टैग पुरालेख: missile

भारत की बढ़ेगी ताकत, S-400 मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है रूस

नई दिल्ली: भारत को सतह से हवा में मार करने वाली एस-400 मिसाइल प्रणाली (S-400 Missile System) की जल्दी आपूर्ती करने के लिए रूस कड़ी मेहनत कर रहा है। रूसी मिशन के उप प्रमुख रोमन बाबुश्किन (Roman Babushkin) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस मिसाइल प्रणाली की पहली खेप की आपूर्ति अगले साल के अंत तक होनी है। 
रोमन बाबुश्किन (Roman Babushkin) ने कहा कि, उनका देश स्वाभाविक रूप से एशिया की दो ताकतों के बीच तनाव से चिंतित है। दोनों देशों के बीच सकारात्मक संवाद बहुत महत्वपूर्ण है। भारत और चीन के शंघाई सहयोग संगठन और ब्रिक्स का सदस्य होने का संदर्भ देते हुए बाबुश्किन ने कहा कि जब बहुपक्षीय मंच पर सहयोग की बात आती है तो सम्मानजनक संवाद ही प्रमुख हथियार होता है।
इसके आगे उन्होंने कहा कि, यह स्पष्ट है कि वैश्विक उथल-पुथल और अनिश्चितता के माहौल में अगर भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ता है तो इसका असर यूरेशिया क्षेत्र की स्थिरता पर पड़ेगा। हमने देखा है कि इस गतिरोध का दुरुपयोग अन्य सक्रिय ताकतों द्वारा अपने भू-राजनीतिक हित के लिए किया जाता है। हम मानते हैं कि हमारे दोनों मित्र एशियाई देशों को और अधिक सकारात्मक संवाद के लिए प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण है।
रूस ने यह भी कहा कि, वह भारत के पास जल्द से जल्द S-400 मिसाइल प्रणाली देने के लिए दिन-रात जुटा हुआ है। रूस ने कहा कि भारत को S-400 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की आपूर्ति अगले साल के अंत तक हो सकती है।
गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख में सीमा पर भारत और चीन के बीच पिछले छह महीने से गतिरोध बना हुआ है और अब दोनों पक्ष ऊंचाई वाले इलाकों से सैनिकों को पीछे हटाने के प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं। यूरेशिया भी गत कुछ महीनों से प्राथमिक तौर पर कोविड-19 के मामलों के बढ़ने और नागोर्नो-काराबाख इलाके को लेकर आर्मीनिया और आजरबैजान के बीच तनातनी भरे रिश्तों की वजह से उथल-पुथल का सामना कर रहा है।
बताते चलें कि, भारत ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की चेतावनी के बीच अक्टूबर 2018 में एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणालियों की पांच इकाइयों को खरीदने के लिए रूस के साथ पांच अरब डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।


लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



भारत ने किया पृथ्वी-2 का सफल परीक्षण

बालासोर (ओडिशा)। भारत ने मंगलवार को पृथ्वी-2 मिसाइल का सफल परीक्षण किया जो अपने साथ 500-1000 किलो तक का विस्फोटक ले जा सकता है। 350 किलोमीटर तक वार करनेवाले परमाणु क्षमता संपन्न पृथ्वी-2 का परीक्षण चांदीपुर के पास सैन्य अड्डे से किया गया।
ये आर्मी का यूज़र ट्रायल था। ज़मीन से ज़मीन पर वार करनेवाले इस मिसाइल को सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से मोबाइल लॉन्चर से लॉन्च किया गया। पूरे परीक्षण कार्यक्रम में आर्मी ने पृथ्वी-2 के प्रोडरक्शन रेंज से एक मिसाइल चुना और उसे स्टेटज़िक फोर्स कमांड और डीआरडीओ के वैज्ञानिकों की देख-रेख में एक अभ्यास के तौर प्रक्षेपित किया गया।
ओडिशा के तट से उड़े इस मिसाइल का निशाना बंगाल की खाड़ी में कहीं रखा गया था जिस पर पृथ्वी-2 ने सटीक हमला। भारत में ही निर्मित पहली इंटीग्रेटेड गाइडेड मिसाइल पृथ्वी-2 ने तकनीक तौर पर ख़ुद को साबित किया है।
इस तरह का अभ्यास बताता है कि भारत किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और कभी अपने मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकता है। लिक्विड प्रोपल्सन ट्विन इंजन से चलनेवाले पृथ्वी मिसाइल में 500 से 1000 किलोग्राम के विस्फोटक ले जाने की क्षमता है।
इससे पहले 3 दिसंबर को भी पृथ्वी-2 मिसाइल ने परीक्षण में ख़ुद को साबित किया है।