Politics

अमेठी के लिए जीना है, अमेठी के लिए मरना है- विश्वास

0
Please log in or register to do it.
अमेठी। तमाम परेशानियों, विरोधों के बीच आम आदमी पार्टी के नेता और अमेठी से पार्टी के संभावित लोकसभा उम्मीदवार कुमार विश्वास ने जनविश्वास रैली की और कहा कि अमेठी के लिए ही जीना है और अमेठी के लिए मरना है। कवि के अपने ही अंदाज़ में उन्होंने कहा, “अमेठी की बेचैनी को बस पागल समझता है, मैं अमेठी से दूर कैसा हूं, ये मेरा दिल समझता है।”
कुमार विश्वास गांधी परिवार के गढ़ में थे और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में उतरकर पहली बार उन्हें चुनौती दे रहे थे। राहुल को निशाने पर लेते हुए कुमार ने कहा कि अब तक बहुत युवराज, राजा और महारानी जीत चुके, अब एक नौकर जीतेगा। विश्वास ने जनता से अपील की कि अब वो खानदानों पर भरोसा करना छोड़ दें।
इससे पहले कुमार जब मंच पर चढ़ रहे थे तो उन्होंने कहा कि अमेरिका में जब राष्ट्रपति बराक ओबामा बिमार पड़ते हैं तो उनको देखने के लिए जो डॉक्टरों की टीम आती है उसमें एक भारत का बेटा है और जब यहां सोनिया गांधी जी बीमार पड़ती हैं तो वो अमेरिका चली जाती हैं, उन्हें जब देश के काबिल बेटों पर भरोसा नहीं है तो हम उनके बेटे (राहुल गांधी) पर भरोसा कैसे करें।
विश्‍वास से पहले रैली को आईबीएन-7 के पूर्व मैनेजिंग एडिटर और हाल ही में आप की सदस्यता लेनेवाले आशुतोष ने संब‍ोधित किया। आशुतोष ने कहा कि पत्रकारिता करते वक़्त उनसे लोग पूछते थे कि वो नेटवर्किंग क्यों नहीं करते, नेताओं से संपर्क क्यों नहीं करते तो वो कहते थे कि मैं ईमानदारी बचाकर जीवन गुज़ार सका तो ये बड़ी जीत होगी। राजनीति के बारे में बोलते हुए आशुतोष ने कहा कि बचपन से ही राजनीति को लेकर शिकायत रही कि इसमें इंसान इंसान नहीं रहता आम आदमी आम आदमी नहीं रहता वो सिर्फ वोट बैंक बन जाता है, पिछले दो सालों में महसूस किया है कि देश में काफ़ी कुछ बदल रहा है और इस बदलाव का हिस्सा बनना चाहिए।
संजय सिंह ने भी रैली को संबोधित किया और दावा किया कि अमेठी में आम आदमी पार्टी 1 लाख वोटों से जीत दर्ज करेगी।
देश के विकास के लिए पर्यटन ज़रूरी - नरेंद्र मोदी
भारतीय बीच पर बिना कपड़ों के उतरे रूसी नवसैनिक, लोग हुए शर्मिंदा

Leave a Reply