करीब 150 साल पहले अमेरिका की खदानों में काम करने वाले मजदूरों के लिए बनाई गई जींस आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय कपड़ों में शामिल है। कभी भारी मेहनत और रोजाना इस्तेमाल के लिए पहनी जाने वाली यह पैंट आज फैशन का बड़ा हिस्सा बन चुकी है। आखिर मजदूरों की जरूरत से शुरू हुई जींस हर उम्र के लोगों की पसंद कैसे बन गई?
जींस और डेनिम के नाम के पीछे छिपे हैं दो यूरोपीय शहर
जींस और डेनिम इन दोनों नामों की कहानी यूरोप के दो शहरों से जुड़ी है।पहला शहर है इटली का जेनोआ (Genoa)। बताया जाता है कि यहां के नाविक और मजदूर मजबूत सूती कपड़े से बने कपड़े पहनते थे। इसी शहर के नाम से जींस (Jeans) शब्द का रिश्ता जोड़ा जाता है।दूसरी तरफ फ्रांस का नियम (Nîmes) शहर है। यहां एक खास मजबूत कपड़ा बनाया जाता था, जिसे ‘सर्ज डी नियम’ (Serge de Nîmes) कहा जाता था। समय के साथ यही नाम छोटा होकर डेनिम (Denim) बन गया।
मजदूरों की एक परेशानी ने कैसे बदली दुनिया
1850 के दशक के अमेरिका में सोना खोजने की होड़ मची हुई थी, जिसे गोल्ड रश कहा जाता है।लोग सोने की तलाश में खदानों तक पहुंच रहे थे। मजदूर दिनभर भारी औजारों के साथ काम करते थे। इस दौरान उनकी पैंट की जेबें और दूसरे हिस्से जल्दी फट जाते थे।बार-बार पैंट बदलना या सिलवाना आसान नहीं था। मजदूरों को ऐसी पैंट चाहिए थी, जो लंबे समय तक चले और भारी काम के दौरान आसानी से खराब ना हो। इसी जरूरत ने जींस के आइडिया को जन्म दिया।
दर्जी और लिवाई स्ट्रॉस की साझेदारी
नेवादा में रहने वाले दर्जी जैकब डेविस ने मजदूरों की परेशानी का हल खोजा। उन्होंने सोचा कि पैंट की जिन जगहों पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ता है, वहां छोटी-छोटी धातु की कीलें लगा दी जाएं तो कपड़ा जल्दी नहीं फटेगा।उन्होंने जेबों के कोनों और दूसरे कमजोर हिस्सों पर तांबे की छोटी कीलें लगाईं। इन्हें रिवेट्स (Rivets) कहा जाता है। यह तरीका कामयाब रहा, लेकिन जैकब के पास अपने आइडिया को पेटेंट कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे।ऐसे में उन्होंने सैन फ्रांसिस्को के कपड़ा व्यापारी लिवाई स्ट्रॉस (Levi Strauss) से संपर्क किया, जो उन्हें डेनिम कपड़ा सप्लाई करते थे।आखिरकार 20 मई 1873 को तांबे के रिवेट्स वाली पैंट के लिए दोनों को पेटेंट मिला। इसी तारीख को ब्लू जींस के जन्म से जोड़ा जाता है। हालांकि उस समय इसे जींस नहीं, बल्कि ‘वेस्ट ओवरऑल्स’ (Waist Overalls) कहा जाता था।
जींस का रंग नीला ही क्यों रखा गया?
जींस के नीले रंग के पीछे इंडिगो (Indigo) डाई का इस्तेमाल जुड़ा है। डेनिम को नीला रंग देने के लिए इसी डाई का इस्तेमाल किया जाता था।इस रंग की खास बात यह है कि यह धागों की ऊपरी सतह पर ज्यादा रहता है। बार-बार धुलाई और इस्तेमाल के बाद जींस का रंग धीरे-धीरे हल्का पड़ने लगता है। इसी वजह से पुरानी जींस पर फेडेड लुक दिखाई देता है और कपड़ा भी थोड़ा मुलायम हो सकता है।आज कंपनियां इसी लुक को पाने के लिए अलग-अलग तरह की जींस बनाती हैं। लेकिन पहले यह बदलाव इस्तेमाल और धुलाई के कारण आता था।
मजदूरों की पैंट को काउबॉय ने बना दिया पहचान
जींस की कहानी खदानों तक सीमित नहीं रही। 1930 के दशक में हॉलीवुड की वेस्टर्न फिल्मों ने इसे नई पहचान दी।इन फिल्मों में काउबॉय को जींस पहने दिखाया जाता था। घोड़ों पर सवार और खुले मैदानों में घूमते इन किरदारों के साथ जींस का मजबूत और साहसी लुक जुड़ने लगा।धीरे-धीरे जींस सिर्फ मजदूरों की पैंट नहीं रही, बल्कि काउबॉय संस्कृति और एक अलग अंदाज की पहचान बन गई
जेम्सडीन, मार्लन ब्रैंडो ने जींस को बनाया युवाओं की पसंद
1950 के दशक में जेम्स डीन और मार्लन ब्रैंडो जैसे हॉलीवुड सितारे फिल्मों में जींस पहने नजर आए। खासकर Rebel without a cause movie जैसी फिल्मों ने इसे युवाओं के बीच लोकप्रिय बना दिया।उस दौर में जींस पहनना सिर्फ कपड़ा पहनना नहीं था। यह युवाओं के अपने अंदाज और सोच को दिखाने का तरीका भी बन गया था।
जींस पहुंची दुनिया के हर कोने में
1960 और 70 के दशक में हिप्पी संस्कृति और रॉक संगीत ने जींस को और लोकप्रिय बना दिया। इस दौर में इसके डिजाइन में भी कई बदलाव आए। बेल-बॉटम, कढ़ाई और पैचवर्क जैसे नए अंदाज चलन में आए।अब जींस सिर्फ मजबूत पैंट नहीं थी। लोग इसे अपनी पसंद और व्यक्तित्व के हिसाब से पहनने लगे थे। इसे समानता से भी जोड़ा गया, क्योंकि अलग-अलग आर्थिक वर्गों के लोग इसे पहन सकते थे।
जींस ऐसी पहुंची फैशन के बड़े मंच तक
1980 के दशक के बाद बड़े फैशन डिजाइनरों ने भी जींस को नए अंदाज में पेश करना शुरू कर दिया। केल्विन क्लाइन, अरमानी और गुच्ची जैसे बड़े नामों ने इसे फैशन की दुनिया में खास जगह दिलाई।अब जींस सिर्फ रोजमर्रा में पहनने वाला कपड़ा नहीं रही, बल्कि प्रीमियम और लक्जरी फैशन का हिस्सा भी बन गई।






