दिल्ली की मंत्री राखी बिड़ला पर हमला

नई दिल्ली। दिल्ली की महिला बाल विकास मंत्री राखी बिड़ला की कार पर आज कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया। हमला उस वक़्त हुआ जब राखी मंगोलपुरी में एक म

नई दिल्ली। दिल्ली की महिला बाल विकास मंत्री राखी बिड़ला की कार पर आज कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया। हमला उस वक़्त हुआ जब राखी मंगोलपुरी में एक मंदिर से लौटकर अपनी वैगनआर कार में आगे की सीट पर बैठी थीं। भीड़-भाड़ वाली इस जगह में उनकी कार पर किसी ने कोई भारी चीज़ फेंकी जिससे कार के शीशे को मामूली नुकसान पहुंचा, संयोग से राखी को कुछ नहीं हुआ।

रविवार शाम को अरविंद सरकार की सबसे युवा मंत्री मंगोलपुरी के आर ब्लॉक में एक मंदिर में गई थीं, वहां से लौटकर वो अपनी निजी कार में बैठी ही थीं कि उनकी कार पर किसी ने भारी चीज़ फेंकी जिससे कार को थोड़ नुकसान पहुंचा लेकिन राखी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल में किसी ने भी सरकारी सुरक्षा नहीं ली है। ऐसे में अब सवाल उठ सकता है कि इन लोगों को सुरक्षा ले लेनी चाहिए।

राखी मंगोलपुरी से ही विधायक हैं और हमले के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज कर ली है और हमलावरों की तलाश में जुटी है। जबकि राखी बिड़ला ने इस हमले के बाद कहा कि वो किसी से डरती नहीं हैं और ना ही इस हमले से बाद डरनेवाली हैं। 

मैं कोई सुरक्षा नहीं लूंगी। यह हमारे सिद्धांत पर आधारित फैसला है। मैं डरी-सहमी नहीं हूं। मैं लोगों के कल्याण के लिए काम करना जारी रखूंगी। हमारी पार्टी की नेता संतोष कोली ने समाज के लिए अपनी जान दे दी। हम लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुझे संतोष कोली से प्रेरणा मिलती है और ऐसी घटनाओं से डरूंगी नहीं।– राखी बिड़ला, महिला एवं बाल विकास मंत्री, दिल्ली सरकार

मंत्री बनने के बाद से राखी बिड़ला रात में दिल्ली की सड़कों पर गश्त करती रही हैं और रैन बसेरों के इंतज़ाम का जायज़ा लेती रही हैं, इस दौरान उन्होंने लापरवाही करनेवाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी।

COMMENTS

WORDPRESS: 0
DISQUS: