Politics राज्य

‘आप’ नेता आशुतोष व शाजिया को पूछताछ के लिए ले गई पुलिस

0
Please log in or register to do it.

नई दिल्ली। भाजपा दफ्तर पर पत्‍थरबाजी के मामले में आम आदमी पार्टी नेता आशुतोष और शाजिया इल्मी को पूछताछ और जांच में सहयोग के लिए दिल्ली पुलिस साथ ले गई। पुलिस जब पार्टी के मॉडल टाउन स्थित दफ्तर पहुंची, तो ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी की आशंका से भारी हंगामा किया। बाद में पुलिस शाजिया को भी उनके घर से साथ ले गई। बुधवार को हुए हंगामे के बाद आशुतोष, शाजिया इल्‍मी

और आनंद कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि पुलिस इन तीनों बड़े नेताओं को गिरफ्तार भी कर सकती है। वहीं मामले में नामजद हुए 14 कार्यकर्ताओं को जमानत मिल गई है। दिल्ली पुलिस के साथ जाने से पहले जब शाजिया से पूछा गया कि क्या वह अग्रिम जमानत के लिए अप्लाई करेंगी, उन्होंने कहा कि  “इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। हम लोग आवाज उठाते हैं, हाथ नहीं। मुझे लगता है कि अगर हमारी ओर से कुछ हुआ है तो यह पहली बार हुआ है और आखिरी बार हुआ है।

पुलिस के साथ जाने से पहले आशुतोष ने कहा कि वह कानून को मानने वाले देश के नागरिक हैं और जांच में पूरा सहयोग करेंगे। कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा “किसी भी तरह का शोर-शराबा और हंगामा यहां नहीं होना चाहिए। हम अहिंसावादी गांधीवादी हैं। पुलिस वाले भी देश के नागरिक हैं। कानून लागू करना इनका काम है। इनके साथ किसी भी तरह की बद्तमीजी नहीं होनी चाहिए। जो भी कार्यकर्ता ऐसा करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
गौरतलब हो कि आशुतोष के खिलाफ एक गैर-जमानती धारा के तहत भी केस दर्ज किया गया है। लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के दिन बीजेपी और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच हुए हंगामे पर चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। आयोग ने ‘आप’ को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है। आयोग ने ‘आप’ से पूछा है कि चुनाव आचार संहिता लगे होने पर बिना बताए बीजेपी दफ्तर पर प्रदर्शन क्‍यों किया गया? आयोग अगर ‘आप’ के जवाब से संतुष्‍ट नहीं होता है तो पार्टी की मान्‍यता भी रद्द कर सकता है, आयोग ने इस हंगामे पर रिपोर्ट भी तैयार की है।

इससे पहले, बीजेपी के नेता आम आदमी पार्टी के खिलाफ शिकायत करने चुनाव आयोग पहुंचे। दिलचस्‍प यह है कि आम आदमी पार्टी ने भी बीजेपी के खिलाफ आयोग से शिकायत करने का फैसला किया है। दोनों पार्टियां एक दूसरे पर पत्‍थरबाजी के आरोप लगा रही हैं। बीजेपी दफ्तर पर बुधवार को हुई झड़प के मामले में ‘आप’ नेता शाजिया इल्मी, आशुतोष और आनंद कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। चुनाव आयोग ने झड़प मामले में दिल्‍ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है.
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें
लालू ने जारी की राजद की लिस्ट, पत्नी और बेटी को दिया टिकट
PHOTO: लखनऊ में भाजपाईयों ने की ज़बरदस्त गुंडई

Your email address will not be published. Required fields are marked *