पटना: बिहार में जहां पहले चरण के लिए मतदान जारी है। वहीं पटना में महागठबंधन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव (Twjashwai Yadav) ने मुंगेर (Munger) में पुलिस लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया और प्रशासन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं वो क्या कर रहे थे।
मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान मुंगेर में गोली चलाने वाली घटना पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आज प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं। उनसे अपील है कि मां दुर्गा पर गोली चलाने वाली इस सरकार को तुरंत बर्खांस्त करें।
मीडिया ब्रीफिंग में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुंगेर की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि वीडियो क्लिप से साफ पता चल रहा है कि पुलिस का रवैया क्या था। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस ने लाठी क्यों चार्ज की? गोली क्यों चलाई? उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। तेजस्वी ने कहा कि, पुलिस लोगों को ढूंढ-ढूंढकर पीट रही थी। वीडियो क्लिप दिल दहला देने वाला है। पुलिस का रवैया किसी को समझ नहीं आया। यह साफ दिखाता है कि इसमें डबल इंजन वाली सरकार की भूमिका रही है। सुशील मोदी ने ट्वीट के अलावा क्या किया है। जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी। उन्होंने सीधे तौर पर इसके लिए बिहार सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा है कि, मुंगेर की जो एसपी हैं, वो जेडीयू नेता की बेटी हैं। ऐसे में सवाल तो उठता है कि कहीं न कहीं से जनरल डायर बनने की इजाजत तो दी गई।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर निशाना साधते हुए कहा कि, जिन भक्तों के सर पर माता की चुनरी थी, नीतीश कुमार और सुशील मोदी की सरकार ने लाठियां भांजकर उनको खून से रंग दिया। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नीतीश कुमार, सुशील मोदी को इसपर जवाब देना होगा।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें





