देश

GOOD NEWS: सभी कारों में एयरबैग होगा अनिवार्य – गडकरी

0
Please log in or register to do it.
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज सुबह नयी दिल्‍ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और शिपिंग मंत्री श्री नितिन गडकरी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्‍वी विज्ञान मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन की मौजूदगी में ‘सड़क सुरक्षा सप्‍ताह’ का प्रारम्‍भ किया। इस अवसर पर अपने सम्‍बोधन में श्री सिंह ने सभी हितधारकों से सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया। देश में हर साल लगभग पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें लगभग 1.4 लाख लोगों की मृत्‍यु हो जाती है, इस पर चिंता प्रकट करते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले उन्‍हें उचित प्रशिक्षण दिए जाने की जरूरत है। 
अपने संबोधन में श्री नितिन गडकरी ने इस समस्‍या से निपटने के लिए कई उपायों की घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान करने के लिए वैबसाइट शुरू की जा रही है। लोग ऐसी जगहों के बारे में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को सूचना भेज सकते हैं, जो इन मामलों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएगा। उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली में दुर्घटना की आशंका वाले 10 क्षेत्रों पर तत्‍काल काम शुरू किया जा रहा है। श्री गडकरी ने यह भी घोषणा की कि अगले पांच वर्ष में देश भर में दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों की प‍हचान करने के लिए 11,000 करोड़ रूपये की राशि निर्धारित की गई है। 
लाइसेंस जारी करने के तरीके पर चिंता जाहिर करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि प्रशिक्षण स्‍कूल खोले जा रहे हैं और ड्राइविंग टेस्‍ट लेने के लिए कम्‍प्‍यूटरों का उपयोग किया जाएगा। उन्‍होंने सीट बेल्‍ट और हेलमेट के उपयोग पर जोर देते हुए लोगों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन इस्‍तेमाल न करने की अपील भी की। श्री गडकरी ने बताया कि प्रत्‍येक कार में एयरबैग को अनिवार्य बनाया जाएगा। 
श्री गडकरी ने यह भी घोषणा की कि सड़क सुरक्षा प्राधिकरण का गठन किया जाएगा और सड़क परिवहन एवं सुरक्षा विधेयक जल्‍द ही संसद में पेश किया जाएगा। उन्‍होंने लोगों से सड़क सुरक्षा का संकल्‍प लेने और अगले पांच वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्‍या में 50 प्रतिशत कमी लाने का अनुरोध किया। 
इस अवसर पर डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि सड़क सुरक्षा और स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा के मामले परस्‍पर जुड़े हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की भावना प्रत्‍येक बच्‍चे के मन में बैठानी होगी। उन्‍होंने स्‍पीड ब्रेकर्स के डिजाइन के संबंध में एक नीति तैयार करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर कई सांसद, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग सचिव, दिल्‍ली पुलिस के आयुक्‍त, क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गम्‍भीर और अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी मौजूद थे। 
इस अवसर पर मंत्री गण ने इंडिया गेट से रोड सेफ्टी वॉक ‘वॉकेथॉन’ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका आयोजन मंत्रालय ने आम जनता में सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता जगाने और उसे सड़क सुरक्षा आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करने के वास्‍ते दिल्‍ली पुलिस और सोसायटी फॉर इंडियन ऑटोमोबील मैन्‍यूफैक्‍चरर्स (एसआईएएम) के साथ मिलकर किया। 
सड़क सुरक्षा सप्‍ताह, सड़क पर सुरक्षा की स्थिति को बेहतर बनाने तथा सभी हितधारकों को सड़क सुरक्षा की दिशा में योगदान देने का अवसर प्रदान के लिए हर साल सड़क पर सुरक्षा आम जनता में सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता जगाने के लिए मनाया जाता है। 



लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

ALERT : यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल की तो जाना पड़ेगा जेल
PATHANKOT: एसपी सलविंदर सिंह से मंगलवार को भी NIA करेगी पूछताछ

Your email address will not be published. Required fields are marked *