रांची। दिल्ली में आम आदमी की सफलता के बाद देश भर में इस नई नवेली पार्टी की धूम है। पार्टी भी लोकसभा चुनावों के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही है। लेकिन रांची में आम लोगों के लिए पार्टी के ये अभियान परेशानी और धोखे का सबब बन गया है।

जी हां आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी तो लोगों की रुचि भी पार्टी सदस्यता लेने के लिए बढ़ती गई। लेकिन इस बीच आम आदमी पार्टी की हवा को भांप कर कुछ लोग दुकान खोलने की भी ठान चुके थे।
आम आदमी के नाम पर उगे कई संगठन
किसी ने लोगों से उगाही के लिए तो किसी ने केवल चर्चित होने के लिए आम आदमी पार्टी के नाम से कई संगठन खोल दिए गए हैं। लोग भ्रमित हैं कि आखिर कौन है असली आप। और ज़ाहिर तौर पर लोगों का पार्टी से मोहभंग हो रहा है।
‘आप’ को खतरा
आम आदमी पार्टी के झारखंड के संयोजक भी मानते हैं कि पार्टी के नाम पर कई संगठन लोगों को बरगला रहे हैं लेकिन सवाल ये है कि क्या केंद्र में पार्टी के नेतृत्व को ये बात मालूम है। और अगर हां तो वो इस तरह के संगठनों से निपटने के लिए क्या कदम उठाएंगे। क्योंकि इससे न केवल पार्टी के सदस्यता अभियान पर फर्क पड़ेगा बल्कि पार्टी की साख पर भी बुरा असर पड़ेगा।






