टैग पुरालेख: Noida

नोएडा। चलती कार में तमंचे की नोक पर महिला से गैंग रेप

कुंदन मिश्र। नोएडा। सेक्टर 12-22 चौकी के पास एक महिला को कुछ लोगों ने कार में बिठाया और अगवा कर उसके साथ कार में ही गैंग रेप किया और फिर उसे सड़क पर फेंककर फरार हो गये। पीड़ित का पति हत्या के एक मामले में जेल में बंद है और जिनके ऊपर पीड़ित ने रेप का आरोप लगाया है वो उसके पति के मुकदमे के परोकार हैं। पीड़ित ने घटना के बारे में बताया कि वो अपने पति से मिलने लुस्कर जा रही थी। ग़ाज़ियाबाद के लालकुआं से वो बस के ज़रिए 12-22 चौराहे पर पहुंची थी, तभी स्कार्पियो सवार युवकों ने महिला को गाड़ी में खींच लिया और तमंचे के बल उसके साथ गैंग रेप किया, फिर सड़क पर फेंक कर चले गये। 
पुलिस ने गैंग रेप का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ़्तारी की ख़बर नहीं है। पीड़ित का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस घटना से नोएडा जैसी मेट्रो सिटी में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

नोएडा का सबसे पुराना सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल एनएमसी दोबारा शुरू


नोएडा। नोएडा का पहला सुपरस्पेशिएलिटी अस्पताल नोएडा मेडिकेयर सेंटर (एनएमसी) को एक बार फिर नए तेवर और कलेवर के साथ जनता की सेवा के लिए चिकित्सा एनएमसी के नाम से री-लॉन्च किया गया है। 

इस बार अस्पताल का प्रबंधन नोएडा के जाने माने चिकित्सकों के हाथों में ही है और उनका दावा है कि अस्पताल में इस बार पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा सुविधाएं होंगी। साथ ही अस्पताल देश में मेडिकल सोसाइटी द्वारा तय मानकों के मुताबिक काम करते हुए मरीजों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए दृढ़संकल्प है।

चिकित्सा एनएमसी अस्पताल का प्रबंधन इस बार नोएडा के जाने माने फिजिशियन डॉक्टर जी. सी वैष्णव और दंत विशेषज्ञ डॉक्टर केशव नैथानी के हाथों में है। इनके नेतृत्व में अनुभवी व कुशल मेडिकल कर्मचारियों की टीम उत्साहित दिखाई दे रही है। उधर स्थानीय लोगों में भी खुशी है कि उनके इलाके का सबसे पुराना सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल एक बार फिर जनसेवा के लिए तत्पर रहेगा।


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

नॉएडा में फ्लैट खरीदने वालों पर गिरेगी मंहगाई की गाज़

नोएडा में फ्लैट खरीदने या बुक कराने वाले लाखों लोगों की जेब पर भारी बोझ पड़ने वाला है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए नोएडा प्राधिकरण ने किसानों को बढ़े हुए मुआवजे का भुगतान कर दिया और अब वह उसकी वसूली बिल्डरों से करने जा रहा है। ऐसे में साफ है कि बिल्डर अपनी जेब से तो भुगतान करेंगे नहीं। नोएडा के सेक्टर 71 से लेकर ग्रेटर नोएडा की सीमा तक बने सेक्टरों और एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ बसे सेक्टरों में जिन लोगों ने पैसा लगाया है, यह रकम उनसे ही वसूली जाएगी।
प्राधिकरण के इस फैसले की सबसे ज्यादा मार फ्लैट खरीदने वालों पर पड़ेगी। 2002 से 2009 के बीच अधिग्रहीत होने वाली जमीन का ज्यादातर हिस्सा बिल्डरों को आवंटित किया गया है। एक्सप्रेसवे और सेक्टर 71 के आस-पास डेढ़ से दो लाख फ्लैट बने होने का अनुमान है। जब प्राधिकरण मुआवजे का बोझ बिल्डरों पर डालेगा, तो बिल्डर फ्लैट खरीदने वालों से इसकी वसूली करेंगे। जानकारों का कहना है कि बिल्डर सिर्फ प्राधिकरण को दी गई धनराशि ही नहीं वसूलेंगे, बल्कि इसकी आड़ में फ्लैट खरीदारों से दोगुना पैसा वसूल करेंगे।
उद्योगों, शिक्षण संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित सभी आवंटियों को बढ़ी कीमतें देनी पड़ेंगी। नतीजतन आसमान छूती नोएडा में जमीन की कीमतें आने वाले समय में दोगुनी हो जाएंगी। प्राधिकरण के इस कदम से आने वाले दिनों में नोएडा में जमीन की कीमतों में और उछाल आएगा। कीमत वसूलते ही इसका असर दिखाई देने लगेगा। पुराने आवंटियों के साथ नए आवंटनों पर भी इसका बोझ डाला जाएगा। इससे जमीन की कीमतों में इजाफा होना लाजिमी है।
दरअसल, बढ़े मुआवजे के रूप में प्राधिकरण अब तक 1200 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दे चुका है, बाकी धनराशि दी जानी है। चुनाव तक प्राधिकरण अधिग्रहीत की गई जमीन, आवंटी और मुआवजे की रकम के अनुपात में आवंटियों से कितनी धनराशि वसूली जानी है, इसका विवरण तैयार कर लेगा। अनुमान है कि फ्लैट मालिकों को 10 से 15 फीसदी और पेमेंट करनी होगी। इसी क्रम में रेट भी बढ़ाए जाएंगे। किसानों को दिए जाने वाले अतिरिक्त मुआवजे की सबसे ज्यादा मार ग्रुप हाउसिंग पर पड़ने वाली है। अंतिम रूप से इसका बोझ तो फ्लैट खरीदारों पर ही पड़ना है।
दरअसल, 2002 से 2009 के बीच अधिग्रहित जमीन का ज्यादातर हिस्सा बिल्डरों को ग्रुप हाउसिंग के लिए आवंटित की गई है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ बसे ज्यादातर सेक्टर इसी दायरे में आएंगे। सेक्टर 71 से आगे और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सीमा तक बसे इलाकों में लगभग दो लाख फ्लैट बने होने का अनुमान है। अगर प्राधिकरण ने यह नीति लागू कर दी तो यहां के बिल्डरों को यह रकम चुकानी पड़ेगी और बिल्डर इसकी भरपाई फ्लैट खरीदारों से करेंगे। नोएडा प्राधिकरण की 181वीं बोर्ड बैठक की मद संख्या पांच में इसका जिक्र है।
मसलन ग्रेटर नोएडा में 64.7 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा देने के लिए प्राधिकरण ने बिल्डरों, उद्यमियों, शिक्षण संस्थानों सहित सभी आवंटियों पर अलग-अलग दरें तय कर दी थी। सर्वाधिक रेट बिल्डरों से लिया गया था। जानकारी के मुताबिक बिल्डरों को करीब 2015 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से अतिरिक्त धनराशि का भुगतान करना पड़ा। बिल्डरों ने उसका सारा बोझ बायर्स पर डाल दिया। एक बायर्स से 100 रुपये प्रति वर्ग फुट से भी अधिक धनराशि वसूली गई। लगभग वही रेट यहीं भी तय किए जाने का अनुमान है।
बादौली खादर, छिजारसी, बहलोलपुर, रायपुर खादर, गढ़ी चौखंडी, शाहपुर, गोवर्धनपुर, खादर व बांगर, लखनावली, चोटपुर, गेझा, रोहिल्लापुर, बेगमपुर, नलगढ़ा, गुलावली, असगरपुर, जागीर व छलेरा बांगर आदि गांव शामिल हैं। इन सभी जगहों पर अदालत के आदेश के बाद किसानों को अतिरिक्त मुआवजे के तौर पर कुल 1800 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भी इसी तरह बिल्डरों से मुआवजे की अतिरिक्त रकम वसूली थी और बिल्डरों ने हाउसिंग सोसाइटियों में फ्लैट लेने वालों से। गत 12 फरवरी को नोएडा प्रधिकरण की बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव पास कर दिया गया है।
चुनाव होते ही इसे लागू करने की पूरी संभावना है। प्रस्ताव में साफ कहा गया है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद किसानों को दिए जाने वाले अतिरिक्त मुआवजे की भरपाई उनकी जमीन के आवंटियों से की जाएगी। जमीन के आवंटी से आशय उन तमाम बिल्डरों और संस्थानों से है, जिन्हें जमीन दी गई है। हाईकोर्ट ने 21 अक्तूबर, 2010 को 64.7 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा देने का आदेश जारी किया था। इसके तहत मार्च 2002 से लेकर मार्च 2009 के बीच जिन किसानों की जमीन ली गई थी, उन्हें बढ़ी दर से मुआवजा दिया जा रहा है।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

नोएडा में बस बटन दबाएं और कूड़ा फेंक दें

नोएडा। अब शहर में खुले कूड़ाघर बीते ज़माने की बात बन जाएंगे। मौजूदा वक़्त में आप सड़कों के किनारे बने कूड़ादान और कूड़ाघरों को देख सकते हैं जो खुले होते हैं और आस-पास के इलाकों में बदबू फ़ैलाते हैं, जानवर इन कूड़ादानों में खाना ढूंढने आते हैं और पूरे इलाके में कूड़ा फ़ैला देते हैं।
इन्ही समस्याओं के मद्दनेज़र अथॉरिटी एक नए तरह के सिस्टम पर काम कर रही है और जल्द ही इसे नोएडा शहर में लागू कर दिया जाएगा जिसके तहत सभी कूड़ा दान और कूड़ाघरों को अंडरग्राउंड कर दिया जाएगा। ये स्वचालित भूमिगत कूड़ाघर होंगे जो ढके होंगे और जहां तक पशुओं की पहुंच नहीं होगी।
प्राधिकरण के मुताबिक नोएडा के सभी सेक्टरों और कुछ गांवों को मिलाकर करीब दो सौ कूड़ाघर हैं और ये सब सड़कों के किनारे हैं जहां आवारा पशु कूड़े में खाने के साथ पॉलिथिन तक खा जाते हैं, जो उनकी मौत का भी कारण बन जाता है।
नए कूड़ाघरों के लिए अथॉरिटी एक जर्मन कंपनी के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इंफ्रा इन नाम की इस कंपनी ने प्रस्ताव दिया है कि आधुनिक कूड़ाघर ज़मीन के नीचे होंगे। इसमें रखे डस्टबिन ऐसे हैं कि कूड़ा लाने और ले जाने वाले वाहन के आने पर इसका ढक्कन बटन दबाते ही खुल जाएगा। डस्टबिन ऊपर आ जाएगा, जिसे गाड़ी में लोड कर लैंडफिल साइट पर पहुंचाने में आसानी होगी। बाहर से इसमें कूड़ा नहीं दिखेगा।
प्राधिकरण के डीसीईओ अखिलेश सिंह व परियोजना अभियंता बीके सिंह के साथ कंपनी के प्रतिनिधियों ने बैठक की है। बैठक में यह जानकारी दी गई कि जितना भी वेस्ट लैंडफिल साइट पर जाएगा, उसका एक फीसदी ही डंप करने की जरूरत पड़ेगी, बाकी का कूड़ा रीसाइकिल हो जाएगा। जिस से मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी लम्बे दिनों तक बनी रहेगी और पालीथीन के खाने से पशुओं की मौत भी कम से कम होगी।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

फरवरी से नोएडा में लागू होगा सिटीजन चार्टर

नोएडा। अगले महीने से नोएडा में अगर आपको कोई सरकारी काम करवाना है तो आप के लिए खुशख़बरी ये है कि इसके लिए समयसीमा निर्धारित होगी और उस समय सीमा के भीतर सरकारी विभाग को आपका का काम करना ही होगा। फरवरी महीने से नोएडा में सिटीज़न चार्टर लागू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

फरवरी महीने से सरकारी काम में देरी होने की गुंजाइश करीब-करीब ख़त्म हो जाएगी। पासपोर्ट, राशन कार्ड ड्राइविंग लाइसेन्स आदि बनवाने के लिए एक निश्चित समय सीमा बनाई जाएगी और संबंधित विभाग यदि उस समय सीमा में आपका काम नहीं कर पाते तो उन्हें जुर्माना भरना होगा।
नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण के डिप्टी सीईओ अखिलेश सिंह ने बताया कि सिटीजन चार्टर के दायरे में आने वाली सेवाओं की सूची लगभग तैयार होकर अपने अंतिम चरण में है। किस काम में कितना समय लगेगा, यह सब कुछ तय कर लिया गया है।

प्राधिकरण के मुताबिक इसे फरवरी के पहले सप्ताह में लागू किया जा सकता है। इसके लागू होने से आम जनता को बड़ी राहत मिल जाएगी। ट्रांसफर मेमोरंडम, नक्शा पास कराने और एनओसी आदि से जुड़े कामों को पूरा करने की समय सीमा तय होने के बाद अब समय सीमा में करना अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी हो जाएगी।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

सलाखों के पीछे तलवार दम्पति ने मनाई शादी की सालगिरह

ग़ाज़ियाबाद। आरुषि-हेमराज मर्डर केस में सीबीआई की विशेष कोर्ट से आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे तलवार दंपति ने रविवार को डासना जेल में अपनी 27वीं शादी कि सालगिरह मनाई। इस नामचीन डेंटिस्ट दंपति की यह पहली ऐसी सालगिरह रही होगी, जो इन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे बुरे समय में सलाखों के पीछे मनाई।
19 जनवरी रविवार को दोहरे हत्याकांड के मामले में उम्रकैद की सज़ा काट रहे देश की इस नामचीन डेंटिस्ट दंपति की 27वीं शादी की सालगिरह थी। अपने घर और फाइव स्टार होटल में अपनी मैरिज एनीवर्सरी को दोस्तों और परिजनों के साथ सेलिब्रेट करने वाली तलवार दंपति ने शादी की 27वीं सालगिरह डासना जेल के अंदर बने पार्क में मनाई।
जेल सूत्रों की मानें तो दोनों को सिर्फ 45 मिनट के लिए खुले पार्क में मिलवाया गया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को मैरिज एनीवर्सरी की बधाई दी, मगर उनकी आंखें आंसुओं से भर आईं। रविवार सुबह उठकर नूपुर और राजेश ने अपने-अपने बैरकों में भगवान का नाम लिया। नूपुर ने दुर्गा चालीसा का पाठ किया। मैरिज एनीवर्सरी के चलते तलवार दंपति के कुछ परिजन भी डासना जेल में उनसे मिलने पहुंचे थे।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें