मुज़फ्फरनगर । मंसूरपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जहरीली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंड़ाफोड़ करते हुए अंतर्राज्यीय 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि 4 आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 3 गाड़ी, 24 हजार लीटर शराब, 55 हजार खाली पव्वे, 20 हजार ढक्कन, 82 हजार रेपर अंग्रेजी शराब के बरामद किए है। फैक्ट्री से करोड़ों रुपए के उपकरण भी बरामद किए गए है, बताया जा रहा है कि दिल्ली, यूपी-उत्तराखंड, हरियाणा में जहरीली शराब की सप्लाई होती थी। पकड़े गए 13 आरोपियों के खिलाफ करीब 28 मुकदमें यूपी के थानों में दर्ज हैं, फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
तोहफा और मिस इंडिया ब्रांड की नकली शराब बरामद
दिल्ली, यूपी-उत्तराखंड, हरियाणा में होती थी सप्लाई
3 गाड़ी, 24 हजार लीटर शराब और उपकरण भी बरामद
पंचायत चुनाव के लिए आर्डर पर तैयार कर रहे थे शराब
आर्डर देने वालों की तलाश में जुटी पुलिस और क्राइम ब्रांच
बुलंदशहर में नकली शराब मिस इंडिया ब्रांड से हुई 5 लोगों की मौत की सनसनी के बीच ही एसएसपी अभिषेक यादव ने पंचायत चुनाव के लिए आर्डर तैयार करने में जुटे अंतर्राज्यीय अवैध शराब गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस गिरोह के 13 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे 3 गाड़ियों के साथ ही तोहफा और मिस इंडिया ब्रांड की नकली शराब सहित करोड़ों रुपए का माल बरामद किया गया है।
गिरोह के 4 सदस्य पुलिस की पकड़ से फरार हैं। इस नकली शराब का प्रयोग पंचायत चुनाव के दौरान किया जाना था। पुलिस इस गिरोह को आर्डर देने वाले प्रधानों, प्रत्याशियों और अन्य लोगों की तलाश में भी जुट चुकी है। एसएसपी अभिषेक यादव ने रिजर्व पुलिस लाइन के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता के दौरान क्राइम ब्रांच और थाना मंसूरपुर पुलिस टीम के अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध शराब का कारोबार करने वाले गैंग का पर्दाफाश किए जाने की जानकारी दी।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में पुलिस टीम को अवैध शराब निर्माण रोकने, इसकी तस्करी में लगे लोगों और गिरोह पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय किया गया था, उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना मंसूरपुर क्षेत्र के औद्योगिक एरिया बेगराजपुर से अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ टीम ने किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस अवैध कारोबार में संलिप्त 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए इनसे भारी मात्रा में रैक्टिफाइड, तोहफा-मिस इंडिया ब्रांड नकली शराब, अंग्रेजी कंपनी की शराब के होलोग्राम, ढक्कन, रैपर, पव्वे आदि सहित करोड़ों रुपए का माल बरामद किया है।
बांदा । बांदा में आपराधिक घटनाओं की जैसे बाढ़ सी आ गयी है, आए दिन हत्या, अपहरण जैसी संगीन वारदातें सुर्खियां बनती हैं लेकिन रंगदारी को लेकर पहली बार खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है, जहां जिला पंचायत द्वारा बनवाई जा रही सीसी रोड पर गुंडा टैक्स वसूलने वालों ने जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है, खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही सदर विधायक ने ठेकेदार और इन दबंगों के बीच मध्यस्थता कराई थी और बतौर रंगदारी ठेकेदार से 20 हजार रुपए दबंगों को दिलवाए जाने की बात सामने आयी है, रंगदारी मिलने के बाद भी दबंग रंगदारों ने निर्माण साइट पर जाकर एक व्यक्ति को गोलियों से भून दिया वहीं इस वारदात में दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए है, जिन्हें कानपुर के लिए रेफर किया गया है, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
गुंडा टैक्स नहीं देने पर युवक की गोली मारकर हत्या
फायरिंग में 2 लोग गंभीर घायल, कानपुर रेफर
सड़क निर्माण को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या
जिला पंचायत से बन रही रोड में पहले भी हुआ था विवाद
गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीणों में दहशत
गिरवा थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव के बाहर तालाब के पास अचानक गोलियों की आवाज सुनने से लोग दहशत में हैं और जब लोग मौके पर पहुंचे तो इसी गांव के रहने वाले अजीत सिंह, उसके एक परिजन अभय सिंह और गांव के ही एक युवक विकास सिंह को घायलवस्था में देखा। दोनों परिवारों के लोगों की भी भीड़ लगी थी और फिर पता चला कि सीसी रोड निर्माण को लेकर दबंग अनूप सिंह और अजीत सिंह का आपस में विवाद हो गया था, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों में मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था, जहां पर दबंग अनूप सिंह ने रायफल से अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर अजीत को गोली मार दी और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई है जिसमें अजीत की तरफ से अभय सिंह व अनूप सिंह की तरफ से विकास घायल हुआ है. वहीं इसके बाद लोग अजीत सिंह, विकास व अभय को घायलावस्था में अस्पताल लेकर आये जहां डॉक्टरों में अजीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस खूनी संघर्ष की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप भी अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने घटना का जायजा लिया।
पहले भी हो चुका विवाद, सीसी निर्माण के लिए दी गयी थी रंगदारी
मृतक अजीत सिंह के परिजन सुजीत सिंह ने बताया कि हमारे गांव में सीसी रोड बन रही है, पहले भी दबंग अनूप सिंह ने एक लेबर और ठेकेदार के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद घटना में मुकदमा दर्ज हुआ था और काम बंद हो गया था। फिर इस मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक ने समझौता कराया था और 20 हजार रुपए की रंगदारी भी अनूप सिंह को ठेकेदार से दिलवाई गई थी, इसके बाद सीसी रोड में फिर से काम शुरू हुआ और मेरा भतीजा उस काम को देखने गया था जहां पर अनूप सिंह ने उसे रोक लिया और उसके साथ गाली गलौज करने लगा और कई लोग वहां पर पहुंच गए और अजीत सिंह को घेर लिया और फिर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने के साथ ही अनूप सिंह ने लाइसेंसी राइफल से अजीत को गोली मार दी।
लखनऊ । राजधानी लखनऊ में अपराध की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, बुधवार को रात में विभूतिखंड थाना क्षेत्र में गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज गया। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने मऊ जनपद के एक अपराधी की गोली मारकर हत्या कर दी और 2 लोग घायल हो गए। रात करीब 9 बजे विभूति खंड थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौता चौराहे के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर भी मौके पर पहुंचे।
लखनऊ कमिश्नरेट को खुलेआम चुनौती देने वाली हत्या की घटना के बाद पुलिस की टीमों को अलर्ट कर शहर की नाकेबंदी कर गोलियों की तड़तड़ाहट से शहर को थर्रा देने वाले अपराधियों की तलाश तेज कर दी है लेकिन पुलिस अभी किसी भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के अनुसार रात करीब 9 बजे विभूतिखंड के कठौता के पास हुई फायरिंग में मऊ मोहम्मदाबाद गोहना के रहने वाले 45 वर्षीय अजीत सिंह उर्फ अधिक लंगड़ा की गोली लगने से मौत हो गई जबकि उसका साथी मोहर सिंह और वहां से गुजर रहा जोमैटो फूड का डिलीवरी मैन प्रकाश घायल हो गया है।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार मृतक अजीत सिंह के खिलाफ 17 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं जिसमें से 5 मुकदमे हत्या के हैं उन्होंने बताया कि मृतक को 21 दिसंबर 2020 को मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिला बदर किया गया था उनका कहना है कि घटनास्थल का मुआयना करने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा है कि करीब 25 से 30 राउंड गोली चली है उन्होंने कहा कि मौका ए वारदात से 9 एमएम के खोखे भी पाए गए हैं।
विभूतिखण्ड थाने में अजीत सिंह की हत्या मामले में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, वादी और शूटरों की गोली से घायल मृतक के साथी ने कराई एफआईआर दर्ज कराई है।
एफआईआर में साजिशकर्ता ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह और अखंड प्रताप सिंह का नाम शामिल हैं। शूटर गिरधारी विश्कर्मा सहित अन्य 3 अज्ञात शूटरों के नाम भी एफआईआर में शामिल हैं, सभी मऊ आजमगढ़ के रहने वाले हैं। मृतक अजीत सिंह की विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू सिंह की हत्या में कोर्ट में गवाही होनी थी, गवाही रोकने के लिए आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाया है, 19 जुलाई 2013 में हुई थी विधायक सर्वेश सिंह की हत्या।
मृतक अजीत सिंह का अपराधिक रिकार्ड
————————————————-
1. मु0अ0सं0 431/003 धारा 147/148/149/504/506/309 भादवि मुहम्दाबाद
2. मु0अ0सं0 211/004 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट मुहम्दाबाद
3. मु0अ0सं0 915/005 धारा 110 जी सीआरपीसी मुहम्दाबाद
4. अ0सं0 536/05 धारा 365 आईपीसी जीआऱपी चारबाग लखनऊ
5. अ0सं0 348/08 धारा 110 जी सीआरपीसी मुहम्दाबाद
6. अ0सं0333/09 धारा 110जी सीआरपीसी
7. अ0सं0 381/09 धारा 3(2) गुण्डा एक्ट
8. अ0सं0 1071/08 धारा 302/120बी आईपीसी को0 आजमगढ़
9. मु0अ0सं0 152/10 धारा 302/120बी आईपीसी जियनपुर आजमगढ़
10. अ0स0 340/10 धारा 3/2 गैगेस्टर एक्ट
11. अ0सं0 1579/10 धारा 342/387/506 भादवि मुहम्दाबाद
12. अ0सं0 312/008 धारा 467/468/471 आईपीसी व 3/7 ईसी एक्ट मुहम्दाबाद
13. 767/11 धारा 3(1) गुण्डा एक्ट मुहम्दाबाद
14. मु0अ0सं0 281/17 धारा 110जी सीआरपीसी
15. 27/19 धारा 3(1) गुण्डा एक्ट मुहम्दाबाद
16. अ0सं0 128/19 धारा 110जी सीआरपीसी
17. अ0सं0 1055/14 धारा 147/352/323 भादवि व 7 सीएलए एक्ट
18. अ0सं0 277/13 धारा 110 जी सीआरपीसी
19. मु0अ0सं0 98/12 धारा 110 जी सीआरपीसी मुहम्दाबाद
बदायूं । बदायूं में रेप की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, उघैती में गैंगरेप और हत्या की घटना के बाद एक और नाबालिग के साथ रेप की घटना सामने आई है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता मोहल्ले में ही धार्मिक कार्यक्रम देखने जा रही थी। पीड़िता को मेडिकल कराने के लिए भेजा गया है।
बदायूं में नहीं रुक रहीं रेप की वारदातें
गैंगरेप और हत्या के बाद एक और बलात्कार
नाबालिग से रेप की वारदात, आरोपी गिरफ्तार
सिविल लाइन इलाके के एक गांव में रहने वाली नाबालिग किशोरी मोहल्ले में हो रहे धार्मिक कार्यक्रम को देखने जा रही थी, इसी दौरान मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने उसे जबरदस्ती पकड़ लिया और घर में ले जाकर रेप की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता और उसके घर वालों ने पूरे मामले की जानकारी थाना सिविल लाइन पुलिस को दी। जिसके बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा है। पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर के बाहर मोहल्ले में हो रहे धार्मिक कार्यक्रम को देखने जा रही थी तभी मोहल्ले के ही एक व्यक्ति व उसके कुछ साथियों ने उसे जबरदस्ती पकड़ लिया और उसे अपने घर ले गए जहां उन्होंने उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया।
मामले में एसएसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है जो भी साक्ष्य निकलकर आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उघैती में गैंगरेप के बाद हत्या का मामले में अपडेट
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य चंद्रमुखी के नेतृत्व में टीम ने पीड़िता के घर पर परिवार से बातचीत की, उन्होंने बताया कि सरकार की सख्ती के बावजूद ऐसी जघन्य घटनाएं हो रही हैं। पुलिस की भूमिका पर चंद्रमुखी ने सवाल उठाए और कहा मैं पुलिस की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं हूं, पुलिस ने लापरवाही नहीं की होती और तुरंत हरकत में आई होती तो महिला की जान बच सकती थी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट देखने से लगता है कि बहुत विभत्स घटना है, पूरी घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
लखनऊ । किसानों की आवाज बुलंद करना उत्तर प्रदेश में अपराध हो गया है, आवाज बुलंद करने वालों पर मुकदमें पर मुकदमें किए जा रहे हैं ये हम नहीं कह रहे ये कांग्रेसी नेताओं का कहना है। मामला बक्शी का तालाब इलाके का है यहां पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार के नेतृत्व में नए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के स्थापना दिवस पर कांग्रेस संदेश यात्रा का आयोजन किया गया था। भैंसामऊ क्रासिंग से लेकर ऐतिहासिक बक्शी का तालाब तक किसानों के समर्थन में कांग्रेसियों ने पदयात्रा निकाली थी और तीनों नए कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है बताया था।
ललन कुमार समेत 135 कांग्रेसियों पर केस दर्ज
कृषि कानूनों के खिलाफ पदयात्रा निकालने पर केस
कई धारों में ललन कुमार समेत 10 लोग नामजद
बक्शी का तालाब थाने में मुकदमा दर्ज किया गया
सत्ता पक्ष को परमिशन कैसे मिलती है – ललन कुमार
बक्शी का तालाब पुलिस ने ललन कुमार समेत 135 लोगों पर धारा 143, 341, 188, 269 और महामारी अधिनियम की धारा 3 में एफआईआर दर्ज की है, पुलिस ने आरोप लगाया है कि बिना अनुमति के जबरन पदयात्रा निकाली गई, सीतापुर हाईवे पर जाम लगाया गया, मास्क नहीं पहनने का भी आरोप लगाया गया और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार, बीकेटी ब्लॉक अध्यक्ष अतुल शुक्ला, मुन्ना लाल भारती, उदयभान सिंह, सुनील कुमार, अखिलेश कुमार, धनंजय सिंह, पिंटू यादव, राहुल कुमार और रामपाल पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है, वहीं 125 अज्ञात पर भी केस किया गया है।
कांग्रेसी नेताओं ने खुद पर मुकदमें दर्ज होने के बाद योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के दबाव में पुलिस ने मुकदमें दर्ज किए हैं जब सरकार के कार्यक्रम होते हैं तो कोरोना की गाइड लाइन का उल्लंघन पुलिस को नहीं दिखता है। बक्शी का तालाब में 17 दिसम्बर को किसान सम्मेलन में हजारों की भीड़ उमड़ी थी तब बक्शी का तालाब पुलिस के उपनिरीक्षक संतोष सिंह, सीओ और एसओ को सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन नहीं दिखा, हजारों लोग बिना मास्क के थे तब केस नहीं किया और तो और इतनी भीड़ के कारण वहीं सीतापुर हाईवे पर उनको जाम भी नहीं दिखा था परन्तु विपक्ष में होने के कारण बक्शी का तालाब पुलिस ने सरकार के दबाव में कांग्रेसियों पर केस दर्ज किया है।
वहीं कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने खुद और अन्य लोगों पर दर्ज एफआईआर को लेकर ट्वीट कर राज्य की योगी सरकार पर हमला बोला, उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए, उन्होंने कहा कि यहां किसानों के हक में आवाज उठाने वालों को इनाम में FIR मिलती है, एक ओर जहां बीजेपी नेता हजारों की भीड़ में चुनावी रैलियां कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ के शासन में शांतिपूर्ण पदयात्रा करना भी अपराध हो गया है। उन्होंने आगे लिखा कि पुलिस ने पदयात्रा को रोकने का प्रयास किया उसके बाद हमने उनसे शांतिपूर्ण पदयात्रा करने देने का निवेदन भी किया। उसी पुलिस द्वारा गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गई है।
फिरोजाबाद । पुलिस लाइन में एसएसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि एसओजी और शिकोहाबाद पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे कुख्यात अशोक दीक्षित गैंग (डी-27) के आठ सदस्यों से मुठभेड़ की, जिनमें पांच बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया, तीन मौके से फरार हो गए। गिरफतार अभियुक्तों से भारी मात्रा में अवैध असलाह और कारतूस भी बरामद किए गए।
कुख्यात अशोक दीक्षित गैंग (डी-27) के 5 बदमाश अरेस्ट
एसएसपी अजय कुमार की टीम को मिली बड़ी सफलता
8 बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, अंधेरे में 3 बदमाश फरार
एसओजी और शिकोहाबाद पुलिस को मिली सफलता
भारी मात्रा में अवैध असलाह, कारतूस भी बरामद
मैनपुरी के गुप्ता ज्वैलर्स के यहां डकैती की बना रहे थे योजना
एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यू के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में एसओजी व थाना शिकोहाबाद पुलिस को उस समय सफलता हाथ लगी जब सूचना प्राप्त हुई कि कुछ बदमाश चार पहिया और दो पहिया वाहनों से भारी मात्रा में अवैध असलाहों के साथ नैनसुख जाने वाले रास्ते पर मैनपुरी के सुप्रसिद्ध सर्राफा व्यवसायी गुप्ता ज्वैलर्स के मालिक उमेश गुप्ता के यहां डकैती की योजना बना रहे हैं यदि जल्दी की जाए तो पकड़े जा सकते हैं।
उक्त सूचना पर पुलिस टीम ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर खड़े बदमाशों की घेराबंदी की तो वहां मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने धैर्य साहस और कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए जवाबी फायरिंग कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए पांच बदमाशों को मय वाहन और भारी मात्रा में अवैध असलाहों के साथ पकड़ लिया गया तथा तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार किये गये अभियुक्तों में मनीष हापुड़िया पुत्र शंकर सिंह हापुड़िया निवासी हापुड़िया चौक, मौहल्ला खेड़ा थाना शिकोहाबाद, प्रवीन कुमार वर्मा पुत्र स्व. मिथलेश कुमार निवासी मकान नंबर 246, मौहल्ला काजी टोला थाना शिकोहाबाद, कुलदीप यादव पुत्र प्रमोद कुमार यादव निवासी कुर्रीकूपा थाना लाइनपार, दिलीप परिहार पुत्र अशोक सिंह निवासी शंकरपुरी थाना शिकोहाबाद, कल्ला उर्फ कल्लू पुत्र महेश निवासी आदर्श नगर थाना शिकोहाबाद बताए गए।
वहीं फरार अभियुक्तों में अशोक पुत्र नेत्रपाल निवासी बमरौली अहीर थाना मलपुर जनपद आगरा, मोनू उर्फ आशीष पुत्र शंकर हापुड़िया निवासी हापुड़िया चौक, मौहल्ला खेड़ा थाना शिकोहाबाद, विनीत ठाकुर पता अज्ञात हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिकोहाबाद सुनील कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी फिरोजाबाद कुलदीप सिंह सहित उनकी टीम शामिल रही। वार्ता के दौरान एसपी ग्रामीण राजेश कुमार भी मौजूद रहे।
लखनऊ । राजधानी लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के कार्यालय को रायबरेली रोड पर होने की वजह से इटौंजा, माल, मलिहाबाद, बक्शी का तालाब की जनता को पुलिस के आलाधिकारियों से मिलने में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, एसपी रूरल का कार्यालय लखनऊ शहर के बाहर रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम में बना दिया गया है जबकि बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई जिलों की सीमा से सटे हुए लखनऊ जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामवासियों को एसपी ग्रामीण के कार्यालय तक अपनी फरियाद ले जाने मे बड़ी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। पिछड़ा मुस्लिम मोमिन समाज संगठन के उपाध्यक्ष अकील खान ने एसपी ग्रामीण का कार्यालय बक्शी का तालाब और इटौंजा में बनाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय को बदलने की मांग
बख्शी का तालाब, इटौंजा में दफ्तर लाने की मांग
बीकेटी, इटौंजा, माल, मलिहाबाद की जनता परेशान
कल्ली पश्चिम में जाने में सैकड़ों रुपए किराया लगता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक से पिछड़ा मुस्लिम मोमिन समाज संगठन ने मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए एसपी ग्रामीण के कार्यालय को कल्ली पश्चिम रायबरेली रोड से हटाकर तहसील बख्शी का तालाब में, इटौंजा के अंतर्गत लाने की मांग की है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र के नाते इटौंजा थाना क्षेत्र, बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र, मलिहाबाद थाना क्षेत्र और माल थाना क्षेत्र की आम जनता को एसपी ग्रामीण के कार्यालय तक पहुंचने में गरीब जनता का सैकड़ों रुपया किराया लग जाता है और समय से अपनी फरियाद भी अधिकारियों तक नहीं पहुंचा पाते हैं।
गौरतलब है जनता की परेशानियों को देखकर पिछड़ा मुस्लिम मोमिन समाज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद अकील खान ने एक पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी के नाम भेज कर एसपी ग्रामीण के कार्यालय को वहां से स्थानांतरित करके क्षेत्र में लाने की मांग की है।
बांदा । प्रयागराज जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश ने बांदा और महोबा के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध की समीक्षा बैठक की और समीक्षा बैठक में कमियां मिलने पर उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए तो वही एडीजी ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने वाले मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही महोबा के कारोबारी की मौत के मामले और भ्रष्टाचार प्रकरण में आरोपी पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार के खिलाफ अब कुर्की की कार्रवाई की बात कही है, एडीजी ने कहा है कि जल्द ही पाटीदार के खिलाफ कुर्की की कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि प्रयागराज जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश आज बांदा पुलिस लाइन में महोबा और बांदा जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध की समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। इस मौके पर चित्रकूट धाम मंडल के आईजी के. सत्यनारायण समेत बांदा के एसपी, एएसपी और सीओ मौजूद रहे। वहीं महोबा के भी एसपी, एएसपी व सभी सीओ मौजूद रहे।
एडीजी प्रेम प्रकाश ने बताया कि मेरे द्वारा बांदा और महोबा की अपराध और कार्रवाई की समीक्षा बैठक की गयी, जिसमें कुछ पुराने बदमाश जो चिन्हित हैं और उन पर इनाम घोषित है लेकिन अभी तक गिरफ्तार नहीं है, जिनकी गिरफ्तारी को लेकर मेरे द्वारा निर्देश दिए गए हैं। वहीं अपराध की समीक्षा बैठक में यह पाया गया है कि अपराध का ग्राफ कम हुआ है और महिलाओं के प्रति जो अपराध हो रहे थे उनमें भी गिरावट आई है, मगर कुछ आंशिक वृद्धि एससी-एसटी वाले मामलों में आई है, जिस पर कार्रवाई करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
वहीं गैंगस्टर एक्ट और एनएसए में कार्रवाई बढ़ाने को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं और कुछ मामले ऐसे हैं जिनमें सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमले किए गए हैं। जिस पर एनएसए की कार्रवाई और गैंगेस्टर एक्ट लगाने की कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
वहीं पूर्व में बांदा जिले के खनिज अधिकारी सुभाष सिंह पर हुए हमले को लेकर एडीजी प्रेम प्रकाश ने कहा कि इस मामले में काफी बड़ी संख्या में लोगों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही पांच अन्य लोगों पर भी गंगेश्वर समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने व उनकी गिरफ्तारी के भी आदेश दिए गए हैं।
वहीं महोबा के कारोबारी की मौत के मामले में भ्रष्टाचार प्रकरण में आरोपी पूर्व एसपी मणीलाल पाटीदार पाटीदार के मामले में एडीजी प्रेम प्रकाश ने कहा कि उन पर 82 की कार्रवाई की गई है, वही उनके खिलाफ एक और मुकदमा धारा 174 का दर्ज किया गया है साथ ही उनकी तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। पूर्व एसपी के द्वारा इस मामले में पैरवी की गई है जिसमें उन्होंने अपनी बेल के लिए एप्लीकेशन डाली थी, वह भी सभी खारिज हो चुकी है और अब जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
आगरा: उत्तर प्रदेश में जहां योगी सरकार माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रही है तो वहीं, खनन माफियाओं की गुंडागर्दी बढ़ते जा रही है। आगरा के खेरागढ़ में खनन माफिया के गुर्गों ने रविवार सुबह सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी। इसके बाद फायरिंग करते हुए ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग गए। सूचना पर जिले की फोर्स के साथ एसपी सिटी बोत्रो रोहन प्रमोद पहुंचे।
क्षेत्र में खनन माफिया के गुर्गों की तलाश की जा रही है। रविवार सुबह पांच बजे सैंया थाने में अवैध खनन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्थान से आगरा की ओर आने की सूचना मिली थी। सैंया थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, सिपाही सोनी कुमार चौधरी, सुधी, सूरज, सुनील और शिशुपाल ट्रैक्टर को पकड़ने के लिए निलक गए। खेरागढ़- सैंया मार्ग पर इंतजार किया, लेकिन बालू लेकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं आए।
तभी खेरागढ़ क्षेत्र के गांव सोन का बड़ा नगला के पास पांच- छह ट्रैक्टर-ट्रॉली आते दिखे। गाड़ी से उतरकर सिपाही सोनू ने ट्रैक्टर के आगे डंडा दिखाकर रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने ट्रैक्ट सोनू के ऊपर चढ़ा दिया। इसके बाद फायरिंग करते हुए चलाक साथ में चल रहे अन्य ट्रैक्टरों पर बैठकर भाग गया। सोनू की मौके पर मौत हो गई।
एसपी सिटी ने बताया कि, खनन माफिया ने ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाकर सिपाही की हत्या की है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, सोनी अलीगढ़ के जट्टारी के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2018 में पुलिस में भर्ती हुए थे। यह पहला मामला नहीं है जब किसी खनन माफिया ने ऐसा किया है, इससे पहले भी पुलिस पर कई बार खनन माफियाओं द्वारा जानलेवा हमला हुआ है।
मेरठ: पश्चिमी उत्तर उप्रदेश के कुख्यात माफिया बदन सिंह बद्दो पर भी प्रशासन ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। कोर्ट के आदेश पर अब उसके घर को भी कुर्क करने की कार्रवाई की शुरुआत हो गई है। थाना टीपी नगर इलाके के बेरीपुरा स्थित बद्दो के घर पर कई थानों की पुलिस पहुंची और ढोल बजाकर उसके इलाके में मुनादी दी गई। बताया जा रहा है कि बद्दो के मकान में काफी सामान है, जिसको पुलिस कब्जे में ले रही है।
ढाई लाख के इनामी कुख्यात बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 2019 को पुलिस कस्टडी से फरार होने हो गया। इस मामले में सीजेएम कोर्ट ने बद्दो की के घर को कुर्की के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने पंजाबीपुरा इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस ने घर मे रखा सारा कीमती सामान जब्त कर लिया। ढोल नगाड़ों से पुलिस ने मुनादी भी कराई। इस दौरान एएसपी, सीओ पुलिस और पीएसी के साथ पहुचे थे, पूरे घर को खंगाला गया और उसके बाद घर का सामान जब्त करने की कार्यवाही की गई।
बद्दो के इस मकान में उसकी बेटी और दामाद रहते हैं और इस मकान के बारे में कम ही लोग जानते हैं। पुलिस ने कुछ वक्त पहले कुख्यात योगेश भदौड़ा, शराब माफिया रमेश प्रधान की भी संपत्ति कुर्क की थी लेकिन बद्दो पर अब तक कार्यवाही नहीं हुई थी। अब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने घर की कुर्की की। बदन सिंह बद्दो ने शराब की तस्करी, हथियारों की तस्करी, जमीनों पर अवैध कब्जे, सुपारी लेकर हत्या कराकर करोड़ो की अकूत संपत्ति अर्जित की।
बदन सिंह बद्दो को आजीवन कारावास की सज़ा हो चुकी है। 28 मार्च 2019 को जिस दिन मेरठ में पीएम मोदी की रैली थी उस दिन पेशी के दौरान बद्दो मेरठ के होटल मुकुट महल से फरार हो गया था। इस बात को करीब पौने दो साल बीत चुके हैं लेकिन बद्दो का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई। कभी बद्दो के चंडीगढ़ होने, कभी नेपाल तो कभी ऑस्ट्रेलिया होने की चर्चा चली। बद्दो अपनी सोशल साइट पर भी एक्टिव रहता है।
लखनऊ: बक्शी का तालाब में छठामील के पास ब्राइटलैंड स्कूल की मोड पर पुलिस ने यातायात माह के तहत जागरुकता अभियान चलाया और लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरुक किया।
दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात माह चलाया जा रहा है जिससे सड़क पर नियमपूर्वक चलने से हादसों को कम किया जा सके, सर्दी में कोहरे की वजह से हादसों में बढ़ोत्तरी को रोकने के लिए बीकेटी पुलिस लोगों को जागरुक कर रही है।
यातायात माह के तहत जागरुकता अभियान, पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट लगाने के लिए किया जागरुक
बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाने वालों को पुलिस ने समझाया और यातायात के नियमों को बताया कि कैसे नियमों का पालन करके वो अपनी सुरक्षा कर सकते हैं। सवारी गाड़ियों के कागजों को भी देखा कि उनकी फिटनेस सही है कि नहीं। महिला सिपाही ने बताया कि कैसे लोगों को जागरुक कर रही हैं।
लखनऊ। आजकल उत्तर प्रदेश बिगड़ी हुई क़ानून व्यवस्था के कारण मीडिया में छाया हुआ है। प्रदेश सरकार के दावों के बावजूद यहाँ बलात्कार जैसे जघन्य मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीँ प्रदेश के डी.जी.पी. का बयान जिसमें ऐसे अपराध को ‘रूटीन क्राइम’ कहा जाना जनमानस में और भी असंतोष पैदा करता है। अब ऐसा लगने लगा है कि यूपी में क़ानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं रह गयी है। अब इस बिगड़े माहौल की चर्चा प्रदेश से निकल कर पूरे देश में होने लगी है।
गौरतलब हो कि पिछले सिर्फ 36 घंटे का रिकॉर्ड यूपी की बिगड़ी हुई क़ानून व्यवस्था और यहाँ महिलाओं की स्थिति का साफ़-साफ़ चित्रण कर लेकिन लगातार ऐसे मामलों की बढ़ती हुई रफ़्तार से लगता है कि सरकार शांत बैठी हुई है। पिछले 36 घंटे में ही प्रदेश में दुष्कर्म में कई मामले सामने आ चुके हैं।
-जिस पुलिस के ऊपर सुरक्षा की ज़िम्मेदारी होती है उसी पुलिसवालों पर एक महिला के साथ थाने में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है। ये मामला हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाने का है, जहाँ महिला का कहना है कि ए.एस.आई और कॉन्स्टेबल ने मिल कर उस महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
-मुरादाबाद में 16 साल की एक लड़की पेड़ पर लटका हुआ मिला। परिवार वालों का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद युवती शव यहाँ लटकाया गया है। ज्ञात हो कि इससे पहले बहराइच और बंदायूं में भी इसी तरह से दुष्कर्म के बाद शव पेड़ पर लटका दिया गया था।
-कुशीनगर में एक लड़की साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे फ़ेंक दिया गया।
-सीतापुर में एक लड़की ने ऑटो ड्राइवर पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
गौरतलब हो कि उपर्युक्त कई मामलों में जांच अभी जारी है और जहाँ तक हमीरपुर का मामला है उसमे पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार महिला के साथ हुए दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो रही है और ये महज़ आरोप है। खैर ये तो जांच का विषय है लेकिन उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था आम जनता बीच एक बहस का मुद्दा बना हुआ है जिसे ठीक करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने ही पड़ेंगे।