नई दिल्ली। अव्यवस्था के चलते भीड़ बढ़ने के बाद अरविंद केजरीवाल जनता दरबार से चले गये थे लेकिन कुछ देर बाद वो सड़क की तरफ़ वाली सचिवालय की छत पर आए और लोगों से अव्यवस्था के लिए माफ़ी मांगी और कहा कि बुधवार तक सब ठीक हो जाएगा, फिलहाल मंगलवार तक सचिवालय के बाहर सड़क पर केजरीवाल कैबिनेट की जनसभा नहीं लगेगी।
उन्होंने सड़क पर खड़े शिकायतकर्ताओं से अपील की कि वो अपने घर चले जाएं। उन्होंने ख़ुद के वहां से चले जाने पर सफ़ाई दी कि उनके मेज़ पर लोग खड़े हो गये थे, इसलिए उन्हें वहां से जाना पड़ा।
शिकायतकर्ताओं में ज़्यादा संख्या में वो लोग थे जो अस्थायी तौर पर डीटीसी और एमसीडी में काम कर रहे हैं। उन लोगों की मांग थी कि जैसा कि आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र में वादा किया गया था, उन्हें स्थायी किया जाए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनसे 2 महीने का वक़्त मांगा है और कहा है कि वो इस पर काम कर रहे हैं।
अरविंद ने ठेका कर्मचारियों से निवेदन किया कि वो अगली बार यहां अपनी समस्या लेकर न आएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों को परमानेंट करने की व्यवस्था को लेकर वो विभागों से ब्यौरा ले रहे हैं और एक हफ़्ते में जवाब मिलने पर करीब 2 महीने के भीतर बड़ा फ़ैसला ले लिया जाएगा।







