है, जिसके लिए सुरक्षा समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और पड़ोसी देशों में आतंक के निर्यात को समाप्त करने की आवश्यकता है। 
46. मेरी सरकार, चीन सहित, इस क्षेत्र के अन्य पड़ोसी देशों के साथ सक्रिय संबंध स्थापित करेगी, जिनके साथ हम अपनी स्ट्रॅटेजिक एवं सहयोगपूर्ण साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेंगे। हम जापान के सहयोग से, हमारे देश में, विशेष रूप से आधुनिक अवसंरचना निर्माण के क्षेत्र में चल रही विभिन्न गतिविधियों में प्रगति के लिए प्रयास करेंगे। रूस अभी भी हमारा खास और सामरिक साझीदार है और मेरी सरकार इस साझेदारी को और अधिक मज़बूत बनाएगी। 
47. भारत और संयुक्त राज्य अमरीका ने विगत वर्षों के दौरान अपनी सामरिक साझेदारी को बढ़ाने में काफी प्रगति की है। मेरी सरकार इन संबंधों में नए उत्साह का संचार करेगी तथा व्यापार, निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में इन संबंधों को घनिष्ठ बनाएगी। भारत यूरोप के साथ अपने व्यापक सहयोग संबंधों को भी महत्त्वपूर्ण मानता है। सरकार यूरोपीय संघ तथा इसके अग्रणी सदस्यों के साथ मिलकर प्रमुख क्षेत्रों में प्रगति के लिए भरसक प्रयास करेगी। 
48. अपनी सॉफ्टपावर की क्षमता को पूर्ण रूप से चरितार्थ करने के लिए हमें विशेष तौर पर अपनी समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और दार्शनिक विरासत को बाहरी आदान-प्रदानों से जोड़ना पड़ेगा। सरकार हमारी परम्परा, कौशल प्रतिभा, पर्यटन, व्यापार और प्रौद्योगिकी (5-टी) (ट्रडिशन, टैलेंट, टूरिज्म, ट्रेड और टेक्नोलॉजी) से जुड़ी अपनी ताकत के बल पर फिर से ब्रांड-इंडिया को कायम करेगी। 
49. पूरे विश्व में, जीवंत, प्रतिभाशालीऔर उद्यमशील भारतवंशी समुदाय है जो हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने वहां पर भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में अग्रगामी कार्य किए हैं, उच्च सरकारी पद धारण किए हैं और भारत में स्थित अपने परिवारों एवं स्थानीय क्षेत्रों की मदद के लिए कठिन परिश्रम किया है। जहां-जहां वे बसे हैं, वहां-वहां उन्होंने प्रचुर योगदान किया है, फिर भी उनके दिल में भारत की एक छोटी सी लौ बसती है, जो उन्हें हमारे देश में बदलाव लाने की ओर प्रेरित कर सकती है। सौ साल पहले, सन् 1915 में, भारत के महानतम प्रवासी भारतीय, महात्मा गांधी भारत लौटे थे और उन्होंने भारत की नियति को ही बदल डाला। जनवरी, 2015 का प्रवासी भारतीय दिवस इस दृष्टि से एक खास महत्त्व रखता है। अगले वर्ष हम गांधीजी के भारत लौटने की शतवार्षिकी मनाएंगे और साथ ही ऐसे कदम भी उठाएंगे जिनसे प्रत्येक प्रवासी भारतीय का भारत के साथ संबंध प्रगाढ़ हो और वे भारत के विकास में भागीदार बने। 
माननीय सदस्यगण, 
50. भारत की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है। वह एक जीवंत, गतिशील तथा समृद्ध भारत देखना चाहती है। वह एक ऐसा उदीयमान भारत देखना चाहती है, जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की सराहना और सम्मान फिर से हासिल हो। आशाओं एवं अभिलाषाओं से भरे भारतवासियों को शीघ्र परिणाम की अपेक्षा है। भारत की ये अभिलाषाएं पूरी होना तय हैं चूंकि हमारे पास लोकतंत्र, आबादी और मांग तीनों मौजूद हैं। हमें इन बड़ी अभिलाषाओं को पूरा करने पर खरा उतरना होगा। अब से साठ महीनों बाद हम विश्वास और गर्व से यह कह सकने की स्थिति में हों, कि हमने यह कर दिखाया है। 
जय हिंद!

 लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

थर्ड फ्रंट भारत को थर्ड ग्रेड बना देगा- नरेंद्र मोदी

कोलकाता। लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र पश्चिम बंगाल की धरती पर पहली बार चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने बंग्ला में अपने भाषण की शुरुआत की और बंग्ला और अंग्रेज़ी में बोलते हुए अंत किया। इस दौरान वो केंद्र सरकार पर बरसे और बंगाल के लोगों से राज्य की तरह देश में भी परिवर्तन लाने में मदद करने का आह्वान किया। 
कोलकाता में जनचेतना रैली को संबोधित करते हुए लाखों की भीड़ के सामने नरेंद्र मोदी अपने चिर परिचित अंदाज़ में दिखे, उन्होंने थर्ड फ्रंट को आड़े हाथों लिया, ममता बनर्जी की तारीफ़ की और केंद्र सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने पहली बार प्रणब मुखर्जी का नाम लेते हुए कांग्रेस पर हमला किया कि सोनिया गांधी को चाहिए ता कि वो साल 2004 में प्रणब मुखर्जी को प्रधानमंत्री बनाती ना कि मनमोहन सिंह को। 

देखिए नरेंद्र मोदी के भाषण
की मुख्य बातें-


·        
मैं कोलकाता कई बार आया
लेकिन ऐसा जनसैलाब नहीं देखा

·        
तीसरे
मोर्चे के नेताओं को यहां देखना चाहिए, उन्हें पता चल जाएगा कि हवा का रूख किस ओर
है
 

·        
देश
के लोगों ने तय कर लिया है
 

·        
बंगाल
और गुजरात के बीच में एक ख़ास जुड़ाव है। गुरुदेव रबिंद्रनाथ टैगोर के भाई अहमदाबाद
में लम्बें समय तक ठहरे थे
 

·        
सुभाष
चंद्र बोस ने गुजरात में हरीपुरा कांग्रेस में प्रदर्शन किया था
 

·        
स्वामी विवेकानंद
का सपना रहा है कि हम भारत को दुनिया के किसी देश से आगे ले जाएंगे

·        
भारत के विकास के
लिए बंगाल का अहम योगदान है। अगर बंगाल भारत का नेतृत्व करता है तो भारत दुनिया का
नेतृत्व कर सकता है

·        
मैं बंगाल आया हूं
तो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की याद आ रही है। वो हमेशा कहते थे कि वैकल्पिक
राजनीति की आवश्यकता है

·        
2014 के चुनाव पहले के चुनावों से अलग हैं, सभी सियासी पंडित ग़लत साबित होंगे

·        
देश के लोग इस चुनाव को लड़ रहे हैं

·        
लोगों का एजेंडा सिर्फ एक है, कि 60 साल गुज़र गये अब हम और इंतज़ार नहीं कर सकते

·        
60 सालों में ढेरों वादे किया गये और उम्मीदें दिखाई गईं जिनका हमने इंतज़ार किया। देश अब और ज़्यादा इंतज़ार नहीं करेगी

·        
ग़रीबों को धन चाहिए, महिलाओं को सम्मान, खेतों को पानी और बेरोज़गारों को रोज़गार चाहिए

·        
क्या 60 सालों के बाद भी भारत के लोगों को इन अधिकारों के बारे में पूछने का हक़ नहीं है?

·        
विकास के साथ सम्मान, हम दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं

·        
आप लोगों ने इस बार पश्चिम बंगाल की सरकार को बदलकर उस सरकार को अलविदा कहा जिसने 30-35 साल तक राज्य को बर्बाद किया

·        
आप लोगों ने परिवर्तन के लिए अपनी ज़िंदगियों की कुर्बानी दी लेकिन क्या परिवर्तन आया?

·        
मैं मानता हूं कि बंगाल ने देश को दिशा दी है। इस चुनाव में क्या बंगाल देश को दिशा दिखा सकता है?

·        
आप मुझे बंगाल की सारी सीटें दीजिए और फिर मुझसे जवाबदेही लिजिए कि मैंने आप लोगों के लिए क्या किया?

·        
2014 में केंद्र में बीजेपी की सरकार बंगाल के लोगों की मदद करेगी। फिर फायदा किसे होगा?

·        
केंद्र में ऐसी सरकार होनी चाहिए जो पश्चिम बंगाल के लिए भी काम करे।

·        
अगर आप मुझे सारी सीटें देते हो, तो क्या मैं आपसे मिलने अक्सर नहीं आऊंगा? क्या मैं आपके लिये काम नहीं करुंगा?

·        
अगर पश्चिम बंगाल एक बार फिर बीजेपी को अपना लेता है तो हम आपकी सभी समस्याएं सुलझा देंगे

·        
अगर आप एक राज्य को बदलने के लिए ऐसा फ़ैसला ले सकते हैं तो देश को बदलने का भी फ़ैसला लें

·        
बंगाल वो राज्य है
जिसे मां सरस्वती और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त है

·        
इस राज्य में देश को काफी कुछ देने की शक्ति है, पहली एंबेसडर कार आपकी धरती पर बनी लेकिन अब यहां के लोगों को रोज़गार के लिए प्रदेश से बाहर जाना होता है

·        
वेस्ट बंगाल पिछड़ रहा है और मैं आपको कहना चाहता हूं कि हम और इतज़ार नहीं कर सकते

·        
मैं यहां इस भरोसे से आया हूं कि मैं यहां परिवर्तन लाऊंगा

·        
एक समय में पश्चिम बंगाल देश की कृषि में 10% योगदान करता था और अब ये महज़ 3-4% पर सिमट गया है

·        
क्या किसी ने मज़दूरों की ज़िंदगी में किसी तरह का बदलाव लाया?

·        
फैक्ट्रियां बंद हैं क्योंकि दिल्ली सरकार इन्हें ईंधन नहीं दे सकती और इसकी वजह से वहां बिजली नहीं है।

·        
महज़ 60% स्कूलों में ही लड़कियों के लिए शौचालय है। ये कैसा परिवर्तन है?

·        
आप कम्प्यूटर का इस्तेमाल कैसे करेंगे अगर बिजली ही नहीं होगी

·        
सिर्फ 35% स्कूलों में बिजली की आपूर्ति है। बच्चे किस तरह से पढ़ेंगे और सीखेंगे?

·        
थर्ड फ्रंट देश को
थर्ड ग्रेड का बना देगा

·        
इस बार बीजेपी को
वोट करिये, इससे तीन फायदे होंगे। ममता जी राज्य के विकास में मदद करेंगी। मैं
दिल्ली से आपकी मदद करुंगा और प्रणब दा तो आपके अपने ही हैं।

·        
अच्छा होता अगर प्रणब मुखर्जी देश के प्रधानमंत्री बनते

·        
उन्होंने (कांग्रेस) प्रणब दा को केंद्र सरकार में भी रखने से मना कर दिया

·        
साल 2004 में प्रणब दा सबसे वरिष्ठ नेता थे और अगर सोनिया जी प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहती थीं तो गद्दी प्रणब दा को दी जानी चाहिए थी ना कि मनमोहन सिंह को

·        
आप मुझे साथ दो, मैं आपको स्वराज दूंगा

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

अराजकता शासन का विकल्प नहीं: प्रणब मुखर्जी

नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 65वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर किया देश को संबोधित किया। अपने भाषण में राष्ट्रपति मुखर्जी ने सांप्रदायिकता को बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियां तथा आतंकवादी अब भी हमारी जनता के सौहार्द तथा हमारे राज्य की अखंडता को अस्थिर करना चाहेंगे परंतु वे कभी कामयाब नहीं होंगे। राष्ट्रति मुखर्जी ने भ्रष्टाचार तथा राष्ट्रीय संसाधनों की बर्बादी को जनता के गुस्से का कारण बताया। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों को कहा कि उन्हें केवल वही वादा करना चाहिए जो संभव है।
राष्ट्रपति का पूरा भाषण 

मेरे प्यारे देशवासियो,
पैंसठवें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर, मैं भारत और विदेशों में बसे आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। मैं हमारी सशस्त्र सेनाओं, अर्ध-सैनिक बलों तथा आंतरिक सुरक्षा बलों के सदस्यों को अपनी विशेष बधाई देता हूं।
2. हर एक भारतीय गणतंत्र दिवस का सम्मान करता है। चौंसठ वर्ष पूर्व इसी दिन, हम भारत के लोगों ने, आदर्श तथा साहस का शानदार प्रदर्शन करते हुए, सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता तथा समानता प्रदान करने के लिए, स्वयं को एक संप्रभुतासंपन्न लोकतांत्रिक गणराज्य सौंपा था। हमने सभी नागरिकों के बीच भाईचारा, व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता को बढ़ावा देने का कार्य अपने हाथ में लिया था। ये आदर्श आधुनिक भारतीय राज्य के पथ-प्रदर्शक बने। शांति की ओर तथा दशकों के औपनिवेशिक शासन की गरीबी से निकालकर पुनरुत्थान की दिशा में ले जाने के लिए लोकतंत्र हमारा सबसे मूल्यवान मार्गदर्शक बन गया। हमारे संविधान के व्यापक प्रावधानों से भारत एक सुंदर, जीवंत तथा कभी-कभार शोरगुल युक्त लोकतंत्र के रूप में विकसित हो चुका है। हमारे लिए लोकतंत्र कोई उपहार नहीं है, बल्कि हर एक नागरिक का मौलिक अधिकार है; जो सत्ताधारी हैं उनके लिए लोकतंत्र एक पवित्र भरोसा है। जो इस भरोसे को तोड़ते हैं वह राष्ट्र का अनादर करते हैं।
3. भले ही कुछ निराशावादियों द्वारा लोकतंत्र के लिए हमारी प्रतिबद्धता का मखौल उड़ाया जाता हो परंतु जनता ने कभी भी हमारे लोकतंत्र से विश्वासघात नहीं किया है; यदि कहीं कोई खामियां नजर आती हैं तो यह उनके कारनामे हैं जिन्होंने सत्ता को लालच की पूर्ति का मार्ग बना लिया है। जब हम देखते हैं कि हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को आत्मतुष्टि तथा अयोग्यता द्वारा कमजोर किया जा रहा है, तब हमें गुस्सा आता है, और यह स्वाभाविक है। यदि हमें कभी सड़क से हताशा के स्वर सुनाई देते हैं तो इसका कारण है कि पवित्र भरोसे को तोड़ा जा रहा है।
प्यारे देशवासियो,
4. भ्रष्टाचार ऐसा कैंसर है जो लोकतंत्र को कमजोर करता है तथा हमारे राज्य की जड़ों को खोखला करता है। यदि भारत की जनता गुस्से में है, तो इसका कारण है कि उन्हें भ्रष्टाचार तथा राष्ट्रीय संसाधनों की बर्बादी दिखाई दे रही है। यदि सरकारें इन खामियों को दूर नहीं करती तो मतदाता सरकारों को हटा देंगे।
5. इसी तरह, सार्वजनिक जीवन में पाखंड का बढ़ना भी खतरनाक है। चुनाव किसी व्यक्ति को भ्रांतिपूर्ण अवधारणाओं को आजमाने की अनुमति नहीं देते हैं। जो लोग मतदाताओं का भरोसा चाहते हैं, उन्हें केवल वही वादा करना चाहिए जो संभव है। सरकार कोई परोपकारी निकाय नहीं है। लोकलुभावन अराजकता, शासन का विकल्प नहीं हो सकती। झूठे वायदों की परिणति मोहभंग में होती है, जिससे क्रोध भड़कता है तथा इस क्रोध का एक ही स्वाभाविक निशाना होता है : सत्ताधारी वर्ग।
6. यह क्रोध केवल तभी शांत होगा जब सरकारें वह परिणाम देंगी जिनके लिए उन्हें चुना गया था : अर्थात् सामाजिक और आर्थिक प्रगति, और कछुए की चाल से नहीं बल्कि घुड़दौड़ के घोड़े की गति से। महत्वाकांक्षी भारतीय युवा उसके भविष्य से विश्वासघात को क्षमा नहीं करेंगे। जो लोग सत्ता में हैं, उन्हें अपने और लोगों के बीच भरोसे में कमी को दूर करना होगा। जो लोग राजनीति में हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि हर एक चुनाव के साथ एक चेतावनी जुड़ी होती है : परिणाम दो अथवा बाहर हो जाओ।
7. मैं निराशावादी नहीं हूं क्योंकि मैं जानता हूं कि लोकतंत्र में खुद में सुधार करने की विलक्षण योग्यता है। यह ऐसा चिकित्सक है जो खुद के घावों को भर सकता है और पिछले कुछ वर्षों की खण्डित तथा विवादास्पद राजनीति के बाद 2014 को घावों के भरने का वर्ष होना चाहिए।
मेरे प्यारे देशवासियो :
8. पिछले दशक में भारत, विश्व की एक सबसे तेज रफ्तार से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। हमारी अर्थव्यवस्था में पिछले दो वर्षों में आई मंदी कुछ चिंता की बात हो सकती है परंतु निराशा की बिल्कुल नहीं। पुनरुत्थान की हरी कोंपलें दिखाई देने लगी हैं। इस वर्ष की पहली छमाही में कृषि विकास की दर बढ़कर 3.6 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था उत्साहजनक है।
9. वर्ष 2014 हमारे इतिहास में एक चुनौतीपूर्ण क्षण है। हमें राष्ट्रीय उद्देश्य तथा देशभक्ति के उस जज्बे का फिर से जगाने की जरूरत है जो देश को अवनति से ऊपर उठाकर उसे वापस समृद्धि के मार्ग पर ले जाए। युवाओं को रोजगार दें और वे गांवों और शहरों को 21वीं सदी के स्तर पर ले आएंगे। उन्हें एक मौका दें और आप उस भारत को देखकर दंग रह जाएंगे जिसका निर्माण करने में वे सक्षम हैं।
10. यदि भारत को स्थिर सरकार नहीं मिलती तो यह मौका नहीं आ पाएगा। इस वर्ष, हम अपनी लोक सभा के 16वें आम चुनावों को देखेंगे। ऐसी खंडित सरकार, जो मनमौजी अवसरवादियों पर निर्भर हो, सदैव एक अप्रिय घटना होती है। यदि 2014 में ऐसा हुआ तो यह अनर्थकारी हो सकता है। हममें से हर एक मतदाता है; हममें से हर एक पर भारी जिम्मेदारी है; हम भारत को निराश नहीं कर सकते। अब समय आ गया है कि हम आत्ममंथन करें और काम पर लगें।
11. भारत केवल एक भौगोलिक क्षेत्र ही नहीं है : यह विचारों का, दर्शन का, प्रज्ञा का, औद्योगिक प्रतिभा का, शिल्प का, नवान्वेषण का, तथा अनुभव का भी इतिहास है। भारत के भाग्योदय को कभी आपदा ने धोखा दिया है; और कभी हमारी अपनी आत्मतुष्टि तथा कमजोरी ने। नियति ने हमें एक बार फिर से वह प्राप्त करने का अवसर दिया है जो हम गवां चुके हैं; यदि हम इसमें चूकते हैं तो इसके लिए हम ही दोषी होंगे और कोई नहीं।


प्यारे देशवासियो,
12. एक लोकतांत्रिक देश सदैव खुद से तर्क-वितर्क करता है। यह स्वागत योग्य है, क्योंकि हम विचार-विमर्श और सहमति से समस्याएं हल करते हैं, बल प्रयोग से नहीं। परंतु विचारों के ये स्वस्थ मतभेद, हमारी शासन व्यवस्था के अंदर अस्वस्थ टकराव में नहीं बदलने चाहिए। इस बात पर आक्रोश है कि क्या हमें राज्य के सभी हिस्सों तक समतापूर्ण विकास पहुंचाने के लिए छोटे-छोटे राज्य बनाने चाहिए। बहस वाजिब है, परंतु इसे लोकतांत्रिक मानदंडों के अनुरूप होना चाहिए। फूट डालो और राज करो की राजनीति हमारे उपमहाद्वीप से भारी कीमत वसूल चुकी है। यदि हम एकजुट होकर कार्य नहीं करेंगे तो कुछ नहीं हो पाएगा।
13. भारत को अपनी समस्याओं के समाधान खुद ढूंढ़ने होंगे। हमें हर तरह के ज्ञान का स्वागत करना चाहिए; यदि हम ऐसा नहीं करते तो यह अपने देश को गहरे दलदल के बीच भटकने के लिए छोड़ने के समान होगा। लेकिन हमें अविवेकपूर्ण नकल का आसान विकल्प नहीं अपनाना चाहिए क्योंकि यह हमें भटकाव में डाल सकता है। भारत के पास सुनहरे भविष्य का निर्माण करने के लिए बौद्धिक कौशल, मानव संसाधन तथा वित्तीय पूंजी है। हमारे पास नवान्वेषी मानसिकता संपन्न, ऊर्जस्वी सिविल समाज है। हमारी जनता, चाहे वह गांवों में हो अथवा शहरों में, एक जीवंत, अनूठी चेतना तथा संस्कृति से जुड़ी है। हमारी सबसे शानदार पूंजी है मनुष्य।
प्यारे देशवासियो :
14. शिक्षा, भारतीय अनुभव का अविभाज्य हिस्सा रही है। मैं केवल तक्षशिला अथवा नालंदा जैसी प्राचीन उत्कृष्ट संस्थाओं के बारे में ही नहीं, वरन् हाल ही की 17वीं और 18वीं सदी की बात कर रहा हूं। आज, हमारे उच्च शिक्षा के ढांचे में 650 से अधिक विश्वविद्यालय तथा 33000 से अधिक कॉलेज हैं। अब हमारा ध्यान शिक्षा की गुणवत्ता पर होना चाहिए। हम शिक्षा में विश्व की अगुआई कर सकते हैं, बस यदि हम उस उच्च शिखर तक हमें ले जाने वाले संकल्प तथा नेतृत्व को पहचान लें। शिक्षा अब केवल कुलीन वर्ग का विशेषाधिकार नहीं है वरन् सबका अधिकार है। यह देश की नियति का बीजारोपण है। हमें एक ऐसी शिक्षा क्रांति शुरू करनी होगी जो राष्ट्रीय पुनरुत्थान की शुरुआत का केंद्र बन सके।
15. मैं जब यह दावा करता हूं कि भारत विश्व के लिए एक मिसाल बन सकता है, तो मैं न तो अविनीत हो रहा हूं और न ही झूठी प्रशंसा कर रहा हूं। क्योंकि, जैसा कि महान ऋषि रवीन्द्र नाथ टैगोर ने कहा था, वास्तव में मानव मन तभी बेहतर ढंग से विकसित होता है, जब वह भय रहित हो; ज्ञान की खोज में अज्ञात क्षेत्रों में विचरण करने के लिए स्वतंत्र हो; और जब लोगों के पास प्रस्ताव देने का और विरोध करने का मौलिक अधिकार हो।
मेरे प्यारे देशवासियो :
16. इससे पहले कि मैं हमारे स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आपको फिर से संबोधित करूं, नई सरकार बन चुकी होगी। आने वाले चुनाव को कौन जीतता है, यह इतना महत्त्वपूर्ण नहीं है जितना यह बात कि चाहे जो जीते उसमें स्थाईत्व, ईमानदारी, तथा भारत के विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता होनी चाहिए। हमारी समस्याएं रातों-रात समाप्त नहीं होंगी। हम विश्व के एक ऐसे उथल-पुथल से प्रभावित हिस्से में रहते हैं, जहां पिछले कुछ समय के दौरान अस्थिरता पैदा करने वाले कारकों में बढ़ोतरी हुई है। सांप्रदायिक शक्तियां तथा आतंकवादी अब भी हमारी जनता के सौहार्द तथा हमारे राज्य की अखंडता को अस्थिर करना चाहेंगे परंतु वे कभी कामयाब नहीं होंगे। हमारे सुरक्षा तथा सशस्त्र बलों ने, मजबूत जन-समर्थन की ताकत से, यह साबित कर दिया है कि वह उसी कुशलता से आंतरिक दुश्मन को भी कुचल सकते हैं; जिससे वह हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे बड़बोले लोग जो हमारी रक्षा सेवाओं की निष्ठा पर शक करते हैं, गैर जिम्मेदार हैं तथा उनका सार्वजनिक जीवन में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

17. भारत की असली ताकत उसके गणतंत्र में; उसकी प्रतिबद्धता के साहस में, उसके संविधान की दूरदर्शिता में, तथा उसकी जनता की देशभक्ति में निहित है। 1950 में हमारे गणतंत्र का उदय हुआ था। मुझे विश्वास है कि 2014 पुनरुत्थान का वर्ष होगा।
जय हिंद!
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें