नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने गोवा में भाषण दिया तो उन्होंने पहली बार आम आदमी पार्टी को भी निशाने पर लिया। कांग्रेस पर तो उनकी टिप्पणी आती रहती थी लेकिन रविवार को गोवा की रैली में उनका आम आदमी पार्टी पर हमला करना कांग्रेस को मौका दे गया मोदी पर तंज कसने के लिए। कांग्रेस नेता शकील अहमद ने ट्वीट किया है कि मोदी आम आदमी पार्टी से नर्वस तो नहीं हैं।
ट्वीट में शकील अहमद ने लिखा है कि, “मोदी की कांग्रेस की आलोचना करना समझ में आता है, लेकिन उन्होंने अब आम आदमी पार्टी की भी आलोचना शुरू कर दी है। क्या वह वाकई आम आदमी पार्टी के उदय से घबरा गये हैं।”
नरेंद्र मोदी ने गोवा में वैसे तो किसी का नाम नहीं लिया था लेकिन उनके बयान से साफ़ था कि उन्होंने आम आदमी पार्टी को ही निशाना बनाया था। नरेंद्र मोदी ने कहा था, “देश को चलाने के लिए दूरदृष्टि चाहिए और सही नीतियों को लागू करना होगा। देश तभी आगे जा सकता है जब अनुभवी नेता इसकी अगुवाई करें। टीवी के चेहरे नहीं कर सकते।”
बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को पता है कि वो पहले ही कांग्रेस के ख़िलाफ़ अपना अभियान के स्तर तक ले जा चुके हैं और केंद्र में कांग्रेस की 10 साल की सरकार के ख़िलाफ़ हवा बनाने में भी सफ़ल रहे हैं। मोदी को अब ये लगता है कि अब उन्हें सिर्फ पुरानी कांग्रेस पार्टी से ही चुनौती नहीं है बल्कि वो राजनीति में नए नए आए आम आदमी पार्टी को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते।
ऊधर नरेंद्र मोदी पूर्व पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन पर की गई टिप्पणी को लेकर भी कांग्रेस नेताओं के निशाने पर हैं। नरेंद्र मोदी ने रैली में कहा था कि, “हमने आयकर के बारे में सुना है, सेल्स टैक्स के बारे में सुना है लेकिन दिल्ली में एक नये तरह का टैक्स लगाया गया है जयंती टैक्स। पर्यावरण मंत्रालय में बिना जयंती टैक्स दिये कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती।”
इस पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि मोदी ने बेहुदा बयान दिया है, इसकी निंदा होनी चाहिए, उन्हें सिर्फ गाली देनी आती है, अपनी नीतियां नहीं पेश कर पाते।







