टैग पुरालेख: BSP

सांसद धनंजय सिंह का बसपा ने टिकट काटा

लखनऊ। एक महिला के साथ दुष्कर्म और नौकरानी राखी हत्या मामले में आरोप झेल रहे बाहुबली सांसद धनंजय सिंह का टिकट बसपा ने काट दिया है। उनके स्थान पर पूर्व मंत्री सुभाष पांडेय जौनपुर से नए प्रत्याशी होंगे। अब ऐसा लग रहा है जैसे सांसद चौतरफा मार झेल रहे हैं। एक तरफ वो दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद हैं वही दूसरी ओर मायावती ने जौनपुर लोकसभा से उनका टिकट भी काट दिया। अब देखना ये है कि धनंजय सिंह पहले अपने आप को अदालत से बेगुनाह साबित करेंगे फिर चुनाव लड़ेंगे या फिर किसी और पार्टी का दामन थाम के चुनावी मैदान में कूदेंगे।
बाहुबली सांसद पर 42 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़ित महिला का कहना था कि धनंजय सिंह उसके साथ जुलाई 2005 से मार्च 2009 तक रिवॉल्वर की नोक पर दुष्कर्म करते रहे। साथ ही एक और केस में उनके घर में काम करने वाली राखी की हत्या के आरोप में सांसद व उनकी पत्‍‌नी डॉक्टर जागृति सिंह अभी तिहाड़ जेल में बंद हैं। जागृति सिंह द्वारा पिटाई करने से राखी की सांसद के आवास में बीते चार नवंबर की तड़के चार बजे इलाज के बिना तड़प-तड़पकर मौत हो गई थी।

सांसद कादिर राणा आत्मसमर्पण के बाद अस्पताल पहुंचे


मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर दंगे में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी बसपा सांसद कादिर राणा ने मंगलवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सांसद पर शहर कोतवाली में 31 अगस्त को शहीद चौक पर भड़काऊ भाषण देने का मामला दर्ज था और कोर्ट में पेश न होने पर सितंबर में गैर जमानती वारंट जारी कर दिए थे। इसके बाद भी हाजिर न होने पर उनके सांसद आवास पर पुलिस ने नोटिस चस्पा करा दिया था। देर रात जेल में कादिर राणा को चक्कर आने के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा होने के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। सांसद के जेल जाते ही बीमार होने के बाद तरह–तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं।
पुलिस ने कई बार उनके आवास पर गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी थी। हालांकि सांसद की गिरफ्तारी के प्रति पुलिस के प्रयास कभी बहुत गंभीर नहीं दिखे। इसका उदाहरण इसी से मिलता है कि गिरफ्तारी के लिए दबिश देने का ड्रामा करने वाली शहर की पुलिस सरेंडर के 20 मिनट बाद कोर्ट पहुंची। सांसद के अधिवक्ता ने अंतरिम जमानत की अर्जी देते हुए संसद सत्र का हवाला दिया लेकिन सीजेएम केपी सिंह ने अंतरिम जमानत खारिज करते हुए आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।