राज्य

विनोद कुमार बिन्नी को आम आदमी पार्टी से निकाला गया

0
Please log in or register to do it.
विनोद कुमार बिन्नी को आम आदमी पार्टी से निकाला गया - Image 1
विनोद कुमार बिन्नी को आम आदमी पार्टी से निकाला गया - Image 1
नई दिल्ली। रविवार को आम आदमी पार्टी ने अपने विरोधी विधायक विनोद कुमार बिन्नी को पार्टी से निकाल दिया और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी ख़त्म कर दी गई। पार्टी की तरफ़ से आये एक बयान में कहा गया कि अनुशासन समिति ने फ़ैसला लिया है।
बयान में कहा गया है, “ये अनुशासन समिति तय करती है कि सार्वजनिक तौर पर पार्टी और उसके नेतृत्व पर ग़लत बयानी करने और उससे पार्टी को हुई क्षति को देखते हुए विनोद कुमार को पार्टी से निकाल दिया जाये और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी जाये”
विनोद कुमार बिन्नी लक्ष्मीनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक थे और उन्होंने सार्वजनिक तौर पर पार्टी की नीतियों और अरविंद केजरीवाल सरकार की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाये थे। जिस पर ख़ुद अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वो मंत्री पद न दिये जाने से नाखुश थे और बाद में उन्होंने लोकसभा चुनावों में टिकट की इच्छा ज़ाहिर की थी जिसे खारिज कर दिया गया।

बिन्नी कल से करेंगे अपने ही सरकार के खिलाफ अनशन


आम आदमी पार्टी ने 19 जनवरी को अनुशासन समिति का गठन किया था जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता कर रहे थे। समिति में आशीष तलवार, इलियास आज़मी, योगेंद्र यादव और गोपाल राय सदस्य के तौर पर थे।
आपको बता दें कि विनोद कुमार बिन्नी ने ऐलान किया है कि वो सोमवार से केजरीवाल सरकार के ख़िलाफ़ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। बिन्नी ने हड़ताल पर जाने के फ़ैसले के बाद कहा था कि, “आम आदमी पार्टी चुनाव से पहले किये अपने किसी वायदे को पूरा करने में सफल नहीं रही है। जब हमने लोगों को एक समय सीमा दी थी तो ये हमारा कर्तव्य था कि हम उसे पूरा करें। मैं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जा रहा हूं, जब तक मेरी मांगों को पूरा नहीं किया जाता। लोग और हमारे कार्यकर्ता ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।”
बिन्नी हड़ताल पर जाने से पहले एलजी नजीब जंग से मुलाकात करेंगे।
पार्टी के फ़ैसले के बाद बिन्नी ने कुछ टीवी चैनल्स पर बात की और कहा कि वो किसी और पार्टी में नहीं जाएंगे। बिन्नी ने कहा कि, “मैं आम आदमी पार्टी का मोहताज नहीं। बीजेपी या कांग्रेस में जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। केजरीवाल सरकार गिराना चाहते हैं और जनता के प्रति जवाबदेही से बचना चाहते हैं।”
दूसरी तरफ बीजेपी की ओर से बिन्नी का स्वागत किया जा रहा है। बीजेपी नेता वीके मल्होत्रा ने कहा कि अगर बिन्नी बीजेपी में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

अब हरभजन सिंह बेचेंगे नमकीन
लखनऊ में परेड में आमंत्रित अतिथियों के साथ पुलिस ने की बदसलूकी

Your email address will not be published. Required fields are marked *