Politics

जया बच्चन को राज्यसभा भेजना मेरी गलती थी: अमर सिंह

0
Please log in or register to do it.

मुंबई। गायक राघव सच्चर और फ़िल्म प्रोड्यूसर कुमार मंगत की बेटी अमृता पाठक की शादी के दौरान सबकी नजरें बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और पूर्व सपा नेता अमर सिंह पर टिकी रहीं। पार्टी में आमने-सामने आए इन दोनों शख्सियतों ने सभी को चौंका दिया। हालांकि पहल अमिताभ बच्चन ने की। अमिताभ बच्चन ने सभी गिले-शिकवे भुलाते हुए अमर सिंह को गले लगा लिया। अभिषेक बच्चन ने भी 
अमर सिंह का आदर करते हुए पांव छुए। इस पर अमर सिंह ने भी अभिषेक को गले लगा लिया, लेकिन, जब इस बारे में अमर सिंह से बाद में बात की गई तो उन्होंने बिल्कुल अलग ही रूप दिखाया। वो बिफर पड़े और बोले, ‘मेरे और अमिताभ के बीच किसी तरह का पैचअप नहीं हुआ। मैं तो वहां से चला गया था, तभी अमिताभ का मैसेज आया कि वो मुझसे मिलने चाहते हैं। मैंने उन्हें कहा कि मैं बिजी हूं। और अगर वो वहां भी आ गए तो मैं क्या करूं? मुझे लगता है कि इंडस्ट्री में कोई किसी का दोस्त नहीं होता है। बड़ी अजीब इंडस्ट्री है। अमिताभ बच्चन राजनैतिक रूप से सही हैं। मेरा उनसे कोई विवाद नहीं है। वो बड़े आदमी हैं और मैं छोटा आदमी हूं।’
वैसे जो कुछ भी शादी के आयोजन स्थल पर हुआ, उसके बारे में हम आपको बता दें कि सूत्रों के अनुसार अमिताभ अपने बेटे के साथ होटल में पहुंचे थे। एंट्री करते ही बिग बी की आंखें अमर सिंह पर पड़ीं, लेकिन वे नजरें चुराकर आगे बढ़ गए। अमर सिंह भी नजर बचाते हुए अमिताभ की नजरों से अलग चले गए। इसके बाद अमिताभ ने स्टेज पर पहुंचकर अमृता और राघव को आशीर्वाद दिया। स्टेज से खड़े अमिताभ की नजरें अमर सिंह को ढूंढने लगीं। अमिताभ के पूछने पर किसी ने उन्हें बताया कि अमर सिंह अपने प्राइवेट रूम में हैं। फिर अमिताभ अमर सिंह से मिलने उनके रूम तक पहुंचे तो वे बाहर ही खड़े थे। अमिताभ ने रूम के बाहर खड़े अमर सिंह को पीछे से गले लगा लिया। आश्‍चर्य में पड़े अमर ने पीछे मुड़कर अमिताभ को देखा तो उनसे भी रुका नहीं गया और दोनों ने एक-दूसरे को गले से लगा लिया।
अमर सिंह ने मीडिया से कहा, ‘मेरी गलती थी कि मैं जया बच्चन को राज्यसभा तक ले गया। मैनें कभी नहीं सोचा था कि वो मेरे खिलाफ ही कुछ करेंगी। अब मैं उनके साथ दोस्ती कैसे कर सकता हूं।’ इसके बाद जब अमर सिंह से अभिषेक के पैर छूने वाली बात के बारे में सवाल किया गया, तो वो बोले, ‘वैसे तो अखिलेश (सिंह यादव) भी मेरे पैर पड़ता है। जब अभिषेक ने मेरे पैर छुए तो मैनें उसे आशीर्वाद दिया। वो मेरे बेटे की तरह है। उसकी क्या गलती। उससे क्या दुश्मनी है? मैं एक भद्र इंसान हूं और कोई भद्दा कमेंट नहीं करना चाहता हूं। अमिताभ बच्चन ने मेरे लिए किया ही क्या है? मुझे उनसे कभी कोई फायदा हुआ है क्या?’
अमर ने ये भी कहा, ‘किसी को इस बारे में ज्यादा बात नहीं करनी चाहिए। हमारे बीच सिर्फ दो मिनट बात हुई। उस समय अमिताभ ने मुझसे मेरी हेल्थ के बारे में पूछा। इससे ज्यादा हमारे बीच कोई खास बात नहीं हुई।’
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें
भारती के छापे पर कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
जया बच्चन को राज्यसभा भेजना मेरी गलती थी: अमर सिंह

Your email address will not be published. Required fields are marked *