राज्य

गुजरात में बड़ा सड़क हादसा, 37 की मौत

0
Please log in or register to do it.
गुजरात में बड़ा सड़क हादसा, 37 की मौत - Image 1
गुजरात में बड़ा सड़क हादसा, 37 की मौत - Image 1
सूरत। यहां से 40 किलोमीटर दूर और नवसारी से 10 किलोमीटर दूर नवसारी-बरडोली रोड पर खाड सुपा पुल से पुर्ना नदी में गुजरात रोडवेज की एक बस गिर गई जिससे 37 लोगों की मौत हो गई जबकि 27 लोग ज़ख़्मी हो गये।
यह बस नवसारी से बरडोली होते हुए सोगढ़ जा रही थी। शाम की इस बस में ढेर सारे छात्र सवार थे जो स्कूलों और कॉलेजों से घर वापस जा रहे थे। बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम 5.30 से 6 बजे के बीच में घटी। बस में 50-60 यात्री सवार थे और अधिकतर यात्री गंभीर रूप से ज़ख़्मी हैं जिन्हें नवसारी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
नवसारी की ज़िला कलेक्टर रम्या मोहन मौके पर पहुंचे और कहा कि, “स्थानीय लोगों के मुताबिक फुल स्पीड पर चल रही बस ने एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में हादसा कर दिया। हो सकता है कि उसने ग़लत मोड़ लिया होगा जिससे पूर्ना नदी पर बने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया।”
नदी में ज़्यादा पानी नहीं था, ऐसे में बस खाली जगह पर गिरी और इससे ज़मीन से जबरदस्त टक्कर हुई। राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंचे लोगों को बस की छत को काटकर घायलों को बाहर निकालना पड़ा क्योंकि आस-पास में इतनी बड़ी कोई क्रेन नहीं थी कि बस को उठा सके। बाद में नवसारी के भारी क्रेन को बुलाया गया तब जाकर बस को नदी से बाहर निकाला जा सका।
रम्या मोहन ने कहा कि, “हमने नवसारी के सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों से हर तरह की मदद देने के लिए कहा है और हर कोई सहयोग कर रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक 10 घायलों को मुल्ला अस्पताल, 16 घायलों को नवसारी सदर अस्पताल, 4 घायलों को पारसी जनरल अस्पताल और कुछ को याशफिन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कलेक्टर रम्या मोहन ने बताया कि, “शवों को 4 अलग-अलग अस्पतालों में रखा गया है। पारसी जनरल अस्पताल, नया सदर अस्पताल, मुल्ला अस्पताल और नवसारी का मुल्ला अस्पताल। जब तक इन लोगों के परिजन नहीं आते इनकी पहचान मुश्किल है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया है।

गुजरात में बड़ा सड़क हादसा, 37 की मौत - Image 2




लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें

नेपाल में आया भूकंप, 15 ज़ख़्मी
6 दिसंबर 2016 से राम मंदिर निर्माण होगा शुरू -जगद्गुरु राम भद्राचार्य

Your email address will not be published. Required fields are marked *