सीएम बनने से पहले अरविंद को चुनौती, दिल्ली में CNG के दाम बढ़े

नई दिल्ली। बृहस्पतिवार की रात से दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ जाएंगे। सीएनजी की क़ीमत में 4.50 रुपये से लेकर 5.15 रुपये प्रति क

नई दिल्ली। बृहस्पतिवार की रात से दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ जाएंगे। सीएनजी की क़ीमत में 4.50 रुपये से लेकर 5.15 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोत्तरी की गई है। इसके अलावा पीएनजी को 2 रूपये प्रति एससीएम तक महंगा कर दिया गया है।
दिल्ली के होनेवाले सीएम अरविंद केजरीवाल ने सीएनजी के दामों में बढ़ोत्तरी पर कहा है कि इसकी टाइमिंग सवालों के घेरे में है। ज़ाहिर है अरविंद 28 दिसंबर को सीएम बनने जा रहे हैं और उससे ठीक पहले इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने क़ीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इंद्रप्रस्थ ने इसके लिए एपीएम गैस का आवंटन कम होने और न्यूनतम मज़दूरी दर बढ़ने की दुहाई पेश की है।
बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी 4.50 रूपये महंगी होने से 50.10 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी, वहीं नोएडा, ग़ाज़ियाबाद में सीएनजी का रेट 5.15 रुपये बढ़ने से 56.70 रूपये प्रति किलो हो जाएगा। एनसीआर में 295 सीएनजी स्टेशन हैं और करीब सात लाख वाहन सीएनजी से चलते हैं।
पीएनजी की दरों को देखें तो 2 महीने में 30 क्यूबिक मीटर तक प्रति क्यूबिक मीटर 2 रुपये और इससे अधिक इस्तेमाल करने पर प्रति क्यूबिक मीटर 4.30 से 4.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में पीएनजी की क़ीमत हो जाएगी 29.50 रुपये प्रति एससीएम और गाजियाबाद, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में 31 रुपये प्रति एससीएम।
आम लोगों के लिए सरोकार ये है कि सीएनजी के दाम बढ़ने से ऑटो के किराये बढ़ने की आशंका बढ़ जाती है और इस बार तो सीएनजी के दाम में 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है लिहाज़ा ऑटोवाले किराया बढ़ाने की मांग उठा सकते हैं, वहीं इससे डीटीसी को चलाने के खर्चे में भी बढ़ोतरी होगी यानी अरविंद केजरीवाल को कुर्सी पर बैठते ही इन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इसीलिए इंद्रप्रस्थ के इस क़दम की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए अरविंद ने इशारा किया है कि ये एक सियासी मूव हो सकता है।

COMMENTS

WORDPRESS: 0
DISQUS: