टैग पुरालेख: LJP

Bihar election 2020: चिराग पासवान की LJP अलग हुई बिहार NDA से, हालांकि BJP से कोई शिकवा नहीं

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को अहम फैसला लिया है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान की अध्यक्षता में हुई संसदीय दल की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में चुनावी मैदान में नहीं उतरने का निर्णय हुआ।
हालांकि, एलजेपी ने बिहार में जेडीयू से भले दूरी बनाई हो, लेकिन पार्टी बीजेपी का साथ देगी। लोक जनशक्ति पार्टी की संसदीय दल की बैठक में सभी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि एलजेपी के सभी विधायक पीएम मोदी (PM Modi) को और मजबूत करेंगे, लेकिन एक साल से बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के माध्यम से उठाए गए मुद्दों पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
बताते चले कि, नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की जेडीयू (JDU) से दूरी के फैसले पर मुहर लगाते हुए एलजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल खालिक ने कहा, ”वैचारिक मतभेदों के चलते एलजेपी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar election 2020) जेडीयू के साथ गठबंधन में नहीं लड़ेगी।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर और लोकसभा चुनाव में एलजेपी का बीजेपी के साथ मजबूत गठबंधन रहेगा।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

पार्टी नेता ही हत्या के विरोध में पटना में एलजेपी का प्रदर्शन

पटना। पासवान के करीबी लोजपा नेता बृजनाथी सिंह की ह्त्या के विरोध में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए लोकजनशक्ती पार्टी के युवा नेताओं ने यहां नारेबाजी की। राघोपुर के कच्ची दरगाह में एके 47 से लैस अपराधियो ने बृजनाथी सिंह सहित तीन को गोलियों से भून डाला था। 
इस मामले से नाराज़ लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान के बेटे औऱ सांसद चिराग पासवान ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था में नाकाम होने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। 
बृजनाथी सिंह के बेटे राकेश रौशन ने इस बार विधान सभा का चुनाव राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर सीट से लड़ा था। इससे पहले 2010 के चुनाव में सिंह खुद राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के खिलाफ लड़े थे। बीजेपी ने भी नीतिश पर निशाना साधते हुए लोजपा नेता की हत्या का विरोध किया है। 
वहीं इस पूरे मामले में जदयू बचाव की मुद्रा में आ गई है। साथ ही मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का भी बचाव करते हुए कुछ ही दिनो मे ऐसी घटनाएं रूकने का विश्वास जताया है। 
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बृजनाथी सिंह के खिलाफ कई आपराधिक मामले लम्बित हैं और संभवत: उनकी हत्या गैंगवार का नतीजा है।कुल मिलाकर पिछले दिनों से लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद लोजपा नेता की हत्या ने सुशासन बाबू की छवि पर एक और दाग तो लगा ही दिया है जिसे धोना उनके लिए आसान नहीं होगा। 
 

 लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

कांग्रेस छोड़ में लोजपा शामिल हुए महबूब अली कैसर



पटना। कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महबूब अली कैसर आज विधिवत रूप से रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा में शामिल हो गए। पिछले कई दिनों से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि कैसर लोजपा में शामिल होंगे लेकिन कल जब उन्हें जदयू के दफ्तर में देखा गया तो लगा की ये अफवाह थी। सूत्रों की माने तो बताया जा रहा है कि महबूब अली कैसर ने जदयू में भी बात की थी लेकिन वहाँ से सिर्फ गोलमटोल जवाब मिल रहा था। दरअसल महबूब अली कैसर खगड़िया से चुनाव लड़ना चाह रहे थे और भाजपा-लोजपा गठबंधन में ये सीट लोजपा की मिली है और इसी सीट के शर्त पर दोनों पार्टियों से बात हो रही थी। लेकिन जदयू किसी और उमीदवार के लिए अपना मन बना चूका है। इसलिए वो अंततः लोजपा में शामिल हो गए।

महबूब अली कैसर पिछले 2009 के लोकसभा चुनाव में खगड़िया सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और इसबार यह सीट कांग्रेस-राजद गठबंधन में राजद के खाते में चली गयी थी। जिस कारण से ये पार्टी से नाराज़ चल रहे थे। इन्होने अपनी नाराज़गी पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी बता दी थी। इन्होने कहा था कि गठबंधन में जो भी सीट कांग्रेस को मिली हो उसमे से एक भी सीट जितने वाली सीट नहीं है।



लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

लोजपा में पड़ी फूट, प्रधान महासचिव राघवेन्द्र ने फूँका विद्रोह का बिगुल

पटना। पिछले चुनाव में लोजपा ज़ीरो पर पवेलियन लौट गयी थी और इस बार भी ऐसा लग रहा है कि लोजपा हिट विकेट होने की तैयारी कर रही है. एकतरफ जहाँ लोजपा पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में कार्यकर्त्ता सम्मलेन बुलाया है और इसी सम्मलेन में उम्मीद है कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महबूब अली कैसर पार्टी की सदस्यता लेंगे। वहीँ दूसरी ओर पार्टी के कुछ असन्तुष्ट प्रदेश के प्रधान महासचिव राघवेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में विद्रोह का बिगुल फूकेंगे। बताया जा रहा है कि असंतुष्टों में पूर्व सांसद सूर्यनारायण यादव के साथ करीब 17 विधायक प्रत्याशी भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले चुनाव में 30 हज़ार से 50 हज़ार मत प्राप्त हुए थे. ये सभी असंतुष्ट राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बैठक करने वाले हैं. 
दरअसल ये सभी लोकसभा चुनाव में हुए टिकट बंटवारे के कारण नाराज़ हैं. लोजपा के प्रदेश प्रधान महासचिव राघवेन्द्र सिंह ने फ़ोन पर हुए बात-चित के दौरान कहा कि “पार्टी ने टिकट का बंटवारा अनुचित ढंग से किया है. पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को नज़रअंदाज़ करते हुए दूसरी पार्टी से आये हुए लोगों को पैसे के लिए तरजीह दी जा रही है.” दरअसल उनका सीधा इशारा महबूब अली कैसर की ओर था. वैसे भी कैसर के ऊपर पहले दिन से ही पैसे दे कर लोजपा टिकट खरीदने का आरोप भी लग रहा था. राघवेन्द्र का आगे कहना था कि “आज हम लोग लोजपा से अलग हो कर एक नया गुट बनायेंगे और प्रदेश में घूम कर लोजपा की असलियत बता कर इन्हे हराने का काम करेंगे।”
गौरतलब हो कि पिछले लोकसभा चुनाव में लोजपा एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज़ कर पायी थी साथ ही पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान भी अपनी सीट नहीं बचा पाए थे. फिर विधानसभा जीत किये हुए इनके सभी गिने-चुने विधायक पार्टी छोड़ कर चले गए. इसलिए इनका सारा गुमान अब इन्ही जनाधार वाले लोगों पर टिका हुआ था जो कम से अपने विधानसभा में अपने विरोधी प्रत्याशियों के नाकों चने चबवा दिए थे. लेकिन इनलोगों के भी पार्टी छोड़ने से ऐसा लग रहा है कि रामविलास पासवान राजा बगैर सैनिक और प्रजा के बने हुए हैं. 
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

महबूब अली कैसर ‘लोजपा’ और ‘जदयू’ दोनों के संपर्क में

पटना/खगड़िया। बिहार में चल रहे राजनीतिक उठा -पटक के बीच यह जानना असंभव सा लग रहा है कि कौन सा नेता कब किस पार्टी शामिल हो जाएगा। बिहार की खगड़िया सीट इस वक़्त काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहाँ से राजद ने पूर्व विधायक रणवीर यादव की पत्नी को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि उनकी पहली पत्नी जदयू से खगड़िया की विधायक हैं और उन्होंने राजद के लिए प्रचार करने का ऐलान भी कर दिया है। वहीँ जदयू के अंदर भी पार्टी में घमासान मचा हुआ। लेकिन दिलचस्प खेल तो लोजपा में चल रहा है।


भाजपा-लोजपा के गठबंधन के कारण खगड़िया सीट लोजपा के खाते में गयी है और इस सीट के लिए लगातार दावेदारों के संख्या बढ़ती जा रही है। दावेदारों में सबसे पहला नाम रामविलास पासवान के छोटे भाई पशुपतिनाथ पारस का आ रहा था और उसके बाद पार्टी के प्रधान महासचिव राघवेन्द्र कुशवाहा का नाम आया।इसके साथ ही खगड़िया के  भाजपा के दावेदारों के साथ एक सबसे बड़ा नाम आया कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष महबूब अली कैसर का। उनके ऊपर करोड़ों दे कर टिकट खरीदने तक का आरोप भी लगा। सूत्रों का तो यहाँ तक कहना था कि कैसर के नाम की बस घोषणा होना बांकी है।



कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बनेंगे लोजपा उम्मीदवार, टिकट खरीदने का आरोप

लेकिन आज सुबह से राजनीतिक गलियारों में फिर से उलट-पुलट की बू आनी शुरू हो गयी है। खबरजोन की सूत्रों की मानें आज सुबह 10 बजे महबूब अली कैसर लोजपा के दफ्तर में देखे गए तो लगा की उम्मीदवारी पक्की हो चुकी है और घोषणा थोड़ी देर में हो  जाएगी। लेकिन ठीक 2  घंटे के बाद इन्हे जदयू के दफ्तर में देखे जाने के बाद अटकलों का बाज़ार फिर से गर्म हो गया है। खबर ये भी आ रही है कि कांग्रेस भी अपने दूत भेज कर इन्हे मनाने के प्रयास में भी जुटी हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लोजपा और जदयू में से किस पार्टी से  चुनाव लड़ेंगे या फिर कांग्रेस दूतों की बात मान कर पार्टी में ही रहेंगे।


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

बिहार में राजद, लोजपा, कांग्रेस गठबंधन का बनना तय

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी जोड़-तोड़ शुरू हो गई है. अपनी कमजोर स्थिति को देखते हुए कांग्रेस ने अपने साथी दलों की संख्या बढ़ानी शुरू कर दी है. ख़बरजोन के सूत्रों के मुताविक अभी तक खुद को भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम का अगुआ बताने वाले राहुल गांधी, चारा घोटाले में फंसे लालू प्रसाद की पार्टी से गठबंधन करने के लिए सहमत हो चुके हैं. अगर सूत्रों की मानें तो गठबंधन के लिए अंतिम दौर की बैठक करीब-करीब हो चुकी है बस अब औपचारिक घोषणा होना बांकी है. 
दरअसल ओपिनियन पोल्स के आने के बाद कांग्रेस को इस बात का अहसास हो गया है कि बिहार में बिना गठबंधन के उसकी स्थिति बेहद खराब हो सकती है. ऐसे में उसके लिए आरजेडी और एलजेपी से हाथ मिलाना काफी जरूरी हो गया है. यही वजह है कि भ्रष्टाचार मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद कांग्रेस लालू से गठबंधन कर रही है. इसके अलावा कांग्रेस अपने नेतृत्व में धर्मनिरपेक्ष दलों को मोदी के खिलाफ एक मंच पर लाना चाहती है.
वैसे कांग्रेस यह भी जानती है कि अगर वह लालू से हाथ मिलाती है तो बीजेपी उस पर निशाना साधने से नहीं चूकेगी. हालांकि कांग्रेस का तर्क है कि वह किसी व्यक्ति विशेष से नहीं बल्कि पार्टी से गठबंधन कर रही है. और वैसे भी लालू खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे. पार्टी को लगता है कि लालू आगामी चुनावों में किंग मेकर साबित होंगे. प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने एलजेपी अध्यक्ष रामविलास पासवास से भी मुलाकात की. दोनों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत भी हुई है.
वरिष्ठ आरजेडी नेताओं ने इस बात की ओर पुष्टि कर दी है कि कांग्रेस और आरजेडी के बीच सीटों का बंटवारा भी हो चुका है. जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान हो जाएगा. सूत्रों के मुताबिक बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों में 20-21 सीटों पर आरजेडी, 10-12 सीटों पर कांग्रेस और पासवान की एलजेपी 8 -10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. वहीँ एनसीपी को भी गठबंधन में शामिल करते हुए तारिक अनवर को बिहार की कटिहार सीट से चुवाव लड़ाएंगे.
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

लालू को छोड़ नीतीश से हाथ मिलाएंगे पासवान

पटना। लोकसभा चुनाव जैसे जैसे करीब आ रहा है, चुनावी रिश्ते उसी के मुताविक बनते बिगड़ते जा रहे हैं। खबर ज़ोन के सूत्रों के अनुसार रामविलास पासवान की लोजपा, राजद से नाराज़ चल रही है। इसलिए हो सकता है कि लोजपा, राजद के महागठबंधन को छोड़ कर जदयू के साथ हाथ मिला ले। इसके कयास पिछले कई दिनों से लगाए जा रहे हैं। दरअसल लालू प्रसाद के जेल से आने के बाद हर दिन राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं. यहाँ बताया ये जा रहा है कि इसबार महागठबंधन के कारण लोजपा के खाते में बस चार सीटें ही लालू देने के मूड में है। बांकी सीटों का बड़ा हिस्सा कांग्रेस और राजद आपस में बांटेंगे। बस इसी वजह से रामविलास पासवान राजद गठबंधन छोड़ कर नीतीश कुमार से हाथ मिलाने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही दबे ज़ुबान राजद में एक और चर्चा है कि लालू आजकल पासवान से नाराज़ हैं क्यूंकि पासवान अपने बेटे चिराग पासवान को राजनीति में ले कर आ गए और उसे यूथ आइकॉन के रूप में पेश कर रहे हैं। जबकि लालू भी अपने बेटे तेजस्वी यादव को राजनीति मे ले कर आये हैं और इस चुनाव में उसे भी यूथ आइकॉन के रूप प्रोजेक्ट करना चाहते थे। इसलिए लालू को ये भी डर सता रहा है कि कहीं चिराग के सामने तेजस्वी का तेज़ फीका न हो जाए। 

वैसे बिहार का खेल हर दिन दिलचस्प होता जा रहा है और जैसे जैसे चुनाव नजदीक आता जाएगा खेल और भी दिलचस्प होगा। लेकिन अभी रामविलास पासवान लालू के खिलाफ खुल के कुछ नहीं बोल रहे हैं। वहीँ लालू भी पासवान के खिलाफ कुछ नहीं बोलते हैं। परन्तु दोनों पार्टियों के बयानबाज नेता बाज़ नहीं आ रहे हैं। एक तरफ राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने लोजपा को साफ़ शब्दों में कह दिया कि पहले पार्टी का कैंडिडेट दिखाए फिर टिकट पर फैसला होगा। बस फिर क्या था, सभी लोजपा नेता बिफर पड़े और खुल के बोल पड़े। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान लोजपा नेता सूरजभान सिंह और सत्यानंद शर्मा ने कहा कि “अगर गठबंधन टूटता है तो इसकी पूरी ज़िम्मेदारी राजद पर जाएगी। राजद नेता पिछले एक महीने से कह रहे हैं कि लोजपा को हम तीन-चार सीट से ज्यादा नहीं दे सकते। हम दया की राजनीति में विश्वास नहीं रखते हैं। हमारी भी चुनावी तैयारी पूरी है।” लोजपा नेताओं के बयान से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि गठबंधन अब चलने वाला नहीं है। लोजपा नेताओं ने आगे कहा कि “हम पर उंगली उठाने वाले पहले अपने ऊपर से नीचे तक के दागी उम्मीदवारों की सूची ज़ारी करे। सच्चाई तो ये है कि राजद के पास अपने सभी सीटों के लिए उम्मीदवार ही नहीं हैं।” किसी अन्य दल से गठबंधन के संकेत देते हुए लोजपा नेताओं ने  कहा कि हमारे लिए कोई भी दल अछूत नहीं है।” यहाँ मतलब साफ़ है कि लोजपा अगर राजद गठबंधन से अलग होती है तो अपने लिए सभी विकल्प खोल कर रखना चाहती है, चाहे वो जदयू हो या भाजपा। लेकिन खबर ज़ोन  की सूत्रों की अगर माने तो जदयू के साथ जाने की सम्भावना सबसे ज्यादा है।

लालू-पासवान की दोस्ती में दरार



पटना। अभी जदयू-भाजपा गठबंधन टूटने की आग ठंढी भी नहीं हुई थी कि अब राजद-लोजपा गठबंधन के टूटने के भी आसार दिखने लगे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जबसे लालू प्रसाद जेल से बाहर आए हैं, उनके मिजाज़ बदले-बदले नज़र आ रहे हैं। एक तरफ वो सभी सांप्रदायिक शक्तियों को एक रहने की सलाह दे रहे हैं और दूसरी तरफ रामविलास पासवान से गठबंधन पर बात भी नहीं कर रहे हैं। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा है कि लालू प्रसाद के दिमाग में क्या चल रहा है और वो मन ही मन क्या रणनीति बना रहे हैं? एक तरफ बिहार में कांग्रेस-राजद-लोजपा महगंठबंधन की बात चल रही है। लेकिन जानकारों का मानना है कि रामविलास पासवान के उपेक्षा भी की जा रही है। जो उनकी पार्टी के नेताओं को नागवार गुज़र रही है। वैसे भी सीट बटवारे का जो फार्मूला लालू चाह रहे हैं वो पासवान को रास नहीं आ रहा है। इसलिए ये सवाल उठने लगे हैं कि क्या ये गठबंधन टूट जाएगा?
दरअसल आरा से लोजपा के रामा सिंह और नवादा के सुरजभान सिंह की सीट लालू राजद के खाते में वापस चाहते हैं। लेकिन पासवान इस मामले में नाक भौं सिकुड़ रहे हैं। हालांकि पासवान ने गठबंधन के खिलाफ कहीं भी खुल के कुछ नहीं बोला है। परन्तु गाहे बगाहे वो अपनी नाराजगी प्रदर्शित कर ही देते हैं। आखिर दिल का दर्द कितना भी छुपाएँ चेहरे पर आ ही जाता है।  इसमें रामविलास पासवान का कोई दोष नहीं है। असल में लालू प्रसाद के जेल से आते ही एक बयान आया कि इसबार किसी भी अपराधी को टिकट नहीं मिलेगा चाहे वो गठबंधन का ही क्यूँ न हो। बस क्या था, चुभ गयी ये बात पासवान को क्यूंकि वो इशारा समझ गए थे। दरअसल  लालू बयान दे कर दोनों सीटों (आरा और नवादा) पर अपना दावा करने का इशारा कर रहे थे, जिसे पिछले चुनाव में पासवान ने लालू से लिया था। 
लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने इशारों में कह ही दिया कि “सेक्युलर ताकतों को साथ रखने की बात हो रही है लेकिन बातचीत अभी तक शुरू ही नहीं हुई है। जब यहाँ राजद के साथ हमारी बात नहीं हो पा रही है तो कांग्रेस से बात कब होगी।” कई मौकों पर पासवान अपनी नाराजगी दिखा चुके हैं, इसके बावजूद भी राजद अभी तक लोजपा को तरजीह नहीं दे रही है. राजद में अपना वर्चस्व रखने वाले एक नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने तो साफतौर पर कह दिया कि “गठबंधन वाली पार्टी पहले अपना उम्मीदवार दिखाएँ फिर वहाँ की सीट कन्फर्म की जायेगी। इस बार ये नहीं चलेगा कि कोटे की सीट गठबंधन को दे दी गयी तब आप उम्मीदवार ढूंढने जा रहे हैं। इसबार अपने पहलवान दिखाएँ तब टिकट पक्का होगा” ज्ञात हो कि पिछली लोकसभा में लोजपा के कोटे में 12 सीटें आयी थी लेकिन एक पर भी वो जीत दर्ज़ नहीं कर पायी। 
दरअसल रामविलास पासवान इसबार भी 12 सीटों की ही उम्मीद कर रहे थे। लेकिन लालू के महागठबंधन ने उनकी नींद उड़ा दी है। खबर जोन के सूत्रों से जो बात सामने आ रही है उससे यही पता चलता है कि इसबार लोजपा के हिस्से में बस चार ही सीटे आ रही हैं। अब अगर हम लोजपा कार्यकर्ताओं की माने तो उनका कहना है कि “चार सीटें तो पासवान जी के परिवार में ही पूरी नहीं हो पाएंगी, फिर हम किस सीट से चुनाव लड़ेंगे।” वैसे लोजपा कार्यकर्ताओं की चिंता भी वाजिब है। इसलिए रामविलास पासवान के पास जब से चार सीटों की ख़बरें आयी हैं तब से वो भी परेशान हो गए हैं कि अब कौन सा दाँव चला जाए। अगर गठबंधन के नज़रिये से देखें तो लोजपा बस राजद के निर्णय का इंतज़ार कर रही है। वहाँ से अगर इनके मन मुताविक सीटें मिल गयी तो ठीक वरना जदयू के साथ जाने में भी इन्हे परहेज़ नहीं है। क्यूंकि ये अटूट जद के पुराने साथी ही हैं। साथ ही भाजपा भी अगर पासवान को हाथ बढ़ाएगी तो ये उसे भी लपकने में नहीं हिचकिचाएंगे। क्यूंकि इनके साथ भी इनका पुराना नाता है और वाजपयी सरकार में पासवान मंत्री भी रह चुके हैं। वैसे चुनाव में अभी काफी समय है। लेकिन देखना दिलचस्प ये होगा कि इसबार पासवान अपनी चुनावी बैतरनी किसके सहारे पार करेंगे?