नई दिल्ली। नए-नए लोग अलग-अलग राजनीतिक दलों में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में रिटायर्ड होम सेक्रेटरी आर.के. सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए हैं और अब वो अपने पुराने डिपार्टमेंट के गड़े मुर्दे उखाड़ रहे हैं। आर.के. सिंह ने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंह के अनुसार शिंदे ने दिल्ली पुलिस को 2जी घोटाले के मुलजिम शाहिद बलवा से पूछताछ करने से रोका था। बलवा को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का बहुत करीबी बताया जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने तो यह भी कहा कि शिंदे के दफ्तर से दिल्ली पुलिस में एसएचओ की तैनाती के लिए भी कमिश्नर के पास आदेश आते थे।
सोमवार को उन्होंने कहा कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले टेलिकॉम घोटाले के मुलजिम शाहिद बलवा से पूछताछ करने से शिंदे ने दिल्ली पुलिस को रोका था। सिंह ने कहा कि दुबारा जब बलवा से पूछताछ की कोशिश की गई तो शिंदे ने तब भी पुलिस को मना कर दिया था। पूर्व गृह सचिव ने दिल्ली पुलिस में एसएचओ की तैनाती में गृह मंत्री के दखल और रुपयों के लेन-देन का आरोप भी लगाया। सिंह के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के तत्कालीन कमिश्नर नीरज कुमार ने उन्हें इस बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि इंस्पेक्टरों को एसएचओ बनाने के लिए गृह मंत्री के दफ्तर से उन्हें पर्चियां भेजी जाती हैं।
नीरज कुमार ने सिंह को पर्चियां भी दिखाई थीं। इन पर्चियों पर किन्हीं खास पुलिस इंस्पेक्टरों के लिए थाने भी बताए गए थे। आर.के. सिंह ने कहा कि उन्हें यह जानकारी भी मिली थी कि एसएचओ की तैनाती कराने के लिए गृह मंत्री के दफ्तर में दो-तीन आदमी खास तौर पर सक्रिय थे। सिंह के मुताबिक, उन्होंने यह भी सुना था कि एसएचओ की तैनाती कराने के लिए रुपये भी लिए जा रहे थे। खैर जब इस तरह के लोग जब राजनीति में आयेंगे, खासकर विपक्षी दलों में तो ऐसी बातें सामने आएंगी ही। लेकिन बड़ी बात तब होगी जब इनकी बातों पर यकीन करके जनता इनके कहने पर वोट दे।






