यूपी पुलिस ने केजरीवाल को दी Z श्रेणी की सुरक्षा

ग़ाज़ियाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भले ही सुरक्षा न चाहते हों लेकिन ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने तय किया है कि वो सोमवार से उन्हें Z श्र

ग़ाज़ियाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भले ही सुरक्षा न चाहते हों लेकिन ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने तय किया है कि वो सोमवार से उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा देगी। ज़िले की पुलिस के मुताबिक उसने अरविंद केजरीवाल के लिए जो सुरक्षा व्यवस्था की है उसमें जब तक वो उत्तर प्रदेश की सीमा में रहेंगे ग़ाज़ियाबाद पुलिस के 30 जवान उनको सुरक्षा घेरा देंगे। केजरीवाल ग़ाज़िबाद के कौशाम्बी में गिरनार अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहते हैं।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने ग़ाज़ियाबाद पुलिस से सुरक्षा लेने से मना कर दिया था। एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि, “दिल्ली के मुख्यमंत्री की मनाही के बावजूद हम उन्हें 24 घंटे Z श्रेणी की सुरक्षा देंगे जिसमें दो हेड कॉन्सटेबल और 8 कॉन्सटेबल केजरीवाल के घर के बाहर तैनात रहेंगे। इसके अलावा दो निजी सुरक्षा कर्मी मुख्यमंत्री के साथ रहेंगे।”
सिंह ने बताया कि जब केजरीवाल ग़ाज़ियाबाद में घर से बाहर होंगे तो उनके साथ पुलिस के दो सुरक्षा वाहन चलेंगेय़। जिसमें दो हेड कॉन्सटेबल और 6 कांस्टेबल होंगे, जो हथियारबंद होंगे। सिंह ने बताया कि शासन से इसको लेकर आदेश आया है जिसकी वजह से केजरीवाल के मना करने के बावजूद उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी कार में ही चलते हैं।
इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे भी कह चुके हैं कि अरविंद केजरीवाल की जानकारी के बिना उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।
आपको बता दें कि अभी 8 जनवरी को प्रशांत भूषण के कश्मीर पर दिये बयान के बाद आम आदमी पार्टी के ग़ाज़ियाबाद के दफ़्तर पर हमला हुआ था, इसके अलावा रविवार को अमेठी में कुमार विश्वास की रैली पर भी पथराव हुआ। ऐसे में हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार कोई ज़ोखिम नहीं लेना चाहती। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने भी यूपी पुलिस से गुज़ारिश की थी कि उत्तर प्रदेश में अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाये।

COMMENTS

WORDPRESS: 0
DISQUS: