Close

सोमनाथ भारती ने कुछ भी ग़लत नहीं किया- केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्री का बचाव किया है। उनके क़ानून मंत्री सोमनाथ भारती पर आरोप लगा है कि उन्होंने वकील रहते हुए भ्रष्टाचार के मामले में अपने मुवक्किल के साथ मिलकर सबूतों के साथ छेड़छाड़ की और गवाह को तोड़ने की कोशिश की।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि क़ानून मंत्री ने कुछ भी ग़लत नहीं किया है और उन पर लगे आरोप सही नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि सबूतों से छेड़छाड़ की बात छोड़िए उन्होंने तो स्टिंग ऑपरेशन में मदद की थी। 
इस मसले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियों नें भारती से इस्तीफ़ा मांगा है। एक अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक स्पेशल सीबीआई जज ने अगस्त के महीने में भारती को फ़टकार लगाई थी। ये मामला स्टेट बैंक ऑफ़ मैसूर के कर्मचारी पवन कुमार से जुड़ा था जिस पर घुसखोरी का आरोप है। सीबीआई ने पवन कुमार और भारती पर अभियोजन पक्ष के एक गवाह को बरगलाने का आरोप लगाया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जज ने भारती और उनके मुवक्किल के व्यवहार के बारे में लिखते हुए कहा था कि ‘ये बेहद आपत्तिजनक और ग़ैरक़ानूनी है’और ये सबूतों से छेड़छाड़ के बराबर है।
हालांकि सोमनाथ भारती ने रिपोर्ट को सही नहीं बताया है उसकी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर के कहा कि, “कुछ समय के लिए इंतज़ार कीजिए, मैं सीबीआई और उसके गठजोड़ के नेक्सस को उजागर करूंगा।”
इससे पहले मंत्री रहते हुए पहले ही हफ़्ते में सोमनाथ भारती तब विवाद में फंस गये थे जब उन्होंने दिल्ली के जजों को अपने अधिकार क्षेत्र के बाहर जाकर बैठक के लिए बुला लिया था और जिसका विरोध क़ानून सचिव किया था और कहा था कि वो जजों को बैठक के लिए नहीं बुला सकते।
इस मसले पर कांग्रेस नेता शकील अहमद ने कहा है कि, “केजरीवाल जी को भ्रष्टाचार बर्दाश्त न करने के अपने वायदे को निभाना होगा” वहीं बीजेपी से डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सोमनाथ भारती पर लगे ये आरोप बेहद गंभीर हैं और उन्होंने क़ानून सचिव के साथ भी बदसलूकी की थी और अब पता चल रहा है कि उन्होंने एक अहम मामले में सबूतों के साथ छेड़छाड़ की।

Madhaw Tiwari is a senior journalist with over 20 years of experience in India's leading news channels.

प्रातिक्रिया दे

Leave a comment
scroll to top