टैग पुरालेख: Baba Ramdev

पद के लिए पैदा नहीं हुआ – नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी की सियासी रैलियां जारी हैं और उसमें बोनस है दिल्ली में हुई बाबा रामदेव की सभा, जिसमें नरेंद्र मोदी बीजेपी के आला नेताओं के साथ पहुंचे और बाबा रामदेव को उनके मुद्दों में साथ देने का वादा किया।
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में स्वाभिमान ट्रस्ट के स्थापना दिवस पर नरेंद्र मोदी लोगों को संबोधित करते हुए बोले कि वो पद के लिए पैदा नहीं हुए हैं। एक तरह से प्रधानमंत्री को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश को बदलने के लिए कोई बाहर से नहीं आएगा, यहीं के लोग बदलेंगे और इरादा हो तो सिस्टम बदला जा सकता है।
नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण के शुरुआत में कहा कि इस बार का चुनाव सियासी चुनाव नहीं है बल्कि एक जनआंदोलन बन गया है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि, “ये पहला चुनाव ऐसा आ रहा है जिसने पुरानी सभी परंपराओं को नष्ट कर दिया है। आम तौर पर चुनाव राजनीतिक दल लड़ते रहे हैं, उम्मीदवार लड़ते रहे हैं, लेकिन ये पहला चुनाव है जो अपने आप में जन आंदोलन बन गया है।” इस जनआंदोलन का पूरा श्रेय बाबा रामदेव को देते हुए कहा कि अफसोस है कि इस देश में आज़ादी के इतने सालों बाद भी स्वाभिमान के लिए लड़ना पड़ रहा है।

चुनाव को जनआंदोलन बनाने में पूज्य रामदेव जी की अखंड तपस्या भी है। रामदेव जी को क्या कमी थी, सारे मुख्यमंत्री उनके दरवाज़े पर दस्तक देते थे लेकिन वो सबकुछ छोड़-छाड़ के एक मिशन को लेकर निकल पड़े, अपने लिये नहीं भारत के स्वाभिमान के लिए।– नरेंद्र मोदी, बीजेपी के पीएम कैंडिडेट

उन्होंने कहा कि, “कभी कभी पीड़ा भी होती है कि आज़ादी के इतने सालों के बाद हमें, हमारे ही देश के स्वाभिमान के लिए लड़ाई लड़नी पड़े, ये अजूबा था, ये तो सहज प्राप्य होना चाहिए, स्वाभाविक प्रक्रिया होनी चाहिए, लेकिन न जाने क्या क्या रुकावटें रहीं कि आज स्वाभिमान के लिए लड़ाई लड़नी पड़ रही है।”
मोदी ने कहा कि हम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे, बाबा रामदेव की अपेक्षाओं पर भी खरा उतरेंगे। उन्होंने बीच में ख़ुद की तारीफ़ भी की। उन्होंने कहा कि लोग मुझ पर इल्ज़ाम लगाते हैं लेकिन मैं कभी निराशावादी नहीं रहा।

जब आजकल लोग अनाप शनाप इल्ज़ाम लगाते हैं मैं भी कभी मुड़कर के खुद के जीवन की ओर देखता हूं और मैं सोचता हूं कि ये देश कितना महान है। यहां के लोग कितने महान हैं कि जिन्होंने रेल के डिब्बे में चाय बेचनेवाले बच्चे को अपने कंधे पर बिठा लिया। मैं निराशावादी नहीं हूं, इसका कारण है कि मैंने अपनी मां को अड़ोस पड़ोस के घर में बर्तन साफ़ कर के, पानी भर के हमें संस्कारिक करने का काम किया है। और बिना निराश हुए बच्चों को पालने का उस मां ने काम किया। – नरेंद्र मोदी, बीजेपी के पीएम कैंडिडेट

मोदी ने नीतिगत बातें भी कीं। देश की जीडीपी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्‍पादन क्षमता के भरपूर उपयोग से ही GDP में बढ़ोतरी होगी। ये एक तरह से प्रधानमंत्री को जवाब था जिनकी अगुवाई में देश की विकास दर गिर रही है। उन्होंने किसानों और खेती का ज़िक्र करते हुए कहा कि कृषि को तीन हिस्सों में बांटकर मज़बूत किया जा सकता। 
प्रधानमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार बेरोज़गारी दूर करने में असफल रही। इसका जवाब भी नरेंद्र मोदी ने अपने ही अंदाज़ में दिया और कहा कि नौजवानों को हुनर सिखाया जाए, वो जीवन जी लेगा।
बाबा रामदेव के टैक्स सिस्टम पर दी गई नीति के बारे में बात करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीजेपी इस पर विचार कर रही है। उन्होंने टैक्स सिस्टम को लोगों के लिए बोझ करार देते हुए कहा कि, “टैक्स सिस्टम सामान्य मानवीय जीवन पर बोझ बना हुआ है। यह समय की मांग है कि इस पर पुनर्विचार हो। बीजेपी इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। हमारे बड़े नेता इसमें लगे हुए हैं।” 
नरेंद्र मोदी ने बीच में मौक़ा निकालते हुए इसरो के वैज्ञानिकों की भी तारीफ़ की और कहा कि, “आज जब हम भारत के स्वाभिमान की लड़ाई लड़नेवाले सिपाहियों के बीच खड़े हैं तब, अपने इस कार्यक्रम के दरम्यान ही इसरो के भारत के वैज्ञानिकों ने, भारत के इंजीनियरों ने जीएसएलवी के साथ बड़ी सफ़लता हासिल की है, मैं उन्हें बधाई देता हूं”

बाबा रामदेव का बचकाना ‘अर्थयोग’

अमेरिका में कर्ज मुक्त अमेरिका क़ानून के तहत ओबामा सरकार बैंक ट्रांजैक्शन के तौर पर 1% टैक्स लगाने की तैयारी में है, जिसका वहां विरोध हो रहा है। ऐसे ही यूरोप के 11 देशों में भी फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन टैक्स लगाने की तैयारी है, वहां भी इसका विरोध हो रहा है। इन दोनों बड़ी अर्थशक्तियों की इस नीति को वहां के जानकार मानते हैं कि ये विनाशकारी होगा। अब बाबा रामदेव यही थ्योरी भारत में लागू करना चाहते हैं।
वो कहते हैं कि सारे टैक्स ख़त्म कर दो नये टैक्स के तौर पर पूरे देश में सिर्फ एक टैक्स लगाओ जो बैंक में लेन-देन पर आधारित होगा और उससे 30 लाख करोड़ रुपये राजस्व आएगा। अब समझने की बात है कि देश के बजट में टैक्स से आनेवाले राजस्व को देखें तो केंद्र सरकार को करीब 16 लाख करोड़ रुपये टैक्स से आते हैं और इतने ही राज्यों से आनेवाले टैक्स से। तो इस गणित में तो बाबा रामदेव सही हैं कि 30 लाख करोड़ रुपये टैक्स आ जाए तो देश चल जाएगा।

बैंकिंग क्षेत्र में आ जाएगा भूचाल

दूसरा गणित ये है कि ये टैक्स आएगा कैसे बाबा रामदेव की दलील है कि देश में 8 लाख करोड़ बैंक मनी है और इसका अगर 25% भी सर्कुलेशन में रहता है तो 2% टैक्स लगाने पर 30 लाख करोड़ रुपये आ जाएगा। लेकिन ये सिर्फ खयाली पुलाव लगता है क्योंकि बैंक में अगर इतना ज़्यादा मनी सर्कुलेशन होगा तो बैंक के पास बाज़ार में निवेश करने के लिए पैसे नहीं रहेंगे और वो अगर निवेश नहीं कर पाएंगे तो लोगों को उनके बैंक खाते पर ब्याज कैसे देंगे, लोगों को बैंक में पैसा जमा करने को लेकर प्रोत्साहित कैसे करेंगे, तमाम तरह के कर्ज़ों के लिए कम ब्याज कैसे रख पाएंगे। और अगर ये सब नहीं होगा तो बैंकिंग क्षेत्र के लिए बैंक ट्रांजेक्शन टैक्स विनाशकारी बनकर उभरेगा। और अर्थनीति का मूल सिद्धांत ही बैंकिंग पर टिका है ऐसे में देश की अर्थव्यवस्था गिरनी तय है।

कालेधन का प्रयोग बढ़ेगा

अर्थशास्त्री बाबा रामदेव की नीतियां देश में कालाबाज़ारी को भी बढ़ावा देंगी। अगर बैंक में ट्रांजैक्शन टैक्स लगने लगेगा तो आम जनता क्यों चाहेगी कि वो टैक्स दे अगर उसके पास रास्ता होगा कि वो नकद में पैसे देकर काम चला ले। ज़ाहिर है इससे लोग बैंकों में पैसा नहीं रखेंगे और कैश से ही अपनी रोज़मर्रा की ज़रुरत की चीज़ों को खरीदेंगे। और यही बात कारोबारियों के बीच भी लागू होने लगेगी जिससे काले धन का प्रयोग बढ़ जाएगा और मार्केट में इस तरह के पैसे के सर्कुलेशन से (जिस पर सरकारी नियंत्रण नहीं है, या सरकारी हिसाब-किताब नहीं देना है) पूरी कारोबारी व्यवस्था ही धराशाही हो जाएगी।

भ्रष्टाचार और ज़्यादा हो जाएगा

फिलहाल तो लोग बैंकों में पैसे रखते हैं और वहां से मोटा पैसा निकालने या जमा करने पर उन्हें अपना पैन कार्ड देना होता है या पहचान बतानी होती है, लिहाज़ा अगर किसी को बड़ी रकम में घूस देना हो तो लोग बैंक से पैसा निकालने में हिचकते हैं लेकिन जब बैंक ट्रांजैक्शन टैक्स लगेगा तो लोग कैश का ज़्यादा इस्तेमाल करेंगे यानी बैंकों में पैसे रखने से हिचकेंगे और इसका असर ये होगा कि वो आसानी से कैश में घूस दे सकेंगे, जिस पर अंकुश लगाना भी आसान नहीं होगा।

अपराध बढ़ेंगे

जब लोग बैंकों की जगह अपने घरों में ही पैसे रखने लगेंगे तो ज़ाहिर है बदमाशों के मंसूबे सातवें आसमान पर होंगे और इससे देश में चोरी, डकैती, लूट, हत्या जैसे जघन्य अपराधों का आंकड़ा भी आसमान छूने लगेगा। लोग एटीएम, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करने से बचेंगे तो ज़ाहिर है वो जेब में भी कैश लेकर घूमेंगे, असर ये होगा कि छिनैती और मारपीट की घटनाएं भी बढ़ जाएंगी।