टैग पुरालेख: BJP

कौन हैं यूपी के ये 3 बाहुबली, धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह की कहानी, जो कभी थे दोस्त

कॉलेज के दिनों की दोस्ती, आपसी दुश्मनी और चुनावी जीत-हार उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुछ नाम ऐसे हैं, जिनकी चर्चा सिर्फ चुनाव, विधानसभा और राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रहती. इन नामों के साथ कभी छात्र राजनीति का दौर जुड़ता है, कभी अपराध की दुनिया में वर्चस्व की लड़ाई की कहानियां सामने आती हैं, तो कभी सत्ता के गलियारों में बदलते राजनीतिक समीकरणों की चर्चा होती है. पूर्वांचल की सियासत में धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह ऐसे ही तीन चर्चित नाम हैं

दिलचस्प बात ये है कि तीनों ने अलग-अलग रास्तों से राजनीति में अपनी जगह बनाई, लेकिन इनके नामों के साथ जुड़ी घटनाओं ने उत्तर प्रदेश की सियासत में बाहुबली नेताओं की भूमिका पर लगातार बहस भी पैदा की ।

आखिर कौन हैं धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह? इनका राजनीतिक सफर कैसे शुरू हुआ? किसकी कहानी में दोस्ती दुश्मनी में बदली और किसने जेल में रहते हुए चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई? आइए, एक-एक करके समझते हैं ।

1. धनंजय सिंह: जौनपुर की राजनीति में कैसे बना बड़ा नाम?

पूर्वांचल की राजनीति में धनंजय सिंह का नाम लंबे समय से चर्चा में रहा है । जौनपुर के बनसफा गांव से निकलकर विधायक और सांसद तक का सफर तय करने वाले धनंजय सिंह की कहानी में छात्र राजनीति, आपराधिक मुकदमों और चुनावी राजनीति के कई अहम मोड़ आते हैं.

साधारण परिवार से शुरू हुआ सफर

धनंजय सिंह का जन्म 16 जुलाई 1975 को जौनपुर के बनसफा गांव में हुआ था. उनके पिता बैंक में काम करते थे । शुरुआती जीवन सामान्य पारिवारिक माहौल में बीता । उन्होंने जौनपुर के टीडी कॉलेज से पढ़ाई की और इसके बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी पहुंचे। कॉलेज का दौर उनके जीवन में एक बड़ा बदलाव लेकर आया । साल 1991 में, जब उनकी उम्र करीब 15 साल थी, मारपीट से जुड़े एक मामले में उनका नाम आया और पहला मुकदमा दर्ज हुआ. इसके बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी में उनकी पहचान छात्र राजनीति से जुड़ने लगी ।

एनकाउंटर में मृत घोषित होने की कहानी ने खींचा ध्यान

धनंजय सिंह की जिंदगी का एक ऐसा प्रसंग भी चर्चा में रहा, जिसने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में ला दिया। साल 1998 में पुलिस ने एक एनकाउंटर में उन्हें मृत घोषित कर दिया था । लेकिन करीब चार महीने बाद वो अदालत में जीवित पेश हुए। इस घटना के बाद उनकी कहानी को मीडिया में ‘द क्रिमिनल हू केम बैक फ्रॉम डेड’ जैसे नामों से भी चर्चा मिली।

निर्दलीय विधायक से सांसद तक का सफर

धनंजय सिंह ने साल 2002 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के जरिए अपनी औपचारिक राजनीतिक पारी शुरू की । उन्होंने जौनपुर की रारी विधानसभा सीट, जिसे अब मल्हनी कहा जाता है, से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की ।ये जीत उनके राजनीतिक सफर का बड़ा पड़ाव थी । इसके बाद साल 2009 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर उन्होंने जौनपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और सांसद चुने गए। इस तरह छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर विधानसभा और फिर संसद तक पहुंचा.

परिवार और निजी जिंदगी भी रही चर्चा में

धनंजय सिंह की निजी जिंदगी भी कई बार खबरों में रही है. उनकी पहली पत्नी मीनू सिंह का निधन हो गया था । दूसरी पत्नी डॉ. जागृति सिंह से उनका तलाक हुआ। साल 2017 में उन्होंने श्रीकला रेड्डी से शादी की. श्रीकला रेड्डी जौनपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और एक बड़े कारोबारी-राजनीतिक परिवार से जुड़ी हैं ।

कानूनी मामलों ने भी बनाए रखी सुर्खियां

धनंजय सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और रंगदारी समेत 40 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। साल 2024 में नमामि गंगे परियोजना के एक मैनेजर के अपहरण और रंगदारी से जुड़े मामले में MPMLA कोर्ट ने उन्हें 7 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली। ये मामला उनके राजनीतिक सफर का एक अहम कानूनी पड़ाव रहा।

2. अभय सिंह: लखनऊ यूनिवर्सिटी की दोस्ती से पूर्वांचल की राजनीति तक

अभय सिंह का नाम उत्तर प्रदेश की राजनीति में खास तौर पर इसलिए चर्चा में रहा है, क्योंकि उनका शुरुआती राजनीतिक और व्यक्तिगत सफर धनंजय सिंह से जुड़ा हुआ था। कभी दोनों को करीबी दोस्त बताया जाता था, लेकिन बाद में यही दोस्ती गहरी दुश्मनी में बदल गई.

जौनपुर में जन्म, लखनऊ में राजनीतिक पहचान

अभय सिंह का जन्म 24 मई 1974 को जौनपुर में भगवान बक्स सिंह के घर हुआ था। उनका मुख्य राजनीतिक प्रभाव अयोध्या (फैजाबाद) और लखनऊ के आसपास रहा। उन्होंने साल 1994 में लखनऊ यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उनके नाना राजकेशर सिंह जौनपुर से भाजपा सांसद रह चुके थे। इस वजह से परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी उनके परिचय का हिस्सा रही।

धनंजय सिंह के साथ कभी थी गहरी दोस्ती

लखनऊ यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान धनंजय सिंह और अभय सिंह एक ही गुट में बताए जाते हैं। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों की गतिविधियों और प्रभाव की चर्चा कॉलेज परिसर से लेकर जौनपुर तक होती थी। दोनों ने मिलकर जौनपुर में ‘छात्र कर्फ्यू’ तक लगाया था. हालांकि, समय के साथ ठेकेदारी, रेलवे टेंडर और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे। यही मतभेद आगे चलकर एक बड़े विवाद में बदल गए।

टकसाल सिनेमा हॉल के सामने हुई घटना के बाद बदले रिश्ते

साल 2002 में वाराणसी के टकसाल सिनेमा हॉल के सामने धनंजय सिंह के काफिले पर जानलेवा हमले की घटना हुई। इस मामले में अभय सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया। इस घटना के बाद दोनों के बीच रिश्ते पूरी तरह बदल गए। जिस दोस्ती की शुरुआत विश्वविद्यालय के दिनों में हुई थी, वो आगे चलकर पूर्वांचल की राजनीति की चर्चित प्रतिद्वंद्विता में बदल गई।

समाजवादी पार्टी के टिकट पर बने विधायक

अभय सिंह ने साल 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गोसाईगंज सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीतकर पहली बार विधायक बने। इसके बाद साल 2022 में भी उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की । इस तरह उन्होंने अपनी राजनीतिक पकड़ को दोबारा साबित किया । फरवरी 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग करने के बाद जून 2025 में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया । साल 2024 में उनकी पत्नी और पिता भाजपा में शामिल हुए थे, और समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद अक्टूबर 2026 को अभय सिंह औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए हैं

गंभीर आपराधिक मुकदमों के कारण भी चर्चा

अभय सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत 10 से ज्यादा गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, बुहजन समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हुए सीएमओ विनोद आर्या हत्याकांड में भी उनका नाम सामने आया था। हालांकि, बाद में सीबीआई जांच में उनके खिलाफ सबूत नहीं मिले।

3. बृजेश सिंह: पूर्वांचल की राजनीति में अपराध से लेकर सदन तक का सफर

धनंजय सिंह और अभय सिंह की कहानी जहां दोस्ती और दुश्मनी के इर्द-गिर्द घूमती है, वहीं बृजेश सिंह का नाम पूर्वांचल में अपराध, राजनीतिक प्रभाव और पारिवारिक सियासी पकड़ के चलते चर्चा में रहा, वाराणसी के धौरहरा गांव से निकलकर विधान परिषद तक पहुंचने वाले बृजेश सिंह की कहानी भी दिलचस्प है।

जमींदार परिवार में हुआ जन्म

बृजेश सिंह का जन्म 1 जुलाई 1968 को वाराणसी के धौरहरा गांव में हुआ था । उनके पिता का नाम रवींद्र नाथ सिंह था। उनका परिवार क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक रूप से प्रभावशाली रहा है। परिवार के कई सदस्य वाराणसी और चंदौली की राजनीति में सक्रिय रहे हैं उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह वाराणसी से MLC रही हैं। उनके भतीजे सुशील सिंह चंदौली की सैयदराजा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं।

पिता की हत्या के बाद बदली जिंदगी

बृजेश सिंह की जिंदगी का एक बड़ा मोड़ साल 1984 में आया, जब उनके पिता रवींद्र सिंह की गांव के कुछ विरोधियों ने हत्या कर दी। पिता की हत्या के बाद बृजेश सिंह का नाम बदले की घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ने लगा. इसके बाद 1986 के सिकरौरा नरसंहार में 6 लोगों की हत्या की घटना ने पूरे पूर्वांचल का ध्यान खींचा । इन घटनाओं के बाद उनका नाम क्षेत्र में आपराधिक वर्चस्व और गैंगवार की चर्चाओं के साथ जुड़ गया ।

कोयला सिंडिकेट और ठेकों को लेकर भी चर्चा

बृजेश सिंह का नाम कोयला सिंडिकेट, रेलवे स्क्रैप और पूर्वांचल के ठेकों से जुड़े विवादों में भी सामने आता रहा । उनका नाम मुख्तार अंसारी गैंग के साथ लंबे समय तक चली प्रतिद्वंद्विता और गैंगवार की खबरों में भी चर्चा में रहा । साल 2001 का उसरी चट्टी कांड इस संघर्ष से जुड़ी प्रमुख घटनाओं में गिना जाता है। पूर्वांचल की राजनीति और अपराध के इतिहास को समझने वालों के लिए ये दौर काफी अहम माना जाता है। उस वक्त ठेकेदारी, स्थानीय प्रभाव और राजनीतिक ताकत के बीच टकराव की खबरें लगातार सामने आती थीं ।

जेल से चुनाव लड़ा, फिर बने MLC

बृजेश सिंह ने साल 2012 के विधानसभा चुनाव में जेल में रहते हुए राजनीतिक किस्मत आजमाई । उन्होंने चंदौली की सैयदराजा विधानसभा सीट से प्रगतिशील मानव समाज पार्टी (PMSP) के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन करीबी मुकाबले में हार गए । इसके बाद मार्च 2016 में उन्होंने जेल से ही वाराणसी स्थानीय निकाय सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर एमएलसी का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की । ये उनके राजनीतिक जीवन का एक बड़ा मोड़ था। विधानसभा चुनाव में हार के बाद विधान परिषद तक पहुंचने ने उनकी राजनीतिक स्थिति को एक नया आयाम दिया.

गिरफ्तारी से जमानत तक की कहानी

बृजेश सिंह के खिलाफ हत्या, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट और मकोका समेत कई गंभीर मामलों में 30 से ज्यादा अपराधिक मामले दर्ज थे। लंबे वक्त तक फरार रहने के बाद साल 2008 में उन्हें ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया गया था । इसके बाद साल 2022 में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर वह जेल से बाहर आए ।

तीनों की कहानियों में क्या है सबसे बड़ा अंतर?

धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह की कहानियां कई जगह एक-दूसरे से मिलती हैं, लेकिन इनके राजनीतिक सफर के रास्ते अलग रहे हैं.
धनंजय सिंह ने छात्र राजनीति से शुरुआत की और निर्दलीय विधायक बनने के बाद बसपा के टिकट पर लोकसभा तक पहुंचे। अभय सिंह ने लखनऊ यूनिवर्सिटी के दौर से राजनीतिक पहचान बनाई। बाद में समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोसाईगंज से विधायक बने और फिर उनकी राजनीतिक निष्ठा को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिले । वहीं बृजेश सिंह ने जेल में रहते हुए चुनाव लड़ा. विधानसभा चुनाव हारने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधान परिषद पहुंचे ।

पूर्वांचल की राजनीति में बाहुबली नेताओं का प्रभाव क्यों रहा है?

पूर्वांचल की राजनीति को समझने के लिए सिर्फ चुनावी आंकड़ों और राजनीतिक दलों को देखना पर्याप्त नहीं है । यहां स्थानीय स्तर पर प्रभाव, सामाजिक समीकरण, परिवारों की राजनीतिक भूमिका और ठेकेदारी जैसे मुद्दों की भी चर्चा होती रही है। कई बार ऐसे नेता चुनावी मैदान में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरते हैं और जीत हासिल करते हैं । कुछ राजनीतिक दलों के टिकट पर सदन तक पहुंचते हैं, वहीं कुछ नेताओं की पहचान उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमों के कारण भी चर्चा में रहती है ।धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह की कहानियां इसी जटिल राजनीतिक तस्वीर को सामने रखती हैं। एक दौर में छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर आगे चलकर विधानसभा, लोकसभा और विधान परिषद तक पहुंचा। दोस्ती और दुश्मनी के रिश्ते बदले, राजनीतिक दल बदले और कानूनी लड़ाइयां भी जारी रहीं ।
इन तीनों के सफर को समझना दरअसल पूर्वांचल की राजनीति के उस दौर को समझना है, जहां स्थानीय प्रभाव, राजनीतिक महत्वाकांक्षा और कानून से जुड़े सवाल एक साथ दिखाई देते हैं।

Lucknow । विधानभवन पर धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह, कांग्रेस और सपा दफ्तर में भी आयोजन, अखिलेश यादव ने इटावा में फूंका बिगुल

लखनऊ । 72वां गणतंत्र दिवस पूरे देश में धूमधाम और परम्परागत तरीके से मनाया गया, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राज्यपाल आंदनीबेन पटेल ने विधानभवन पर तिरंगा फहराया, इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री और प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा। विधानभवन पर भव्य गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ झांकियों को भी निकाला गया, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर तिरंगा फहरा कर गणतंत्र दिवस मनाया और कहा कि “महिला-पुरुष के बीच लिंग के आधार पर होने वाला भेदभाव हो या जाति, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव हो, भारत के संविधान ने कभी भी इस प्रकार की विकृति को कोई भी महत्व नहीं दिया है।”

  • धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह 
  • विधानभवन पर गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने किया ध्वजारोहण 
  • सपा संरक्षक मुलायम सिंह ने मनाया गणतंत्र दिवस 
  • कांग्रेस मुख्यालय पर भी धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस 
  • अखिलेश यादव ने इटावा में ट्रैक्टर पर चढ़कर मनाई 26 जनवरी 

गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय पर भी भव्य आयोजन किया गया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने झंडारोहण किया, इस अवसर पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने के लिए शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। युवाओं को वरिष्ठ कांग्रेसियों ने आजादी के संघर्षों के बारे में बताया। 
वहीं सीएलपी लीडर आराधना मिश्रा मोना और उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने एक दूसरे को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और बच्चों के साथ गणतंत्र दिवस की खुशियों को साझा किया। प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह को भी ललन कुमार ने गणतंत्र दिवस की बधाई दी और कई वरिष्ठ और युवा साथियों के साथ गणतंत्र दिवस समारोह मनाया । 

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सपा मुख्यालय पर धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया, इस अवसर पर वरिष्ठ समाजवादी नेता नरेश उत्तम, एमएलसी अहमद हसन, आशू मलिक समेत कई वरिष्ठ और युवा नेताओं ने शिकरत की। गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश भक्ति गीतों से सपा मुख्यालय पर समां बंध गया। 

वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, सुनील साजन, आनंद भदौरिया समेत कई नेताओं ने इटावा में ट्रैक्टर ट्राली पर चढ़कर राष्ट्रगान गाकर गणतंत्र दिवस मनाया और बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों और नए कृषि कानूनों के खिलाफ और किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया। अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा “कि वो लोग कुछ लोगों को किसान और खेती में कंट्रोल करने के लिए देना चाहते हैं, राज्यसभा में बिना बहुमत के केंद्र सरकार ने कृषि बिल को पास कराया था, जनता के पैसे से जो बना है उसको छीना जा रहा है।”

लखनऊ में जिलाधिकारी कार्य पर डीएम अभिषेक प्रकाश ने झंडारोहण किया और महात्मा गांधी को याद करते हुए उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए, आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी का बहुत अहम योगदान था इसलिए देश महात्मा गांधी को बापू कहता है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश भक्ति गीतों का सामूहिक गायन भी प्रस्तुत किया गया।
वहीं लखनऊ कमिश्नर डीके ठाकुर ने वीरता का परिचय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया और उनको शपथ भी दिलाई। 

ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन


 

 


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


Lucknow । कोरोना प्रोटोकाल के तहत भीड़ इकट्ठा करने पर जेपी नड्डा पर एफआईआर कब होगी? – ललन कुमार

लखनऊ । उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे पर जमकर निशाना साधा, ललन कुमार ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन सरकार के हाथों की कठपुतली बन गया है, जहां एक ओर बीजेपी के कार्यक्रमों में भीड़ होती है तो वो पुलिस और प्रशासन को नहीं दिखती वहीं विपक्ष के लोग अगर कोई कार्यक्रम करते हैं तो उसमें कोरोना के प्रोटोकाल का उल्लघंन हो जाता है और विपक्ष के लोगों पर पुलिस प्रशासन जबरन एफआईआर दर्ज करके कानून का दुरुपयोग करता है। 
  • भीड़ इकट्ठा करने पर मुझ पर FIR हुई थी- ललन कुमार 
  • टूटी-फूटी सड़कों पर विकास कैसे दौड़ेगा जेपी नड्डा?- ललन कुमार 
  • जेपी नड्डा हाथरस और बदायूं की वारदातें भूले- ललन कुमार 
  • सांसदों के गोद लिए गांवों की हालत बेहद खराब- ललन कुमार 

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दो दिवसीय लखनऊ के दौरे पर कई कार्यक्रमों में शिरकत की उसको लेकर ललन कुमार ने कहा कि 28 दिसंबर 2020 को किसानों के अधिकारों के लिए की गयी “काँग्रेस सन्देश यात्रा” को पुलिस द्वारा रोकने के कई प्रयास किये गए थे। जब किसान भाई नहीं माने तो मुझ पर और मेरे साथियों पर कोरोना प्रोटोकाल के तहत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गयी थी। कहा जा रहा था कि कोरोना से सुरक्षा के चलते हम पर एफआईआर की गयी। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछूँगा कि जेपी नड्डा के लखनऊ आगमन पर हुए कार्यक्रमों में जो भीड़ आई क्या उन्हें कोरोना प्रोटोकाल के तहत बुलाया गया था? क्या इस कारण जेपी नड्डा पर एफआईआर नहीं होनी चाहिए? 

ललन कुमार कहते हैं कि विकास-विकास कहकर पूरे प्रदेश को गुमराह कर रहे जेपी नड्डा ज़रा प्रदेश के कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सड़कों का हाल देखें। “आदर्श ग्राम योजना” के तहत सांसदों के गोद लिए गए गांवों की भी हालत बेहद खराब है। सड़कें तो मानो हैं ही नहीं। ऐसे में आपके मुँह से विकास की बात सुनता हूँ तो बुरा लगता है। अब बताइए प्रदेश की टूटी फूटी सड़कों पर विकास कैसे दौड़ेगा? ललन कुमार जमीन पर लोगों से मिलते हैं और उनकी समस्याओं को सुनते और समझते है, उन्होंने आगे कहा कि मन की बात से कुछ नहीं होने वाला मन की बात में सिर्फ एक तरफ से संवाद किया जाता है, दूसरों की बात कोई नहीं सुनता। सत्ता में आसीन पदाधिकारी आसमान से उतर करके जमीन पर हकीकत देखेंगे तो हैरान रह जाएंगे, कि जो विकास की बाते करते हैं जमीन पर कहीं दिखाई नहीं देती हैं, ग्रामीण इलाकों में गड्ढों में सड़क खोजनी पड़ती है। 
ललन कुमार ने रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के गोद लिए गांव दुर्जनपुर में भी जाकर लोगों की समस्याओं को देखा था कि कैसे वहां पर नालियां बजबाजा रही हैं और राजनाथ सिंह भी लखनऊ आते हैं पर उनके पास इतना भी वक्त नहीं होता है कि अपने आदर्श गांव की दुर्दशा को देख सकें, जब इनका ये हाल है तो बाकियों का भी ऐसा ही हाल होगा। 
कानून व्यवस्था पर जेपी नड्डा के योगी सरकारी की तारीफ करने पर ललन कुमार कहता है कि प्रदेश सरकार में लगातार वारदातें हो रही हैं, हत्या की वारदातें खुलेआम राजधानी लखनऊ में हो जाती है, बदमाशों का पुजारियों की हत्या करने का सिलसिला थम नहीं रहा है, महिला उत्पीड़न की घटनाएं प्रदेश में रोजाना दर्जनभर से ज्यादा होती है, बलात्कार की वारदातें प्रदेश में लगातार हो रही हैं, प्रदेश में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं है, मगर जेपी नड्डा ने इस व्यवस्था की समीक्षा शायद हवाई बातों से ही कर ली थी। हाथरस और बदायूं में पुलिस ने पीड़ित लोगों के साथ जो व्यवहार किया वह कोई भूल नहीं सकता, पता नहीं ये भाजपाई लोग इन मामलों को कैसे भूल जाते हैं। जेपी नड्डा ने यूपी के लॉ एंड आर्डर की तारीफ की मगर ‘हाथरस और बदायूँ” की हृदय विदारक घटनाओं को भी भूल गए। 
ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


Lucknow । यूपी में विधान परिषद की 12 सीटों के लिए 13 प्रत्याशियों ने किए नामांकन, महेश चंद्र शर्मा ने भी पर्चा भरा


लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में कानपुर के महेश चंद्र शर्मा के पर्चा भरने पर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं, बिना प्रस्तावक के महेश चंद्र ने नामांकन किया है, लोगों की माने तो पहले भी महेश चंद्र ने कई बार चुनाव लड़ने के लिए पर्चे दाखिल किए हैं। वहीं बीजेपी के सभी 10 प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया है, सपा के दो प्रत्याशी अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी पहले ही नामांकन कर चुके हैं। विधान परिषद के लिए बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के थोड़ी ही देर बाद कानपुर के महेश चंद्र शर्मा ने भी नामांकन दाखिल किया, 12 सीटों पर अब 13 प्रत्याशियों के दावेदारी ठोकने पर चुनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, महेश चंद्र राज्यसभा चुनाव में भी नामांकन दाखिल किया था, इनके पास प्रस्तावक नहीं है। कल नामांकन पत्रों की जांच के बाद तय हो जाएगा कि विधान परिषद के लिए वोटिंग की जरूरत पड़ेगी कि नहीं। 
  • बीजेपी के 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किए 
  • नामांकन में सीएम, डिप्टी सीएम केशव मौर्या भी रहे मौजूद 
  • सपा के दो प्रत्याशी और महेश चंद्र ने निर्दलीय पर्चा भरा 
  • महेश चंद्र का पर्चा खारिज नहीं हुआ तो होगी वोटिंग
बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, मंत्री महेंद्र सिंह, संगठन महामंत्री विजय बहादुर पाठक समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा, लक्ष्मण आचार्य, गोविंद नारायण शुक्ला, कुंवर मानवेंद्र सिंह, वरिष्ठ भाजपाई सलिल विश्नोई, अश्वनी त्यागी, धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी ने नामांकन किया है। पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा के भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा कि उन्होंने पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में नामांकन दाखिल किया है, उनका कहां उपयोग किया जाएगा यह बाद में तय किया जाएगा। 
गौरतलब है कि एके शर्मा गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, शर्मा ने गुजरात में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के सचिव और 2014 से अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय में सचिव जैसे अहम पदों पर भूमिका निभाई है, कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश सरकार में उनकी बड़ी भूमिका होगी। विधान परिषद की 12 सीटों के लिए 19 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी, उम्मीदवार 21 जनवरी तक नाम वापस ले सकेंगे। 
बहराल समाजवादी पार्टी के पास सिर्फ 1 सीटे के लिए बहुमत है पर उन्होंने दो प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है, कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस, छोटी पार्टियों के विधायक और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक समाजवादी पार्टी का समर्थन करके दूसरी सीट भी निकलवा सकते हैं। 

ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन



लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



Lucknow । पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा होंगे उप मुख्यमंत्री, दिनेश शर्मा बनेंगे विधान परिषद में सभापति!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है, बीजेपी के विधान परिषद उम्मीदवार अरविंद शर्मा प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री का ओहदा संभालेंगे और सरकार में बराबर की हैसियत में रहेंगे, योगी सरकार में अहम हैसियत रखने वाले उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को विधान परिषद में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी है। उन्हें सभापति बनाकर उच्च सदन में सरकार के विधायी संचालन को आसान बनाया जाएगा। विधान परिषद् के सभापति रमेश यादव का कार्यकाल 30 जनवरी को पूरा हो रहा है। वहीं पार्टी नेता खुलकर तो कह नहीं पा रहे हैं क्योंकि मामला हाईकमान से जुड़ा है पर दबे-दबे शब्दों में नेताओं को आईएएस अधिकारी को डिप्टी सीएम डायरेक्ट बनाना रास नहीं आ रहा है।
  • दिग्गज नेताओं के शीतयुद्ध पर क्या लगेगा विराम !
  • ब्यूरोक्रेट्स को  जिम्मेदारी से जनता के बीच क्या जाएगा मैसेज?
  • पार्टी के नेता क्या पचा पाएंगे ब्यूरोक्रेट्स की कार्यशैली?
डिप्टी सीएम बनेंगे पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा! 
चुनावी वर्ष में प्रवेश कर रही भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के सत्ता शीर्ष में बड़े बदलाव का खाका तैयार कर रखा है, नए साल में प्रदेश में सत्ता के चेहरे भी बदले दिखाई देंगे और सरकार के कामकाज का अंदाज भी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद निकट रहकर काम कर चुके पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा को योगी सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ उठाकर सरकार के कामकाज को प्रभावी बनाया जाएगा। 
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अरविंद शर्मा को उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा, इसके अलावा उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव को ध्यान में रखकर उन्हें गृह मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण विभाग सौंपे जाएंगे। जिनसे उनकी सरकार में मौजूदगी का फायदा जमीनी स्तर पर जनता को मिल सके और सरकार की इमेज में अपेक्षित सुधार हो सके। अरविंद कुमार शर्मा के वरिष्ठ आईएएस होने की वजह से सरकारी मशीनरी को गतिशील करने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी को भी काम पर लगाया जा सकेगा। अब तक जो ब्यूरोक्रेट सरकार की योजनाओं में बाधा बन रहे हैं उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। 
दिनेश शर्मा को विधान परिषद में सभापति का पद! 
योगी सरकार में तीन उपमुख्यमंत्री का फॉर्मूला लागू करने के लिए पार्टी नेतृत्व तैयार नहीं है। पार्टी का मानना है कि इससे जनता में खराब संदेश जाएगा और सत्ता केंद्र बनने के लिए संघर्ष होगा। ऐसे में अरविंद शर्मा को नंबर दो की हैसियत नहीं मिल पाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खास माने जाने वाले उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के लंबे विधायी अनुभव को देखते हुए उन्हें विधान परिषद में सभापति का दायित्व सौंपने का फैसला किया गया है। 
विधान परिषद में अभी तक भाजपा को बहुमत हासिल नहीं है। इस बार सभापति के रिटायर होने की वजह से नए सभापति का चुनाव होगा। दिनेश शर्मा की छवि अन्य सदस्यों के बीच अच्छी है और ऐसे में उनका सर्वसम्मति से चुनाव कराना आसान होगा। इसलिए भी उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। गौरतलब है कि प्रदेश में बीजेपी के शीर्ष नेता के शीतयुद्ध पर विराम लगाने के लिए ये हाईकमान ने ब्यूरोक्रेट्स को उत्तर प्रदेश में भेजा है, देखना ये होगा की अरविंद शर्मा पार्टी के लिए कितने फायदेमंद होंगे और चुनावी साल में जनता के बीच कितने प्रभावी होंगे। 
ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



LUCKNOW । प्रधान के 5 साल का कार्यकाल बीतने के बाद भी नहीं मिला इटौंजा के बाहरगांव की आशा देवी को प्रधानमंत्री आवास

लखनऊ । ग्राम प्रधानों के 5 साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद भी जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना का केंद्र और राज्य की सरकारें बड़ा-बड़ा प्रचार करने में जुटी हैं वहीं अपना आशियाना टूटा-फूटा होने के कारण सर्दी, गर्मी और बारिश में इटौंजा के बाहरगांव की आशा देवी का परिवार बहुत परेशान होता है। बारिश में छत चूने पर में लेटने और बैठने की बहुत दिक्कत हो जाती है, बारिश होने पर खाना बनाने के लिए भी बहुत परेशानी होती है। 
  • प्रधानमंत्री आवास योजना का नहीं मिला लाभ 
  • 5 सालों से प्रधान ने नहीं दिलवाया आवास 
  • कई बार सचिव और प्रधान ने दस्तावेज लिए 
  • घर के सर्वे के बाद भी नहीं मिला पीएम आवास 
बाहरगांव के प्रधान और सचिव ने कई बार सर्वे किया, दस्तावेज लिए पर आशा देवी की परेशानी को दूर नहीं किया और उनके कार्यकाल भी पूरा हो गया और बस्ता भी जमा हो गया। आशा देवी बताती हैं कि प्रधान ने हम लोगों को किसी योजना का लाभ नहीं दिया है, हम लोगों की परेशानी को प्रधान और सचिव नहीं समझते हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए प्रधान तीन पर दस्तावेज और फोटो ले जा चुके हैं पर हम लोगों को कुछ नहीं मिला है। आशा के पूछने पर कि क्यों आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा तो प्रधान ने कुछ बताया भी नहीं। आशा देवी आगे बताती है कि बारिश में बहुत परेशानी हो जाती है, बेटी की शादी के दौरान बारिश में घर में पानी भर गया था बार-बार पानी उलचना पड़ा था तब जाकर पैपुज्जी हो पाई थी। 
आशा देवी के ससुर रामनारायण ने बताया कि प्रधान और सचिव से कई बार कहा पर कोई काम नहीं हुआ, तीन पर प्रधान और सचिव को दस्तावेज और फोटो दी और वो लोग सर्वे भी करके गए पर आवास योजना का लाभ नहीं मिला। अगर बारिश होने लगती है तो बहुत दिक्कत हो जाती है। आशा देवी के भतीजे अतुल ने भी यही बताया कि प्रधान और अधिकारी कई बार यहां आए, दस्तावेजों को लिया, फोटो ली पर उन लोगों ने आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का कोई लाभ नहीं दिया। 
गौरतलब है कि बाहरगांव की आशा देवी को 5 सालों से प्रधान और सचिव से आस थी कि उनका आशियाना बन जाएगा पर कई बार दस्तावेज और सर्वे होने के बाद भी कोई लाभ नहीं हुआ और बारिश में बहुत मुसीबत में जीवन यापन करना पड़ता है। 
ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन






लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


LUCKNOW । बीकेटी के खेसरावां गांव में छुट्टा जानवरों का आतंक, रात-रातभर जगकर किसान फसलों को बचा रहे

लखनऊ । बक्शी का तालाब के खेसरावां गांव के किसान भीषण सर्दी में रात-रातभर जागकर अपनी फसलों को बचाने के लिए खेतों पर रूकते हैं, छुट्टा जानवरों के कारण खेसरावां गांव के ग्रामीणों को बहुत परेशानी हो गई है, किसानों के मुताबिक दिन में खेती-किसानी करते हैं और रात-रात भर जागकर अपनी फसलों को छुट्टा जानवरों से बचाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं, एक बार छुट्टा जानवरों को बाड़े में बांध दिया था तो उनके मालिक लोग सुबह आकर ले गए थे, उन लोगों ने कहा था दोबारा जानवर आए तो बताना और फिर दूसरी रात को जानवरों ने खेतों में हमला बोल दिया था। 
  • बीकेटी के खेसरावां गांव में छुट्टा जानवरों का आतंक 
  • छुट्टा जानवरों से किसानों की रातें हो रही हराम 
  • सर्दी में रात में फसलों को बचाने में जुटे किसान 
  • कई बीघा फसलों को छुट्टा जानवरों ने किया बर्बाद 
गांव की बुजुर्ग श्यामा और जलना ने बताया कि रात-रात भर जागकर खेतों को बचाना पड़ता है, इटौंजा के लोगों की गायों का झुंड हम लोगों के खेतों को बर्बाद करता है, हम लोगों की की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दिन में कोई गाय नहीं आती हैं रात में गायों का झुंड फसलों को बर्बाद कर देता है। 
गांव के प्यारेलाल ने बताया कि छुट्टा जानवरों ने उनके सारे खेतों को बर्बाद कर दिया है, दोबारा से खेत में फसलों को बोया है, हम लोगों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिनकी गायें हैं अगर बांध लो तो छुड़ाकर ले जाते हैं, हम लोगों का भी इटौंजा आना-जाना होता है अगर कुछ करते हैं तो वो लोग हम लोगों को इटौंजा में घेर लेंगे। 
फसलें बर्बाद होने से परेशान अजय शर्मा ने बताया कि इटौंजा से करीब 40-50 गायों का झुंड रात में 11 बजे आता है और सुबह 4 बजे के बाद चला जाता है और इस दौरान हम लोगों के खेतों में फसलों को बर्बाद कर देती हैं। गांव के लोग ठंड में रात-रातभर यहां पर अपनी खेती को छुट्टा जानवरों से बचाते हैं, गायों को अगर हम लोग बांध लेते है तो वो लोग उनको लेकर चले जाते हैं, वो लोग अपनी गायों को नहीं बांधते हैं और रात में खुला छोड़ देते हैं। जब एक बार गायों को बांधा तो उन लोगों ने हम पर चोरी का आरोप लगाया, इटौंजा हम लोगों को भी जाना पड़ता है तो इसलिए पुलिस से शिकायत नहीं की। 
किसान शिवनाथ ने बताया कि जब खेत में कुछ होगा ही नहीं तो क्या करेंगे, क्या खाएंगे, फसलों को बचाने के लिए रात-रातभर परेशान होना पड़ता है, इटौंजा इलाके से गाये आती हैं अगर उनको बांध लो तो उनको पालने वाले गायों को छुड़ाकर ले जाते हैं। किसान महेंद्र ने बताया कि उधार पैसा लाकर मटर को बोया था, गायों ने सारी मटर को चर डाला, दोबारा फिर उधार लाकर गेंहू को बोया है वो भी नहीं बच रहा है, रात में गायें आती हैं और फसलों को बर्बाद कर देती हैं। 
गौरतलब है इस सरकार में किसानों की परेशानी को छुट्टा जानवरों ने बढ़ा दिया है, जहां गायों के लिए आश्रय और बाड़े बनाए जा रहे हैं फिर भी किसान छुट्टा जानवरों से फसलों को बचाने के लिए रात-रात भर खेतों में जागकर बिता रहे हैं और इनकी समस्या को दूर करने वाला कोई नहीं हैं। 
ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन




लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


LUCKNOW । उत्तर प्रदेश में अपराध रोकने में नाकाम योगी सरकार सिर्फ फर्जी ब्रांडिंग करने में मस्त हैं– कांग्रेस नेता ललन कुमार

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के “मिशन शक्ति” पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने नए साल के पहले हफ्ते में एक के बाद एक महिला अपराधों के बारे में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपराध प्रदेश बन गया है, यहां अपराधी बेखौफ हैं, महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के लिए “मिशन शक्ति” की शुरुआत नवरात्रि के प्रथम दिवस 25 अक्टूबर को गाजे-बाजे और लच्छेदार भाषणों के साथ की थी। उस मिशन के पीआर पर जमकर सरकारी पैसों का दुरूपयोग हो रहा है मगर परिणाम शून्य है। सीएम योगी के एक-एक डायलाग को अखबारों ने हेडलाइन बनाया। हालांकि ऐसा होना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। उनके आदेशों की अखबारों में हेडलाइन बनती हैं, मगर उन पर कभी उचित कार्यवाही नहीं होती। कभी-कभी ऐसा लगता है कि योगी आदित्यनाथ अखबारों को हेडलाइन देने के लिए ही मुख्यमंत्री बने हैं। महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से उनका कोई सरोकार ही नहीं है। 
  • उत्तर प्रदेश अब अपराधों का प्रदेश बन गया- ललन कुमार 
  • मिशन शक्ति के पीआर पर सरकारी पैसों का दुरूपयोग- ललन 
  • बीजेपी सरकार अपराध रोकने में नाकाम- ललन कुमार 
  • योगी सरकार फर्जी ब्रांडिंग करने में मस्त है- ललन कुमार 
करीब बीते 4 वर्षों में महिलाओं के प्रति अपराध में लगातार बढ़ोत्तरी हुई है और इस वर्ष के शुरूआती 8 दिनों में होने वाले महिला अपराधों की संख्या चौंकाने वाली है। उससे भी ज़्यादा चौंकाने वाली है इन सभी मामलों में पुलिस की लापरवाही और योगी सरकार की कानून व्यवस्था। हाल ही में बदायूं के एक मंदिर में पूजा करने गयी एक महिला को वहीं के पुजारी और उनके चेलों ने मिलकर अपनी हवस का शिकार बना लिया। उसके बाद महिला की हत्या कर रात 12 बजे अर्धनग्न अवस्था में घर के बाहर फेंककर कह गए कि वह कुएं में गिर कर मर गयी। 
परिजनों ने थाने में जब शिकायत की तो एसएचओ ने एफआईआर लिखने से इनकार कर दिया और थाने के चक्कर कटवाए। शिकायत के बाद भी पुलिस पूछताछ के लिए नहीं पहुंची। हत्या के 44 घंटे बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में जो बातें सामने आईं उन्हें जानकार आपके पैरों तले ज़मीन खिसक जाएगी। सामूहिक बलात्कार करने के बाद महिला के गुप्तांग में रॉड डाल दी गयी। जिससे महिला का आंतरिक हिस्सा फट गया। एक पैर और पसलियां भी तोड़ दीं। उसके बाद उन हैवानों ने महिला को घर के बाहर फेंक दिया। 
योगी सरकार ने हाथरस मामले से कोई शिक्षा नहीं ली। उस केस की तरह इसे भी उलझाने और ख़त्म कर देने का पुलिस का षड्यंत्र नाकामयाब रहा। न जाने क्यों हर बार पुलिस अपराधियों को बचाने लगती है। मेरठ के इंचौली क्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम तब दिया गया जब किशोरी के माता-पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। पड़ोस के ही एक युवक ने ट्रैक्टर में ज़ोर से गाना बजाकर किशोरी से दुष्कर्म किया। आवाज़ तेज़ होने के कारण चीखें सुनाई नहीं दीं। जब युवती अपने पिता के साथ थाने शिकायत करने पहुंची तो पुलिस ने उन्हें भगा दिया। पूरे समय वह इसे एक मामूली छेड़छाड़ ही कहती रही। इस केस में भी योगी की पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया। 
इन दो वारदातों के अलावा पूरे प्रदेश से दुष्कर्म और हत्या की वारदातें सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में ही इस प्रकार के मामले आम हैं। हाल ही में गोरखपुर में एक युवती का बोरी में भरा एक शव मिला है। इसके अलावा बदायूं, देवरिया, मिर्ज़ापुर, झांसी, हरदोई, बक्शी का तालाब, आगरा, सोनभद्र और पीलीभीत जैसे जनपदों से महिला दुष्कर्म की वारदातें सामने आई हैं। 
इन सभी बातों को जानते हुए जब कोई योगी से महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति से जुड़े दावे जो भी सुनेगा उनको गुस्सा आएगा। वह गुस्सा होगा एक ऐसी सरकार के प्रति जिसने प्रदेश और महिला के हित में कोई अच्छा काम नहीं किया। मगर इस सरकार के मुख्यमंत्री बड़ी बेशर्मी से सोशल मीडिया के ज़रिए इन मुद्दों पर झूठ परोसते हैं। उनकी वन लाइनर को अखबार की हेडलाइंस में जगह मिलती है। 
ललन कुमार कहते हैं कि उत्तर प्रदेश का मिशन शक्ति एक प्रचार सामग्री के सिवाय कुछ नहीं। वो सिर्फ फ़र्ज़ी ब्रांडिंग में मस्त हैं, जबकि ज़मीनी हकीक़त कुछ और है। ललन कुमार ने सरकार को निकम्मी बताते हुए उखाड़ फेंकना ही इन समस्याओं का समाधान बताया, आने वाले 2022 में यहां की जनता इस सरकार को जवाब देगी। 
ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन




लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


BADAUN । गैंगरेप और हत्या के मामले में राजनीति शुरू, धर्मेंद्र यादव ने सीबीआई जांच और 25 लाख आर्थिक मदद की मांग की

बदायूं । महिला के साथ गैंगरेप और हत्या के बाद अब मामले में राजनीति शुरू हो गयी है। समाजवादी पार्टी ने मामले की जांच CBI से कराने की मांग की है और पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद की मांग की है। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मण्डल पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिला और मृतक के परिवार में एक आदमी को सरकारी नौकरी देने की मांग की, साथ ही 25 लाख रुपए आर्थिक सहायता राशि देने की मांग की। पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है, जाति विशेष को बचाने की कोशिश की जाती है। 
  • मृतका के परिजनों से मिले पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव 
  • धर्मेंद्र यादव ने मामले की सीबीआई से जांच की मांग की 
  • परिजनों को नौकरी और 25 लाख मदद की मांग की 
  • प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं- ललन कुमार 
उन्होंने कहा कि इस घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए तभी पीड़ित को न्याय मिलने की उम्मीद होगी क्योंकि लोगों का विश्वास योगी सरकार की पुलिस के ऊपर से उठ चुका है, हाथरस कांड में देखा था कि किस तरह से पुलिस और प्रशासन ने पीड़ित परिवार को ही फंसाने की कोशिश की थी अगर CBI जांच ना हुई होती तो पीड़ित परिवार आज जेल में होता। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि किसी भी घटना के बाद पुलिस विपक्ष के नेताओं को घरों में नज़रबन्द करने के लिए लगा दी जाती है अगर यही पुलिस नागरिकों की सुरक्षा में लगा दी जाए तो ऐसी घटनाएं ना हों। 
गौरतलब है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री के साथ गैंगरेप और हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है। पीड़ित परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं साथ ही इंसाफ की मांग कर रहे हैं। 
वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ने भी पुलिस की भूमिका पर आरोप लगाया है और पुलिस की कार्यशैली पर असंतुष्टि व्यक्त की है। परिजनों का कहना है कि मृतिका 3 जनवरी को मंदिर में पूजा-पाठ के लिए गयी थी जहां मंदिर के महंत और उसके दो साथियों ने बुरा काम किया और हत्या कर शव को अर्धनग्न अवस्था में घर के सामने डाल गए, परिजनों ने जब पुलिस को घटना की सूचना दी तो 4 घंटे तक उघैती थाना पुलिस नहीं पहुंची, थाना पुलिस का इंतज़ार करते करते जब डायल 112 को सूचना दी तब डायल पुलिस मौके पर पहुंची, घटना के बाद परिजन थाना पुलिस की कार्यशैली से नाराज़ हैं। परिजनों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। 

ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन




लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



LUCKNOW । बीकेटी समाधान दिवस में महिलाओं ने लगाई कंबल देने की गुहार, एसडीएम ने दी सही जानकारी

लखनऊ । बक्शी का तालाब तहसील के समाधान दिवस पर गरीब महिलाओं ने भीषण सर्दी में कंबल नहीं मिलने की जानकारी अधिकारियों को दी, महिलाओं ने बताया कि शीतलहरी चल रही है परन्तु अब तक उन लोगों को कंबल नहीं मिल पाए हैं, जिसके कारण उनको सर्दी में बहुत परेशानी होती है। योगी सरकार ने भीषण सर्दी से बचने के लिए गरीबों को कंबल वितरण करने की कल्याणकारी योजना चलाई है, जिससे गरीब लोगों को ठंड से बचाया जा सके। 
  • गरीब महिलाओं ने समाधान दिवस में लगाई गुहार 
  • कंबल न मिलने की गुहार गरीब महिलाओं ने लगाई 
  • एसडीएम नवीन चंद्र ने महिलाओं की परेशानी की दूर 
  • गांव में कंबल बांटे जाने की एसडीएम ने दी जानकारी 
महिलाओं ने बताया कि लेखपाल हम लोगों से दस्तावेज ले गए और बताया कि जल्द से जल्द आप लोगों को कंबल मिल जाएंगे पर अभी तक कंबल नहीं मिले है। गरीब महिलाओं ने एसडीएम नवीन चंद्र से जब लिखित प्रार्थना पत्र दिया तो उन्होंने तुरंत कंबल देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया और महिलाओं से कहा आप लोग गांव जाएं कंबल वहां पर बांटे जा रहे हैं। 
वहीं गरीब जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने बताया कि महिलाएं कई बार आई, तहसीदार और एसडीएम से बता हुई कि लेखपाल कंबल बांटेंगे, कई बार उन्होंने भी अधिकारियों से कहा, महिलाएं ठंडक से परेशान हैं पर उनको कंबल नहीं मिले हैं। कैम्प लगवाकर तहसील में भी गरीब महिलाओं को कंबल वितरण कराया जा सकता हैं पर हो नहीं रहा है। 
भीखामऊ कलां से आई गरीब महिला ने बताया की कई दिन पहले लेखपाल हम लोगों के आधार कार्ड ले गए थे परंतु कंबल नहीं मिला है, हम लोग बहुत गरीब हैं। लेखपाल कंबल देने के लिए आज नहीं तो कल देने की बात करते हैं। मदारीपुर गांव से आई बुजुर्ग महिला सरोज ने बताया कि कंबल के लिए यहां पर आए हैं हम लोगों को कंबल नहीं मिला है, ठंड में बहुत परेशानी होती है। 
भीखामऊ कलां से आई दूसरी महिला कुंता ने बताया कि लेखपाल ने नाम और आधार कार्ड का नम्बर पर लिया था, लेखपाल ने बताया था कि कंबल गांव में बांटेंगे पर इतनी भीषण सर्दी हो रही है पर कंबल अभी तक नहीं मिला है। भीखामऊ कलां की एक और महिला ने भी लेखपाल के द्वारा परेशान करने की कहानी बयां कि उन्होंने बताया कि लेखपाल ने कंबल देने के लिए कहा था पर अभी तक मिला नहीं है। 
गौरतलब है एसडीएम नवीन चंद्र से गरीब महिलाओं ने अपनी परेशानी को बताया तो महिलाओं की परेशानियों को एसडीएम ने तुरंत निस्तारित कर दिया और कंबल बांटे जाने की जानकारी दी। 
ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन




लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


LUCKNOW । राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गाजियाबाद की घटना को हादसा नहीं हत्या बताया, जिम्मेदारों पर हत्या का केस दर्ज हो।

लखनऊ । आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गाजियाबाद की घटना पर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के बंबा रोड स्थित श्मशान में लेंटर गिरने से 25 लोगों की मौत कोई हादसा नहीं है, यह हत्या है। योगी सरकार में जारी निविदा प्रक्रिया के भ्रष्टाचार से महज 15-20 दिन पहले बना लेंटर गिर गया और ऐसी दुखद घटना घटी। ऐसे में इस भ्रष्टाचार में संलिप्त हर व्यक्ति पर हत्या का मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेजा जाना चाहिए। दोषी चाहे जो भी हों, नेता, अफसर या ठेकेदार। जनता सब पर कार्रवाई चाहती है। 

  • हादसा नहीं, हत्या है गाजियाबाद की घटना- संजय सिंह ॉ
  • जिम्मेदारों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करें- संजय सिंह 
  • मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ का मुआवजा दें- संजय 
  • किसानों की लाशें गिन रही बीजेपी सरकार – संजय सिंह 
उन्होंने कहा, घटना में जान गंवाने वाले हर शख्स के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, घायलों को इलाज एवं पुनर्वास के लिए 10 से 15 लाख रुपये दिए जाएं। साथ ही इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो। एसआईटी गठित करके जांच का कोरम न पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती कि सरकार मामले की जांच किस एजेंसी से कराएगी। 

उन्होंने किसान आंदोलन पर केंद्र सरकार को घेरा। बोले, उद्योगपतियों की गुलाम सरकार को किसानों की पीड़ा से कोई मतलब नहीं है। संवेदनहीन सरकार सिर्फ लाशें गिनने का काम कर रही है। सोमवार को हो रही केंद्र सरकार एवं किसानों की वार्ता को अंतिम मानकर मोदी सरकार से तीनों किसान कानून वापस लेने की अपील की। कहा कि किसानों की इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता अन्नदाताओं के साथ है। 
सांसद संजय सिंह ने आगे कहा कि इस घटना पर सबकी जवाबदेही तय होनी चाहिए, भाजपा जगह-जगह खुद को किसानों का हितैषी बताने का नाटक करती है जबकि वास्तव में भाजपा के शासन में किसानों को बुरा हाल है। सात दिसंबर तक जारी खाद्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचने के लिए प्रदेश के जिन किसानों ने पंजीकरण कराया है उनमें से 3,50,000 किसानों की धान खरीद अब तक नहीं हो सकी है। किसान औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हैं। 
सरकार कुछ और बोल रही है और हकीकत कुछ और है। प्रदेश में धान खरीद के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश के दो किसान अब तक किसान आंदोलन के दौरान आत्महत्या कर चुके हैं, पर केंद्र सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए नए किसान कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं है। कहा, सरकार रेल, तेल, कोल सहित देश की सारी संपत्ति बेचने में लगी है। उन्होंने सोमवार को होने वाली वार्ता में सरकार को किसानों की मांगें मानते हुए किसान बिल वापस लेने की अपील की।


ब्यूरो रिपोर्ट खबर जोन 


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें


LUCKNOW । यूपी में कोरोना वैक्सीन को लेकर सियासत गर्म, अखिलेश यादव का कोरोना वैक्सीन लगवाने से इनकार

लखनऊ । सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के बयान से उत्तर प्रदेश में कोरोना वैक्सीन पर सियासत शुरू हो गई है, अखिलेश यादव के कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाने के बयान से प्रदेश में सियासत गर्मा गई। बीजेपी के नेताओं ने अखिलेश के बयान पर पलटवार शुरू कर दिया है। कोरोना वैक्सीन मुस्लिमों के लिए हराम है कि पर सियासत अभी ठंडी भी नहीं हो पाई थी कि अखिलेश ने बयान देकर नया मसला गर्म कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैं कोरोना का टीका नहीं लगवाऊंगा। उन्होंने कहा कि ये टीका तो भाजपा वालों का है, मैं इस पर कैसे विश्वास कर सकता हूं, 2022 में जब हमारी सरकार आएगी तो सबको फ्री कोरोना वैक्सीन मिलेगी, उन्होंने कहा कि हम भाजपा की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे।
अखिलेश यादव ने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कोरोना सिर्फ विपक्ष के लिए है, कोरोना की आड़ में भाजपा महंगाई, भ्रष्टाचार और अपनी नाकामी छुपाना चाहती है। सपा सरकार बनने पर सभी को मुफ्त कोरोना टीका लगाया जाएगा। अखिलेश यादव शनिवार को अयोध्या से आए संतों, सिख समाज के लोगों और मौलानाओं से आशीर्वाद लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या में धार्मिक स्थलों व आम लोगों से नगर निगम द्वारा वसूला जाने वाला टैक्स माफ कर दिया जाएगा। राम की नगरी कर मुक्त होगी। 
वहीं अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा कि अखिलेश यादव को वैक्सीन पर भरोसा नहीं, उत्तर प्रदेश वासियों को अखिलेश पर भरोसा नहीं, वैक्सीन पर सवाल उठाना, देश के चिकित्सकों और वैज्ञानिकों का अपमान है, अखिलेश यादव को बयान के लिए माफी माननी चाहिए।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट करके अखिलेश यादव के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और गुण्डाराज को समाप्त करने के लिए “भाजपा की वैक्सीन” कारगर साबित हुई है। स्वतंत्र देव सिंह अखिलेश से पूछते हैं की आप कौनसी वैक्सीन की बात कर रहे हैं। 
कोरोना वैक्सीन पर सपा और बीजेपी के बाद कांग्रेस पार्टी भी इस सियासत में कूद पड़ी है, कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि बीजेपी के नेताओं ने वैक्सीन पर जिस तरह से राजनीति की है देशवासियों पर उनपर भरोसा नहीं रहा है, जिन लोगों ने राजनीति शुरू की है वो आगे आकर पहले टीका लगवाकर भरोसा जनता को दिलाएं।
 
देश और प्रदेश में कोरोना टीकाकरण की तैयारियों को परखने के लिए पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। लखनऊ में ही छह संस्थानों केजीएमयू, पीजीआई, लोहिया संस्थान, माल सीएचसी और निजी अस्पताल सहारा शामिल हैं, जहां विशेषज्ञों की देखरेख में डॉक्टरों का टीकाकरण किया गया। जल्द ही पूरे देश में टीकाकरण की शुरुआत होगी। लखनऊ में डीएम अभिषेक प्रकाश ने भी वैक्सिनेशन का जायजा लिया और जिम्मेदार अफसरों को दिशा निर्देश दिए, कमिश्नर डीके ठाकुर ने पीजीआई में कोविड वैक्सिनेशन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को वैक्सिनेशन के नाम पर साइबर फ्रॉड से रहे सचेत रहने की बात कही। 
बरहाल यूपी में पहले भी इसी तरह की सियासत का नजारा सभी ने देखा हैं, बिजली पर भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच वार-पलटवार देखा गया था परन्तु इस बार कोरोना वैक्सीन को लेकर सियासत शुरू हो गई है। 
लखनऊ से मनीष सिंह की रिपोर्ट




लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें