अफ्रीका के सवाना जंगलों में बबूल के पेड़ जिराफ और कुडू जैसे जानवरों का पसंदीदा खाना होते हैं। ये जानवर पेड़ों की पत्तियां खाते हैं। लेकिन पेड़ के लिए ये कोई छोटी बात नहीं होती। उसकी पत्तियां ही उसका जीवन हैं और जब कोई जानवर उन्हें खाने लगता है, तो उसे अपना बचाव करना पड़ता है। पेड़ों के बीच संचार का अद्भुत तरीका यहीं से ही शुरू होता है। जब जानवर बबूल की पत्तियों को नुकसान पहुंचाता है, तो पेड़ हवा में इथिलीन नाम की गैस छोड़ सकता है। इस गैस को आप पेड़ का प्राकृतिक अलार्म समझ सकते हैं।
50 मीटर दूर तक पहुंच सकता है संदेश
अब सवाल उठता है कि एक पेड़ का संदेश दूसरे पेड़ तक आखिर पहुंचता कैसे है? इसका जवाब है—हवा।
इथिलीन गैस हवा के साथ बहकर करीब 45 से 50 मीटर यानी लगभग 150 फीट दूर तक मौजूद दूसरे बबूल के पेड़ों तक पहुंच सकती है।इसका मतलब है कि एक पेड़ पर जानवर के हमला करने के बाद आसपास के पेड़ों को भी पहले से सतर्क होने का संकेत मिल सकता है। कुछ ही मिनटों में दूसरे पेड़ अपनी पत्तियों में टैनिन की मात्रा बढ़ाने लगते हैं। टैनिन एक ऐसा पदार्थ है, जो पत्तियों का स्वाद बेहद कड़वा बना सकता है। ऐसे में जिराफ और दूसरे शाकाहारी जानवरों के लिए उन पत्तियों को खाना मुश्किल हो सकता है। ज्यादा मात्रा में टैनिन वाला भोजन जानवरों की सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है।
हजारों कुडू हिरणों की मौत से सच आया सामने
1970 और 1980 के दशक में वहां के कुछ संरक्षित जंगलों में बड़ी संख्या में कुडू हिरणों की मौत होने लगी। आखिर इतने सारे हिरणों की मौत क्यों हो रही थी? शुरुआत में इसकी वजह साफ नहीं थी।इस मामले की जांच प्रोफेसर वाउटर वैन होवेन ने की।मृत हिरणों के पेट में बबूल की पत्तियां मिलीं, जिनमें टैनिन की मात्रा काफी ज्यादा थी।बताया गया कि कुछ हिरण बाड़े वाले इलाकों में फंस गए थे। वे दूसरे इलाकों में जाकर भोजन नहीं तलाश सकते थे। ऐसे में वे लगातार उन्हीं पेड़ों की पत्तियां खाते रहे। ज्यादा टैनिन वाले भोजन का असर उनकी सेहत पर पड़ा और उनके लीवर ने काम करना बंद कर दिया।

जिराफ ने निकाला बचने का तरीका
जिराफ पेड़ों की पत्तियां खाते समय हवा की दिशा का ध्यान रखते हैं। वे कोशिश करते हैं कि हवा के बहाव के उलट दिशा में जाकर पत्तियां खाएं। इससे पेड़ से निकली गैस हवा के साथ दूसरी तरफ जा सकती है और आगे मौजूद पेड़ों तक खतरे का संदेश पहुंचने की संभावना कम हो सकती है।इतना ही नहीं, जिराफ एक पेड़ की पत्तियां खाने के तुरंत बाद उसके बगल वाले पेड़ पर जाने से भी बचते हैं। वे कुछ दूरी तय करके दूसरे पेड़ की तलाश करते हैं।ये दूरी 100 मीटर से भी ज्यादा हो सकती है।

पेड़ की चींटियां करती हैं रखवाली
कुछ बबूल के पेड़ों ने अपनी रखवाली के लिए चींटियों के साथ एक खास रिश्ता बना रखा है। इन पेड़ों के कांटों के पास गोल और खोखली जगह होती है। इन्हें डोमैटिया (Domatia) कहा जाता है। चींटियां इन्हीं जगहों पर अपना घर बना लेती हैं।अब पेड़ चींटियों को रहने की जगह देता है और खाने के लिए मीठा रस भी उपलब्ध कराता है। बदले में चींटियां पेड़ की सुरक्षा करती हैं। जैसे ही कोई बड़ा जानवर पेड़ की पत्तियां खाने पहुंचता है, चींटियां बाहर निकल आती हैं। वे जानवर के मुंह, आंख और नाक के आसपास पहुंचकर काटने लगती हैं। इससे परेशान होकर जानवर पेड़ से दूर चला जाता है।
जमीन के नीचे भी छिपा है जंगल का नेटवर्क!
जंगल की जमीन के नीचे भी एक ऐसा नेटवर्क मौजूद हो सकता है, जिसने वैज्ञानिकों की दिलचस्पी बढ़ाई है।ये नेटवर्क फंगस के बेहद बारीक धागों से बन सकता है। ये धागे पेड़ों और पौधों की जड़ों के आसपास फैलते हैं। कुछ वैज्ञानिक अध्ययनों में इस बात पर चर्चा हुई है कि इनके जरिए पौधों के बीच पदार्थों और संकेतों का आदान-प्रदान हो सकता है।इसी विचार को आम भाषा में ‘वूड वाइड वेब’ (Wood-Wide Web) कहा जाता है।
पेड़ शायद उतने अकेले नहीं, जितने हमें दिखाई देते हैं!
जरा कल्पना कीजिए… एक तरफ जिराफ बबूल की पत्तियां खा रहा है। दूसरी तरफ हवा में इथिलीन गैस का संदेश फैल सकता है। आसपास के पेड़ अपनी पत्तियों में टैनिन बढ़ाकर बचाव की तैयारी कर सकते हैं। कहीं कांटों के बीच चींटियों की फौज पेड़ की रखवाली कर रही है और जमीन के नीचे फंगस के बारीक धागों का नेटवर्क मौजूद है।ये पूरी कहानी बताती है कि प्रकृति में खुद को बचाने के कितने अनोखे तरीके हो सकते हैं।
अगली बार जब आप किसी पेड़ को चुपचाप खड़ा देखें, तो याद रखिएगा—उसकी दुनिया शायद उतनी शांत नहीं है, जितनी दूर से दिखाई देती है!
