टैग पुरालेख: USA

फरार कैदी ठंड से बचने के लिए आया जेल

वॉशिंगटन। अमेरिका के केंटकी में एक कैदी जेल से भाग निकला लेकिन बाहर ठंड देखकर उसकी हिम्मत जवाब दे गई और उसने लौटने में ही अपनी भलाई समझी। दरअसल रॉबर्ट विक नाम का एक व्यक्ति सेंधमारी और चोरी के जुर्म में 6 साल की सजा काट रहा था। जेल से मौका देख कर वो वहाँ से भाग निकला। 


विक जब फरार हुआ था तो उसने जेल में मिलने वाले कपड़े यानी एक शर्ट, पैंट और जैकट भर पहन रखे थे। जब वह फरार हुआ तो -29 डिग्री सेल्सियस की सर्द हवाएं चल रही थीं। अभी अमेरिका में तापमान पृथ्वी के सबसे ठंडे एरिया अंटार्कटिका ही नहीं बल्कि मंगल ग्रह से भी नीचे आ गया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार यह कैदी लेक्सिंगटन की एक जेल से फरार हुआ था। सोमवार को गिरते तापमान के बीच जेल से निकला यह कैदी थोड़ी ही देर में परेशान हो गया। उसने पास के ही एक मोटेल का रुख किया और वहां जाकर मोटेल के कर्मचारी को पुलिस को फोन करने को कहा और उसे बताया कि वो खुद को पुलिस के हवाले करना चाहता है।


बाद में जब अधिकारियों को कैदी ने बताया कि बाहर इतनी ठंढ थी की उसकी हिम्मत जवाब दे गयी और वो जेल वापस जाने का मन बना लिया। विक को पहले डॉक्टरी सुविधा दी गई और फिर उसे जेल वापस ले जाया गया।

अमेरिका में करीब 19 करोड़ ज़िंदगियां ख़तरे में, नॉर्थ अमेरिका पहुंचा पोलर वर्टेक्स

इंडियानापोलिस। अमेरिका के मध्यपश्चिम से लेकर दक्षिण और पूर्वी इलाकों और पूर्वी कनाडा तक मंगलवार को ख़तरनाक ध्रुवी हवायें पहुंचने लगी हैं जिससे घरों से बाहर निकलना जानलेवा बन गया है। अमेरिका में सभी स्कूल बंद हो गये हैं और कारोबार ठप हो रहे हैं।
फ्लोरिडा में बीच सिटी ऑफ पेनसाकोला में पार्किंग लॉट्स में रातों-रात बर्फ जम गई। अटलांटा में रिकॉर्ड -14 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया है, झरने जम गये हैं, पाइप्स फट गये हैं, कारें स्टार्ट नहीं हो रहीं।
शिकागो में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं, सोमवार को यहां का तापमान -27 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग का कहना है कि 18 करोड़ 70 लाख लोग प्रभावित होंगे जब तक पोलर वर्टेक्स पूरे अमेरिका में फ़ैल नहीं जाता।
टोरंटो में पीयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक कर्मचारी ने ट्वीटर पर बताया कि मंगलवार की सुबह काफ़ी ठंड है जो यहां मशीनों को जमा रही है और कर्मचारियों की सुरक्षा ख़तरे में है। 9 बजे सुबह तक सबकुछ बंद रहनेवाला है।
पीजेएम इंटरकनेक्शन, जो मध्य, मध्यपश्चिम और दक्षिण अटलांटिक के 6 करोड़ लोगों तक पावर ग्रिड के ज़रिए बिजली की सप्लाई करता है, ने लोगों से कहा है कि वो बिजली की बचत करें क्योंकि मंगलवार को काफ़ी ठंड है। इंडियाना में तो 15 हज़ार घरों में बिजली ही नहीं है।
ट्रेन, विमानों पर असर
इलिनोइस में भारी बर्फबारी के चलते एमट्राक से शिकागो को निकले करीब 500 यात्रियों को पूरी रात ट्रेन में बितानी पड़ी। हालांकि रेल अधिकारियों का कहना है मंगलवार सुबह से ट्रेनें शिकागो पहुंचने लगी हैं।
वहीं करीब 3700 विमानों की उड़ान रद्द कर दी गई है। मंगलवार को बर्फबारी कम होने से जेटब्लू एयरवेज़, जिसने न्यूयॉर्क और बॉस्टन के बीच में अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं वो अब उन्हें सुबह से शुरू करने जा रहा है। वहीं साउथवेस्ट एयरलाइन्स ने सोमवार रात से शिकागो से उड़ान भरना शुरू कर दिया है।
मिनेसेटा चिड़ियाघर ने घोषणा की है कि वो भी मंगलवार को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। एक दिन की रोक के बाद इंडियाना के सांसदों ने तय किया है कि वो अब अपना सत्र बुलाएंगे।
तापमान निम्नतम स्तर पर, मौतें भी हुईं 
जॉर्जिया और अलाबामा में तापमान रिकॉर्ड शून्य से 13 से 17 डिग्री नीचे है। अटलांटा में ठंडी हवाओं के चलते तापमान शून्य से 23 डिग्री नीचे है वहीं बाल्टिमोर में तापमान शून्य से 24 डिग्री नीचे है। डकोटा से लेकर मैरीलैंड तक स्कूल और डे केयर सेंटर बंद कर दिये गये हैं।
बर्फ और सर्दी से कई लोगों की जानें गई हैं, जिसमें एक एक साल का बच्चा भी शामिल है जो उस कार में था जो सोमवार को मिसौरी में बर्फ पर फिसलने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इन सब के बीच स्प्रिंगफिल्ड और मेसाचुसेट में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो रात में -14 डिग्री सेल्सियस तक चला जा रहा है।

जम गया अमेरिका, तापमान (-)52 डिग्री, सब कुछ बंद

अमेरिका मौसम की अब तक की सबसे बड़ी मार झेल रहा है। कड़कड़ाती सर्दी ने अमेरिका के हर हिस्से में लोगों की जिंदगी मुहाल कर दी है। सर्दी ने कई हिस्सों में तो दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। कई शहरों में तापमान शून्य से 30-52 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। 
वॉशिंगटन डीसी में पिछले 20 साल में ऐसी सर्दी नहीं पड़ी, मिलवूकी में 18 साल का रिकॉर्ड टूट गया है और मिसूरी पिछले 15 सालों में सबसे ज़्यादा ठंडी है। हालात ऐसे हैं कि अमेरिका एक पीढ़ी ने तो मौसम के ऐसे हालात देखे ही नहीं थे, यानी वो नहीं जानते कि ऐसे हालात में क्या करना है और कैसे ख़ुद को सुरक्षित रखना है। इतनी ज़्यादा ठंड से बीमारियो का ख़तरा चरम पर है और ये वहां के प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।

अगर आप 40 साल से कम उम्र के हैं, तो आपने ऐसी चीज पहले कभी नहीं देखी होगी।- रायन मावे, मौसम विज्ञानी

सबसे बड़ी मुसीबत तेज़ गति से चलनेवाली बर्फीली हवाएं हैं और हालात ऐसे हैं कि अगर शरीर के किसी अंग को खुला छोड़कर बाहर निकला गया तो 15-30 मिनट में फौरन फ्रॉस्टबाइट (सर्दी से त्वचा की परत उतरना) होने का ख़तरा है।
मौसम के जानकार बता रहे हैं ध्रुवीय इलाके में घड़ी की उल्टी दिशा में तेज हवाएं बह रही हैं, जिससे अमेरिका में हालात गंभीर बन गये हैं।

यह बेहद सर्द हवाओं का एक विशाल इलाका है, जो नीचे की ओर आ रहा है, जो उत्तरी ध्रुव या ध्रुवीय इलाके में बन रहा है। जो आम तौर पर कनाडा के पास होता है। लेकिन इस बार यह पूर्वी अमेरिका में फैलता जा रहा है। – फिलिप शूमेकर, राष्ट्रीय मौसम विभाग, अमेरिका

उत्तरी डकोटा के फार्गो में -31 डिग्री मिनेसोटा में -35 डिग्री और शिकागो तथा इंडियानापोलिस में -26 डिग्री सेल्सियस तक तापमान है। कुछ इलाकों में सर्द हवाओं ने तापमान को और गिरा दिया है और पारा -52 डिग्री तक पहुंच गया है। हालात ये हैं कि मौसम विज्ञानी लोगों से अपील कर रहे हैं कि अगर वो घर से बाहर निकलें तो अपने ऊपर गरम कपड़ों की कई तहें पहन लें, और शरीर का कोई अंग खुला न छोड़ें। मौसम विज्ञानी बता कहे हैं कि अगर किसी ने सही से कपड़े नहीं पहने, तो वो बाहर निकलने पर फौरन मर सकता है।
अमेरिका के अधिकतर हिस्सों में बर्फ की मोटी परत जमी हुई है। हालांकि सड़कों को लगातार साफ़ किया जा रहा है लेकिन जिस तरह के हालात हैं, लग रहा है कि अमेरिका अंटार्कटिका बन गया है। न्यू इंग्लैंड के कुछ हिस्सों में तो लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए मोटी बर्फ काटनी पड़ रही है।
दिन में सूरज निकल रहा है लेकिन बर्फ इतनी ज़्यादा है और बर्फ़ीली हवाओं का तापमान इतना नीचे है कि सूरज की गर्मी का भी कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है।
अभी हालात और बिगड़ सकते हैं। मौसम विज्ञानी मानते हैं कि दो दशकों में सबसे ठंडे तापमान का अंदेश बढ़ रहा है।
दक्षिणी हिस्से में तो ऐसी बर्फ पड़ रही है, जो पहले नहीं देखी गई। अमेरिका में सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है, यहां तक कि शिकागो के भी सभी स्कूल बंद हैं। लोगों को घरों के भीतर ही रहने की हिदायत दी जा रही है। कई दफ़्तर भी बंद हो गये हैं। सैकड़ों विमानों को रद्द कर दिया गया है और हज़ारों देरी से चल रही हैं। अब तक सर्दी से मौत का आंकड़ा 20 के करीब पहुंच गया है।

बेटियों को डेटिंग से बचाने के लिए मैं दुबारा राष्ट्रपति बना: बराक ओबामा

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आज एक टीवी शो के दौरान ये कह कर सबको चौंका दिया कि “वो दुबारा राष्ट्रपति इसलिए बने हैं कि उनकी बेटियां डेटिंग न कर सके।” ओबामा ने कल स्टीव हार्वी के कॉमेडी शो में अपने दुबारा राष्ट्रपति बनने के सवाल का जवाब देते हुए मज़ाकिया अंदाज में कहा कि मेरा दोबारा राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का एक कारण यह भी था कि उनकी बेटियां डेटिंग न कर सके क्यूंकि मेरे पास बंदूकधारी हैं, जो हमेशा उनके आस-पास रहते हैं, हमेशा उनपर नज़र रखने के लिए। 

वैसे उन्होंने ये माना कि उनकी दोनों बेटियाँ आलिया (15) और साशा (12) अगर डेटिंग करना शुरू भी कर देती हैं, तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं होगी। बराक ओबामा का यह साक्षात्कार व्हाइट हाउस में ही रिकॉर्ड किया गया था। उन्होंने कहा कि आपको जानकारी होगी कि मेरा कार्यकाल लगभग उनके हाईस्कूल तक जारी रहेगा। मेरे दोनों बच्चे अच्छा कर रहे हैं, लेकिन वे तेजी से परिपक्व भी हो रही हैं। 
ओबामा ने कहा कि लेकिन मुझे इस बात की चिंता भी होती है कि मैं अपनी बेटियों के सामान्य जीवन में बाधा हूं। मैंने उन्हें रिश्तों के संबंध में अच्छा निर्णय लेना सीखाया है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी मैं सोचता हूं कि किसी भी व्यक्ति के लिए राष्ट्रपति की बेटी को डेटिंग के लिये पूछना ही अपने आप में डर पैदा करने वाला है। 
साक्षात्कार के बाद राष्ट्रपति अपने पूरे परिवार के साथ दो सप्ताह की छुट्टी के लिए हवाई द्वीप रवाना हो गये।