टैग पुरालेख: subrata roy

SEBI की SC में अर्जी- सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को 62,600 करोड़ रुपए जमा करने का दें आदेश

नई दिल्ली: भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने सहारा समूह की दो कंपनियों से 62,602.90 करोड़ रुपए के भुगतान के निर्देश के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है। सेबी ने कहा कि अगर ये कंपनियां न्यायालय के पहले के आदेशों पर अमल करते हुए इस धनराशि का भुगतान करने में विफल रहती हैं तो सहारा समूह के मुखिया सुब्रत राय को हिरासत में लिया जाना चाहिए।

नियमक संस्था सेबी ने कहा है कि अगर सहारा ये रकम नहीं चुकाते हैं तो उनका पैरोल रद्द कियाय जाना चाहिए। सहारा अपने निवेशकों से ली पूरी राशि को 15 फीसदी सलाना ब्याज के साथ जमा करने के कोर्ट के साल 2012 और 2015 के आदेश का पालन करने में विफल रहा है। सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को मार्च 2014 में अदालत की अवमानना से जुड़ी सुनवाई में शामिल होने में विफल रहने के कारण गिरफ्तार किया गया था और वे साल 2016 से जमानत पर चल रहे हैं।
सेबी ने कहा कि सहारा आठ साल से अधिक समय तक अनुपालन न करने से नियामक को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ा और आगर वे राशि जमा करने में विफल रहे, तो अवमानना के दोषी के चलते उन्हें हिरासत में लिया जाना चाहिए।
सेबी ने कहा है कि सहारा ने आदेशों और निर्देशों का पालन करने के लिए कोई प्रायस नहीं किया है। दूसरी ओर, देनदारी प्रतिदिन बढ़ रही है और वे हिरासत से बाहर रहने का आनंद ले रहे हैं।

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



कोर्ट ने सुब्रत रॉय को भेजा जेल, आम कैदी की तरह जमीन पर सोएंगे सहारा श्री

नई दिल्ली। सुब्रत राय अब एक सप्ताह तक उच्च सुरक्षा वाले तिहाड़ जेल में बिताएंगे। उन्हें सामान्य कैदियों की तरह यहां फर्श पर सोना होगा और जेल का बना खाना होगा। साथ ही सप्ताह में दो बार मुलाकातियों से मिलने दिया जाएगा। इस बाबत तिहाड़ के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने कहा कि अन्य जेलों में कैदियों की ए, बी, सी कैटगरी होती है लेकिन हमारे यहां ऐसी कोई सुविधा नहीं है। यहां सभी कैदियों से एक तरह का व्यवहार किया जाता है। इसलिए उन्हें भी सामान्य कैदियों वाली सुविधाएं ही मिलेंगी।
तिहाड़ पहुंचने पर एक डॉक्टर उनकी चिकित्सा जांच करेंगे और यदि उन्हें किसी तरह की समस्या का पता चलता है तो पहले दिन से ही इलाज शुरू कर दिया जाएगा. गुप्ता ने कहा कि उन्हें अन्य कैदियों से बचाने के लिए सिविल सेल में रखा जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के बाद 28 फरवरी को लखनऊ स्थित सहाराश्री के निवास से हिरासत में लिया गया था। जिसके बाद उन्हें वहां से कुछ दूरी पर एक वन विभाग के गेस्ट हाउस में ठहराया गया था। वहां से आज यूपी पुलिस उन्हें दिल्ली लेकर आई है। उन्हें आज करीब दो बजे सुप्रीम कोर्ट में पेश किया।
एएसपी ट्रांसगोमती हबीबुल हसन के मुताबिक एक सीओ और एक एसओ के नेतृत्व में पुलिस टीम तीन वाहनों से सुब्रत राय को दिल्ली लेकर आई। हालांकि वह अपनी कार में ही दिल्ली आए हैं। सूत्रों की मानें तो उन्होंने पुलिस वैन में आने से मना कर दिया था। उनकी मांग के सामने झुकते हुए पुलिस ने राय को अपनी गाड़ी से पुलिस की सुरक्षा में दिल्ली जाने की इजाजत दे दी।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

सुप्रीम कोर्ट परिसर में सुब्रत रॉय ‘सहारा’ पर फेंकी स्याही


नई दिल्ली। करोड़ों-अरबों रुपये का कारोबार चलाने वाले सुब्रत रॉय को लखनऊ से दिल्ली मर्सिडीज कार से लाया गया लेकिन जब वह दिल्ली पहुंचे तो उनपर सुप्रीम कोर्ट में किसी ने स्याही फेंक दी। सुब्रत रॉय सफेद शर्ट के उपर काला स्लीवलेस कोर्ट पहने हुए थे। इस स्याही से सुब्रत रॉय का चेहरा और शर्ट काला हो गया।
सुब्रत रॉय को सुप्रीम कोर्ट ने 4 तारीख को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट में जब सुब्रत रॉय को लाया गया तभी आजाद हिंदुस्तानी नाम के एक शख्स ने उनपर स्याही फेंक दी। बताया जा रहा है कि यह शख्स पेशे से वकील है और इसने सुरेश कलमाड़ी पर भी स्याही फेंकी थी। इसके बाद सुब्रत रॉय के लोगों ने उस शख्स की कोर्ट परिसर के अंदर ही पिटाई कर दी। तब भी वह शख्स सुब्रत रॉय को ‘चोर’ कह कर संबोधित कर रहा था। 
सुब्रत रॉय को पुलिस मर्सिडीज से दिल्ली लेकर आई। साथ ही पुलिस के तीन वाहनों के अलावा काफिले में सहारा परिवार की कई लग्जरी गाड़ियां हैं। इन गाड़ियों में रॉय के करीबी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि काफिले में करीब 100 गाड़ियां शामिल रहीं। एएसपी ट्रांस गोमती का कहना है कि सुब्रत को पुलिस की जीप में ले जाया गया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक मीडियाकर्मियों को चकमा देकर कानपुर रोड पर आते ही रॉय पुलिस की जीप से उतरकर अपनी लग्जरी कार में बैठ गए।

चर्चा यह भी रही कि रॉय को रात में आगरा या नोएडा में किसी सुरक्षित स्थान पर ठहराया जाएगा। मंगलवार सुबह पुलिस उन्हें वहां से लेकर दिल्ली के लिए रवाना होगी।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें

सहारा श्री सुब्रत रॉय बचे गिरफ्तारी से, पुलिस बैरंग लौटी

लखनऊ। सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना के दोषी सहारा इंडिया के प्रमुख सुब्रत राय के खिलाफ जारी नान बेलेबल वारंट (एनबीडब्ल्यू) तालीम कराने लखनऊ में उनके घर गई पुलिस खाली हाथ लौट आई। लखनऊ के गोमतीनगर थाना की टीम शाम को करीब चार बजे उनके आवास पहुंची थी। सुब्रत राय लखनऊ के गोमतीनगर में सहारा शहर में रहते हैं। सुब्रत राय की तलाशी करने गई पुलिस की टीम काफी देर तक सहारा शहर के बाहर ही है। बताया गया कि सुब्रत राय इस समय सहारा शहर में नहीं हैं। उनकी लोकेशन का भी अभी कुछ पता नहीं है। इसके बाद भी करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस ने तलाशी की सारी औपचारिकता पूरी की।
गौरतलब है कि कल समन के बावजूद कोर्ट में पेश न होने पर सुप्रीम कोर्ट ने गहरी नाराजगी जताते हुए सहारा समूह के मुखिया सुब्रत राय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। अदालत ने उन्हें गिरफ्तार कर चार मार्च को सुप्रीम कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने आदेश सहारा के खिलाफ दाखिल सेबी की अवमानना याचिका पर जारी किया। बाजार नियामक सेबी ने निवेशकों के 20,000 करोड़ रुपये वापस करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन न करने का आरोप लगाते हुए सुब्रत राय और सहारा की दो कंपनियों के निदेशकों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की है। 20 फरवरी को शीर्ष अदालत ने सहारा प्रमुख व तीन अन्य निदेशकों को 26 फरवरी को निजी तौर पर कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था। बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति केएस राधाकृष्णन व न्यायमूर्ति जेएस खेहर की पीठ को उनके वकील ने बताया कि सहारा की दो कंपनियों के तीन निदेशक अशोक राय चौधरी, रवि शंकर दुबे व वंदना भार्गव कोर्ट में पेश हुए हैं। मगर सुब्रत राय मां की बीमारी के कारण पेश नहीं हो सके।

इस पर पीठ ने नाराजगी जताते हुए उनके वकील राम जेठमलानी से पूछा कि जब तीन निदेशक पेश हो सकते हैं तो फिर सुब्रत राय क्यों नहीं आए। वह भी तब, जब मंगलवार को ही कोर्ट ने निजी पेशी से छूट की उनकी मांग ठुकरा दी थी। जेठमलानी ने कहा कि उनकी मां की तबियत अचानक बहुत खराब हो गई है। वे उन्हें छोड़ कर नहीं आ सकते। उन्होंने पीठ के समक्ष डाक्टरी प्रमाण-पत्र भी पेश किया।
जेठमलानी ने राय के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि अगर वे निजी विमान से भी दिल्ली आएं और वापस लखनऊ जाएं तो भी यात्रा में 9 घंटे का लंबा समय लगेगा। दलीलों पर नाराजगी जताते हुए पीठ ने कहा कि अदालत के हाथ भी बहुत लंबे हैं। यह सुप्रीम कोर्ट है जहां कानून का राज है। वे गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर सकते हैं। इसके बाद कोर्ट ने सुब्रत राय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए कहा कि पेशी से छूट मांगने वाली अर्जी के साथ लगाया गया मेडिकल सर्टिफिकेट सहारा के ही अस्पताल का है। सर्टिफिकेट को देखने से ऐसा नहीं लगता कि उन्हें पेशी से छूट दी जाए। कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तार कर चार मार्च को दोपहर दो बजे तक सुप्रीम कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें