टैग पुरालेख: Aap

दो सीएम, दो तरह की तस्वीरें, तय करें आप

सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल का क्रेज़ लगातार बढ़ रहा है, सभी राज्यों में आम आदमी पार्टी में लोगों के जुड़ने की रफ़्तार तेज़ हो रही है। वजह शायद इस तस्वीर में छिपी है। ये तस्वीर भी सोशल मीडिया पर ही प्रसारित हो रही है।
तस्वीर में यूपी के सीएम अखिलेश यादव और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की तुलना की गई है कि वो पुलिसवालों के साथ किस तरह से पेश आते हैं। जहां अखिलेश यादव की तस्वीर में मेरठ के आईजी घुटनों पर बैठे दिख रहे हैं, वहीं केजरीवाल की तस्वीर में सीएम दो कॉन्सटेबल के सामने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते दिख रहे हैं।
दोनों तस्वीरों की सत्यता की पुष्टि तो नहीं हुई लेकिन दिल्ली के सीएम बनने के बाद अरविंद केजरीवाल के फ़ैसलों ने जहां दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों को प्रभावित किया है और उन्हें अपनी नीतियों में बदलाव के लिए मजबूर किया है, वहीं देश की सियासत में भी एक अलग तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है जहां अब मुद्दों पर बहस होने लगी है।

राहुल संसद न पहुंचें तभी बचेगी कांग्रेस- विश्वास

राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके कुमार विश्वास ने ताल ठोककर राहुल को देश और कांग्रेस के लिए खतरनाक करार दिया है।

पिछले दिनों खबर आई थी कि राहुल की इमेज चमकाने का ठेका 500 करोड़ में जापानी कंपनी को दे दिया गया है। कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल को जिताने के लिए कांग्रेस जनता का पैसा पानी की तरह बहा रही है

पेटी या अमेठी
कुमार विश्वास ने कहा कि राहुल को जिताने के लिए 500 करोड़ रुपए लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंशवाद और राजशाही को जड़ से खत्म करने के लिए वो तैयार हैं और अब जनता को ही तय करना है कि उन्हें 500 पेटी चाहिए या अमेठी।कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े नौ साल में राहुल ने अमेठी की एक भी समस्या संसद में नहीं उठायी। उन्होंने कहा कि राहुल कलावती के घर खाना ज़रूर खाते हैं लेकिन उसकी झोपड़ी नहीं बना सकते। कुनार के मुताबिक राहुल अमेठी को अच्छी सड़कें तक नहीं दे पाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में सबसे कम उपस्थित रहने वाले 5 सांसदों में से हैं।

इमरजेंसी लगाए कांग्रेस
कांग्रेस पर तंज कसते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि कांग्रेस के पास हार से बचने का एक और तरीका है कि कांग्रेस देश में एक बार फिर इमरजेंसी लगा दे।

संसद न पहुंचें राहुल

कुमार विश्वास के मुताबिक कांग्रेस की स्थिति बुरी होने के पीछे गांधी परिवार का ही हाथ है। और अब कांग्रेस तभी बच सकती है जब राहुल गांधी को अमेठी संसद न पहुंचाए।

अजहर पर भी विवादास्पद टिप्पणी
क्रिकेटर और नेता अजहरूद्दीन को कांग्रेस में शामिल करने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार ने अजहर पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली। उन्होंने कहा कि अजहर फिक्सर हैं इसलिए कांग्रेस में उन्हें शामिल किया गया है। 

कांग्रेस ने बताया बड़बोला
कुमार विश्वास के बयान पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है।कांग्रेस ने कहा है कि कुमार विश्वास बड़बोले हैं और चुनाव में उन्हें हकीकत पता चल जाएगी। उधर कांग्रेस ने दिल्ली में आप को समर्थन देने के मसले को जिम्मेदार राजनीति बताया है। 

सड़क पर बैठेगी केजरीवाल कैबिनेट, सुनेगी लोगों की समस्याएं

नई दिल्ली। अब तक मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों में अपने घरों पर जनता दरबार लगाने के चलन था लेकिन दिल्ली की सरकार कुछ अलग सोचती है। केजरीवाल सरकार ने ऐलान किया है कि वो और उनके मंत्री हर शनिवार को सचिवालय के बाहर सड़क पर बैठेंगे और आम आदमी की समस्याओं को सुनेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, “हर शनिवार को मुख्यमंत्री समेत सभी 7 मंत्री सचिवालय के सामनेवाली सड़क पर बैठेंगे, ताकि किसी को भी आने-जाने के लिए को रुकावट न हो। सुबह 9.30 बजे से 11 बजे तक बैठेंगे जिसमें जनता का स्वागत है”
ये एक तात्कालिक व्यवस्था है जिससे लोगों की समस्या को सुना जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि समस्याएं रहें ही नहीं। उन्होंने कहा कि, “जनसमस्याएं तो लक्षण हैं बीमारी कहीं और है। कहीं न कहीं हमने कुछ ग़लत नीतियां बना रखी हैं जिससे जनता दुखी होती है और वो जनसमस्याओं में तब्दील होती है, लेकिन व्यवस्था सुधारने से पहले भी हमें समस्याओं का समाधान तो करना ही है। लिहाज़ा इसके लिए हमने ये व्यवस्था बनाई है।”
नई व्यवस्था की शुरुआत इसी शनिवार से हो रही है जिसके तहत सुबह 9.30 से 11 बजे तक मुख्यमंत्री समेत सातों मंत्री जनसमस्याएं सुनने के लिए सड़क पर बैठेंगे लेकिन इसके अलावा हर रोज़ एक मंत्री इसी समय में सचिवालय के सामनेवाली उसी सड़क पर बैठेंगे और जनसमस्याओं की अर्ज़ी लेंगे। इसमें वो अपने विभाग के साथ-साथ बाकी विभागों की शिकायतें भी लेंगे जिसे आगे बढ़ा दिया जाएगा।
सीएम ने समस्याओं के निपटान की व्यवस्था का भी ज़िक्र किया और बताया कि समस्याओं को 5 वर्गों में बांटा जाएगा और उसी हिसाब से उनके निपटान की समयसीमा तय की जाएगी।

जो समस्याएं अर्जेंट होंगी उन्हें वहीं पर फ़ोन कराकर सही कराने की कोशिश की जाएगी। जो बाकी समस्याएं हैं उन्हें वर्गों में बांटा जाएगा। – अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली

केजरीवाल के मुताबिक पहले वर्ग में वो समस्याएं जिसका समाधान तुरंत किया जा सकता है उसके लिए मंत्री उसी वक़्त अर्ज़ी पर लिखेगा कि कितने दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा। दूसरा वर्ग वो है जिसमें समस्या का समाधान करने के लिए नीतियां बदलने की ज़रुरत है तो उसमें समय लगेगा, जिसे मंत्रियों को बढ़ा दिया जाएगा। तीसरी अर्ज़ियां वो हैं जो समस्या नहीं है सुझाव है, उसके लिए अलग सेक्शन बनाया जा रहा है जो सुझावों का अध्ययन करेंगे और मंत्रियों को बताएंगे। चौथा वर्ग वो है जो इन तीन वर्गों में नहीं आता और पांचवां वर्ग वो है जिसका सरकार से ताल्लुकात नहीं है।
पांचवें वर्ग के बारे में ज़िक्र करते हुए केजरीवाल ने उदाहरण दिया कि उनके पास एक लड़की अपनी शादी की समस्या लेकर आई थी

जैसे एक लड़की 3-4 दिन पहले आई थी कि मेरा ब्वॉयफ्रेंड मुझसे शादी नहीं कर रहा मेरी शादी करा दो तो उसमे मुख्यमंत्री चाहकर भी कुछ नहीं कर सकता।– अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली

इसके बाद समस्याओं का समाधान हुआ कि नहीं इसका भी एक सिस्टम बनाया गया है, जिसके तहत समस्या का समाधान होने पर एक एसएमएस संबंधित व्यक्ति के पास जाएगा। एसएमएस में संबंधित व्यक्ति से पूछा जाएगा कि सरकार की तरफ़ से समाधान हो गया है अगर वो फिर भी संतुष्ट नहीं हैं तो जवाब में No लिखकर भेजे। अगर जवाब में No लिखकर आएगा तो उसके लिए केजरीवाल ने स्वयंसेवकों की टीम बनाई गई है जो पता करेंगे कि नागरिक क्यों संतुष्ट नहीं है। फिर उनकी रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों की ज़िम्मेदारी तय की जाएगी।

पत्रकार आशुतोष ‘आप’ में शामिल होंगे

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी की ऐसी हवा चली है कि हर आम और ख़ास इस पार्टी में शामिल होना चाह रहा है। इतना ही नहीं अब तो दूसरे पार्टियों के नेता भी ‘आप’ के मुरीद बन रहे हैं और कई प्रसिद्ध लोगों का ‘आप’ में शामिल होने का सिलसिला भी जारी है। हर दिन कोई न कोई प्रसिद्ध समाजसेवी या फिर सेवानिवृत अधिकारी पार्टी ज्वाइन कर रहे हैं। ‘आप’ में शामिल होने वालों में नृत्यांगना मल्लिका साराभाई, इंफोसिस के बालकृष्णन, लाल बहादुर शास्त्री का पोता और अब तो मेधा पाटकर का भी नाम आ रहा है। अब इसी क्रम में आम आदमी पार्टी से जुड़ने वालों की लिस्ट में एक और बड़ा नाम शामिल होने वाला है।जानेमाने टीवी पत्रकार आशुतोष आईबीएन7 के मैनेजिंग एडिटर पद से इस्तीफा दे चुके हैं और जल्द ही ‘आप’ से जुड़ेंगे।
आशुतोष ने गुरुवार को ट्वीट कर के ‘आप’ में शामिल होने का इशारा किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि “Eight years back I changed my course, now there is another time, another call of destiny, have to swim – have to swim.” (आठ साल पहले मैंने अपना रास्ता बदला था और अब फिर से वही समय आ गया है। डेस्टिनी का एक और कॉल है। मुझे इसके साथ बढ़ना ही होगा।) इसके अलावा एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा है “These are again historic moments, societal churning is on, everybody has contribute to make the change robust and beautiful” (ये ऐतिहासिक पल है, सामाजिक मंथन चल रहा है। इस बदलाव को और मजबूत और खूबसूरत बनाने के लिए हर किसी को योगदान देना होगा।) आशुतोष अन्ना के आंदोलन पर किताब भी लिख चुके हैं। 

आम आदमी पार्टी का मजाक नहीं बनाएं: जयराम रमेश


नयी दिल्ली। अब ऐसा लग रहा है, जैसे कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश अपनी ही पार्टी की बखिया उधेड़ने में लगे हैं। साथ ही वो धीरे-धीरे ‘आप’ के बहुत बड़े फैन होते जा रहे हैं। क्यूंकि जयराम रमेश ने यहाँ फिर से ‘आप’ के समर्थन में कहा कि “हम आम आदमी पार्टी की उपेक्षा नहीं कर सकते क्योंकि वे भ्रष्टाचार, राजनीति में मितव्ययिता, राजनीति में सादगी को लेकर आंदोलन कर रहे हैं जो उचित मूल्यों वाले मुद्दे हैं।

हालांकि कांग्रेस पार्टी ने रमेश के बयान से किनारा कर लिया है। कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने कहा, “यह उनकी निजी राय और टिप्पणी हो सकती है और उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।” आजकल जयराम रमेश ‘आप’ के समर्थन में बयान दे कर अपनी पार्टी के नेताओं को धर्म-संकट में डाल देते हैं। क्यूंकि इसके बाद उनके पास इसके अलावा कोई जवाब नहीं होता कि “ये रमेश की निजी राय है पार्टी की राय नहीं।”

ग्रामीण विकास मंत्री कुछ दिनों पहले भी ‘आप’ की सफलता के गुण गा रहे थे। वो लगातार ‘आप’ से काफी प्रभावित नज़र आ रहे हैं। रमेश ने तो यहाँ तक कह दिया है कि अगर दो साल पहले लोकपाल विधेयक पारित हो गया होता तो आम आदमी पार्टी उभरती ही नहीं। रमेश ने साथ ही राजनीतिक वर्ग को चेतावनी दी है कि आम आदमी पार्टी का मजाक नहीं बनाएं. उन्होंने यह भी कहा कि यह नई पार्टी वाजिब मुद्दों पर राज्यों में अलग अलग अवतार ले सकती है.

जयराम रमेश ने कहा, आज कांग्रेस पार्टी ‘आप’ के बारे में सोच रही है, लेकिन बीजेपी तो आम आदमी पार्टी के कारण पहले ही अपनी नींद गवां चुकी है। पंजाब में अगर बादल अपने रास्ते नहीं सुधारते हैं तो आम आदमी पार्टी अकाली दल को भी खा जाएगी।’ आप’ दशावतार है, अलग-अलग राज्यों में यह पार्टी अलग अवतार ले कर कई पार्टियों को खा सकती है। ऐसा कहा जाता है कि उगते सूरज को हर कोई सलाम करता है, शायद यही हाल हो रहा है इन पारम्परिक पार्टी के नेताओं का। दिल्ली विधानसभा चुनाव के पहले ‘आप’ के बारे में इनमे से कोई नेता बात तक नहीं कर रहा था। आज आलम ये है कि इनकी जुबान से ‘आप’ हट ही नहीं रही है, चाहे वो भाजपाई हो या फिर कोंग्रेसी।

दिल्ली वाले ख़ुद करें स्टिंग ऑपरेशन, ये कैसी हेल्पलाइन है?

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घूसखोरी के ख़िलाफ़ हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। अब दिल्लीवालों के पास सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ शिकायत करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 011-27357169 है। अरविंद केजरीवाल ने जब 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी तभी उन्होंने दिल्लीवालों से इस हेल्पलाइन का वादा किया था।
बुधवार शाम को इस नंबर को लॉन्च करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि ये हेल्पलाइन नंबर है, यहां आप शिकायत नहीं कर सकते, बल्कि मदद मांग सकते हैं। ये नंबर सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक काम करेगा।
केजरीवाल के मुताबिक कॉल करनेवाले से पूरी जानकारी ली जाएगी और शिकायत करनेवाले को समझाया जाएगा कि वो कैसे घूस मांगनेवाले कर्मचारी या अधिकारी का स्टिंग कर सकता है और स्टिंग हो जाने के बाद शिकायतकर्ता फिर से हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर के बताएगा जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी और स्टिंग ऑपरेशन को बतौर सबूत कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हेल्पलाइन को लाने में देरी होने पर उन्होंने कहा कि हमें बैकएंड तैयार करने में टाइम लग गया क्योंकि हम एंटी करप्शन ब्यूरो को मज़बूत कर रहे थे। 
केजरीवाल का दावा है कि इस ऐलान के बाद अब हर दिल्लीवासी एंटिकरप्शन इंस्पेक्टर बन गया है और वो अब उसे अधिकार है कि वो रिश्वत मांगनेवाले अफसर का स्टिंग ऑपरेशन कर सकता है, उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।

सवालों में सरकार


सीएम का मानना है कि इस मुहिम से अधिकारियों में खौफ पैदा होगा लेकिन इस फ़ैसले पर कई सवाल भी उठ रहे हैं, मसलन

क्या सरकार लोगों की शिकायत को शिकायत न मानकर अपनी ज़िम्मेदारी पल्ला झाड़ रही है?

लोगों को हिम्मत देने की बजाय उन्हें स्टिंग ऑपरेशन जैसे ख़तरनाक काम में कैसे लगा सकते हैं?

आम लोग स्टिंग ऑपरेशन करना नहीं जानते, उन्हें ट्रेनिंग देने का ज़िम्मा सरकार क्यों नहीं लेती?

सरकार अपनी मशीनरी से ख़ुद उस अधिकारी का स्टिंग ऑपरेशन क्यों नहीं करती?

स्टिंग के लिए जो महंगी मशीनरी चाहिए, वो आम जनता कहां से लाएगी?

क्या मुख्यमंत्री सुरक्षा एजेंसी का काम आम लोगों पर नहीं डाल रहे?

क्या दिल्ली की जनता पुलिस की तरह या रिपोर्टरों की तरह काम करने को तैयार है?

क्या स्टिंग ऑपरेशन के बाद कार्रवाई से अच्छा नहीं होता कि अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़ा जाता?

आ रहा है घूसखोरी के ख़िलाफ़ हेल्पलाइन

नई दिल्ली। मंगलवार के आम आदमी पार्टी की सरकार ने नर्सरी एडमिशन को लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किया। अब उम्मीद की जा रही है कि बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी कर सकते हैं। सोमवार को उन्होंने कहा था कि इसके लिए बैक एंड तैयार किया जा रहा है और तैयार होते ही नंबर जारी कर दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ये हेल्पलाइन नंबर 27352525 जारी करते हुए कहा कि अभिभावक इस पर किसी भी तरह की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह नंबर 10 जनवरी से काम करने लगेगा। नर्सरी एडमिशन को लेकर हर साल अभिभावकों को काफी दिक्कतें पेश आती हैं और ये हेल्पलाइन नंबर उनके लिए एक उम्मीद है।

अरविंद केजरीवाल ने शपथ ग्रहण के दिन दिल्लीवालों से कहा था कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी उनसे किसी काम के लिए घूस मांगे तो मना नहीं करना, उसे रंगे हाथों पकड़वाने के लिए हेल्पलाइन पर फोन करना। उन्होंने 3 दिन में घूसखोरी के खिलाफ़ हेल्पलाइन नंबर देने का वादा किया था लेकिन उसके लिए व्यवस्था करने में थोड़ा वक़्त लग रहा है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि पहले एंटी करप्शन ब्यूरो को मज़बूत कर लें और साथ ही शिकायतों को सुनने और उसके निवारण के लिए तकनीकी व्यवस्था कर ली जाए तब हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए। उम्मीद है कि घूसखोरी के ख़िलाफ हेल्पलाइन नंबर आज जारी हो सकता है।

केजरीवाल से आगे निकले रमन सिंह, एंटी करप्शन हेल्पलाइन जारी



रायपुर। ऐसा लगता है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार अरविन्द केजरीवाल की आम आदमी पार्टी से कुछ ज्यादा ही प्रभावित हो गयी है। दिल्ली में ‘आप’ के फैसलों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार भी कुछ वैसे ही फैसले कर रही है। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने राज्य की भाजपा सरकार का चेहरा-मोहरा बदलने के लिए रणनीति शुरू कर दी है और इस मामले में उन्होंने दिल्‍ली की ‘आप’ सरकार को भी पीछे छोड़ दिया है।

दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल ने घोषणा किया है कि वो भ्रष्टाचारियों को पकड़ने के लिए हेल्प लाइन नम्बर जारी करेगी और छत्तीसगढ़ सरकार ने भ्रष्टाचार करने वालो को सबक सिखाने के लिए दो टोल फ्री नंबर जारी भी कर दिया है। इन नम्बरों को डायल कर कोई भी व्यक्ति सीधे भ्रष्टाचारियों और रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकता है। ये नंबर है: 0771-4053739 और 0771-2222410.

इन दोनों नम्बरों पर नगर निगमों, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों के अलावा अर्बन एडमिनिस्ट्रेशन और डिवेलपमेंट विभाग से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत की जा सकती है। नगर प्रशासन विभाग का जिम्मा खुद मुख्यमंत्री रमन सिंह के पास है। लिहाजा वे अपने अधीन विभागों में किसी भी भ्रष्टाचारी कर्मचारी को बर्दाशत नहीं करेंगे।


साथ ही नए साल पर रमन सिंह ने पत्र लिखकर अपने सभी मंत्रियों से कहा था की वे भ्रष्टाचार के मामलों से कड़ाई से निपटे। उन्‍होंने कहा था कि मंत्री खुद भी पारदर्शिता के साथ काम करें, ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लग सके। उधर सरकार के इन फैसलों से कांग्रेस भी घबड़ाई हुई है क्यूंकि वह न तो इन फैसलों की आलोचना कर पा रही है, न ही विरोध। हालांकि इन फैसलों को कांग्रेस सस्ती लोकप्रियता हासिल करने वाला फैसला करार दे रही है। बहरहाल, छत्तीसगढ़ सरकार के इन फैसलों से  आम जनता बहुत खुश है।

जयराम के बाद शत्रुघ्न सिन्हा हुए ‘आप’ के मुरीद


पटना। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने सभी राजनीतिक पार्टियों को ‘आप’ से सबक लेने की सीख दी थी। उन्होंने तो यहाँ तक कह दिया था कि अगर देश की दूसरी पार्टियां ‘आप’ से सबक नहीं लेगी तो वो इतिहास बन जाएगी। अब कांग्रेस नेता के बाद भाजपा में भी ‘आप’ के मुरीद बन गए हैं और ये हैं सिने अभिनेता एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा। 


कल पटना में बिहारी बाबू ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, योगेंद्र यादव, कुमार विश्वास और प्रशांत भूषण की तारीफ करते हुए जीरो से हीरो बनने की उनकी कहानी को अन्य दलों के लिए आंख खोलने वाली सफलता की कहानी बताया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यों पर फैसला सुनाए जाने से पूर्व उन्हें अपनी योग्याता दिखाने के लिए समुचित समय दिया जाना चाहिए।
भाजपा सांसद ने प्रधामंत्री मनमोहन सिंह द्वारा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त बताए जाने पर भी कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना रात में सपने देखने के समान है। अगले लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा द्वारा आज आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेने शत्रुघ्न सिन्हा पटना आए थे।

उन्होंने आम आदमी पार्टी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उक्त दल अपनी इमानदारी और पारदिर्शता के जरिए जिस प्रकार से जनता की आकांक्षाओं पर खरी उतरी, खिलाडी की तरह भावना रखते हुए उनके दल के लोग भी उससे अच्छी बातें सीखें। लगता है इसी बहाने उन्होंने भाजपा के उन नेताओं को आड़े हाथों लिया है जो केजरीवाल के हर काम की सिर्फ आलोचना करने के फिराक में रहते हैं। वैसे शत्रुघ्न सिन्हा के इस केजरी प्रेम का भाजपा पर क्या असर होगा अब ये देखना भी दिलचस्प होगा। 

जल बोर्ड में केजरीवाल ने मचाया हड़कम्प


नयी दिल्ली। कई मंत्रालयों में से एक जल बोर्ड का मंत्रालय भी मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने अपने पास ही रखा है। अब इस मंत्रालय को अपने पास रखने का कारण साफ़-साफ़ दिखने लगा है। क्यूंकि मुख्यमंत्री ने घूसखोरी के आरोप में तीन कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। एक निजी चैनल पर दिखाए स्टिंग ऑपरेशन के बाद तीन कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है, जिसमें दिल्ली जल बोर्ड के दो कर्मचारी हैं। इन्हें कैमरे पर घूस लेते दिखाया गया था। केजरीवाल ने साफ़ शब्दों में कह दिया है कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जल बोर्ड से उन सभी 800 अधिकारियों का तबादला कर दिया गया जो पिछले तीन साल से ज्यादा समय से इसी विभाग में जमे हुए थे। 

एक निजी चैनल के द्वारा किये गए स्टिंग में दिखाया गया था कि हैदरपुर जल शोधक संयंत्र में कार्यरत चीफ वॉटर एनालिस्ट विनोद कुमार पानी की गुणवत्ता के नमूने पास करने के लिए घूस ले रहे हैं। इसी तरह 20 हजार लीटर पानी मुफ्त दिलवाने के नाम पर मीटर रीडर अतुल को घूस लेते और ऐसा मीटर लगाने की बात कहते हुए दिखाया गया था जो मीटर पर 20 हजार लीटर से उपर का आंकड़ा ही नहीं दिखाएगा। स्टिंग ऑपरेशन में दक्षिण पश्चिम जिला के उपायुक्त कार्यालय में पटवारी सुनील कुमार भी फंसा है जो मकान की रजिस्ट्री के लिए सेल डीड की फोटो कॉपी निकालने के लिए रिश्वत के दाम तय कर रहा था। उसने पांच सौ रुपये में जमीन की फर्द दे दी, जबकि सरकारी फीस पांच रुपये है।

‘आप’ की फंडिंग पर गृह मंत्रालय हुआ सख़्त

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आम आदमी पार्टी से एक बार फिर से ये साफ करने को कहा है कि उसकी फंडिंग का ज़रिया क्या है। मंत्रालय ने पाया है कि आम आदमी पार्टी कई राज्यों में अलग-अलग बैंक खातों में विदेशी फंडिंग लेती है, अब उनकी पड़ताल की जा रही है कि कहीं किसी स्तर पर विदेशों से फंडिंग लेने में फॉरेन कान्ट्रिब्यूशन रेगुलेशन एक्ट का उल्लंघन तो नहीं हुआ है।
इस एक्ट के तहत राजनीतिक दल किसी तरह का विदेशी दान नहीं ले सकते। अक्टूबर 2013 में दिल्ली हाईकोर्ट ने गृह मंत्रालय को आम आदमी पार्टी के खातों को जांचने का आदेश दिया था जिस पर आरोप है कि वो विदेशों से फंडिंग लेती रही है जो FCRA के तहत ग़ैरक़ानूनी है। हाईकोर्ट ने मंत्रालय से कहा था कि दिसंबर तक जांच पूरी कर ले लेकिन अब मंत्रालय ने हाईकोर्ट से थोड़ा और वक़्त मांगा है। 
आम आदमी पार्टी का कहना है कि उसने पार्टी के लिए दान लेते वक़्त FCRA का उल्लंघन नहीं किया है। पार्टी का कहना है कि उसने कभी अज्ञात लोगों से, या गुप्त तौर से कोई दान नहीं लिया है और उसे जो भी दान मिला है उसकी पूरी जानकारी वेबसाइट पर है। आप के प्रवक्ता के मुताबिक अगर उन्होंने कुछ भी ग़लत किया है तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। 
गृह मंत्रालय ने आम आदमी पार्टी के पास एक प्रश्नावली भेजी थी लेकिन उनमे दिये गये जवाबों को देखने के बाद मंत्रालय ने फिर से पार्टी से सफ़ाई मांगी है।

देखिए किस बात पर भड़के थे जद यू विधायक शोएब

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने कुछ दिनों पहले कवि सम्मेलन के दौरान कुछ ऐसा कह दिया जो उनके लिए जी का जंजाल बन गया था. बेचारे कवि महाराज हर जगह सफाई देते फिर रहा हैं कि “ये मेरा बयान मेरा किसी राजनीतिक मंच से नहीं था” और इसके लिए मैं माफ़ी भी मांगता हूँ। अब आप ही तय कीजिये कि ये बयां कितना सही था और कितना गलत और शोएब इकबाल की नाराजगी क्यूँ थी इनसे?