मुख्य सामग्री पर जाएं
ताज़ा ख़बर

परिसीमन बिल क्या है? 2029 के चुनाव से पहले क्यों छिड़ी सरकार-विपक्ष में बहस

प्रकाशित: 5 मिनट में पढ़ें
WhatsApp X Telegram

लोकसभा की सीटें बढ़ाने, महिलाओं को 33% आरक्षण देने और चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का प्रस्ताव देश की राजनीति में बड़ी बहस बन गया है। सरकार इसे संसद में महिलाओं और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बता रही है, प्रस्ताव है कि लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जाए, मौजूदा सीटों में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी हो और 2029 के आम चुनाव से महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाए। लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके समेत कई विपक्षी दल इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।

परिसीमन क्या होता है?

परिसीमन का मतलब है लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा तय करना। इसका मकसद आबादी के हिसाब से हर चुनाव क्षेत्र में मतदाताओं का संतुलन बनाना है। आसान भाषा में कहें तो किस इलाके से कितने लोग एक सांसद चुनेंगे, यह परिसीमन से तय होता है।

विज्ञापन

लोकसभा की सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव क्या है?

प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा में अधिकतम सदस्यों की संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जा सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रस्ताव है। मौजूदा 543 सीटों में करीब 50% बढ़ोतरी के फॉर्मूले के तहत उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से 120, तमिलनाडु की 39 से 59 और कर्नाटक की 28 से 42 करने का प्रस्ताव है।सरकार का तर्क है कि इससे सांसदों पर मतदाताओं का दबाव कम होगा और लोगों की समस्याएं संसद तक बेहतर तरीके से पहुंच सकेंगी।

महिला आरक्षण का परिसीमन से क्या संबंध है?

नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान है। पहले इसे जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया था। नए प्रस्ताव में 2011 की जनगणना के आधार पर आरक्षण लागू करने की बात कही गई है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव में इसका फायदा मिल सके। प्रस्ताव के मुताबिक, 815 सीटों में करीब 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। SC/ST वर्ग की महिलाओं के लिए भी आरक्षण में हिस्सेदारी का प्रावधान है।

OBC महिलाओं के आरक्षण पर भी विवाद

समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल समेत कुछ विपक्षी दलों की मांग है कि महिला आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं के लिए भी अलग उप-आरक्षण होना चाहिए। इन दलों का कहना है कि सिर्फ 33 फीसदी महिला आरक्षण से समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को बराबर प्रतिनिधित्व मिलना सुनिश्चित नहीं होगा। जाति जनगणना की मांग भी इसी बहस का हिस्सा है। विपक्ष का तर्क है कि जब तक अलग-अलग सामाजिक वर्गों की आबादी और उनकी स्थिति के आंकड़े सामने नहीं आते, तब तक प्रतिनिधित्व की सही तस्वीर तय करना मुश्किल होगा।

दक्षिण भारत को लेकर क्यों उठ रहे सवाल?

विपक्ष का कहना है कि आबादी के आधार पर सीटें बढ़ाने से उन राज्यों को नुकसान हो सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम किया है। खासतौर पर दक्षिण भारतीय राज्यों को चिंता है कि लोकसभा में उनका राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है।वहीं, सरकार का दावा है कि प्रस्तावित फॉर्मूले से दक्षिण भारत की सीटें भी बढ़ेंगी और संसद में उनका हिस्सा लगभग पहले जैसा रहेगा।

विपक्ष की आपत्तियां क्या हैं?

विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन का इंतजार नहीं होना चाहिए। इसे मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही लागू किया जा सकता है। इसके अलावा विपक्ष 2011 की जनगणना को पुराना आधार मानता है। कुछ दल OBC और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए अलग प्रावधान की मांग भी उठा रहे हैं। चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक फायदे के लिए बदलाव किए जाने की आशंका को गेरिमैंडरिंग कहा जाता है।

लोकसभा में क्या हुआ था?

17 अप्रैल 2026 को संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर लोकसभा में मतदान हुआ। कुल 528 सांसदों ने मतदान किया। बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। इसे पारित करने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण विधेयक पास नहीं हो सका।इसके बाद सरकार ने संशोधित प्रस्ताव के साथ विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया

आम लोगों पर क्या असर पड़ सकता है?

अगर प्रस्ताव लागू होता है, तो लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ सकती है। महिला आरक्षण लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने का रास्ता खुलेगा। वहीं, सीटों के बंटवारे और परिसीमन के तरीके का असर राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर भी पड़ सकता है।यही वजह है कि परिसीमन बिल केवल संसद की सीटें बढ़ाने का मामला नहीं है। इससे महिला आरक्षण, राज्यों के प्रतिनिधित्व और देश के राजनीतिक संतुलन से जुड़े कई सवाल जुड़े हैं।

 

प्रातिक्रिया दे