जम गया अमेरिका, तापमान (-)52 डिग्री, सब कुछ बंद

अमेरिका मौसम की अब तक की सबसे बड़ी मार झेल रहा है। कड़कड़ाती सर्दी ने अमेरिका के हर हिस्से में लोगों की जिंदगी मुहाल कर दी है। सर्दी ने कई हिस्सों म

अमेरिका मौसम की अब तक की सबसे बड़ी मार झेल रहा है। कड़कड़ाती सर्दी ने अमेरिका के हर हिस्से में लोगों की जिंदगी मुहाल कर दी है। सर्दी ने कई हिस्सों में तो दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। कई शहरों में तापमान शून्य से 30-52 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। 
वॉशिंगटन डीसी में पिछले 20 साल में ऐसी सर्दी नहीं पड़ी, मिलवूकी में 18 साल का रिकॉर्ड टूट गया है और मिसूरी पिछले 15 सालों में सबसे ज़्यादा ठंडी है। हालात ऐसे हैं कि अमेरिका एक पीढ़ी ने तो मौसम के ऐसे हालात देखे ही नहीं थे, यानी वो नहीं जानते कि ऐसे हालात में क्या करना है और कैसे ख़ुद को सुरक्षित रखना है। इतनी ज़्यादा ठंड से बीमारियो का ख़तरा चरम पर है और ये वहां के प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।

अगर आप 40 साल से कम उम्र के हैं, तो आपने ऐसी चीज पहले कभी नहीं देखी होगी।- रायन मावे, मौसम विज्ञानी

सबसे बड़ी मुसीबत तेज़ गति से चलनेवाली बर्फीली हवाएं हैं और हालात ऐसे हैं कि अगर शरीर के किसी अंग को खुला छोड़कर बाहर निकला गया तो 15-30 मिनट में फौरन फ्रॉस्टबाइट (सर्दी से त्वचा की परत उतरना) होने का ख़तरा है।
मौसम के जानकार बता रहे हैं ध्रुवीय इलाके में घड़ी की उल्टी दिशा में तेज हवाएं बह रही हैं, जिससे अमेरिका में हालात गंभीर बन गये हैं।

यह बेहद सर्द हवाओं का एक विशाल इलाका है, जो नीचे की ओर आ रहा है, जो उत्तरी ध्रुव या ध्रुवीय इलाके में बन रहा है। जो आम तौर पर कनाडा के पास होता है। लेकिन इस बार यह पूर्वी अमेरिका में फैलता जा रहा है। – फिलिप शूमेकर, राष्ट्रीय मौसम विभाग, अमेरिका

उत्तरी डकोटा के फार्गो में -31 डिग्री मिनेसोटा में -35 डिग्री और शिकागो तथा इंडियानापोलिस में -26 डिग्री सेल्सियस तक तापमान है। कुछ इलाकों में सर्द हवाओं ने तापमान को और गिरा दिया है और पारा -52 डिग्री तक पहुंच गया है। हालात ये हैं कि मौसम विज्ञानी लोगों से अपील कर रहे हैं कि अगर वो घर से बाहर निकलें तो अपने ऊपर गरम कपड़ों की कई तहें पहन लें, और शरीर का कोई अंग खुला न छोड़ें। मौसम विज्ञानी बता कहे हैं कि अगर किसी ने सही से कपड़े नहीं पहने, तो वो बाहर निकलने पर फौरन मर सकता है।
अमेरिका के अधिकतर हिस्सों में बर्फ की मोटी परत जमी हुई है। हालांकि सड़कों को लगातार साफ़ किया जा रहा है लेकिन जिस तरह के हालात हैं, लग रहा है कि अमेरिका अंटार्कटिका बन गया है। न्यू इंग्लैंड के कुछ हिस्सों में तो लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए मोटी बर्फ काटनी पड़ रही है।
दिन में सूरज निकल रहा है लेकिन बर्फ इतनी ज़्यादा है और बर्फ़ीली हवाओं का तापमान इतना नीचे है कि सूरज की गर्मी का भी कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है।
अभी हालात और बिगड़ सकते हैं। मौसम विज्ञानी मानते हैं कि दो दशकों में सबसे ठंडे तापमान का अंदेश बढ़ रहा है।
दक्षिणी हिस्से में तो ऐसी बर्फ पड़ रही है, जो पहले नहीं देखी गई। अमेरिका में सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है, यहां तक कि शिकागो के भी सभी स्कूल बंद हैं। लोगों को घरों के भीतर ही रहने की हिदायत दी जा रही है। कई दफ़्तर भी बंद हो गये हैं। सैकड़ों विमानों को रद्द कर दिया गया है और हज़ारों देरी से चल रही हैं। अब तक सर्दी से मौत का आंकड़ा 20 के करीब पहुंच गया है।

COMMENTS

WORDPRESS: 0
DISQUS: