राज्य

प्रयागराज: जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत, 13 की हालत गंभीर

0
Please log in or register to do it.
poisonous liquor in Phulpur, Prayagraj

प्रयागराज: जहरीली शराब पीने से प्रयागराज में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। जिन लोगों की जहरीली शराब पीने से हालत गंभीर बनी हुयी है उन सभी का इलाज अलग अलग अस्पताल में चल रहा है। ये घटना प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव की है। जहां 5 लोगों की जहरीली शराब पीने से हुई मौत की वजह से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। सरकारी ठेके से खरीदी गयी देशी शराब के जहरीली होने की वजह से अभी तक 5 लोगों के मौत की पुष्टि जिलाधिकारी ने की है। जबकि अभी जानलेवा शराब से हुयी मौत और बीमारों की संख्या बढ़ने के भी आसार है। यही वजह है कि पुलिस और प्रशासन की टीम इमिलिया गांव के आसपास के 10 गांवों में इस शराब के ठेके से लेकर शराब पीने वालों का पता लगा रही है।

मौके पर पहुंचे डीएम भानु चंद्र गोस्वामी का कहना है कि सरकारी ठेके से ली गयी शराब जहरीली कैसे हुयी इसकी जांच की जा रही है। उनके मुताबिक जिन लोगों ने इस ठेके से शराब लेकर पी है उन सब का भी पता लगाया जा रहा है कि जिससे कि और लोगो को किसी तरह का नुकसान न हो। बता दें कि फूलपुर इलाके में देशी शराब के पीने से लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया।

आनन फानन में एसएसपी के साथ ही डीएम और कमिश्नर भी मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी लेने में जुट गये। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि जानलेवा बनी देशी शराब को इलाके के ही सरकारी ठेके से खरीदा गया था। देशी शराब के जहरीली होने की वजह से ही कई घरों में मौत का मातम छा गया है। जहरीली शराब पीने से ग्रामीणों की मौत की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी। इलाके के ग्रामीण उस दुकान के बाहर पहुंचकर हंगामा करने लगे जहां से ग्रामीणों ने शराब खरीद कर पी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि दुकानदार ने पैसे के लालच में जहरीली शराब लोगों को बेची है जिससे कई घरों के चिराग बुझ गये। यही नहीं इलाके के लोगों का यह भी आरोप है कि जिस शराब माफिया की ये दुकान है कि उसके खिलाफ पहले भी इस तरह की शिकायतें की जा चुकी है। लेकिन इलाके के पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से शराब माफिया जहरीली नकली शराब बेचकर नोट कमाने में जुटा हुआ था। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामले को शांत किया। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की टीम पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गयी है।
जहां मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। वहीं गंभीर बीमारों के बेहतर इलाज की भी व्यवस्था की गयी है। इसके साथ ही पुलिस ने जिस ठेके से शराब खरीदी गयी थी उसे सील कर दिया है। यही नहीं देशी शराब की दुकान से शराब का सैंपल लेकर उसे जांच के लिये लैब भेजा जा रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों का कहना है कि शुरुआती पूंछतांछ में पता चला है कि मरने वाले सभी लोगों ने शराब पी थी जिसके बाद उनकी तबियत बिगड़ी और मौत हो गयी। सभी के मौत की वजह पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर दुकान को सील कर उसके एक सेल्स मैन को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
poisonous liquor in Phulpur, Prayagraj

लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज और ट्विटर पेज पर फॉलो करें



नगरोटा मुठभेड़: भारत का कड़ा रुख, पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी को किया तलब
अपने फैन्स को Manoj Bajpayee ने किया अलर्ट, कहा- इस फेक अकाउंट को न करें फॉलो

Your email address will not be published. Required fields are marked *