लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा ने अमेठी का अपना दौरा रद्द कर दिया है। अमेठी से सांसद राहुल गांधी को 10 जनवरी को यानी आज अपने क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करना था। राहुल की रैली आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास की रैली के ठीक दो दिन पहले थी। वहीं प्रियंका को 11 जनवरी यानी शनिवार को वहां पहुंचना था जहां वो पंचायतों और वार्ड कमेटियों से मिलनेवाली थीं।
कांग्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि अब उनका संभावित कार्यक्रम 17 जनवरी के आस-पास का बना है जबकि 17 जनवरी को दिल्ली में AICC की अहम बैठक है। हालांकि अभी तक कार्यक्रम तय नहीं है।
बृहस्पतिवार को ही आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने कहा था कि उनका अमेठी का कार्यक्रम एक महीने से तय है और राहुल गांधी ने अचानक उनकी रैली से दो दिन पहले अपनी रैली रख ली जो उनके डर को दिखाता है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को अगर अपनी साख बचानी है तो राहुल को संसद न जाने दे।
वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता विश्वास की रैली के ठीक दो दिन पहले राहुल की रैली रखने को लेकर चुप्पी साधे बैठे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने उसी दिन प्रियंका वाड्रा का जन्मदिन मनाने के लिए दोगुनी मेहनत की थी। एक स्थानीय कार्यकर्ता के मुताबिक उन्होंने केक काटने की व्यवस्था तो नहीं की थी लेकिन उन्होंने रामलीला मैदान में एक शानदार समारोह का कार्यक्रम बनाया था जिसमें अमेठी के ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को बुलाया गया था
बृहस्पतिवार को राहुल को अमेठी में रैली करने से पहले स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की 9 शाखाओं, एक एफएम रेडियो स्टेशन, रेल नीर के प्लांट और एक रेलवे शॉपिंग कॉमप्लेक्स का उद्घाटन करना था।
वहीं कुमार विश्वास 12 जनवरी को राहुल गांधी के ख़िलाफ़ रामलीला मैदान में रैली करनेवाले हैं। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता को लेकर परेशान हैं। एक अनुमान के मुताबिक करीब 25000 लोगों ने अमेठी में आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया है।







