संभल: होली और रमज़ान इस बार एक साथ पड़ रहे हैं, जिसे लेकर धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना शहाबुद्दीन रिज़वी ने मुसलमानों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जबकि रमज़ान इबादत और संयम का महीना है। ऐसे में सभी को शांति और भाईचारे का संदेश देना चाहिए।
मुसलमानों से अपील: कुछ घंटों तक घरों में रहें
मौलाना शहाबुद्दीन रिज़वी ने संभल के मुसलमानों से आग्रह किया कि वे होली के दिन तीन से चार घंटे तक घरों में रहें और बाहर निकलने से बचें, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती भी दिखा सकता है, इसलिए सभी को समझदारी से काम लेना चाहिए।
रंग पड़ जाए तो न करें नाराज़गी
मौलाना ने मुसलमानों से यह भी कहा कि अगर किसी पर गलती से रंग पड़ जाए तो उसे लेकर विवाद न करें, क्योंकि होली मेलजोल और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने हिंदू समुदाय से भी अपील की कि किसी भी मुस्लिम महिला, रोज़ेदार या नमाज़ी पर रंग डालने से बचें, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
शांति बनाए रखने की अपील
मौलाना ने कहा कि हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों को इस मौके पर विशेष संयम बरतना चाहिए और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने ज़िला प्रशासन से भी अपील की कि त्योहारों के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अब देखना होगा कि मौलाना की इस अपील का कितना असर होता है और दोनों समुदाय किस तरह से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहारों को मनाते हैं।
शाहजहांपुर के थाना निगोही इलाके के गनपतपुर गांव में एक विनोद नामक युवक द्वारा अपनी बुजुर्ग मां की भाले से हत्या का शर्मनाक मामला सामने आया है। प्रथम जानकारी के अनुसार घटना इस प्रकार हुई कि शराब के नशे में धुत युवक ने मकान निर्माण हेतु पैसे की मांग की, जिसे बुजुर्ग मां ने नकार दिया। पैसे के लेन-देन पर हुए विवाद के चलते आरोपी ने अपनी मां पर भाला से प्रहार कर दिया और उसकी हत्या कर दी। ग्रामीणों ने आरोपी बेटे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया और पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही आरंभ कर दी है।
उपरोक्त तस्वीर में घटनास्थल का दृश्य है जहां यह दुखद घटना घटी। जानकारी के अनुसार, विनोद शराब के अधिक सेवन से अक्सर विवाद की स्थिति में रहता था। मकान निर्माण के लिए पैसा न मिलने पर उसने आक्रोशित होकर इस नृशंस कदम को उठाया। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा रही है।
हमारी रिपोर्टिंग हमेशा प्रामाणिकता पर आधारित होती है और हम विशेषज्ञता, अनुभव, प्राधिकरण और विश्वसनीयता के सिद्धान्तों, जो कि ई-ई-ए-टी के मानदंडों से मेल खाते हैं, पर केंद्रित रहकर सामग्री तैयार करते हैं। यूजर का इरादा समझते हुए, हमारी कोशिश रहती है कि सर्च क्वेरी के अनुरूप मूल्यवान जानकारी प्रदान की जाए, जबकि सटीकता और स्पष्टता को प्राथमिकता दी जाती है। इस समाचार के प्रत्येक पहलू का सत्यापन किया गया है ताकि पाठकों को सटीक और भरोसेमंद सामग्री प्रदान की जा सके।
प्रयागराज । भागीदारी पार्टी (पी.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति की अध्यक्षता में करछना विधानसभा के प्रयाग इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप बेदौ में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए भागीदारी संकल्प मोर्चा के अगुआ (सुभासपा) के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भागीदारी संकल्प मोर्चा उत्तर प्रदेश में एक बड़ा विकल्प बनकर उभरा है, भागीदारी संकल्प मोर्चा उत्तर प्रदेश में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाएगा, असदुद्दीन ओवैसी के शामिल होने से राजनीतिक गलियारों में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है साथ ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव को मोर्चे में शामिल करने की कवायद तेज हो गई है, उनका आना लगभग तय माना जा रहा है । राजभर आम आदमी पार्टी को भी साथ में लाकर सपा, बसपा और भाजपा के सीने में हलचल पैदा कर दी है, इस मोर्चे से आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़ी पार्टियों पर गहरा प्रभाव पड़ना तय माना जा रहा है।
भागीदारी संकल्प मोर्चा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव को शामिल करने की कवायद
भागीदारी संकल्प मोर्चा ने प्रदेश में सियासी हलचल पैदा की
सपा, बसपा, बीजेपी ने सिर्फ फायदा उठाया- राजभर
ओपी राजभर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रजापति समाज का वोट आज तक सपा, बसपा, भाजपा अपने फायदे के लिए लेते चली आई लेकिन हिस्सेदारी के सवाल पर एक टिकट देकर इस जाति की पूरे उत्तर प्रदेश में वोट लेने का काम किया। भागीदारी पार्टी (पी.) के बनने से प्रजापति समाज का वोट एकजुट हो गया है, अब जरूरत है सभी कार्यकर्ताओं को बूथ पर अपने सिपाहियों को तैयार करने की जिस दिन भागीदारी संकल्प मोर्चा की प्रदेश में सरकार बनेगी, उस दिन सभी पिछड़े दलित अल्पसंख्यक जाति के लोगों को उनके संख्या के अनुपात में उचित हिस्सेदारी देने का कार्य किया जाएगा।
बीजेपी पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा की बीजेपी भारतीय झूठ पार्टी है। भारतीय झूठ पार्टी ने कहा था कि भारत को विश्व गुरु बनाएंगे, आत्मनिर्भर बनो लेकिन देश की सरकार देश को ही लूटने का कार्य कर रही है और प्रदेश की सरकार प्रदेश को लूट रही है इनके अधिकारी भी कोविड-19 में पैसा लूट रहे हैं। केंद्र सरकार ने अभी तक देश के 28 विभागों को बेचने का कार्य किया वही गरीबों के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं, सरकारी स्कूलों अस्पतालों और राष्ट्रीय राजमार्गों को बेचने की तैयारी कर रहे हैं।
भागीदारी पार्टी पी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी पार्टी के संगठन की रीढ़ कार्यकर्ता होते हैं, सभी कार्यकर्ताओं को अपनी-अपनी विधानसभा में एक एक बूथ पर 25, 25 पदाधिकारियों को तैनात करने की जरूरत है। बूथ स्तर के पदाधिकारियों को कहा कि आप लोग अपनी संख्या को और मजबूत करिए राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल और जिले के नेताओं को केवल बूथ पर काम करने की जरूरत है, आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर हमारे 25 पदाधिकारी होने चाहिए इस बार किसी भी प्रकार से मतदाताओं को विपक्षी पार्टियां लुभा न सके।
दिल्ली । किसान आंदोलन में शामिल चार किसानों की हत्या की बात कहने वाला संदिग्ध शख्स योगेश एक बार फिर अपने बयान से पलट गया है, उसका कहना है कि किसान आंदोलन में प्रदर्शन कर रहे लोगों के दबाव में हत्या की बात कही थी, योगेश का कहना है कि उसे कुछ लोगों ने कैंप में ले जाकर मारा, फिर रात को शराब पिलाकर कहा कि जो कहेंगे वही बोलना होगा। योगेश का कहना है कि मुझे मारने के बाद खाना खिलाया और दारू भी पिलाई, जिसके बाद उन लोगों ने मेरा वीडियो बनाया, मेरे साथ 4 और लड़के पकड़े थे जिसमें से एक के मारने का डर दिखाकर मुझसे ये सब कहलवाया गया, उन लोगों ने मुझे एक कहानी बताई तो मैंने मीडिया के सामने बोली। योगेश ने छूटने के लिए मीडिया के सामने झूठी कहानी सुनाई और पुलिस के पास पहुंचकर सचाई बताई।
वहीं केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन काफी समय से जारी है, किसानों और सरकार के बीच गतिरोध को खत्म करने के लिए अब तक की गई कई राउंड वार्ता विफल रही है, किसानों ने गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली निकालने का भी ऐलान किया जा चुका है। इस बीच किसानों ने शुक्रवार को सिंघु बॉर्डर से एक संदिग्ध को पकड़ा, जिसने दावा किया था कि 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च के दौरान हिंसा और चार नेताओं को गोली मारने की साजिश रची गई थी। इसके बाद किसान नेताओं ने इस युवक को हरियाणा पुलिस के हवाले कर दिया जहां पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, युवक का नाम योगेश है जिसकी उम्र लगभग 19 साल बताई जा रही है, योगेश हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है, पुलिस योगेश से लगातार पूछताछ कर रही है।
योगेश ने यह भी बताया कि उसकी आंख पर चोट के निशान भी उन लोगों के द्वारा पिटाई करने के कारण बने हैं, योगेश दावा कर रहा है कि उन लोगों ने कहा है कि 10 लड़के और राजधानी दिल्ली आएंगे, एक लड़का अभी किसानों के पास है जो यूपी का रहने वाला है, योगेश कहता है कि मेरे ऊपर पुलिस का कोई दबाव नहीं है, किसानों के दबाव में मैंने झूठी कहानी बताई थी।
तिरंगा यात्रा के लिए किसानों की तैयारी
वहीं तिरंगा यात्रा के लिए किसानों ने कमर कस ली है, देशभर से किसान ट्रैक्टर पर तिरंगा लगाकर तैयार हो रहे हैं, तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में किसानों ने मार्च निकालने का आह्वाहन किया है। लखनऊ में भाकियू संगठन के किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को ज्ञापन भी सौंप दिया है, सुल्तानपुर रोड पर गोसाईगंज में किसानों ने ट्रैक्टर लाकर अपने आंदोलन से अवगत कराया है, तो पुलिस प्रशासन ने भी मोर्चा संभाल लिया है, वेस्ट यूपी में किसानों की तिरंगा यात्रा के लिए दिल्ली कूच हो रहा है।
लखनऊ । उत्तर भारत समेत उत्तर प्रदेश में शीतलहरी चलने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है, घने कोहरे के बाद हिमालय से आने वाली हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में गलन बढ़ा दी है, जिसके कारण लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। लखनऊ में दो दिनों से धूप नहीं निकलने से लोग घरों में दुबके हैं, जिनको जरूरी काम है या नौकरीपेशा वाले ही लोग बाहर निकल रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग खूब गर्म कपड़े पहन रहे हैं और अलाव जलाकर ताप रहे हैं, वही भीषण ठंड में सरकार के रैन बसेरे हो या अलाव जलवाने के इंतेजाम वो ना काफी ही दिख रहे हैं।
राजधानी में शीतलहरी के चलते घरों में दुबके लोग
अगले 36 घंटे के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
महानगरों में भीषण कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
13 जिलों में दिन में तापमान में बहुत कमी आएगी
दीपक ने बताया कि दो दिनों से ठंड बढ़ गई है, नौकरी करनी है तो ठंड में बाहर आना ही पड़ता है, सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों को पहन रहे हैं पर ठंड फिर भी बहुत लग रही है, आग तापकर ठंड से थोड़ा बचते हैं। ठंड ने लोगों को घर में रहने को मजबूर कर दिया है। राजेश शुक्ला ने बताया कि सर्द हवा और धूप नहीं निकलने के कारण सर्दी बहुत बढ़ गई है, नौकरी करने के लिए घर से बाहर निकलना पड़ता है, शरीर को ठंड से बचाकर नौकरी कर रहे हैं।
ऑटो चालक मुंशी अली ने बताया कि सरकार अनदेखी कर रही है, इतनी भीषण सर्दी हो रही पर इस बार कोई अलाव की व्यवस्था नहीं है, अपने पास से इंतेजाम कर करे अलाव जलाकर ठंड में बचाव कर रहे हैं। सर्दी के कारण लोग घर से निकल ही नहीं रहे हैं, जिसके कारण कोई दुकानदारी भी नहीं हो रही है, लॉकडाउन के बाद से बहुत परेशानी हो रही है।
कमता चौराहे के पास ऑटो चालक ठंड से बचने के लिए आग तापते मिले और अपनी परेशानियों को बताया कि ठंड के कारण लोग घरों से बहुत कम ही निकल रहे हैं जिसके कारण कोई सवारी जल्दी नहीं मिल रही है और दुकानदारी पर भी असर पड़ रहा है। हिमांशु ने बताया कि ठंड में बहुत दिक्कत हो रही है, कोहरा इतना पड़ता है कि बाइक चलाने में भी परेशानी होती है, पहले रैन बसेरे होते तो वहां पर अलाव ताप लेते थे पर इस बार वो भी नहीं दिख रहे हैं। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े तो पहन रहे हैं पर ठंड तो लगती ही है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए अगले 36 घंटों का अलर्ट जारी किया है कि एकाध जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में भीषण कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है, प्रदेश के महानगरों नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में अगले 36 घण्टों तक कोहरा जारी रहने का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 13 जिलों में दिन में तापमान में बहुत कमी आएगी, अलीगढ़, अमरोहा, बाराबंकी, बरेली, हरदोई, कानपुर, लखीमपुर खीरी, मेरठ, शाहजहांपुर, बहराइच, गोण्डा, बस्ती और गोरखपुर में तापमान में बहुत गिरावट की आशंका जाहिर की गयी है। तापमान में ये कमी दिन में ज्यादा देखने को मिल सकती है, इसका मतलब ये है कि इन शहरों में दिन में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे गिर जाएगा। हमारे संवाददाता ने भीषण ठंड पर राजधानी लखनऊ का लिया जायजा।
वाराणसी । कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अंतिम लड़ाई जारी है, देश में आज दूसरे चरण का वैक्सीनेशन किया गया, इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना का टीका लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करके उन लोगों के हौसले को बढ़ाया। वाराणसी के जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, दीनदयाल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार में स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर टीकाकरण के बाद के प्रभावों की जानकारी ली। जिस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार भी जताया। इस दौरान पीएम ने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है। यह संदेश जन-जन तक बांटने की जरूरत है।
कोरोना के खिलाफ अंतिम लड़ाई जारी
देश समेत प्रदेश में भी दूसरे चरण का वैक्सीनेशन
पीएम ने वाराणसी के स्वास्थ्य कर्मियों से की बात
देशभर के स्वास्थ्य कर्मियों का पीएम ने बढ़ाया हौसला
पीएम मोदी ने बात करते हुए लोगों को बताया कि किसी भी वैक्सीन को बनाने के पीछे हमारे वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत होती है, इसमें वैज्ञानिक प्रक्रिया होती है। वैक्सीन के बारे में निर्णय करना राजनीतिक नहीं होता, हमने तय किया था कि जैसा वैज्ञानिक कहेंगे, वैसे ही हम करेंगे। देश को ऐसा माहौल मिला है कि अपनी वैक्सीन खुद बना रहा है। वो भी दो-दो मेड इन इंडिया वैक्सीन, भारत के हर क्षेत्र तक वैक्सीन तेजी से पहुंच रही है। इस सबसे बड़ी जरुरत को लेकर भारत आत्मनिर्भर है, साथ ही भारत कई देशों की मदद भी कर रहा है। 2021 की शुरुआत बहुत ही शुभ संकल्पों से हुई है।
पीएम मोदी ने कहा काशी के बारे में कहते हैं कि यहां शुभता सिद्धि में बदल जाती है, इसी सिद्धि का परिणाम है कि विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान देश में चल रहा है। हम पिछले 4-5 साल से जो स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, पीने के शुद्ध पानी का अभियान चला रहे हैं और शौचालय निर्माण का अभियान चला रहे हैं, इन चीजों के कारण हमारे देश के गरीब से गरीब व्यक्ति में भी बीमारी से जूझने की एक ताकत पैदा हुई है। मुझे विश्वास है कि आप सबकी मेहनत से बहुत ही जल्द एक बार आप सब सुरक्षित हो जाएंगे, तो समाज के बाकी तबकों के टीकाकरण के काम को भी आप आगे बढ़ाएंगे।
वैक्सीनेशन के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला, जिला महिला अस्पताल की मैट्रन पुष्पा देवी ने पीएम को बताया कि टीका लगवाने से पहले तरह-तरह की अफवाहें चल रही हैं, उससे थोड़ा डर जरूर लग रहा था लेकिन अब कोई परेशानी नहीं है, बिल्कुल मामला ठीक है, पुष्पा ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करने के बाद उनका उत्साह दोगुना हो गया है। टीका लगाने वाली रानी कुंवर श्रीवास्तव ने भी प्रधानमंत्री को अब तक 100 से अधिक इंजेक्शन लगाए जाने की जानकारी दी तो पीएम ने उन्हें बधाई दी। वैक्सीन के बारे में पीएम मोदी ने दीनदयाल अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर वी शुक्ला से बातचीत करके जानकारी ली कि वैक्सीन का क्या प्रभाव है।
लखनऊ । नौकरशाही हो या राजनीति अपने पसंदीदा अफसरों को अपने साथ रखने की परंपरा काफी पुरानी है, यह परंपरा एक बार फिर चर्चा में है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के विश्वास पात्र और चहेते वर्ष 1988 के गुजरात कैडर के आईएएस अरविंद कुमार शर्मा को उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने लखनऊ भेजा गया है। गुजरात से दिल्ली तक प्रधानमंत्री मोदी के साथ महतवपूर्ण पदों पर काम करने वाले इस अधिकारी ने 12 जनवरी को आईएएस की प्रतिष्ठित सेवा से 2 वर्ष पूर्व ऐच्छिक सेवानिवृति लेकर 14 जनवरी को लखनऊ आकर बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली है और एमएलसी पद के लिए निर्वाचित भी हो जाएंगे।
जानकार सूत्रों की माने तो शर्मा को दिनेश शर्मा की जगह उप मुख्यमंत्री बनना भी तय माना जा रहा है, यह सारा उलटफेर प्रदेश में आगामी विधानसभा के चुनावों के मद्देनजर किया जा रहा है, प्रधानमंत्री के विश्वासपात्र के लखनऊ में रहने से केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन और राजनैतिक दाव पेचों पर मोदी की पकड़ मजबूत होगी।
इस बदलाव का प्रधानमंत्री और और उनके सलाहकार गृहमंत्री अमित शाह के मन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की कार्यशैली से नाराजगी या योगी को मजबूत करने की दिशा में एक कदम, दोनों ही तरह से आंकलन किया जा सकता है।
अरविंद कुमार शर्मा का उत्तर प्रदेश से गहरा रिश्ता है, वह यूपी के मऊ के रहने वाले हैं। यहां के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के रानीपुर विकास खंड के अंतर्गत आता है काझाखुर्द गांव। ख़बरों के मुताबिक़, यहीं अरविंद शर्मा का जन्म साल 1962 में हुआ। शिवमूर्ति राय और शांति देवी के तीन बेटों में अरविंद सबसे बड़े हैं। गांव के स्कूल से प्राथमिक पढ़ाई करने के बाद डीएवी इंटर कॉलेज से इंटर पास किया और फिर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी चले गए। वहां से ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन और पीएचडी करने के उपरांत सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और सफल रहे।
बताया जाता है की गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी की मुलाकात हर्षद ब्रह्मभट्ट से हुई, हर्षद एक आईएएस अधिकारी थे और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट से जुड़े हुए थे। गुजरात से जुड़े एक वरिष्ठ पत्रकार बताते हैं कि हर्षद का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी गहरा जुड़ाव था। नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात के बाद हर्षद ने नरेंद्र मोदी को अरविंद कुमार शर्मा का नाम सुझाया। इस समय अरविंद कुमार शर्मा इंडस्ट्रीज डिपार्टमेंट में एडिशनल कमिशनर के पद पर कार्यरत थे। इसके पहले वड़ोदरा में पुनर्वास विभाग में ज्वाइंट कमिश्नर, गांधीनगर के वित्त विभाग में डिप्टी सचिव, खेड़ा में कलेक्टर और खनन विभाग में ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर, मेहसाणा में डीएम और उसके पहले एसडीएम के पद पर रह चुके थे ।
अरविंद कुमार शर्मा को हर्षद ब्रह्मभट्ट की सिफारिश पर तुरंत मुख्यमंत्री सचिवालय बुला लिया गया। नियुक्ति हुई सचिव के पद पर और यहीं से अरविंद शर्मा और नरेंद्र मोदी के बीच एक अटूट संबंध की शुरुआत हुई। साल 2004 में अरविंद शर्मा ज्वाइंट सेक्रेटरी बना दिए गए और बाद में एडिशनल प्रिंसिपल सेक्रेटरी बनाकर गांधीनगर के मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दिए गए। जहां-जहां नरेंद्र मोदी रहे, वहां-वहां अरविंद कुमार शर्मा मौजूद रहे।
अपने गुजरात के कार्यकाल के दौरान अरविंद शर्मा ने दो चार गेम चेंजर किस्म के काम किए। एक तो टाटा के नैनो प्लांट के लिए रास्ता साफ करना जो ममता बनर्जी के विरोध की वजह से पश्चिमी बंगाल से गुजरात मोदी के आमंत्रण पर आया था। दूसरा काम है साल 2001 में भुज में आए भूकंप में राहत कार्य। ये घटना केशुभाई की सरकार में ताबूत के आख़िरी कील की तरह थी, लिहाजा नरेंद्र मोदी को राहत कार्यों को समय पर पूरा करना था। लोग बताते हैं कि कम समय में राहत कार्य और पुनर्वास को अंजाम देने में अरविंद शर्मा ने नरेंद्र मोदी की मदद की।
फिर तीसरा गेम चेंजर काम, वाइब्रेंट गुजरात, साल 2003 में शुरू हुआ ये गुजरात सरकार का ऐसा जलसा है, जिसकी मदद से गुजरात सरकार निवेशकों को लुभाती है। हर दो साल पर इस जलसे का आयोजन किया जाता है। ख़बरें और लोग बताते हैं कि नरेंद्र मोदी के करीब आने के बाद अरविंद शर्मा ने वाइब्रेंट गुजरात के आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई। अरविंद शर्मा वाइब्रेंट गुजरात के प्रमुख योजनाकार रहे। अरविंद शर्मा ने गुजरात दंगों के बाद मोदी और अमेरिकी विदेश विभाग में आई खटास को भी दूर करने में विशेष भूमिका निभाई थी। केन्द्र में एमएसएमई विभाग में उनका विशेष योगदान रहा।
बहरहाल अरविंद शर्मा का उत्तर प्रदेश के राजनैतिक गलियारों में कैसा प्रदर्शन रहता है यह एक उत्सुकता का विषय रहेगा और क्या यह बदलाव वोटरों के रुझान को बीजेपी की तरफ मोड़ने में सफल होगा ? इसके लिए हमें आगामी चुनावों के परिणामों तक प्रतीक्षा करनी होगी।
लखनऊ । बक्शी का तालाब तहसील में समाधान दिवस की अध्यक्षता एडीएम पूर्वी केपी सिंह ने की, समाधान दिवस में गैरहाजिर होने पर सरकार की मंशा के अनुरूप कड़ा रुख अपनाते हुए एडीएम पूर्वी ने अफसरों के एक दिन का वेतन काटने के भी आदेश दिए। एसएचओ गुडम्बा, एसएचओ चिनहट, डिप्टी सीएमओ बीकेटी, मंडी सचिव, बीडीओ चिनहट, एडीओ चिनहट, एई जलकल, सीडीपीओ के गैरहाजिर होने पर एडीएम पूर्वी ने रिपोर्ट तलब की है। वहीं समाधान दिवस में शिकायतों का अम्बार लग गया, 123 शिकायतों में से 4 का त्वरित निस्तारण किया गया, राजस्व की 55 शिकायतों में से 4 का निस्तारण हुआ, पुलिस विभाग से संबंधित 19 शिकायतें, विकास के लिए 10, समाज कल्याण की 7 और 32 अन्य शिकायतें आई।
समाधान दिवस में 123 में से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
समाधान दिवस का लोगों को लाभ मिले- एडीएम पूर्वी केपी सिंह
वहीं अधिवक्ता राम प्रकाश सिंह ने तिवारीपुर गांव में सरकारी जमीन पर प्लाटिंग करके प्लाट बेचने के मामले में लेखपाल, रतन और संतोष कुमार की शिकायत की है, राष्ट्रीय मजदूर संगठन के मंडल अध्यक्ष मो. शकील ने नबी कोट नंदना, दिनकरपुर झल्लावा में सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं के कब्जा करके प्लाटिंग करने की शिकायत की, सिंहामऊ और पहाड़पुर धान क्रय केंद्र बंद होने की भी शिकायत समाधान दिवस में की गई, धान क्रय केंद्रों पर खरीद नहीं होने से किसानों को औने-पौने दामों पर धान बेचना पड़ रहा है। बीजेपी के जिला महामंत्री अवधेश प्रताप सिंह ने सरकारी जमीनों पर अवैध खनन की शिकायत और ग्राम पंचायत की जमीनों पर कब्जे की शिकायत की जिसपर अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं मदारीपुर की शिवरानी ने स्मार्ट मीटर लगने पर अधिक बिल आने की शिकायत की, स्मार्ट मीटर लगने के बाद 55 हजार से ज्यादा का बिल आ गया है इसको लेकर बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी चक्कर लगवा रहे हैं पर कोई सुनवाई नहीं हुई तब जाकर समाधान दिवस में बड़ी आस लेकर शिवरानी ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसको अधिकारियों ने संज्ञान में लेकर बीडीओ बीकेटी को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।
सरकार की मंशा के अनुसार एडीएम पूर्वी केपी सिंह ने शिकायतों को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अफसरों और कर्मचारियों को निर्देश दिए, मौके पर जाकर शिकायतों का अधिकारी निस्तारण करें और निस्तारण की जानकारी शिकायतकर्ता को जरूर उपलब्ध कराएं। अगले तहसील दिवस से पूर्व ही शिकायतों का समाधान हो जाए, लोगों का समाधान दिवस का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए, शिकायतों का सटीक तरीके से निस्तारण करें।
लखनऊ । कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के मंच पर लखनवी कविता छाएगी, शहर के हास्य व्यंग्य कवि पंकज प्रसून कैम्ब्रिज इंटरनेशनल पोयट्री सिम्पोजियम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम कोविड की वजह से 26 जनवरी को वर्चुअल किया जा रहा। कार्यक्रम का संचालन कैम्ब्रिज के एशियन और मिडिल ईस्टर्न विभाग के प्रो. ऐशवर्ज कुमार करेंगे, कार्यक्रम में पोलैंड की कवयित्री एलिक्जा, इजराइल से लडमिला केबोतेरेब एवं ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफसर डॉ पद्मेश गुप्ता हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजक कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी इंडिया सोसायटी के अध्यक्ष निशांत सक्सेना के अनुसार पंकज प्रसून का चयन उनके व्यंग्य और विज्ञान मिश्रित कविताओं के आधार पर किया गया है, वह इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह कार्यक्रम कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा।
कैम्ब्रिज इंटरनेशनल पोयट्री सिम्पोजियम में प्रतिभाग करेंगे
सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे पंकज प्रसून
26 जनवरी को वर्चुअल किया जाएगा आयोजन
पोलैंड और इजराइल के कवि भी करेंगे प्रतिभाग
नेहरू ने की थी कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय इंडिया सोसायटी की स्थापना
कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय इंडिया सोसायटी की स्थापना देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने की थी, यह कैम्ब्रिज का सबसे बड़ा संगठन है जो भारत और कैम्ब्रिज के बीच सांस्कृतिक सेतु बनाने का कार्य कर रहा है। वेबसाइट (https://indiasoc.co.uk/) और फेसबुक पेज https://www.facebook.com/indiasoc पर कार्यक्रम को देख सकते हैं।
हिंदी कविता की जीत है : पंकज
पंकज प्रसून इस अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा बनकर उत्साहित हैं, उनका कहना है कि यह हिंदी कविता की जीत है। पंकज प्रसून बताते है कि 2009 में उन्होंने लखनऊ विश्व विद्यालय से’ विश्व भाषा हिंदी-दशा व दिशा’ पर एमफिल की थी तब उन्होंने उसमें कैम्ब्रिज में हिंदी पर लेख लिखा था, उन्होंने कभी सोचा ही नहीं था कि एक दिन वहीं से बुलावा आएगा।
कवि पंकज प्रसून के बारे में जानें…
बैसवारे में जन्म, पिछले 15 सालों से लखनऊ में ही रह रहे हैं, वह और जाने-माने व्यंग्यकार और कवि हैं उनकी अब तक सात किताबें प्रकाशित हैं । वह ना सिर्फ संवेदना को जागृत करने वाली मार्मिक कविताएं लिखते हैं बल्कि समसामयिक राजनैतिक विषयों पर खूब चुटकियां भी लेते हैं कोविड काल में उनकी ‘कोरोना शायरी भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। पंकज प्रसून को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से दो बार उनकी दो किताबों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। उनकी कई कविताएं सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। उनकी कविता ‘लड़कियां बड़ी लड़ाका होती हैं को अनुपम खेर ने टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क से पढ़ा था उसके बाद उन्होंने उनकी दूसरी कविता मां का बुना स्वेटर कभी छोटा नहीं होता को भी पढ़ा। वह अब तक लाल किला सहित तमाम प्रतिष्ठित कवि सम्मेलनों में कविता पढ़ चुके हैं।
उनको हाल ही में लखनऊ विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह में सम्मानित हुए 50 पूर्व छात्रों में स्थान दिया था, लखनऊ विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर उन्होंने व्यंग्य विज्ञान और कविता का शो ‘साइनटेनमेन्ट’ प्रस्तुत किया था .पंकज प्रसून पेशे से केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान लखनऊ में तकनीकी अधिकारी हैं, वह कहते हैं कि वैज्ञानिक तन की वैक्सीन बनाता है लेकिन कवि मन की वैक्सीन बनाता है, वैज्ञानिक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देता है लेकिन कवि के प्वाइंट में पावर होती है।
मुजफ्फरनगर । सिसौली में भाकियू की मासिक पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि ऐसा लगता है कि जैसे किसानों ने प्रधानमंत्री मोदी के अश्वमेघ यज्ञ के घोड़े को पकड़ लिया हो। अब किसान अपने ट्रैक्टर के दोनों ओर तिरंगा झंडा लगाकर दिल्ली कूच की तैयारी करें और केंद्र सरकार को इसका जवाब दें।
केंद्र सरकार तीनों कृषि बिल वापस लें- नरेश
किसानों के हित में नहीं हैं तीनों कृषि कानून- नरेश
एमएसपी की गारंटी सरकार क्यों नहीं दे रही?- नरेश
26 जनवरी को ऐतिहासिक परेड में जरूर भाग लेंगे-नरेश
किसान नेता चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री ने कसम खा ली है कि वह इन किसान विरोधी तीन कानूनों को वापस नहीं लेंगे लेकिन किसान प्रधानमंत्री की इस जिद के आगे झुकने वाले नहीं है। हालांकि किसान प्रधानमंत्री का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन चाहते हैं कि प्रधानमंत्री, भारत की सरकार इन तीन कानूनों को वापस ले, एमएसपी की गारंटी दे, तभी किसान दिल्ली से वापस अपने घरों को लौटेंगे।
नरेश टिकैत किसान नेता ने कहा कि अगर 19 जनवरी को किसानों और केंद्र सरकार के बीच समझौता भी हो जाता है तो 26 जनवरी के ऐतिहासिक परेड में किसान जरूर भाग लेंगे। यह आजादी के बाद आज तक के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक परेड होगी, जिसे भविष्य में इतिहासकार अपने-अपने अंदाज किसान और प्रधानमंत्री की हठधर्मिता के रूप में लिखेंगे।
चौधरी नरेश टिकैत ने पंचायत के सभी किसान से अनुरोध किया कि अपने-अपने क्षेत्र से 25 तारीख में ही ट्रैक्टर पर दो-दो तिरंगे झंडे लगाकर यहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। चाहे आप किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन करते हो, सभी किसान तिरंगे रंग में रंग जाओ और हम सभी को अपने-अपने मतभेद भुलाकर इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाना है।
25 जनवरी को सुबह 10-11 बजे सभी किसान अपने अपने क्षेत्र से दिल्ली के लिए निकलेंगे। चौधरी टिकैत ने कहा कि 54 दिन के धरने में लगभग 70 किसान भाइयों ने शहादत दी है, ऐसी कड़कती ठंड में सरकार किसान की हिम्मत को नहीं हरा पाई है, सरकार ने आज तक किसानों की शहादत पर कोई अफसोस नहीं किया है। चौधरी नरेश टिकैत ने आह्वान किया कि हर घर से एक किसान अपने ट्रैक्टर के साथ दिल्ली के लिए कूच करेगा, रास्ते में कुछ भी बाधा आए, सभी बाधाओं को दूर करते हुए इस बार इस गणतंत्र दिवस की परेड को इतिहास में दर्ज कराना है, किसान इस आंदोलन से बिल वापसी के बाद ही घर वापसी करेगा।
टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों पर विभिन्न प्रकार के झूठे आरोप लगा रही है, जिन से किसानों को बहुत दुख पहुंचा है। क्या केंद्र सरकार का कोई प्रतिनिधि यह बता सकता है कि विदेशों से किस किसान के खाते में कितना धन आया है। किसान तो अपने घर पर भी रोटी खा रहा था और आंदोलन में भी रोटी ही खा रहा है। फर्क इतना है कि अब लोग गांव-गांव इकट्ठे होकर आंदोलनकारी किसानों के लिए राशन मुहैया करा रहे हैं। चौ टिकैत ने केंद्र सरकार द्धारा किसान आंदोलन में नामित 40 प्रतिनिधियों में से अधिकतर किसान नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा किसान इन मुकदमों के खिलाफ भी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में कानपुर के महेश चंद्र शर्मा के पर्चा भरने पर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं, बिना प्रस्तावक के महेश चंद्र ने नामांकन किया है, लोगों की माने तो पहले भी महेश चंद्र ने कई बार चुनाव लड़ने के लिए पर्चे दाखिल किए हैं। वहीं बीजेपी के सभी 10 प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया है, सपा के दो प्रत्याशी अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी पहले ही नामांकन कर चुके हैं। विधान परिषद के लिए बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के थोड़ी ही देर बाद कानपुर के महेश चंद्र शर्मा ने भी नामांकन दाखिल किया, 12 सीटों पर अब 13 प्रत्याशियों के दावेदारी ठोकने पर चुनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, महेश चंद्र राज्यसभा चुनाव में भी नामांकन दाखिल किया था, इनके पास प्रस्तावक नहीं है। कल नामांकन पत्रों की जांच के बाद तय हो जाएगा कि विधान परिषद के लिए वोटिंग की जरूरत पड़ेगी कि नहीं।
बीजेपी के 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किए
नामांकन में सीएम, डिप्टी सीएम केशव मौर्या भी रहे मौजूद
सपा के दो प्रत्याशी और महेश चंद्र ने निर्दलीय पर्चा भरा
महेश चंद्र का पर्चा खारिज नहीं हुआ तो होगी वोटिंग
बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, मंत्री महेंद्र सिंह, संगठन महामंत्री विजय बहादुर पाठक समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा, लक्ष्मण आचार्य, गोविंद नारायण शुक्ला, कुंवर मानवेंद्र सिंह, वरिष्ठ भाजपाई सलिल विश्नोई, अश्वनी त्यागी, धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी ने नामांकन किया है। पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा के भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा कि उन्होंने पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में नामांकन दाखिल किया है, उनका कहां उपयोग किया जाएगा यह बाद में तय किया जाएगा।
गौरतलब है कि एके शर्मा गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, शर्मा ने गुजरात में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के सचिव और 2014 से अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय में सचिव जैसे अहम पदों पर भूमिका निभाई है, कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश सरकार में उनकी बड़ी भूमिका होगी। विधान परिषद की 12 सीटों के लिए 19 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी, उम्मीदवार 21 जनवरी तक नाम वापस ले सकेंगे।
बहराल समाजवादी पार्टी के पास सिर्फ 1 सीटे के लिए बहुमत है पर उन्होंने दो प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है, कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस, छोटी पार्टियों के विधायक और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक समाजवादी पार्टी का समर्थन करके दूसरी सीट भी निकलवा सकते हैं।
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी ने अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में श्रमिकों एवं कामगारों के हितार्थ की जा रही कार्यवाही की समीक्ष की, उन्होंने कहा कि कामगारों और श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से राज्य सरकार ‘उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग’ गठित किया है, उन्होंने आयोग की संस्तुतियों एवं निर्णयों के क्रियान्वयन की जनपद तथा मण्डल स्तर पर नियमित रूप से साप्ताहिक एवं पाक्षिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कामगारों और श्रमिकों के हितों के प्रति संवेदनशील- सीएम
व्यापक पैमाने पर रोजगार प्रदान किया जा रहा- सीएम
रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें- सीएम
धान खरीद कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करें-सीएम
पूर्वांचल, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण समय से हो
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी समय से हो- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कामगारों तथा श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने प्रवासी कामगारों तथा श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन्हें आयुष्मान भारत योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के माध्यम से लाभान्वित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कामगारों एवं श्रमिकों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करते हुए उन्हें योग्यता और क्षमता के अनुरूप कार्य उपलब्ध कराया जाए। रोजगार उपलब्ध कराने में एमएसएमई सेक्टर सहित ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना, ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ जैसी योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस सेक्टर और योजनाओं के माध्यम से कामगारों/श्रमिकों को व्यापक पैमाने पर रोजगार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्य को और गति प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने भीषण ठंड के चलते रैन बसेरों के सुचारु संचालन और अलाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए और जरूरतमंदों को कम्बल वितरित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने धान खरीद कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि धान क्रय केन्द्रों पर धान खरीद की कार्यवाही तेजी से की जाए, इसके दृष्टिगत आवश्यकतानुसार अतिरिक्त काटों की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने किसानों को मक्का एवं मूंगफली की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है, युवा वर्ग को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के दृष्टिगत उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में स्थापित किए जाने वाले राज्य विश्वविद्यालयों तथा निजी विश्वविद्यालयों का निर्माण तय समय-सीमा में पूरा कराया जाए।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।