Close

केजरी सरकार जाने की जल्दी में: लवली

केजरी सरकार जाने की जल्दी में: लवली
नई दिल्ली। ऐसा लगता है कि ‘आप’ की सरकार जाने की जल्दी में है। चौंकिए मत, ये हम नहीं कह रहे हैं ये कह रहे हैं दिल्ली के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली। जैसा कि आपको ज्ञात है, दिल्ली में ‘आप’ की सरकार कांग्रेस के आठ विधायकों पर ही टिकी हुई हुई है और लवली का ऐसा बयान दिल्ली सरकार के लिए परेशानी पैदा कर सकती है। लवली समर्थन देने के नाम पर पहले भी कह चुके हैं कि “अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से झूठे वायदे किए हैं और उसके झूठ की पोल खोलने के लिए हमने ‘आप’ को समर्थन दिया है।” लवली के बार-बार इस तरह के बयानों से तो ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस बस सही वक़्त की तलाश में है कि कब सरकार से समर्थन वापस लिया जाए। 
निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में सम्मान समारोह में दिए इस बयान के मायने निकालते हुए जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या माना जाए कि कांग्रेस अपना समर्थन वापस ले रही है? इस पर लवली ने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर इतनी जल्दी समर्थन वापस नहीं लिया जाता, मगर हमारे समर्थन का मतलब भी साफ है कि आप सरकार जनता के हित के लिए काम करे। जिसमें वह सफल नहीं हो पा रही है। साथ में यह भी जोड़ दिया कि मुख्यमंत्री के क्रियाकलाप ऐसा दर्शा रहे हैं कि आने वाले दिनों में जनता को भारी परेशानियां होने वाली हैं और सरकार को जाने की भी जल्दी लगी हुई है।
लवली ने आगे कहा कहा कि हमने आप को समर्थन इसलिए दिया है कि जनता के हित के लिए बनाए गए अपने एजेंडे पर काम करें। मगर मुख्यमंत्री केजरीवाल जनता के हित की जगह जनता से ही सभी कुछ कराना चाह रहे हैं। केजरीवाल ने भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए जनता से ही स्टिंग ऑपरेशन करने को कह दिया। अब सवाल यह है कि जनता ही सब कुछ करेगी तो संबंधित विभाग क्या करेंगे? लवली ने कहा कि “जब से केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हैं बिजली की भयंकर कटौती हो रही है। जब सर्दी के मौसम में यह हाल है तो गर्मी में मालूम नहीं क्या होने वाला है। मैंने जब बिजली कटौती पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा तो उन्होंने हमसे ही पूछ लिया कि जरा उन इलाकों की डिटेल दे दीजिए जहां बिजली जाती है।” कांग्रेस के ऐसे बयानों से तो साफ़ पता चल रहा है कि पार्टी केजरीवाल सरकार के पीछे हाथ धो के पड़ गयी है और मौका मिलते ही सरकार गिराने से नहीं चुकेगी।

Madhaw Tiwari is a senior journalist with over 20 years of experience in India's leading news channels.

प्रातिक्रिया दे

Leave a comment
scroll to top