UPTET 2014 का नया कार्यक्रम हुआ जारी, 28 जनवरी है अंतिम तिथि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा (UPTET 2014) के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। इस परीक्षा को लेकर नई तारीख़ें घोषित की गई हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के सचिव नीतीश्वर कुमार ने बावत आदेश जारी किया है जिसके मुताबिक अब 7 जनवरी से पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ होगी। आवेदक 28 जनवरी तक फॉर्म भर सकेंगे जबकि परीक्षा पहले से तय तारीखों 22 और 23 फरवरी को ही होगी।
इससे पहले जारी विज्ञापन में अंतिम तारीख 6 जनवरी थी लेकिन तकनीकी दिक्कतों की वजह से ऑनलाइन आवेदन का लिंक तैयार नहीं हो सका था। इससे आवेदकों में काफ़ी रोष भी था क्योंकि इस बारे में शासन की तरफ से कोई सूचना भी नहीं जारी की जा रही थी कि तकनीकी दिक्कत है, जबकि विज्ञापन जारी होने के बावजूद उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर UPTET 2014 के आवेदन के संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं थी। तकनीकी दिक्कत के संबंध में बताया जा रहा है कि NIC के पास डेटा स्टोरेज़ के लिए HDA कार्ड नहीं था जिस वजह से वेबसाइट का प्रबंधन करनेवाली सरकारी संस्था NIC ने ऑनलाइन आवेदन लेने की सुविधा देने से मना कर दिया था।
नई तारीख़ों के मुताबिक 22-23 को परीक्षा के बाद 25 फरवरी को आंसर शीट जारी किया जाएगा, जिस पर 28 फरवरी तक आपत्तियां दी जा सकेंगी। आपत्तियों के निराकरण की आख़िरी तारीख़ 6 मार्च मुकर्रर की गई है। आपत्तियों के निराकरण के बाद संशोधित आंसरशीट 10 मार्च तक वेबसाइट पर डाली जाएगी और इसका रिज़ल्ट 27 मार्च को घोषित किया जाएगा। 
उत्तर प्रदेश में टीईटी की परीक्षा तीसरी बार होने जा रही है और इस बार भाषा शिक्षकों केलिए निबंध का प्रश्न पत्र हटा दिया गया है। इसकी जगह बहुविकल्पी प्रश्न पूछे जाएंगे।

Madhaw Tiwari is a senior journalist with over 20 years of experience in India's leading news channels.

Leave a Reply

Leave a comment
scroll to top